Tuesday, July 7, 2009

तुम सा मीत मिला दिल का फूल खिला...गीता -तलत का गाया एक दुर्लभ गीत



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 134

ज का 'ओल्ड इज़ गोल्ड' बहुत बहुत ख़ास है दोस्तों। आज मैं आप के लिए एक ऐसा गीत खोज लाया हूँ जिसे आप में से अधिकतर श्रोता आज पहली बार सुन रहे होंगे, क्यूंकि यह गीत न किसी रेडियो चैनल पर आज सुनाई देता है और ना ही टी.वी के परदे पर। आप ने गायक सुबीर सेन का तो नाम सुना ही होगा, जी हाँ, वही सुबीर सेन जिन्होने 'कठपुतली' में "मंज़िल वही है प्यार की राही बदल गये", और फिर 'आस का पंछी' में "दिल मेरा एक आस का पंछी", और 'छोटी बहन' में लता जी के साथ "मैं रंगीला प्यार का राही दूर मेरी मंज़िल" जैसे हिट गीत गाये थे। उनकी आवाज़ हेमन्त कुमार से बहुत मिलती जुलती थी और उनका रेंज कम होने की वजह से उन्हे बहुत ज़्यादा तरह के गीत गाने को नहीं मिले, लेकिन जितने भी गानें उन्होने गाये वो सभी बहुत पसंद किये गये। तो दोस्तों, जो मैं कह रहा था कि गायक सुबीर सेन का नाम तो आप ने सुना ही है, लेकिन क्या आप को यह भी पता है कि उन्होने एक फ़िल्म में संगीत भी दिया था! जी हाँ, १९७२ में इंगलैंड में एक हिंदी फ़िल्म बनी थी 'मिडनाइट', जिसमें उनका संगीत था। इस फ़िल्म का प्रदर्शन भी वहीं पर हुआ था। आज 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के लिए इसी दुर्लभ फ़िल्म का एक दुर्लभ दोगाना लेकर हम हाज़िर हुए हैं। गीता दत्त और तलत महमूद के गाये इस गीत को सुनकर आप ख़ुशी से झूम उठेंगे, इसमे कोई शक़ नहीं है।

सुबीर सेन ने 'मिडनाइट' फ़िल्म में तलत महमूद और गीता दत्त के अलावा मोहम्मद रफ़ी और आशा भोंसले से भी गानें लिए और इनके साथ साथ ख़ुद भी अपनी आवाज़ मिलायी थी। प्रस्तुत युगल गीत इस वजह से बहुत ख़ास हो जाता है कि यह तलत महमूद और गीता दत्त, दोनो के कैरीयर के अंतिम गीतों में से हैं। हालाँकि तलत साहब ने इसके बाद ग़ैर फ़िल्मी ग़ज़लों का सिलसिला जारी रखा, लेकिन फ़िल्मों में उनके गानें आने कम हो गये थे। और जहाँ तक गीता जी का सवाल है, 'मिडनाइट' उनके अंतिम फ़िल्मों में से एक है; इसी साल, यानी कि १९७२ में २० जुलाई के दिन वो इस दुनिया-ए-फ़ानी को हमेशा के लिए छोड़ गयीं थीं। इस गीत का रंग बड़ा ही निराला है। है तो यह गीत बड़ा ही मधुर और सुरीला, लेकिन गाने के संगीत संयोजन में पाश्चात्य प्रभाव साफ़ झलकता है। ७० के दशक के गीतों की शैली में ही बनाया गया है इस गीत को, लेकिन क्यूंकि तलत साहब और गीता जी, दोनों ही ५० और ६० के दशक के गायक रहे हैं, तो उनकी आवाज़ों में इस तरह का संगीत संयोजन बड़ा ही अनोखा बन पड़ा है। गीता दत्त की आवाज़ तो बहुत ही अलग सी जान पड़ती है इस गाने में। प्यार और मिलन के रंगों में डूबे इस गीत को सुनकर कौन कह सकता है कि वो अपने जीवन की किन दुखद पलों से उस वक़्त गुज़र रही थीं! "तुम सा मीत मिला, दिल का फूल खिला, चलता रहे युंही सनम ख़ुशियों का कारवाँ", अपने गीतों के ज़रिये दूसरों को ख़ुशियाँ देनेवाले इन कलाकारों को अपनी निजी ज़िंदगी में कितने दुख झेलने पड़े हैं, यह अंदाज़ा लगाना मुश्किल है। लीजिये, सुबीर सेन, तलत महमूद और गीता दत्त की याद में आज का यह गीत सुनिये। अगर आप को इस फ़िल्म से संबंधित और भी कोई जानकारी मालूम हो तो हमारे साथ ज़रूर बाँटियेगा, जैसे कि फ़िल्म के मुख्य कलाकार, निर्देशक, गीतकार, वगैरह।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. कल से मदन मोहन विशेष शुरू हो रहा है तो पहला सूत्र तो मदन साहब ही हैं.
2. राजेंद्र कृष्ण हैं गीतकार यहाँ.
3. मुखड़े में शब्द है -"नींद".

पिछली पहेली का परिणाम -
स्वप्न जी, पहेली मुश्किल थी पर भी कहाँ कम थी...एकदम सही जवाब. आप ३० अंकों के साथ शरद को कडा मुकाबला दे रही हैं अब. बधाई. दिशा जी थोडा चूक गयी, कोई बात नहीं....मनु जी आपने सही कहा, पराग जी ठहरे गीता दत्त विशेषज्ञ. शरद जी हो सकता है कि आपने ये गाना न सुना हो अब से पहले, आज सुनिए और बताईये कैसा लगा.

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

इश्क ने ऐसा नचाया कि घुंघरू टूट गए........"लैला" की महफ़िल में "क़तील"



महफ़िल-ए-ग़ज़ल #२७

धीरे-धीरे महफ़िल में निखार आने लगा है। भले हीं पिछली कड़ी में टिप्पणियाँ कम थीं,लेकिन इस बात की खुशी है कि इस बार बस "शरद" जी ने हीं भाग नहीं लिया, बल्कि "दिशा" जी ने भी इस मुहिम में हिस्सा लेकर हमारे इस प्रयास को एक नई दिशा देने की कोशिश की। "दिशा" जी ने न केवल अपनी सहभागिता दिखाई, बल्कि "शरद" जी से भी पहले उन्होंने दोनों सवालों का जवाब दिया और सटीक जवाब दिया, यानी कि वे ४ अंकों की हक़दार हो गईं। "शरद" जी को उनके सही जवाबों के लिए ३ अंक मिलते हैं। इस तरह "शरद" जी के हुए ७ अंक और दिशा जी के ४ अंक। "शरद" जी, आपने "इक़बाल बानो" की जिस गज़ल की बात की है, अगर संभव हुआ तो आने वाले दिनों में वह गज़ल हम आपको जरूर सुनवाएँगे। चूँकि किसी तीसरे इंसान ने अपने दिमागी नसों पर जोर नहीं दिया, इसलिए २ अंकों वाले स्थान खाली हीं रह गए। चलिए कोई बात नहीं, एक एपिसोड में हम ४ अंक से ३ अंक तक पहुँच गए तो अगले एपिसोड यानी कि आज के एपिसोड में हमें २ अंक पाने वाले लोग भी मिल हीं जाएंगे। वैसे "मज़रूह सुल्तानपुरी" साहब का एक शेर भी हैं कि "मैं अकेला हीं चला था जानिब-ए-मंज़िल मगर, लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया।" अब जब इस मुहिम की शुरूआत हो गई है तो एक न एक दिन सफ़लता मिलेगी हीं। इसी दृढ विश्वास के साथ आज की पहेलियों का दौर आरंभ करते हैं। उससे पहले- हमेशा की तरह इस अनोखी प्रतियोगिता का परिचय : २५ वें से २९ वें अंक तक हम हर बार आपसे दो सवाल पूछेंगे जिसके जवाब उस दिन के या फिर पिछली कड़ियों के आलेख में छुपे होंगे। हर बार पहला सही जवाब देने वाले को ४ अंक, उसके बाद ३ अंक और उसके बाद हर किसी को २ अंक मिलेंगे। जवाब देने वाले को यह भी बताना होगा कि "अमुक" सवाल किस कड़ी से जुड़ा है,मतलब कि उससे जुड़ी बातें किस अंक में की गई थी। इन ५ कड़ियों में जो भी सबसे ज्यादा अंक हासिल करेगा, वह महफ़िल-ए-गज़ल में अपनी पसंद की तीन गज़लों की फरमाईश कर सकता है, जिसे हम ३०वीं से ३५वीं कड़ी के बीच में पेश करेंगे। तो ये रहे आज के सवाल: -

१) महज़ "नौ" साल की उम्र में "महाराज हरि सिंह" के दरबार की शोभा बनने वाली एक फ़नकारा जो "अठारह" साल की उम्र में चुपके से महल से इस कारण भाग आई ताकि वह महाराज के "हरम" का एक हिस्सा न बन जाए।
२) एक फ़नकार जिन्हें जनरल "अयूब खान" ने "तमगा-ए-इम्तियाज", जनरल "ज़िया-उल-हक़" ने "प्राइड औफ़ परफारमेंश" और जनरल "परवेज मु्शर्रफ़" ने "हिलाल-ए-इम्तियाज" से नवाजा। इस फ़नकार की नेपाल के राजदरबार से जुड़ी एक बड़ी हीं रोचक कहानी हमने आपको सुनाई थी।


सवालों का पुलिंदा पेश करने के बाद महफ़िल की और लौटने में जो मज़ा है, उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। वैसे आज की महफ़िल की बात हीं कुछ अलग है। न जाने क्यों कई दिनों से ये शायर साहब मेरे अचेतन मस्तिष्क में जड़ जमाए बैठे थे। यहाँ तक कि पिछली महफ़िल में हमने जो शेर डाला था, वो भी इनका हीं था। शायद यह एक संयोग है कि शेर डालने के अगले हीं दिन हमें उनकी पूरी की पूरी नज़्म सुनने को नसीब हो रही है। दुनिया में कई तरह के तखल्लुस देखे गए हैं, और उनमें से ज्यादातर तखल्लुस औरों पर अपना वर्चस्व साबित करने के लिए गढे गए मालूम होते हैं। लेकिन कुछ ऐसे भी शायर हुए हैं, जो अपने तखल्लुस के बहाने अपने अंदर बसे दर्द की पेशगी करते हैं। ऐसे हीं शायरों में से एक शायर हैं जनाब "क़तील शिफ़ाई"। क़तील का अर्थ होता है,वह इंसान जिसका क़त्ल हुआ हो। अब इस नाम से हीं इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि शायर साहब अपनी ज़िंदगी का कौन-सा हिस्सा दुनिया के सामने प्रस्तुत करना चाहते हैं।२४ दिसम्बर १९१९ को पाकिस्तान के "हरिपुर" में जन्मे "औरंगजेब खान" क़तील हुए अपनी शायरी के कारण तो "शिफ़ाई" हुए अपने गुरू "हक़ीम मोहम्मद शिफ़ा" के बदौलत। बचपन में पिता की मौत के कारण इन्हें असमय हीं अपनी शिक्षा का त्याग करना पड़ा। रावलपिंडी आ गए ताकि किसी तरह अपना और अपने परिवार का पेट पाल सकें। ६० रूपये के मेहनताने पर एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी कर ली। १९४६ में लाहौर के "अदब-ए-लतिफ़" से जब असिसटेंट एडिटर के पद के लिए न्यौता आया तो खुद को रोक न सके , आखिर बचपन से हीं साहित्य और शायरी में रूचि जो थी। इनकी पहली गज़ल "क़मर जलालाबादी" द्वारा संपादित साप्ताहिक पत्रिका "स्टार" में छपी। इसके बाद तो इनका फिल्मों के लिए रास्ता खुल गया। इन्होंने अपना सबसे पहला गाना जनवरी १९४७ में रीलिज हुई फिल्म "तेरी याद" के लिए लिखा। १९९९ में रीलिज हुई "बड़े दिलवाला" और "ये है मुंबई मेरी जान" तक इनके गानों का दौर चलता रहा। "क़तील" साहब की कई सारी नज़्में और गज़लें आज भी मुशायरों में गुनगुनाई जाती हैं , मसलन "अपने हाथों की लकीरों में बसा ले मुझको", "उल्फ़त की नई मंज़िल को चला तू", "जब भी चाहे एक नई सूरत बना लेते हैं लोग", "तुम पूछो और मैं न बताऊँ ऐसे तो हालात नहीं" और "वो दिल हीं क्या तेरे मिलने की जो दुआ न करे"। क़तील साहब से जुड़ी और भी बातें हैं,लेकिन सब कुछ एकबारगी खत्म कर देना अच्छा न होगा, इसलिए बाकी बातें कभी बाद में करेंगे, अभी आज की फ़नकारा की ओर रूख करते हैं।

"मल्लिका पुखराज" और "फ़रीदा खानुम" के बाद आज हम जिन फ़नकारा को लेकर आज हाज़िर हुए हैं, गज़ल और नज़्म-गायकी में उनका भी अपना एक अलग रूतबा है। यूँ तो हैं वे बांग्लादेश की, लेकिन पाकिस्तान और हिंदुस्तान में भी उनके उतने हीं अनुपात में प्रशंसक हैं,जितने अनुपात में बांग्लादेश में हैं। अनुपात की बात इसलिए कर रहा हूँ क्योंकि हिंदुस्तान की जनसंख्या पाकिस्तान और बांग्लादेश से कहीं ज्यादा है, इसलिए प्रशंसकों की संख्या की तुलना बेमानी होगी। ७० के दशक में जब उन्होंने "दमादम मस्त कलंदर" गाया तो हिंदुस्तानी फिल्मी संगीत के चाहने वालों के दिलों में एक हलचल-सी मच गई। १९७४ में रीलिज हुई "एक से बढकर एक" के टाईटल ट्रैक को गाकर तो वे रातों-रात स्टार बन गईं। कई लोगों को यह भी लगने लगा था कि अगर वे बालीवुड में रूक गई तो मंगेशकर बहनों (लता मंगेशकर और आशा भोंसले) के एकाधिकार पर कहीं ग्रहण न लग जाए। लेकिन ऐसा न हुआ, कुछ हीं फ़िल्मों में गाने के बाद उन्होंने बंबई को छोड़ दिया और पाकिस्तान जा बसीं। वैसे बप्पी दा के साथ उनकी जोड़ी खासी चर्चित रही। "ई एम आई म्युजिक" के लिए इन दोनों ने "सुपर-रूना" नाम की एक एलबम तैयार की, जिसे गोल्ड और प्लैटिनम डिस्कों से नवाज़ा गया। पाकिस्तान के जानेमाने संगीत निर्देशक "नैयर" के साथ उनकी एलबम "लव्स आफ़ रूना लैला" को एक साथ दो-दो प्लैटिनम डिस्क मिले। अब तक तो आप समझ हीं गए होंगे कि हम किन फ़नकारा की बात कर रहे हैं। जी हाँ, हम "रूना लैला" की हीं बात कर रहे हैं, जिन्होंने आज तक लगभग सत्रह भाषाओं में गाने गाए हैं और जिन्हें १५० से भी ज्यादा पुरस्कारों और सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है। "रूना लैला" संगीत के क्षेत्र में कैसे उतरीं, इसकी बड़ी हीं मज़ेदार दास्तां है। "रूना" के लिए संगीत बस इनकी बड़ी बहन "दिना" की गायकी तक हीं सीमित था। हुआ यूँ कि जिस दिन "दिना" का परफ़ार्मेंस था,उसी दिन उनकी आवाज़ बैठ गई। आयोजन विफ़ल न हो जाए, इससे बचने के लिए "रूना" को उनकी जगह उतार दिया गया। उस समय "रूना" इतनी छोटी थीं कि सही से "तानपुरा" पकड़ा भी नही जा रहा था। किसी तरह जमीन का सहारा देकर उन्होंने "तानपुरा" पर राग छेड़ा और एक "ख्याल" पेश किया। एक छोटी बच्ची को "ख्याल" पेश करते देख "दर्शक" मंत्रमुग्ध रह गए। बस एक शुरूआत की देर थी ,फिर उन्होंने पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा। आज वैसा हीं कुछ मनमोहक अंदाज लेकर हमारे सामने आ रही हैं "रूना लैला"। उस नज़्म को सुनने से पहले क्यों न हम आज के शायर "क़तील शिफ़ाई" का एक प्यारा-सा शेर देख लें:

तूने ये फूल जो ज़ुल्फ़ों में लगा रखा है
इक दिया है जो अँधेरों में जला रखा है


चलिए अब थोड़ा भी देर किए बिना आज की नज़्म से रूबरू होते हैं। इस नज़्म को संगीत से सजाया है "साबरी ब्रदर्स" नाम से प्रसिद्ध भाईयों की जोड़ी में से एक "मक़बूल साबरी" ने। "मक़बूल" साहब और "साबरी ब्रदर्स" की बातें किसी अगली कड़ी में। अभी तो बस ऐसा रक्श कि घुंघरू टूट पड़े:

वाइज़ के टोकने पे मैं क्यों रक्श रोक दूँ,
उनका ये हुक्म है कि अभी नाचती रहूँ।

मोहे आई न जग से लाज,
मैं इतनी जोर से नाची आज,
कि घुंघरू टूट गए।

कुछ मुझपे नया जोबन भी था,
कुछ प्यार का पागलपन भी था,
एक पलक पलक बनी तीर मेरी,
एक जुल्फ़ बनी जंजीर मेरी,
लिया दिल साजन का जीत,
वो छेडे पायलिया ने गीत
कि घुंघरू टूट गए।

मैं बसी थी जिसके सपनों में,
वो गिनेगा मुझको अपनों में,
कहती है मेरी हर अंगड़ाई,
मैं पिया की नींद चुरा लाई,
मैं बनके गई थी चोर,
कि मेरी पायल थी कमजोर
कि घुंघरू टूट गए।

धरती पर न मेरे पैर लगे,
बिन पिया मुझे सब गैर लगे,
मुझे अंग मिले परवानों के,
मुझे पंख मिले अरमानों के,
जब मिला पिया का गाँव,
तो ऐसा लचका मेरा पाँव
कि घुंघरू टूट गए।




चलिए अब आपकी बारी है महफ़िल में रंग ज़माने की. एक शेर हम आपकी नज़र रखेंगे. उस शेर में कोई एक शब्द गायब होगा जिसके नीचे एक रिक्त स्थान बना होगा. हम आपको चार विकल्प देंगे आपने बताना है कि उन चारों में से सही शब्द कौन सा है. साथ ही पेश करना होगा एक ऐसा शेर जिसके किसी भी एक मिसरे में वही खास शब्द आता हो. सही शब्द वाले शेर ही शामिल किये जायेंगें, तो जेहन पे जोर डालिए और बूझिये ये पहेली -

रूह बेचैन है एक दिल की अजीयत क्या है,
दिल ही __ है तो ये सोज़े मोहब्बत क्या है...

आपके विकल्प हैं -
a) शोला, b) दरिया, c) शबनम, d) पत्थर

इरशाद ....

पिछली महफिल के साथी -
पिछली महफिल का सही शब्द था -"समुन्दर" और शेर कुछ यूं था-

मैं समुन्दर भी हूँ मोती भी हूँ ग़ोताज़न भी
कोई भी नाम मेरा लेके बुला ले मुझको...

दिशा जी ने यहाँ भी बाज़ी मारी. बहुत बहुत बधाई सही जवाब के लिए, आपका शेर भी खूब रहा -

इश्क का समंदर इतना गहरा है
जो डूबा इसमे समझो तैरा है...

वाह....

शरद जी ने भी अपने शेर से खूब रंग जमाया -

अपनी बातों में असर पैदा कर
तू समन्दर सा जिगर पैदा कर
बात इक तरफा न बनती है कभी
जो इधर है वो उधर पैदा कर ।

रचना जी ने फरमाया -

समंदर न सही समंदर सा हौसला तो दे
ज़िन्दगी से रिश्ता हम को निभाना तो है

तू लिखता चल किनारे पर नाम उनका
समंदर की मौजों को उनसे टकराना तो है

तो सुमित जी ने कुछ त्रुटी के साथ ही सही एक बढ़िया शेर याद दिलाया -

मैं एक कतरा हूँ मेरा अलग वजूद तो है,
हुआ करे, जो समंदर मेरी तलाश में है....

मनु जी पधारे इस शेर के साथ -

समंदर आज भी लज्ज़त को उसके याद करता है
कभी इक बूँद छूट कर आ गिरी थी, दोशे -बादल से...

वाह...कुलदीप अंजुम जी ने तो समां ही बांध दिया ऐसे नायाब शेर सुनकर -

अपनी आँखों के समंदर में उतर जाने दे
तेरा मुजरिम हूँ मैं मूझे डूब कर मार जाने दो

गुडियों से खेलती हुयी बच्ची की आंख में
आंसू भी आ गया तो समंदर लगा हमें

और

बड़े लोगो से मिलने में हमेशा फासला रखना
मिले दरिया समंदर में कभी दरिया नहीं रहता....

पर दोस्तों आप हमसे मिलने में कभी कोई फासला मत रखियेगा.....जो भी दिल में हो खुलकर कहियेगा....इसी इल्तिजा के साथ अगली महफिल तक अलविदा....

अहा! आपसे विदा लेने से पहले पूजा जी की टिप्पणी पर टिप्पणी करना भी तो लाज़िमी है। पिछली बार की उलाहनाओं के बाद पूजा जी ने शेर तो फरमाया, लेकिन यह क्या शब्द हीं गलत चुन लिया । सही शब्द पूजा जी अब तक जान हीं चुकी होंगी।

यह देखिए, पूजा जी ने मनु जी की खबर ली तो मनु जी एक नए शेर के साथ फिर से हाज़िर हो गए, शायद इसी को लाईन हाज़िर होना कहते हैं :) । वैसे मुझे लगता है कि मनु जी को भूलने की बीमारी लग गई है, हर बार अगला शेर डालने समय वे पिछले शेर को भूल चुके होते हैं और हर बार हीं उनका कहना होता है कि "ये भी नहीं के ये शे'र मैंने कब सुनाये हैं"...मनु जी सुधर जाईये........या फिर पता कीजिए कि आपके नाम से शेर कौन डाल जाता है।

चलिए अब बहुत बातें हो गईं। अगली कड़ी तक के लिए "खुदा हाफ़िज़"..
प्रस्तुति - विश्व दीपक तन्हा



ग़ज़लों, नग्मों, कव्वालियों और गैर फ़िल्मी गीतों का एक ऐसा विशाल खजाना है जो फ़िल्मी गीतों की चमक दमक में कहीं दबा दबा सा ही रहता है. "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" श्रृंखला एक कोशिश है इसी छुपे खजाने से कुछ मोती चुन कर आपकी नज़र करने की. हम हाज़िर होंगे हर मंगलवार और शुक्रवार एक अनमोल रचना के साथ, और इस महफिल में अपने मुक्तलिफ़ अंदाज़ में आपके मुखातिब होंगे कवि गीतकार और शायर विश्व दीपक "तन्हा". साथ ही हिस्सा लीजिये एक अनोखे खेल में और आप भी बन सकते हैं -"शान-ए-महफिल". हम उम्मीद करते हैं कि "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" का ये आयोजन आपको अवश्य भायेगा.


Monday, July 6, 2009

जब गमे इश्क सताता है तो हंस लेता हूँ....मुकेश की आवाज़ में बहता दर्द



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 133

ज 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में एक बहुत ही कमचर्चित गीतकार का ज़िक्र। फ़िल्म 'किनारे किनारे' का ज़िक्र छिड़ते ही जिनका नाम झट से ज़हन में आता है वो हैं संगीतकार जयदेव और गीतकार न्याय शर्मा। जी हाँ, न्याय शर्मा एक ऐसे गीतकार हुए हैं जिन्होने बहुत ही गिनी चुनी फ़िल्मों के लिए गानें लिखे हैं। जिन तीन फ़िल्मों में उन्होने गानें लिखे उनके नाम हैं - 'अंजली', 'किनारे किनारे' और 'हमारे ग़म से मत खेलो'। वैसे उनके लिखे बहुत सारे ग़ैर फ़िल्मी ग़ज़लें मौजूद हैं। उनका लिखा और रफ़ी साहब का गाया सब से मशहूर ग़ैर फ़िल्मी ग़ज़ल है "काश ख़्वाबों में आ जाओ"। सी. एच. आत्मा और आशा भोंसले ने भी न्याय शर्मा के कई ग़ज़लों को स्वर दिया है। वापस आते हैं फ़िल्म 'किनारे किनारे' पर। "कोई दावा नहीं, फ़रियाद नहीं, तन्ज़ नहीं, रहम जब अपने पे आता है तो हँस लेता हूँ, जब ग़म-ए-इश्क़ सताता है तो हँस लेता हूँ", फ़िल्म 'किनारे किनारे' की यह ग़ज़ल एक फ़िल्मी ग़ज़ल होते हुए भी भीड़ से बहुत अलग है, जुदा है। जयदेव की धुन और संगीत संयोजन उत्तम है, मुकेश के दर्द भरे अंदाज़ के तो क्या कहने, लेकिन उससे भी ज़्यादा असरदार हैं शायर न्याय शर्मा के लिखे बोल जो ज़हन में देर तक रह जाते हैं। ऐसे और न जाने कितने फ़िल्मी और ग़ैर फ़िल्मी गीतों और ग़ज़लों को अपने ख़यालों की वादियों से सुननेवालों के दिलों तक पहुँचाने का नेक काम किया है न्याय शर्मा ने। आज 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में मुकेश की गायी इसी ग़ज़ल की बारी।

न्याय शर्मा फ़िल्मों के क्षेत्र में उतरे थे सन् १९५७ में जब उन पर कला कुंज के बैनर तले निर्मित और चेतन आनंद निर्देशित फ़िल्म 'अंजली' में संगीतकार जयदेव की धुनों पर गानें लिखने का ज़िम्मा आन पड़ा था। चेतन आनंद, निम्मी, सितारा और शीला रमणी अभिनीत गौतम बुद्ध पर केंद्रित यह फ़िल्म उतनी तो नहीं चली लेकिन न्याय शर्मा का फ़िल्म जगत में पदार्पण ज़रूर हो गया। इसके ६ साल बाद न्याय शर्मा ख़ुद फ़िल्म निर्माण के क्षेत्र में उतरे और निर्माण किया फ़िल्म 'किनारे किनारे' का। इस फ़िल्म की टीम लगभग वही थी जो 'अंजली' में थी। यानी कि निर्देशक और नायक बने चेतन आनंद, और साथ में थे देव आनंद और मीना कुमारी, तथा संगीतकार जयदेव भी। इस फ़िल्म को बहुत सराहना मिली और फ़िल्म के गीत संगीत को उससे भी ज़्यादा प्यार और सम्मान मिला। मुकेश के गाये प्रस्तुत ग़ज़ल के अलावा मन्ना डे का गाया फ़िल्म का शीर्षक गीत "चले जा रहे हैं किनारे किनारे" और तलत महमूद का गाया "देख ली तेरी ख़ुदाई बस मेरा दिल भर गया" भी बेहद कामयाब रहे। अपनी उत्कृष्ट संगीत के लिए आज भी यह फ़िल्म अच्छे संगीत के क़द्रदानों के दिलों में जीवित है और हमेशा रहेंगे। भले ही आज इस फ़िल्म के गीत ज़्यादा सुनाई नहीं देते कहीं से, लेकिन हमारी दिल की वादियों में ये अक्सर गूँजा करते हैं। १९६३ में दूसरे बड़े बजट के फ़िल्मों की भरमार रही, जैसे कि 'ताज महल', 'दिल एक मंदिर', 'गुमराह', 'प्रोफ़ेसर', 'बंदिनी', 'पारसमणी', 'दिल ही तो है', 'तेरे घर के सामने', 'हमराही', और भी न जाने कितनी ऐसी 'हिट' फ़िल्में थीं उस साल। इन सब चमक धमक वाली फ़िल्मों और उनके हंगामाख़ेज़ गीत संगीत की वजह से फ़िल्म 'किनारे किनारे' थोड़ी सी पीछे ही रह गयी। इस फ़िल्म को कोई भी फ़िल्म-फ़ेयर पुरस्कार तो नहीं मिल पाया, लेकिन जो पुरस्कार सब से कीमती है, वह है श्रोताओं और दर्शकों का प्यार, जो इस फ़िल्म को और इसके गीतों को बेतहाशा मिली। पेश-ए-ख़िदमत है मुकेश की पुर-असर आवाज़ में 'किनारे किनारे' फ़िल्म की यह ग़ज़ल।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. गायक सुबीर सेन हैं इस गीत के संगीतकार.
2. गीता दत्त और तलत महमूद की युगल आवाजों में है ये दुर्लभ गीत.
3. गीत शुरू होता है इस शब्द से -"तुम".

पिछली पहेली का परिणाम -
स्वप्न मंजूषा जी बधाई, आपके हुए २८ अंक. ३६ अंक है शरद जी के बढ़िया मुकाबला है आप दोनों में. मनु जी चुप्पी का क्या मतलब हुआ भला, कुछ बोला कीजिये....दिलीप राज नागपाल जी शायद पहली बार पधारे कल...आपका स्वागत है.

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

60 के दशक का "ट्विस्ट" एक बार फिर "लव आज कल" में...



ताजा सुर ताल (7)

दशकों पहले हेमंत दा ने जब फिल्म "नागिन" के लिए बीन का इस्तेमाल किया था, तब उस धुन ने पूरे देश को जैसे उस लहरा में झूमने को मजबूर कर दिया था. "तन डोले मेरा मन डोले" गीत महीनों तक टॉप चार्ट्स पे काबिज रहा. अब सोचिये आज की तारीख़ में यदि कोई गीत उसी धुन से शुरू हो तो क्यों न आपका मन फिर एक बार झूम उठे, लहरा उठे. कुछ यही तजुर्बा किया है संगीतकार प्रीतम ने नयी फिल्म "लव आजकल" के गीत 'ट्विस्ट' के साथ. यहाँ जो शब्द "ट्विस्ट" है ये भी एक 'रेट्रो फील' देता है. याद कीजिये आर डी बर्मन का क्लासिक सोंग "आओ ट्विस्ट करें..." और उस गीत की मस्ती को. दरअसल ट्विस्ट 60-70 के दशक का मशहूर डांस हुआ करता था जिसमें कमर और पैरों को ख़ास अंदाज़ से हिला कर नाचना पड़ता था. आजकल ये गीत चैनलों पर खूब देखा जा सकता है और यदि अच्छा नृत्य संयोजन और फिल्मांकन किसी गीत को कमियाबी देने में जिम्मेदार होते हैं तो निश्चित ही ये गाना आने वाले दिनों में टॉप चार्ट्स पे होगा इसमें कोई शक नहीं.

नए सुर ताल की इस शृंखला में आज हम आपके लिए यही मचलता हुआ गीत लेकर आये हैं, जिसे सुनकर आप भी झूम उठेंगें. "जब वी मेट" के शानदार गीत आज भी आपको याद होंगें. जाहिर है जब वही टीम फिर एक साथ आये तो उम्मीदें बढ़ ही जायेंगीं. निर्देशक इम्तिआज़ अली, संगीतकार प्रीतम और गीतकार इरशाद कामिल फिर जुड़े हैं एक साथ और बहुत हद तक इस टीम ने उम्मीदों पर खरा काम किया है इस बार भी. नीरज श्रीधर आजकल के सबसे सफल गायक बनते जा रहे हैं, हालाँकि उनकी इस सफलता में संगीतकार प्रीतम का योगदान सबसे अधिक है. ये भी सच है की नीरज और प्रीतम जब भी साथ आये हैं हमेशा हिट साबित हुए हैं. इसी परंपरा में एक नयी कड़ी बन कर जुड़ रहा है "ट्विस्ट" भी. बार बार बजती बीन की धुन मस्ती को और बढा देती है, अफ्रीकन अंदाज़ का रैप तडके का काम करता है.

कोलकत्ता में जन्में प्रीतम को संगीत विरासत में मिला. उनके पिता भी संगीत शिक्षक हैं. मुंबई आने के बाद प्रीतम ने कुछ विज्ञापनों में संगीत दिया. मित्र संगीतकार जीत के साथ मिलकर उन्होंने टीम बनायीं जीत प्रीतम की. इस जोड़ी की पहली फिल्म "तेरे लिए" रही फ्लॉप पर अगली ही फिल्म जो की यशराज बैनर की एक छोटे बजट की फिल्म "मेरे यार की शादी है" कामियाब रही. फिल्म से भी ज्यादा फिल्म का गीत 'शरारा शरारा' हिट हुआ. पर ये जोड़ी जल्दी ही टूट गयी. स्वतंत्र संगीतकार के रूप में भी प्रीतम की कुछ शुरूआती फिल्में नहीं चली, पर धूम की सफलता के बाद उनका सिक्का चल निकला. गैंगस्टर, मेट्रो, धूम-2, सिंग इस किंग, जब वी मेट, किस्मत कनक्शन और हालिया प्रर्दशित न्यू यार्क के संगीत की सफलता के बाद प्रीतम लव आजकल के साथ एक बार फिर सुपर हिट संगीत लेकर हाज़िर हैं.

नीरज श्रीधर ने जम कर गाया है पूरे गीत को. इरशाद कामिल को पंजाबी शब्दों का इस्तेमाल खूब आता है. पंजाबी लहजे में बोले बोले जाने वाले सामान सुनाई देते शब्दों के जुमले पूरे गीत में इस्तेमाल हुए हैं जैसे रिकड़-शिकड़, रौनक-शौनक आदि. कुल मिलकर गीत बार बार सुने जाने लायक और झूमने पर मजबूर करने वाला है. यानी 100 फीसदी हिट. तो सुनिए और ट्विस्ट कीजिये, शब्द कुछ ऐसे हैं -

लेट्स स्टार्ट सम रौनक-शौनक,
लेट्स हेव सम पार्टी नॉव,
लेट्स हव सम रोल्ला रप्पा,
लेट्स हव सम ढोल धमाका,
लेट्स कॉल द ढोली नॉव,
लेट्स हव सम मस्ती टप्पा....

चलो चलो जी लक लच्कालो,
चलो चलो जी मौज मन लो,
चलो चलो जी नाचलो गालो
पकड़ किसी की रिस्ट,
एंड वी ट्विस्ट, वी ट्विस्ट....

सोने मोने मल्ला मल्ली,
कर गए टल्ली,
आँख वांख सी लड़ गयी, हाँ लड़ गयी...
बोतल वोतल खोले बिना,
दारू शारू बिन पीते ही चढ़ गयी,
हाँ चढ़ गयी....
देखो देखो सब घूम रहा है,
देखो देखो जग झूम रहा है,
यहाँ वहां दिल ढूंढ रहा है,
अब खुशियों की लिस्ट....
एंड वी ट्विस्ट...वी ट्विस्ट...



आवाज़ की टीम ने दिए इस गीत 3.5 की रेटिंग 5 में से. अब आप बताएं आपको ये गीत कैसा लगा? यदि आप समीक्षक होते तो प्रस्तुत गीत को 5 में से कितने अंक देते. कृपया ज़रूर बताएं आपकी वोटिंग हमारे सालाना संगीत चार्ट के निर्माण में बेहद मददगार साबित होगी.

क्या आप जानते हैं ?
आप नए संगीत को कितना समझते हैं चलिए इसे ज़रा यूं परखते हैं. प्रीतम का संगीतबद्ध एक गीत है जिसमें जॉन अब्राहिम और अक्षय कुमार एक साथ नज़र आये. कौन सा है वो गीत, क्या आप जानते हैं ?



अक्सर हम लोगों को कहते हुए सुनते हैं कि आजकल के गीतों में वो बात नहीं. "ताजा सुर ताल" शृंखला का उद्देश्य इसी भ्रम को तोड़ना है. आज भी बहुत बढ़िया और सार्थक संगीत बन रहा है, और ढेरों युवा संगीत योद्धा तमाम दबाबों में रहकर भी अच्छा संगीत रच रहे हैं, बस ज़रुरत है उन्हें ज़रा खंगालने की. हमारा दावा है कि हमारी इस शृंखला में प्रस्तुत गीतों को सुनकर पुराने संगीत के दीवाने श्रोता भी हमसे सहमत अवश्य होंगें, क्योंकि पुराना अगर "गोल्ड" है तो नए भी किसी कोहिनूर से कम नहीं. क्या आप को भी आजकल कोई ऐसा गीत भा रहा है, जो आपको लगता है इस आयोजन का हिस्सा बनना चाहिए तो हमें लिखे.

Sunday, July 5, 2009

मैंने रखा है मोहब्बत अपने अफसाने का नाम...तासीर रफी साहब के आवाज़ की



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 132

यूँतो आज महिलायें हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं हैं, लेकिन जहाँ तक फ़िल्मों में संगीत देने या गीत लिखने का सवाल है, उसमें आज भी पुरुषों का ही बोलबाला है। लेकिन फ़िल्म संगीत के इतिहास में कम से कम दो ऐसी महिला संगीतकारा हुईं हैं जिन्होने फ़िल्म संगीत में बहुत बड़ा योगदान दिया है, फ़िल्मी गीतों के ख़ज़ाने को समृद्ध किया है। एक तो थीं सरस्वती देवी जिन्होने बौम्बे टाकीज़ की बहुत सारी फ़िल्मों में बहुत ही कामयाब संगीत दिया,और दूसरी हैं उषा खन्ना, जिन्होने ६०, ७० और ८० के दशकों में बहुत सारी फ़िल्मों में बहुत ही उम्दा संगीत दिया है। आम तौर पर हम इन दो महिला संगीतकारों के नाम जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि सरस्वती देवी से भी पहले जड्डन बाई (अभिनेत्री नरगिस की माँ) एक संगीतकारा रह चुकीं हैं, जिन्होने सन् १९३५ में 'तलाश-ए-हक़' नामक फ़िल्म में संगीत दिया था! बहरहाल, आज 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में हम उषा खन्ना जी का स्वरबद्ध किया हुआ एक बेहद ख़ूबसूरत गीत आपको सुनवाने जा रहे हैं। १९६४ मे बनी फ़िल्म 'शबनम' का यह गीत है मोहम्मद रफ़ी साहब की आवाज़ में। गीतकार हैं जावेद अनवर और गीत है "मैने रखा है मोहब्बत अपने अफ़साने का नाम, तुम भी कुछ अच्छा सा रख लो अपने दीवाने का नाम"। उषा खन्ना, जावेद अनवर और रफ़ी साहब की तिकड़ी का एक और मशहूर गीत रहा है फ़िल्म 'निशान' का, "हाये तबस्सुम तेरा, धूप खिल गयी रात में, या बिजली गिरी बरसात में".

अस्पी इरानी निर्देशित फ़िल्म 'शबनम' के मुख्य कलाकार थे महमूद, विजयलक्ष्मी, शेख मुख्तार और हेलेन। यह एक अरबी 'फ़ैन्टसी फ़िल्म' थी जिसकी कहानी अख़्तर-उल-इमान ने लिखी थी। अगर आप ने 'अरबियन नाइट्स' में ज़ोरो की कहानी पढ़ी है तो बस यही समझ लीजिये कि इस फ़िल्म का अंदाज़ भी कुछ उसी तरह का था। महमूद, जिन्हे हम एक हास्य अभिनेता के रूप में ही ज़्यादा पहचानते हैं, उन्होने कई फ़िल्मों में बहुत संजीदे किरदार भी निभाये हैं। उनकी फ़िल्म 'कुंवारा बाप' तो आपको याद ही है न, जिसमें उन्होने हम सब को ख़ूब रुलाया भी था! 'शबनम' में उन्होने गम्भीर 'ज़िंगारो' का किरदार निभाया था। विजयलक्ष्मी और हेलेन ने भी अपनी अपनी नृत्यकला का बेहद सुंदर प्रदर्शन किया था इस फ़िल्म में। लेकिन सही मायने मे आज अगर यह फ़िल्म याद की जाती है, तो सिर्फ़ इसके गीत संगीत की वजह से। आज के इस प्रस्तुत गीत के अलावा इस फ़िल्म का एक दूसरा मशहूर गीत रहा हैं मुकेश का गाया "तेरी निगाहों पे मर मर गये हम"। इस गीत को हम आगे चलकर इस शृंखला में शामिल करने की कोशिश करेंगे, फ़िल्हाल सुनिये इस फ़िल्म का सबसे चहेता गीत रफ़ी साहब की आवाज़ में। आज का यह अंक समर्पित है फ़िल्म संगीत के महिला संगीतकारों के नाम! गीतकार जावेद अनवर के बारे में हम आपको फिर किसी रोज़ विस्तार में बतायेंगे, सुनिये आज का यह गीत।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. गीतकार न्याय शर्मा का कलाम.
2. जयदेव की धुन है इस दर्द भरे गीत में.
3. मुखड़े में शब्द है - "हादसा".

पिछली पहेली का परिणाम -
आज भी शरद जी ही आगे रहे. बहुत बढ़िया साहब. ३६ अंक हो गए हैं आपके. पराग जी आपने जावेद साहब के बारे में बहुत बढ़िया जानकारी दी है. मनु जी, स्वप्न जी आप सब से ही तो महफिलें शाद है. अवध लाल जी ने अच्छी जानकारी दी, धन्येवाद.

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

Saturday, July 4, 2009

कहीं दूर जब जब दिन ढल जाए....ऐसे मधुर गीत होठों पे आये....



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 131

ल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में आप ने १९६१ में बनी फ़िल्म 'प्यासे पंछी' का गीत सुना था। आइये आज एक लम्बी छलांग लगा कर १० साल आगे को निकल आते हैं। यानी कि सन् १९७१ में। दोस्तों, यही वह साल था जिसमें बनी थी ऋषिकेश मुखर्जी की कालजयी फ़िल्म 'आनंद'। इस फ़िल्म ने लोगों के दिलों पर कुछ इस क़दर छाप छोड़ी है कि आज लगभग ४ दशक बाद भी जब यह फ़िल्म टी.वी. पर आती है तो लोग उसे बड़े प्यार और भावुकता से देखते हैं। 'आनंद' कहानी है आनंद सहगल (राजेश खन्ना) की, जो एक कैंसर का मरीज़ हैं, और यह जानते हुए भी कि वह यहाँ पर चंद रोज़ का ही मेहमान है, न केवल अपनी बची हुई ज़िंदगी को पूरे जोश और आनंद से जीता है बल्कि दूसरों को भी उतना ही आनंद प्रदान करता है। ठीक विपरीत स्वभाव के हैं भास्कर बैनर्जी (अमिताभ बच्चन), जो उनके डौक्टर हैं, जो देश की दुरवस्था को देख कर हमेशा नाराज़ रहते हैं। आनंद से रोज़ रोज़ की मुलाक़ातें और नोंक-झोंक डा. भास्कर को ज़िंदगी के दुख तक़लीफ़ों के पीछे छुपी हुई ख़ुशियों के रंगों से अवगत कराती है। अपनी चारों तरफ़ ढेर सारी ख़ुशियाँ बिखेर कर, अपने आस पास के कई ज़िंदगियों को आबाद कर, आनंद इस दुनिया को छोड़ जाता है, जो डा. भास्कर को उस पर एक क़िताब लिखने की प्रेरणा देता है। 'आनंद' की मूल कहानी को लिखा था ख़ुद ऋषिकेश मुखर्जी ने, और फ़िल्म के लिये विस्तृत लेखन का काम किया था बिमल दत्त, डी. एन. मुखर्जी, बीरेन त्रिपाठी और गुलज़ार ने। फ़िल्म का निर्माण एन. सी. सिप्पी और ऋषि दा ने मिलकर किया था। फ़िल्म के संगीतकार थे सलिल दा, यानी कि सलिल चौधरी। फ़िल्म की कहानी कुछ ऐसी थी कि इसमें ज़्यादा गीतों की गुंजाइश नहीं थी। ज़बरदस्ती अगर गानें डाले जाते तो वह फ़िल्म के हित में नहीं होते। इसलिए ऋषि दा ने फ़िल्म में केवल चार गानें रखे, और उल्लेखनीय बात यह है कि इन चारों गीतों ने अपार लोकप्रियता हासिल की। ये चारों गानें ऐसे हैं कि इन्हे लोकप्रियता या गुणवत्ता की दृष्टि से क्रम नहीं दिया जा सकता। तो जनाब, आज के लिए हमें इस फ़िल्म का एक गीत चुनना था, तो हम ने चुना, उम्मीद है आप भी शायद इसी गीत को सुनना चाह रहे होंगे।

"कहीं दूर जब दिन ढल जाये, चाँद सी दुल्हन बदन चुराये चुपके से आये"। मुकेश की आवाज़ में यह गीत लिखा था गीतकार योगेश ने। शुद्ध हिंदी में गीत लिखने में माहिर गीतकारों की बात करें तो जो परम्परा कवि प्रदीप, पं. नरेन्द्र शर्मा, जी. एस. नेपाली और भरत व्यास जैसे गीतकारों ने शुरु की थी, आगे चलकर योगेश ने भी वही राह अपनाई। वैसे 'आनंद' फ़िल्म के जो दो गीत उन्होने लिखे (दूसरा गीत था "ना जिया लागे ना"), उनमें शुद्ध हिंदी का क्यों प्रयोग हुआ, वह बात योगेश जी ने विविध भारती के एक पुराने कार्यक्रम में कहा था, उन्ही के शब्दों में पढ़िये - "सलिल दा के जो काम्पोसिशन्स होते थे, उनमें उर्दू के शब्दों की गुंजाइश नहीं होती थी। उनकी धुनें ऐसी होती थीं कि उर्दू के शब्द उसमें फ़िट नहीं हो सकते। पहले वहाँ शैलेन्द्र जी लिखते थे, जो सीधे सरल शब्दों में गहरी बात कह जाते थे। एक और बात, मैं तो सलिल दा से यह कह चुका हूँ कि अगर वे संगीत के बजाये लेखन की तरफ़ ध्यान देते तो रबींद्रनाथ ठाकुर के बाद उन्ही की कवितायें जगह जगह गूँजते।" दोस्तों, प्रस्तुत गीत भी किसी ख़ूबसूरत कविता से कम नहीं है। इसके बारे में और ज़्यादा कुछ कहने से बेहतर यही है कि इसे तुरंत सुना जाये!



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. गिनी चुनी महिला संगीतकारों में से एक उषा खन्ना का स्वरबद्ध है ये गीत.
2. बहुत खूबसूरत लिखा है इसे जावेद अनवर ने.
3. एक अंतरे की पहली चार पंक्तियों में ये दो शब्द हैं - "तस्कीन" और "जिन्दगी".

पिछली पहेली का परिणाम -
शरद जी 34 अंकों के लिए एक बार फिर बधाई. एकदम सही जवाब. स्वप्न जी बस जरा सा पीछे रह गयी. आज महिला संगीतकार की बात है आज देखते हैं कौन बाज़ी मारता है. मुकाबला बहुत दिलचस्प हो चुका है. दिशा जी, पराग जी, संगीता जी, और मनु जी आप सब को भी बधाईयाँ.

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

सुनो कहानी: वैराग्य - मुंशी प्रेमचंद



मुंशी प्रेमचंद की "वैराग्य"

'सुनो कहानी' इस स्तम्भ के अंतर्गत हम आपको सुनवा रहे हैं प्रसिद्ध कहानियाँ। पिछले सप्ताह आपने अनुराग शर्मा की आवाज़ में उपेन्द्रनाथ अश्क की कहानी "पहेली" का पॉडकास्ट सुना था। आवाज़ की ओर से आज हम लेकर आये हैं प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार मुंशी प्रेमचन्द की कहानी "वैराग्य", जिसको स्वर दिया है अनुराग शर्मा ने।

कहानी का कुल प्रसारण समय 13 मिनट 16 सेकंड है। सुनें और बतायें कि हम अपने इस प्रयास में कितना सफल हुए हैं।

यदि आप भी अपनी मनपसंद कहानियों, उपन्यासों, नाटकों, धारावाहिको, प्रहसनों, झलकियों, एकांकियों, लघुकथाओं को अपनी आवाज़ देना चाहते हैं हमसे संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए कृपया यहाँ देखें।



मैं एक निर्धन अध्यापक हूँ...मेरे जीवन मैं ऐसा क्या ख़ास है जो मैं किसी से कहूं
~ मुंशी प्रेमचंद (१८८०-१९३६)

हर शनिवार को आवाज़ पर सुनिए प्रेमचंद की एक नयी कहानी

छि:छि:। तुम्हारे ऊपर निहोरा कौन कर सकता है? कैसी बात मुख से निकालती है? ऋण लेने में कोई लाज नहीं है। कौन रईस है जिस पर लाख दो-लाख का ऋण न हो?
(प्रेमचंद की "वैराग्य" से एक अंश)


नीचे के प्लेयर से सुनें.
(प्लेयर पर एक बार क्लिक करें, कंट्रोल सक्रिय करें फ़िर 'प्ले' पर क्लिक करें।)


यदि आप इस पॉडकास्ट को नहीं सुन पा रहे हैं तो नीचे दिये गये लिंकों से डाऊनलोड कर लें (ऑडियो फ़ाइल अलग-अलग फ़ॉरमेट में है, अपनी सुविधानुसार कोई एक फ़ॉरमेट चुनें)
VBR MP3Ogg Vorbis

#Twenty-eighth Story, Vairagya: Munshi Premchand/Hindi Audio Book/2009/23. Voice: Anurag Sharma

Friday, July 3, 2009

तुम ही मेरे मीत हो, तुम ही मेरी प्रीत हो - हेमंत कुमार और सुमन कल्याणपुर का बेहद रूमानी गीत



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 130

दोस्तो, कल ही हम बात कर रहे थे दो गीतों में शाब्दिक और सांगीतिक समानता की। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज जो गीत हम लेकर आये हैं उस गीत में आप को फ़िल्म 'ख़ानदान' के गीत "तुम ही मेरे मंदिर तुम ही मेरी पूजा" से कुछ निकटता नज़र आयेगी। 'ख़ानदान' फ़िल्म 1965 में आयी थी जिसके संगीतकार थे रवि। और आज जिस गीत को हम लेकर आये हैं वह है फ़िल्म 'प्यासे पंछी' का, जो आयी थी सन् 1961 में। इसका अर्थ यह है कि 'प्यासे पंछी' फ़िल्म का यह गीत 'ख़ानदान' के गीत से पहले बना था, लेकिन लोकप्रियता की दृष्टि से फ़िल्म 'ख़ानदान' के गीत को ज़्यादा सफलता मिली। संगीतकार जोड़ी कल्याणजी-आनंदजी ने 'प्यासे पंछी' में संगीत दिया था और लक्ष्मीकांत इस फ़िल्म में उनके सहायक थे। सुमन कल्याणपुर और हेमन्त कुमार की आवाज़ों में यह गीत है "तुम ही मेरे मीत हो, तुम ही मेरी प्रीत हो, तुम ही मेरी आरज़ू का पहला पहला गीत हो"। उन दिनों सुमन जी की आवाज़ लता जी की आवाज़ से इस क़दर मिलती थी कि कई बार तो बड़े-बड़े दिग्गज और फ़िल्म संगीत के बड़े जानकार भी धोखा खा जाते थे। इस गीत को सुनते हुए भी यही आभास होता है कि कहीं लता जी तो नहीं गा रहीं। सुमन कल्याणपुर के लिये यह वरदान भी था और अभिशाप भी कि उनकी आवाज़ लताजी से मिलती-जुलती थी। लेकिन सरगम के अथाह सागर में डूबकर मोती तलाश करनेवालों को सुमन जी के गाये गानों की अहमीयत का अंदाज़ा है। उनकी आवाज़ का अल्हड़पन और शोख़ी सुननेवालों को लुभाते हैं। उन दिनों लताजी की गायिकी का असर इतना विशाल था कि हर फ़िल्मकार उनसे गानें गवाना चाहते थे। लेकिन कम बजट की फ़िल्मों के निर्माताओं के लिए चूँकि लताजी महंगी साबित होतीं, इसलिए उन फ़िल्मों में सुमन कल्याणपुर से गवाया जाता था। सुमन जी को 'गरीबों की लता' कहा जाने भी लगा था। ये तो थी सुमन जी की कुछ बातें, हेमन्त दा के बारे में कुछ बातें हम पहले बता चुके हैं, कुछ आगे भी बतायेंगे, फ़िल्हाल बस इतना ही कहेंगे कि कल्याणजी-आनंदजी ने हेमन्त दा से कई ख़ूबसूरत गाने गवाये हैं, जिनमें से कुछ लता जी के साथ युगल गीत हैं। सुमन जी के साथ उनका गाया हुआ यह गीत सब से ज़्यादा मशहूर हुआ था।

1961 में बनी 'प्यासे पंछी' का निर्माण श्री प्रकाश पिक्चर्स ने किया था और इस का निर्देशन किया था हरसुख भट्ट ने। अभी हाल ही में हम ने आप को 'रेशमी रूमाल' फ़िल्म का एक गीत सुनवाया था, उस फ़िल्म के निर्देशक भी हरसुख भट्ट साहब ही थे। 'प्यासे पंछी' के मुख्य कलाकार थे महमूद और अमीता। प्रस्तुत गीत के अलावा इस फ़िल्म में मुकेश के गाये कई गीत प्रसिद्ध हुए थे, ख़ास कर फ़िल्म का शीर्षक गीत "प्यासे पंछी नील गगन में गीत मिलन के गाये"। इस फ़िल्म में कुल 10 गीत थे जिनमें से 3 मुकेश ने गाये, 2 लता, 1 मुकेश-लता, 1 रफ़ी-बलबीर-शमशाद बेग़म, 1 गीता दत्त-मन्ना डे, 1 रफ़ी-सुमन कल्याणपुर और सुमन-हेमन्त का गाया प्रस्तुत गीत। यह फ़िल्म कल्याणजी-आनंदजी की शुरू-शुरू की फ़िल्मों में से एक है। फ़िल्म तो बहुत ज़्यादा नहीं चली थी, लेकिन इस प्रतिभाशाली संगीतकार जोड़ी के काम को काफ़ी सराहना मिली थी इस फ़िल्म से।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. योगेश का लिखा गीत।
2. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन डॉक्टर की भूमिका में हैं।
3. मुखड़े में शब्द है 'चुपके'।

पिछली पहेली का परिणाम-
इस बार हमारी दिग्गज़ मात खा गईं। हमने इस बार क्लू थोड़े कम दिये, शायद इसलिए भी स्वप्न मंजूषा कंफ्यूज़ हो गईं। शरद जी ने बिलकुल सही जवाब दिया। बधाई। शरद जी ने 32 अंक हो गये। पराग जी आपका धन्यवाद

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

वो इश्क जो हमसे रूठ गया........महफ़िल-ए-जाविदा और "फ़रीदा"



महफ़िल-ए-ग़ज़ल #२६

ब कुछ आपकी उम्मीद के जैसा हो, लेकिन ज्यादा कुछ आपकी उम्मीद से परे, तो किंकर्तव्यविमुढ होना लाज़िमी है। ऐसा हीं कुछ हमारे साथ हो रहा है। इस बात का हमें फ़ख्र है कि हम महफ़िल-ए-गज़ल में उन फ़नकारों की बातें करते हैं,जिनका मक़बूल होना उनका और हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है और यही कारण है कि हमें अपने पाठकों और श्रोताओं से ढेर सारी उम्मीदें थीं और अभी भी हैं। और इन्हीं उम्मीदों के दम पर महफ़िल-ए-गज़ल की यह रौनक है। हमने सवालों का दौर यह सोचकर शुरू किया था कि पढने वालों की याददाश्त मांजने में हम सफल हो पाएँगे। पिछली कड़ी से शुरू की गई इस मुहिम का रंग-रूप देखकर कुछ खुशी हो रही है तो थोड़ा बुरा भी लग रहा है। खुशी का सबसे बड़ा सबब हैं "शरद जी" । जब तक उन्हें "एपिसोड" वाली कहानी समझ नहीं आई, तब तक उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और हर बार जवाबों का पिटारा लेकर हीं हाज़िर हुए। हमें यह बात बताने में बड़ी खुशी हो रही है कि शरद जी ने पहली बार में हीं सही जवाब दे दिया और ४ अंकों के हक़दार हुए। चूँकि इनके अलावा कोई भी शख्स मैदान में नहीं उतरा इसलिए ३ अंक और २ अंकों वाले स्थान खाली हीं रहे। और यही बात है जो थोड़ी विचारणीय है। आखिर क्या कारण है कि हमारे पाठक फूर्ति नहीं दिखा रहे। भाई! कम से कम गज़लों को सुनने के बहाने हीं पिछली कड़ियों का एक चक्कर लगा लिया करें। कुछ भूली-बिसरी जानकारियाँ मिल जाएँगी और आपको इन सवालों का जवाब भी मिल जाएगा। इसी उम्मीद के साथ कि इस बार ज़्यादा लोग रूचि दिखाएँगे, आज की प्रक्रिया शुरू करते हैं। २५ वें से २९ वें अंक तक हम हर बार आपसे दो सवाल पूछेंगे जिसके जवाब उस दिन के या फिर पिछली कड़ियों के आलेख में छुपे होंगे। हर बार पहला सही जवाब देने वाले को ४ अंक, उसके बाद ३ अंक और उसके बाद हर किसी को २ अंक मिलेंगे। जवाब देने वाले को यह भी बताना होगा कि "अमुक" सवाल किस कड़ी से जुड़ा है,मतलब कि उससे जुड़ी बातें किस अंक में की गई थी। इन ५ कड़ियों में जो भी सबसे ज्यादा अंक हासिल करेगा, वह महफ़िल-ए-गज़ल में अपनी पसंद की तीन गज़लों की फरमाईश कर सकता है, जिसे हम ३०वीं से ३५वीं कड़ी के बीच में पेश करेंगे। तो ये रहे आज के सवाल: -

१) गुलज़ार के प्रिय एक फ़नकार जिन्होंने पंचम दा के लिए "दम मारो दम" और "चुरा लिया है" में गिटार बजाकर अपनी संगीत-यात्रा की शुरूआत की।
२) गुमनाम, क़ातिल, सरफ़रोश जैसी पाकिस्तानी फ़िल्मों में अपनी गायकी का हुनर दिखाने वाली इस फ़नकारा ने ज़नरल ज़िया उल हक़ के शासन के दौरान "फ़ैज़" के कई सारे क्रांतिकारी कलाम गाए।


इन सवालों के बाद अब आज की गज़ल की ओर रूख करते हैं। आज की गज़ल और गज़ल से जुड़ी फ़नकारा मानो एक दूसरे के पूरक हैं। जहाँ भी इस गज़ल का ज़िक्र होता है, वहाँ अनकहे हीं इन फ़नकारा का नाम ज़ाहिर हो जाता है और जहाँ भी इन फ़नकारा का नाम लिया जाता है, वहाँ इनके नाम को मुकम्मल करने के लिए इस गज़ल की चर्चा लाज़िमी हो जाती है। यूँ तो इन फ़नकारा का सबसे मक़बूल कलाम है "आज जाने की ज़िद्द ना करो" ,लेकिन अगर गज़ल की बात करें तो आज की गज़ल इनकी गज़लों की फ़ेहरिश्त में सबसे ऊपर आएगी। "बुलबुल-ए-पंजाब" मुख्तार बेगम की छोटी बहन "फ़रीदा खानुम" को अगर "मल्लिका-ए-गज़ल" कहें तो कोई अतिशयोक्ति न होगी। और यकीं मानिए यह उपाधि कोई हमने यूँ हीं बातों-बातों में नहीं दे दी है, बल्कि हुनर-पसंद दुनिया इन्हें इसी नाम से जानती है। इनकी गज़ल-गायकी का अंदाज़ औरों से काफ़ी अलग है,इनकी आवाज़ में एक हल्का-सा भारीपन गज़लों के असर को कई गुना बढा देता है। यूँ तो गज़लें इनकी प्राथमिकता हैं, लेकिन गज़लों के अलावा भी इन्होंने कई सारे पंजाबी लोकगीत गाए हैं। कुछ गीत जो खासे चर्चित हुए,उनमें "बल्ले-बल्ले तोर पंजाबन दी" और "मैंने पाँव में पायल पहने हीं नहीं" ऊपर आते हैं। इन्होंने न सिर्फ़ उर्दू और पंजाबी में गज़लें गाई हैं, बल्कि "फारसी" और "पस्तो" भाषाओं पर भी इनका बराबर अधिकार रहा है। जहाँ तक पुरस्कारों की बात है तो हिन्दुस्तान में क्लासिकल और सेमि-क्लासिकल गानों वालों के लिए दिया जाने वाला सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार "हाफ़िज़ अली खां अवार्ड" आज तक बस दो हीं पाकिस्तानियों के हिस्से में आया है। १९९६ में इस पुरस्कार से बाबा नुसरत फतेह अली खान को नवाज़ा गया था और सन् २००५ में "फ़रीदा खानुम" को इस पुरस्कार के लिए चुना गया , संयोग देखिए कि उसी साल जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ के हाथों इन्हें "हिलाल-ए-इम्तियाज़" से नवाज़ा गया, जो पाकिस्तान का सबसे बड़ा "सिविलियन" सम्मान है। "अमृतसर" में जन्मी, "कलकत्ता" में पली-बढी(कहीं-कहीं यह क्रम उल्टा भी दर्ज़ है, इसलिए यकीनन नहीं कह सकता) और बंटवारे के बाद "रावलपिंडी" में संगीत का नाम रौशन करने वाली इस मल्लिका ने विवाहोपरांत "लाहौर" को अपने घर के रूप में चुना और आज तक वहीं हैं। संगीत की साधना अभी भी जारी है। खुदा से यही दुआ है कि यह "रियाज़" कभी बंद न हो! आमीन!

यह तो हुई "फ़नकारा" की बात, अब ज़रा "शायर" से मुखातिब हुआ जाए। कभी-कभी कुछ ऐसे शायर हो जाते हैं(या फिर ज्यादातर ऐसे हीं होते हैं), जो भले हीं अपना नाम न कर पाए हों,लेकिन उनकी कोई न कोई गज़ल लोगों के जुबान पर जम हीं जाती है। आज के शायर की हक़ीक़त भी कुछ ऐसी हीं है। अंतर्जाल पर इनके बारे में ज्यादा सामग्री नहीं है और जो भी है वह बस इनके गज़लों की फ़ेहरिश्त मात्र है। "कभी साया है, कभी धूप मुकद्दर मेरा", "लम्हों के अज़ाब सह रहा हूँ", "सोचते और जागते साँसों का एक दरिया हूँ मैं", "इतने दिनों के बाद तू आया है आज" और "वो इश्क़ जो हमसे रूठ गया" -बस इतनी हीं गज़लें हैं जो इनके नाम के साथ दर्ज़ हैं। आज हम इन्हीं गज़लों में से एक "वो इश्क़ जो हमसे रूठ गया" सुनाने जा रहे हैं। इस गज़ल के गज़लगो हैं जनाब "अतर नफ़ीस"। मुझे नहीं मालूम कि पाकिस्तान में इनका कैसा रूतबा है, लेकिन इस बात का यकीन दिला सकता हूँ कि इनकी इस गज़ल की मक़बूलियत कमाल की है। ज़रा इस गज़ल के बोलों पर ध्यान देंगे -" वो इश्क जो हमसे रूठ गया, अब उसका हाल बताएँ क्या, कोई मेहर नहीं, कोई कहर नहीं , फिर सच्चा शेर सुनाएँ क्या।" इस मतले में "महबूब" से जो शिकायत की गई है, वह काबिल-ए-तारीफ़ है। जनाब इस बात का शोक मना रहे हैं कि उनका इश्क उनसे रूठ गया है और इसलिए हाल बताने लायक कुछ बचा नहीं। लेकिन जब उनसे कोई इस बात की दरख्वास्त करता है कि इसी बात पर कोई शेर सुना दिया जाए, तो वो कहते हैं कि "रूठने" की इस प्रकिया में ना कोई "दिल टूटने का दर्द" चस्पां है और ना हीं कोई "मज़ेदार किस्सा" तो फिर शेर बनाएँ तो कैसे और अगर शेर बना भी लिया तो उसमें "सच्चाई" तो होगी नहीं। इसे अगर दूसरी तरह से समझे तो माज़रा यह बनता है कि "महबूब के रूठने के बाद उनकी ज़िंदगी में ना कोई मेहर है और ना हीं कोई कहर यानि कि जीने लायक कोई ज़िंदगी हीं नहीं बची, इसलिए इस बेमतलब की ज़िंदगी के ऊपर कोई सच्चा शेर कैसे सुनाया जा सकता है।" दोनों हीं अर्थों में "महबूब" से हिज्र को बड़ी हीं खूबसूरती से दर्शाया गया है। इस गज़ल के बाकी शेरों में भी ऐसा हीं अनोखापन है। इस गज़ल की ओर बढने से पहले क्यों ना हम "अतर" साहब का एक शेर देख लें:

ऐ सरापा रंग-ओ-निखत तू बता,
किस धनक से तेरा पैराहन बुनूँ।


चलिए अब थोड़ा भी देर किए बिना आज की गज़ल से रूबरू होते हैं। मुलाहजा फ़रमाईयेगा:

वो इश्क़ जो हमसे रूठ गया, अब उसका हाल बताएँ क्या,
कोई मेहर नहीं, कोई कहर नहीं, फिर सच्चा शेर सुनाएँ क्या।

एक हिज़्र जो हमको ला-हक है, ता-देर उसे दुहराएँ क्या,
वो जहर जो दिल में उतार लिया, फिर उसके नाज़ उठाएँ क्या।

एक आग ग़म-ए-तन्हाई की, जो सारे बदन में फैल गई,
जब जिस्म हीं सारा जलता हो, फिर दामने-दिल को बचाएँ क्या।

हम नगमा-सरा कुछ गज़लों कें, हम सूरत-गर कुछ ख्वाबों के,
ये जज्बा-ए-शौक सुनाएँ क्या, कोई ख्वाब न हों तो बताएँ क्या।




चलिए अब आपकी बारी है महफ़िल में रंग ज़माने की. एक शेर हम आपकी नज़र रखेंगे. उस शेर में कोई एक शब्द गायब होगा जिसके नीचे एक रिक्त स्थान बना होगा. हम आपको चार विकल्प देंगे आपने बताना है कि उन चारों में से सही शब्द कौन सा है. साथ ही पेश करना होगा एक ऐसा शेर जिसके किसी भी एक मिसरे में वही खास शब्द आता हो. सही शब्द वाले शेर ही शामिल किये जायेंगें, तो जेहन पे जोर डालिए और बूझिये ये पहेली -

मैं ____ भी हूँ मोती भी हूँ ग़ोताज़न भी
कोई भी नाम मेरा लेके बुला ले मुझको

आपके विकल्प हैं -
a) दरिया, b) समंदर, c) साहिल, d) मांझी

इरशाद ....

पिछली महफ़िल के साथी-
पिछली महफिल का सही शब्द था -"शहर" और सही शेर कुछ यूं था -

इस शहर में किस से मिलें हम से तो छूटी महिफ़लें,
हर शख्स तेरा नाम ले हर शख्स दीवाना तेरा...

इब्न-ए-इंशा के इस शेर को सबसे पहले सही पकडा एक बार फिर शरद जी ने, बधाई जनाब -

अब नए शहरों के जब नक्शे बनाए जाएंगे
हर गली बस्ती में कुछ मरघट दिखाए जाएंगे ।
गैर मुमकिन ये कि हम फुटपाथ पर भी चल सकें
क्योंकि हर फुटपाथ पर बिस्तर बिछाए जाएंगे ।

क्या बात है शरद जी, जहां के दर्द को बड़ी हीं खूबसूरती से दर्शाया है आपने।
दिशा जी महफ़िल में आईं तो ज़रूर, लेकिन गलत शब्द चुन लिया।
मिलिंद जी आपका स्वागत है महफ़िल-ए-गज़ल के इस मुहिम में। आपका शेर कुछ यूँ था:

सीने में जलन, आँखों में तूफ़ानसा क्यों है ?
इस शहर में हर शक्स परेशानसा क्यों है?

अगली कोशिश में दिशा जी ने सही शब्द पकड़ा। कोई बात नहीं- देर आयद, दुरूस्त आयद:

इस शहर में हर कोइ अज़नबी लगता है
भीड़ में भी हर मंजर सूना दिखता है
कहूँ तो कहूँ किससे बात अपनी
मुझे हर शख्स यहाँ बहरा लगता है...

मन्जु जी, आपका भी स्वागत है..शब्द तो सही पकड़ा है आपने,लेकिन यही दरख्वास्त रहेगी कि देवनागरी में टंकण करें।
सुमित जी, आप तो हर बार कमाल कर जाते हैं। बस ये दो बार पोस्ट करने की अदा समझ नहीं आती :)

कोई दोस्त है न रकीब है ,
तेरा शहर कितना अजीब है

शुभान-अल्लाह!

मनु जी के तो हम फ़ैन हो गए हैं। वैसे भी हमारे वो बहुत काम आते हैं। मुख्यत: शब्दार्थ बताने के :)

वैसे उनके ये दो शेर भी काबिल-ए-तारीफ़ हैं:

हर मोड़ पे रुसवाइयों का दाम मिला है
पर शहर में तेरे बहुत आराम मिला है..

घर पे आते ही मेरा साया मुझ से यूं लिपटा,
अलग शहर में था दिन भर, अलग-अलग सा रहा..

पूजा जी! आप भी यूँ हीं आती रहिए और महफ़िल का आनंद उठाती रहिए........बस एक गिला है, आप आती तो हैं लेकिन कोई शेर नहीं सुनाती। भला ऐसा क्यों? अगली बार से ऐसा नहीं चलेगा।
बाकी सभी मित्रों से भी अनुरोध है कि महफ़िल की शमा जलाए रखने में हमारे साथ बने रहें। अगली महफ़िल तक के लिए खुदा हाफ़िज़!

प्रस्तुति - विश्व दीपक तन्हा



ग़ज़लों, नग्मों, कव्वालियों और गैर फ़िल्मी गीतों का एक ऐसा विशाल खजाना है जो फ़िल्मी गीतों की चमक दमक में कहीं दबा दबा सा ही रहता है. "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" श्रृंखला एक कोशिश है इसी छुपे खजाने से कुछ मोती चुन कर आपकी नज़र करने की. हम हाज़िर होंगे हर मंगलवार और शुक्रवार एक अनमोल रचना के साथ, और इस महफिल में अपने मुक्तलिफ़ अंदाज़ में आपके मुखातिब होंगे कवि गीतकार और शायर विश्व दीपक "तन्हा". साथ ही हिस्सा लीजिये एक अनोखे खेल में और आप भी बन सकते हैं -"शान-ए-महफिल". हम उम्मीद करते हैं कि "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" का ये आयोजन आपको अवश्य भायेगा.


Thursday, July 2, 2009

दिल लगाकर हम ये समझे ज़िंदगी क्या चीज़ है- शक़ील बदायूँनी की दार्शनिक शायरी



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 129

"होश वालों को ख़बर क्या बेख़ुदी क्या चीज़ है, इश्क़ कीजिये फिर समझिये ज़िंदगी क्या चीज़ है"। जगजीत सिंह की आवाज़ में फ़िल्म 'सरफ़रोश' की यह मशहूर ग़ज़ल तो आप ने बहुत बार सुनी होगी, जिसे लिखा था शायर और गीतकार निदा फ़ाज़ली साहब ने। 1999 में यह फ़िल्म आयी थी, लेकिन इससे लगभग 34 साल पहले गीतकार शक़ील बदायूँनी ने फ़िल्म 'ज़िंदगी और मौत' में एक गीत लिखा था "दिल लगाकर हम ये समझे ज़िंदगी क्या चीज़ है, इश्क़ कहते हैं किसे और आशिक़ी क्या चीज़ है"। आख़िरी अंतरे की अंतिम लाइन है "होश खो बैठे तो जाना बेख़ुदी क्या चीज़ है", जो एक बार फिर से हमारा ध्यान "होश वालों को ख़बर क्या बेख़ुदी क्या चीज़ है" की तरफ़ ले जाती है। इसमें कोई शक़ नहीं कि इन दोनों गीतों में अद्‍भुत समानता है, बोलों के लिहाज़ से भी और कुछ हद तक संगीत के लिहाज़ से भी। जिस तरह से कई गीतों का संगीत एक दूसरे से बहुत अधिक मिलता जुलता है, ठीक वैसी ही बहुत सारे गाने ऐसे भी हैं जो लेखनी की दृष्टि से आपस में मिलते जुलते हैं। 1965 की 'ज़िंदगी और मौत' तथा 1999 की 'सरफ़रोश' फ़िल्मों के ये दो गीत इसी श्रेणी में आते हैं। आगे चलकर हम इसी तरह के कुछ और उदाहरण आप के सामने लाते रहेंगे। तो आज 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की महफ़िल सज रही है महेन्द्र कपूर के गाये फ़िल्म 'ज़िंदगी और मौत' के इसी गीत से। वैसे इस गीत के दो संस्करण हैं, दूसरी आवाज़ आशा भोसले की है। यह फ़िल्म संगीतकार सी. रामचन्द्र के संगीत सफ़र के आख़िरी मशहूर फ़िल्मों में से एक है। यहाँ पर यह बताना ज़रूरी है कि सी. रामचन्द्र ने ही गायक महेन्द्र कपूर को पहला बड़ा ब्रेक दिया था फ़िल्म 'नवरंग' में, जिसमें महेन्द्र कपूर ने आशाजी के साथ कुछ यादगार गीत गाये थे।

1965 की फ़िल्म 'ज़िंदगी और मौत' का निसार अहमद अंसारी ने फ़िल्म का निर्देशन किया था और फ़िल्म के मुख्य कलाकार थे प्रदीप कुमार और फ़रियाल। महेन्द्र कपूर की आवाज़ में यह गीत तो ख़ुद ही सुनेंगे, लेकिन आशा जी वाले वर्ज़न में से तीन अंतरे हम यहाँ आलेख में पेश कर रहे हैं शक़ील साहब की शान में - "बाद मुद्दत के मिले तो इस तरह देखा इधर, जिस तरह एक अजनबी पर अजनबी डाले नज़र, आप ने यह भी ना सोचा दोस्ती क्या चीज़ है", "पहले पहले आप ही अपना बना बैठे हमें, फिर न जाने किस लिये दिल से भुला बैठे हमें, अब हुआ मालूम हमको बेरुख़ी क्या चीज़ है", "प्यार सच्चा है तो मेरा तो देख लेना ऐ सनम, तोड़े देंगे आप ही आकर मेरी ज़ंजीर-ए-ग़म, बंदा परवर जान लेंगे बंदगी क्या चीज़ है"। शक़ील साहब की शायरी की जितनी तरीफ़ की जाए, कम है। उनकी शायरी की तारीफ़ में उन्हीं का शे'र कहना चाहेंगे कि "शक़ील दिल का हूँ तर्जुमा, मोहब्बतो का हूँ राज़दान, मुझे फ़क़्र है मेरी शायरी मेरी ज़ीम्दगी से जुदा नहीं"!




और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. जोड़ी संगीतकार का संगीत।
2. 'ग़रीबों की लता' कहीं जाने वाली गायिका की आवाज़।
3. गीत के बोल फिल्म 'ख़ानदान' के एक गीत से मिलते-जुलते हैं।

पिछली पहेली का परिणाम-
स्वप्न मंजूषा को एक बार और बधाई। अब आप 26 अंकों पर पहुँच गईं, शरद जी अंकों के बिलकुल क़रीब। राज जी, दिशा जी, मंजू जी, मनु जी का धन्यवाद। पराग जी हमेशा की तरह कुछ नायाब लेकर आये हैं। साधुवाद

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

Wednesday, July 1, 2009

तुमको पिया दिल दिया कितने नाज़ से- कहा मंगेशकर बहनों ने दगाबाज़ से



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 128

काश की सुंदरता केवल चाँद और सूरज से ही नहीं है। इनके अलावा भी जो असंख्य सितारे हैं, जिनमें से कुछ उज्जवल हैं तो कुछ धुंधले, इन सभी को एक साथ लेकर ही आकाश की सुंदरता पूरी होती है। यही बात फ़िल्म संगीत के आकाश पर भी लागू होती है। भले ही कुछ फ़नकार बहुत ज़्यादा प्रसिद्ध हुए हों, फ़िल्म संगीत जगत पर छाये रहे हों, लेकिन इनके अलावा भी बहुत सारे गीतकार, संगीतकार और गायक-गायिकायें ऐसे भी थे जिनका इनके मुकाबले नाम ज़रा कम हुआ। लेकिन वही बात कि इन सभी को मिलाकर ही फ़िल्म संगीत सागर अनमोल मोतियों से समृद्ध हो सका है। इन कम चर्चित फ़नकारों के योगदान को अगर अलग कर दिया जाये, फ़िल्म संगीत के ख़ज़ाने से निकाल दिया जाये, तो शायद इस ख़ज़ाने की विविधता ख़त्म हो जायेगी, एकरसता का शिकार हो जायेगा फ़िल्म संगीत संसार। इसीलिए 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के ज़रिये समय समय पर 'हिंद-युग्म' सलाम करती है ऐसे कमचर्चित फ़नकारों को। आज का गीत भी एक कमचर्चित संगीतकार द्वारा स्वरबद्ध किया हुआ है, जिन्हें हम और आप जानते हैं जी. एस. कोहली के नाम से। कोहली साहब का पूरा नाम था गुरुशरण सिंह कोहली, और उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनका जन्म पंजाब में सन 1928 में हुआ था। धर्म से वो सिख थे लेकिन दाढ़ी-मूँछ उन्होंने नहीं रखी। 1951 में ओ. पी. नय्यर की पहली ही फ़िल्म 'आसमान' से जी. एस. कोहली नय्यर साहब के सहायक बन गये थे, और आगे चलकर उनकी एक से एक 'हिट' फ़िल्मों में उन्होने नय्यर साहब को ऐसिस्ट किया। नय्यर साहब के बहुत से गीतों में कोहली साहब ने शानदार तबला भी बजाये। बतौर स्वतंत्र संगीतकार उनकी पहली फ़िल्म थी 'लम्बे हाथ' (1960)। अपने पूरे कैरीयर में उन्होंने कुछ 10-11 फ़िल्मों में संगीत दिया, लेकिन दो फ़िल्में जिनके संगीत की वजह से लोग उन्हें पहचानते हैं, वो दो फ़िल्में हैं- 'नमस्तेजी' और 'शिकारी', और आज इसी 'शिकारी' से एक सदाबहार नग़मा आप की ख़िदमत में हम लेकर आये हैं।

'शिकारी' 1963 की फ़िल्म थी। 'ईगल फ़िल्म्स' के बैनर तले एफ़. सी. मेहरा ने इस फ़िल्म का निर्माण किया था, कहानी सुरिंदर मेहरा की थी, पटकथा ब्रजेन्द्र गौड़ का, और निर्देशन मोहम्मद हुसैन का। अजीत और रागिनी अभिनीत इस छोटी फ़िल्म को आज अगर याद किया जाता है तो केवल इसके गानों की वजह से। इस फ़िल्म में चार गाने लिखे फ़ारूख़ क़ैसर ने और दो गानें क़मर जलालाबदी ने भी लिखे। इस फ़िल्म का जो सब से मशहूर गीत है वह है लता मंगेशकर और उषा मंगेशकर की आवाज़ों में। क़ैसर साहब के लिखे इस गीत का शुमार सर्वाधिक कामयाब 'फ़ीमेल डुएट्स' में होता है। "तुम को पिया दिल दिया कितने नाज़ से" गीत की कामयाबी का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि इस गीत के बनने के 40 साल बाद, यानी कि हाल ही में इस गीत का रीमिक्स बना और वह भी ख़ूब चला। लेकिन अफ़्सोस की बात यह है कि इस गीत के मूल संगीतकार को न तो इसका कोई श्रेय मिल सका और न ही उस समय उन्हें किसी फ़िल्मकार ने बड़ी बजट की कोई फ़िल्म दी। हालाँकि इस गीत को परदे पर मैंने कभी देखा नहीं है, लेकिन गीत के बोलों को सुनकर गीत को सुनकर यह कोई मुजरा गीत जान पड़ता है। अगर मैं ग़लत हूँ तो ज़रूर संशोधन कर दीजियेगा। अब बस यह बताते हुए कि लता और उषा, इन दो बहनों ने एक साथ सब से पहले फ़िल्म 'आज़ाद' में गाया था। याद है न आप को वह "अपलम चपलम" वाला गीत! यह गीत भी आगे चलकर हम ज़रूर सुनवाने की कोशिश करेंगे, फ़िल्हाल सुनिये जी. एस कोहली और फ़ारूख़ क़ैसर की याद में फ़िल्म 'शिकारी' का यह दिलकश नग़मा।



और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा पहला "गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-

1. गीत के गायक ने 'नवरंग' फिल्म में भी गाने गाये हैं।
2. इस गीत को आशा भोसले ने भी गाया है।
।3. गीत के बोल 1999 में आई फिल्म 'सरफरोश' की ग़ज़ल से मिलते-जुलते हैं।

पिछली पहेली का परिणाम-
कल भी काँटे की टक्कर रही। स्वप्न मंजूषा 2 मिनट आगे रहीं। बधाई। स्वप्न मंजूषा बहुत तेज़ी से शरद जी के 30 अंकों के करीब बढ़ रही हैं। आपके 24 अंक हो गये हैं। शरद जी, मंजू और मनु जी, इसी तरह से हमारी महफिल को गुलज़ार करते रहें। पराग जी, आपके उस आलेख का हमें भी इंतज़ार रहेगा।

खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी



ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

संग्रहालय

25 नई सुरांगिनियाँ

ओल्ड इज़ गोल्ड शृंखला

महफ़िल-ए-ग़ज़लः नई शृंखला की शुरूआत

भेंट-मुलाक़ात-Interviews

संडे स्पेशल

ताजा कहानी-पॉडकास्ट

ताज़ा पॉडकास्ट कवि सम्मेलन