Thursday, July 7, 2011

फूल गेंदवा ना मारो... - रसूलन बाई के श्रृंगार रस में हास्य रस का रंग भरते मन्ना डे



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 695/2011/135

"ओल्ड इज गोल्ड" पर जारी श्रृंखला "रस के भरे तोरे नैन" की आज की इस नई कड़ी में कृष्णमोहन मिश्र की ओर से आप सभी पाठकों / श्रोताओं का स्वागत है| कल के अंक में हमने पूरब अंग ठुमरी की अप्रतिम गायिका रसूलन बाई के कृतित्व से आपका परिचय कराया था| आज हम पूरब अंग की ठुमरी पर चर्चा जारी रखते हुए एक ऐसे व्यक्तित्व से परिचय प्राप्त करेंगे, जिन्हें ठुमरी की "बनारसी शैली के प्रवर्तक" के रूप में मान्यता दी गई है| ठुमरी के इस शिखर-पुरुष का नाम है जगदीप मिश्र| इनका जन्म आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के एक कथक परिवार में हुआ था| संगीत के संस्कार उन्हें अपने संगीतजीवी परिवार से ही मिले| बाद में इनका परिवार वाराणसी आकर बस गया| जगदीप जी, भैया गणपत राव के समकालीन थे और उन्ही के समान ठुमरी गायन में बोलों के बनाव अर्थात बोलों में निहित भावों को स्वरों की सहायता से अभिव्यक्त करने के पक्ष में थे|

वाराणसी के संगीत परिवेश के जानकार और ठुमरी गायक रामू जी (रामप्रसाद मिश्र) के अनुसार मौजुद्दीन खाँ ने प्रारम्भ में जगदीप मिश्र को सुन-सुन कर ही ठुमरी गाना सीखा था| बाद में वे भैया गणपत राव के शिष्य बने| जाने-माने साहित्यकार रामनाथ 'सुमन' ने भी एक स्थान पर लिखा है कि मौजुद्दीन खाँ की ठुमरी-गायकी पर जगदीप मिश्र के गायन का बहुत प्रभाव था| जगदीप मिश्र से पहले ठुमरी अधिकतर मध्य लय में गायी जाती थी| विलम्बित लय में ठुमरी गायन का चलन जगदीप मिश्र ने ही आरम्भ किया, जिसे मौजुद्दीन खाँ ने आगे बढ़ाया| ऊपर की पंक्तियों में जिन रामप्रसाद मिश्र का जिक्र हुआ है वे स्वयं प्रतिष्ठित संगीतज्ञ और ठुमरी गायक थे| 'रामू जी" के नाम से प्रसिद्ध रामप्रसाद मिश्र मूलतः गया (बिहार) के रहने वाले थे| जगदीप मिश्र के प्रयत्नों से विलम्बित लय की बोल-बनाव की ठुमरियों का प्रचलन शुरू हुआ| पिछली कड़ियों में हम यह चर्चा कर चुके हैं कि एक शैली के रूप में ठुमरी का परिमार्जन लखनऊ में हुआ और उन्नीसवीं शताब्दी के अन्तिम वर्षों में ठुमरी ने लखनऊ से बनारस की यात्रा की थी| ठुमरी गायन की बनारसी शैली का स्वतंत्र विकास बीसवीं शताब्दी के आरम्भ में होना शुरू हुआ| आगे चल कर बनारस में बोल-बनाव की ठुमरी का एक ऐसे स्वरुप में विकास हुआ जिस पर ब्रजभाषा के साथ-साथ अवधी, भोजपुरी, मगही आदि बोलियों का, और क्षेत्रीय लोक संगीत चैती, कजरी, सावन, झूला, झूमर, आदि का बहुत प्रभाव था|

इस प्रकार बीसवीं शताब्दी के प्रारम्भ में "पूरब अंग की ठुमरी" की दो शाखाएँ -"लखनवी" और "बनारसी" विकसित हुईं| बाद में जैसे-जैसे बनारसी ठुमरी की लोकप्रियता बढ़ती गई, उसी अनुपात में लखनवी ठुमरी का प्रचलन घटता गया| वर्तमान समय में बनारसी ठुमरी ही पूरब अंग की ठुमरी की एकमात्र प्रतिनिधि समझी जाने लगी है| पिछले अंक में हमने पूरब अंग ठुमरी की सुप्रसिद्ध गायिका रसूलन बाई का परिचय प्राप्त किया था| उमकी गायी कुछ लोकप्रिय ठुमरियों में से एक ठुमरी है -"फूलगेंदवा न मारो लगत करेजवा में चोट...", जिसे हम आज की संध्या में आपको सुनवाएँगे, परन्तु रसूलन बाई के स्वरों में नहीं, बल्कि मन्ना डे के स्वरों में| १९६४ में प्रदर्शित फिल्म "दूज का चाँद" में संगीतकार रोशन ने राग "भैरवी" की इस परम्परागत ठुमरी को शामिल किया था, जिसे बहुआयामी गायक मन्ना डे ने अपने स्वरों से एक अलग रंग दिया है| मूल ठुमरी श्रृंगार रस प्रधान है, किन्तु मन्ना डे ने अपने बोल-बनाव के कौशल से इसे कैसे हास्यरस में अभिमंत्रित कर दिया है, इसका सहज अनुभव आपको ठुमरी सुन कर हो सकेगा| यह ठुमरी हास्य अभिनेता आगा पर फिल्माया गया है| फिल्म के इस दृश्य में आगा अपनी प्रेमिका को रिझाने के लिए गीत के बोल पर ओंठ चलाते हैं और उनके दो साथी पेड़ के पीछे छिप कर इस ठुमरी का रिकार्ड बजाते हैं| बीच में दो बार रिकार्ड पर सुई अटकती भी है| इन क्षणों में मन्ना डे के गायन कौशल का परिचय मिलता है|

इस ठुमरी को आज सुनवाने के दो कारण भी हैं| पहला कारण तो यही है कि इस श्रृंखला की सप्ताहान्त प्रस्तुति आपको राग भैरवी में ही सुनवाने का हमने वादा किया था, और दूसरा कारण यह है कि अगले सप्ताह आज के ही दिन संगीतकार रोशन का जन्मदिवस भी है| एक सप्ताह पूर्व ही सही, उनके इस ठुमरी गीत के माध्यम से हम सब उनका स्मरण करते हैं| आइए संगीतकार रोशन द्वारा संयोजित और मन्ना डे द्वारा गायी परम्परागत ठुमरी -"फूलगेंदवा न मारो..." हास्यरस के एक अलग ही रंग में-



क्या आप जानते हैं...
कि लता मंगेशकर की घोषित पर अनिर्मित फ़िल्म 'भैरवी' के लिए लता नें रोशन को ही संगीतकार चुना था।

दोस्तों अब पहेली है आपके संगीत ज्ञान की कड़ी परीक्षा, आपने करना ये है कि नीचे दी गयी धुन को सुनना है और अंदाज़ा लगाना है उस अगले गीत का. गीत पहचान लेंगें तो आपके लिए नीचे दिए सवाल भी कुछ मुश्किल नहीं रहेंगें. नियम वही हैं कि एक आई डी से आप केवल एक प्रश्न का ही जवाब दे पायेंगें. हर १० अंकों की शृंखला का एक विजेता होगा, और जो १००० वें एपिसोड तक सबसे अधिक श्रृंखलाओं में विजय हासिल करेगा वो ही अंतिम महा विजेता माना जायेगा. और हाँ इस बार इस महाविजेता का पुरस्कार नकद राशि में होगा ....कितने ?....इसे रहस्य रहने दीजिए अभी के लिए :)

पहेली 16/शृंखला 19
गीत का ये हिस्सा सुनें-


अतिरिक्त सूत्र - पारंपरिक ठुमरी नहीं है
सवाल १ - राग बताएं - ३ अंक
सवाल २ - संगीतकार बताएं - १ अंक
सवाल ३ - किस अभिनेत्री पर फिल्माया गया है इसे - २ अंक

पिछली पहेली का परिणाम -
एक बार फिर अमित जी ३ और क्षिति जी को २ अंक अवश्य मिलेंगें, अवध जी को भी १ अंक जरूर मिलेंगें बधाई
खोज व आलेख- कृष्ण मोहन मिश्र



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Wednesday, July 6, 2011

जा मैं तोसे नाहीं बोलूँ....मान-मनुहार की ठुमरी का मोहक अन्दाज़



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 694/2011/134

पिछली कुछ कड़ियों में हमने आपसे "बोल-बाँट" या "बन्दिश" की ठुमरियों और इस शैली के प्रमुख रचनाकारों के विषय में चर्चा की है| आज के इस अंक में हम आपसे "बोल-बनाव" की ठुमरियों पर कुछ बातचीत करेंगे| दरअसल बोल-बनाव की ठुमरियों का विकास बनारस में हुआ| इस प्रकार की ठुमरियों में शब्द बहुत कम होते हैं और यह विलम्बित लय से शुरू होती हैं| इनमें स्वरों के प्रसार की बहुत गुंजाइश होती है| छोटी-छोटी मुरकियाँ, खटके, मींड का प्रयोग ठुमरी की गुणबत्ता को बढाता है| कुशल गायक ठुमरी के शब्दों से अभिनय कराते हैं| गायक कलाकार ठुमरी के कुछ शब्दों को लेकर अलग-अलग भावपूर्ण अन्दाज़ में प्रस्तुत करते हैं| अन्त में कहरवा ताल की लग्गी के साथ ठुमरी समाप्त होती है| ठुमरी के इस भाग में तबला संगतिकार को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका मिलता है|

बात जब बोल-बनाव ठुमरी की हो तो रसूलन बाई का ज़िक्र आवश्यक हो जाता है| पूरब अंग की गायकी- ठुमरी, दादरा, होरी, चैती, कजरी आदि शैलियों की अविस्मरणीय गायिका रसूलन बाई बनारस (वाराणसी) की रहनेवाली थीं| संगीत का संस्कार इन्हें अपनी नानी से विरासत में मिला था| रसूलन बाई के संगीत को निखारने में उस्ताद आशिक खाँ, नज्जू मियाँ और टप्पा गायकी के अन्वेषक मियाँ शोरी खानदान के शम्मू खाँ का बहुत बड़ा योगदान था| पूरब अंग की भावभीनी गायकी की चैनदारी, बोल-बनाव के लहजे, कहन के खास ढंग और ठहराव- यह सारे गुण रसूलन बाई की गायकी में था| टप्पा तो जैसे रसूलन बाई के लिए ही बना था| बारीक मुरकियाँ और मोतियों की लड़ियों जैसी तानों पर उन्हें कमाल हासिल था| उनकी गायी ठुमरियाँ- "आँगन में मत सो...", "कैसी बजायी श्याम बँसुरिया...", "जा मैं तोसे नाहीं बोलूँ...." आदि तथा दादरा- "कंकर मार मोहें जगाया..." और "पनघटवा न जैहो..." जैसे अनेक गीत भारतीय संगीत के अमूल्य धरोहर है|

फिल्मों में "बोल-बनाव" की ठुमरियों का प्रयोग कम हुआ है, और प्रयोग किया भी गया है तो मंच पर प्रस्तुत की जाने वाली बोल-बनाव की ठुमरियों से कुछ भिन्न रूप में| इस सम्बन्ध में कानपुर के संगीत-प्रेमी और पारखी डा. रमेशचन्द्र मिश्र के अनुसार -"फिल्मों में दर्शकों का धैर्य ना टूटे, इसलिए बोल-बनाव की ठुमरियों को थोड़ा संक्षिप्त करके, शब्दों को भरपूर संयोजित करके, गीतों को ही ठुमरी का रूप दे दिया जाता है|" बोल-बनाव की ठुमरियों के फ़िल्मी संस्करण के बारे में डा. मिश्र का कथन बिलकुल ठीक है| फिल्मों में प्रयोग किये जाने वाले गीतों की अवधि सामान्यतः 4-5 मिनट की होती है, जबकि स्वर-विस्तार और शब्दों को अलग-अलग अन्दाज़ में प्रस्तुत किए जाने के कारण बोल-बनाव की ठुमरियों की अवधि अधिक होती है| फिल्म के दर्शकों में इस शैली की ठुमरियों के लिए प्रायः धैर्य नहीं होता| इसके बावजूद कई गायक-गायिकाओं ने अपने गायन कौशल से शब्दों में नाटकीयता देकर फिल्मों में बोल-बनाव की ठुमरियों को एक नया रंग दिया है| इन्हीं पार्श्वगायिकाओं में शीर्ष पर लता मंगेशकर का नाम है|

आज जो ठुमरी आपको सुनवाने के लिए हमने चुनी है वह कोकिल-कंठी गायिका लता मंगेशकर के स्वरों में ही है| 1962 में प्रदर्शित फिल्म "सौतेला भाई" में संगीतकार अनिल विश्वास ने यह परम्परागत ठुमरी -"जा मैं तोसे नाहीं बोलूँ..." लता जी से गवाया था| राग "अड़ाना" और दादरा ताल में निबद्ध इस ठुमरी को लता जी ने बोल-बनाव के अन्दाज़ में गाया है| ऊपर की पंक्तियों में हमने सिद्ध गायिका रसूलन बाई का परिचय देते हुए जिक्र किया था कि ठुमरी "जा मैं तोसे नाहीं बोलूँ..." रसूलन बाई के स्वरों में हमारे लिए धरोहर है| लता जी ने इस धरोहर को आनेवाली पीढ़ियों के लिए आगे बढ़ाया है| आप इस रसपूर्ण ठुमरी का रसास्वादन करें, इससे पूर्व मैं कृष्णमोहन मिश्र, अपनी ओर से, इस कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ताओं की ओर से और आप सभी पाठकों-श्रोताओं कि ओर से संगीतकार अनिल विश्वास की स्मृतियों को उनके द्वारा ही संयोजित इस ठुमरी गीत से स्वरांजलि अर्पित करते हैं| कल इस महान संगीतकार की 97 वीं जयन्ती है|



क्या आप जानते हैं...
कि फिल्म "सौतेला भाई" में संगीतकार अनिल विश्वास ने तवायफ के कोठे के प्रसंग में इस ठुमरी को संयोजित किया था| परदे पर दो नर्तकियों ने इस ठुमरी को नृत्य के साथ प्रस्तुत किया है, किन्तु दोनों के लिए स्वर लता मंगेशकर ने ही दिया है|

दोस्तों अब पहेली है आपके संगीत ज्ञान की कड़ी परीक्षा, आपने करना ये है कि नीचे दी गयी धुन को सुनना है और अंदाज़ा लगाना है उस अगले गीत का. गीत पहचान लेंगें तो आपके लिए नीचे दिए सवाल भी कुछ मुश्किल नहीं रहेंगें. नियम वही हैं कि एक आई डी से आप केवल एक प्रश्न का ही जवाब दे पायेंगें. हर १० अंकों की शृंखला का एक विजेता होगा, और जो १००० वें एपिसोड तक सबसे अधिक श्रृंखलाओं में विजय हासिल करेगा वो ही अंतिम महा विजेता माना जायेगा. और हाँ इस बार इस महाविजेता का पुरस्कार नकद राशि में होगा ....कितने ?....इसे रहस्य रहने दीजिए अभी के लिए :)

पहेली 15/शृंखला 19
गीत का ये हिस्सा सुनें-


अतिरिक्त सूत्र - बेहद आसान
सवाल १ - किस हास्य अभिनेता पर फिल्माई गयी है ये ठुमरी - ३ अंक
सवाल २ - किस संगीतकार ने इस पारंपरिक ठुमरी को संयोजित किया था - २ अंक
सवाल ३ - फिल्म का नाम बताएं - १ अंक

पिछली पहेली का परिणाम -
वाह अमित जी न सिर्फ जल्दी आते हैं पर उनका ज्ञान भी कमाल का है. बधाई. क्षिति जी बस कुछ लेट हो जाती है. अनजाना जी आप कहाँ है, कब तक छुपे रहेंगें, हमें लगता है कि अमित जी का रथ अब बस आप ही रोक् सकते हैं :)

खोज व आलेख- कृष्ण मोहन मिश्र



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Tuesday, July 5, 2011

चाहे तो मोरा जिया लईले....राग पीलू में निखरता श्रृंगार का एक और रूप



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 693/2011/133

फिल्मों में ठुमरी के प्रयोग पर केन्द्रित श्रृंखला "रस के भरे तोरे नैन" की तेरहवीं कड़ी में मैं कृष्णमोहन मिश्र एक बार फिर आपका स्वागत करता हूँ| कल की कड़ी में हमने "पछाहीं ठुमरी" की कुछ प्रमुख विशेषताओं और रचनाकारों से आपका परिचय कराया था| आज हम इसी प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए ठुमरी के क्रमशः विस्तृत होते क्षेत्र पर भी चर्चा करेंगे| उन्नीसवी शताब्दी के अन्तिम दशक में नज़र अली और उनके भाई कदर अली ठुमरी के बड़े प्रवीण गायक हुए| ये दोनों भाई संगीतजीवी वर्ग के थे और मूलतः लखनऊ-निवासी थे| बाद में दोनों भाई ग्वालियर जाकर बस गए| नज़र अली ने "नज़रपिया" नाम से अनेक ठुमरियों की रचना की| इनकी अधिकतर ठुमरियाँ बोल-बाँट की हैं| ग्वालियर के सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ राजभैया पुँछवाले ने भी नज़रपिया से ठुमरी गायन सीखा था|

उन्नीसवीं शताब्दी के अन्त तक जनसामान्य में ठुमरी गायन इतना लोकप्रिय हो चला था कि तवायफों के अतिरिक्त उस समय देश के अनेक घरानेदार और प्रतिष्ठित ध्रुवपद तथा ख़याल गायकों ने इसे बड़े शौक से अपनाया| ध्रुवपद गायकों में मथुरा के चन्दन चौबे, ख़याल गायकों में ग्वालियर के रहमत खाँ, शंकरराव पण्डित, महाराष्ट्र के भास्करराव बखले तथा रामकृष्ण बुवा बझे आदि प्रमुख थे| रहमत खाँ और शंकरराव पण्डित की ठुमरियों के ग्रामोफोन रिकार्ड भी बने जिनमें रहमत खाँ द्वारा गायी ठुमरी भैरवी -"यमुना के तीर..." और शंकरराव पण्डित द्वरा गायी राग धानी की ठुमरी -"कृष्णमुरारी विनती करत हारी..." बहुत लोकप्रिय हुई थी| शंकरराव पण्डित की ठुमरी का रिकार्ड सुनकर ही सुप्रसिद्ध गायक राजभैया पुँछवाले अभिभूत हो गए थे| उस समय के घरानेदार ख़याल गायकों में आगरे के प्यारे खाँ और उनके पुत्रगण लतीफ़ खाँ और महमूद खाँ की रुझान भी ठुमरी गायन की ओर अधिक थी और ये लोग ठुमरी गायन में बहुत प्रवीण हुए| यह तीनों गायक राजस्थान के जयपुर, शाहपुर और भदावर रियासतों से सम्बद्ध थे| बीसवीं शताब्दी के दो दशक बीतते-बीतते अपनी कलात्मकता और स्वाभाविक माधुर्य के कारण ठुमरी ने भारतीय जनमानस को इतना प्रभावित किया कि अनेक प्रतिष्ठित गायकों ने संगीत-सभाओं और संगीत-सम्मेलनों में इसे गाना प्रारम्भ कर दिया था| ठुमरी गायन के प्रति प्रतिष्ठित संगीतज्ञों के झुकाव के परिणामस्वरुप संगीत के शास्त्रज्ञ विद्वानों का ध्यान भी इस ओर गया|

आज हम आपको जो ठुमरी सुनवाने जा रहे हैं वह हमने 1966 में प्रदर्शित फिल्म "ममता" से लिया है| यह फिल्म इस वर्ष की श्रेष्ठतम संगीत प्रधान फिल्म थी| फिल्म के संगीतकार रोशन इस फिल्म के दौरान अपने उत्कर्ष पर थे| रोशन ने इस फिल्म में एक से बढ़ कर एक, राग आधारित संगीत रचनाएँ की थीं, चाहे वह -"रहते थे कभी जिनके दिल में..." (मिश्र खमाज") या फिर -"चाहे तो मोरा जिया लईले..." (पीलू), सभी गीत बेहद लोकप्रिय हुए थे| फिल्म के गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी ने तो मानो विविध भावों को अपने गीतों में उड़ेल दिया था| इसे रोशन का दुर्भाग्य कहा जाए या फिर तत्कालीन फिल्म पुरस्कारों में प्रवेश कर चुकी राजनीति, 1966 के सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार फिल्म "सूरज" के लिए शंकर-जयकिशन को प्राप्त हुआ था, जबकि फिल्म "सूरज" का संगीत "ममता" के आगे कहीं नहीं ठहरता| इन दोनों फिल्मों के बीच फिल्म "गाइड" भी थी, जिसके संगीत का स्तर "सूरज" से तो बेहतर ही था| बहरहाल, "ममता" का संगीत फिल्म के दर्शकों और समीक्षकों की दृष्टि में सर्वश्रेष्ठ था| आज भी ये गीत 'सदाबहार' बने हुए हैं| इस फिल्म में रोशन ने ग़ज़ल-गीत के साथ ठुमरी को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया था| ठुमरी और कव्वाली रोशन की प्रिय शैलियाँ थी| उनकी इस विशेषता का कारण निश्चित रूप से लखनऊ के मैरिस म्यूजिक कालेज (वर्तमान भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय) से संगीत की शिक्षा ही थी| रोशन के गुरु और कालेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य डा. श्रीकृष्ण नारायण रातनजनकर भी ठुमरी गायकी के विद्वान थे और उनका एक ठुमरी संग्रह भी प्रकाशित हुआ था| आज फिल्म "ममता" की ही राग "पीलू", दादरा ताल में निबद्ध, मान-मनुहार से युक्त ठुमरी -"चाहे तो मोरा जिया लईले..." के साथ हम उपस्थित हुए हैं| इस ठुमरी की एक विशेषता यह भी है कि यह पारम्परिक ठुमरी नहीं है, बल्कि मजरूह सुल्तानपुरी की एक मधुर रचना का ठुमरीकरण है| लीजिए आप भी इस मोहक ठुमरी की रसानुभूति करें -



क्या आप जानते हैं...
कि संगीतकार रोशन बहुत अच्छा दिलरुबा बजाते थे, और उनका दिलरुबा सुन कर ही ज़ेड. ए. बुख़ारी नें ऑल इण्डिया रेडिओ में ७० रुपय के वेतन पर उन्हें नौकरी दे दी, जहाँ रोशन १२ वर्ष तक कार्यरत रहे।

दोस्तों अब पहेली है आपके संगीत ज्ञान की कड़ी परीक्षा, आपने करना ये है कि नीचे दी गयी धुन को सुनना है और अंदाज़ा लगाना है उस अगले गीत का. गीत पहचान लेंगें तो आपके लिए नीचे दिए सवाल भी कुछ मुश्किल नहीं रहेंगें. नियम वही हैं कि एक आई डी से आप केवल एक प्रश्न का ही जवाब दे पायेंगें. हर १० अंकों की शृंखला का एक विजेता होगा, और जो १००० वें एपिसोड तक सबसे अधिक श्रृंखलाओं में विजय हासिल करेगा वो ही अंतिम महा विजेता माना जायेगा. और हाँ इस बार इस महाविजेता का पुरस्कार नकद राशि में होगा ....कितने ?....इसे रहस्य रहने दीजिए अभी के लिए :)

पहेली 14/शृंखला 19
गीत का ये हिस्सा सुनें-


अतिरिक्त सूत्र - लता जी की आवाज़ है.
सवाल १ - किस राग पर आधारित है रचना - ३ अंक
सवाल २ - किस संगीतकार ने इस पारंपरिक ठुमरी को संयोजित किया था - २ अंक
सवाल ३ - फिल्म का नाम बताएं - १ अंक

पिछली पहेली का परिणाम -
अमित और क्षिति जो बहुत बधाई, इंदु जी का भी खाता खुल गया

खोज व आलेख- कृष्ण मोहन मिश्र



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Monday, July 4, 2011

जब साहित्यिक और पौराणिक किरदारों को अपना "रंग" दिया एफ टी एस के कलाकारों ने



पिछले दिनों हिंद युग्म के खबर पृष्ठ पर हमने रंग महोत्सव के बारे में जानकारी दी थी. फिल्म एंड थियटर सोसायटी द्वारा आयोजित यह पहला वार्षिक आर्ट फेस्टिवल् जिसे "रंग" नाम दिया गया था, दिल्ली के लोधी रोड स्तिथ अलायेंज फ्रंकाईस और इंडिया हेबिटाट सभागारों में धूम धाम से संपन्न हुआ. इसमें कुल ५ नाटकों का मंचन हुआ और एक शाम रही संगीत बैंड ब्रह्मनाद के सजीव परफोर्मेंस के नाम. काफी संख्या में दर्शकों ने इस अनूठे आयोजन का आनद लिया. ५ नाटकों में से एक "सिद्धार्थ" (जिसे अशोक छाबड़ा ने निर्देशित किया है) को छोड़कर अन्य सभी नाटक युवा निर्देशक अतुल सत्य कौशिक द्वारा निर्देशित हैं, और अधिकतर कलाकार भी अपेक्षाकृत नए ही हैं रंगमंच की दुनिया में मगर सबकी कर्मठता, जुझारूपन और खुद को साबित करने की लगन उनके अभिनय में साफ़ देखी जा सकती है. अधिकतर नाटक नामी साहित्यकारों की रचनाओं से प्रेरित हैं पर निर्देशक और उनकी टीम ने उसमें अपना 'रंग' भी भरा है. नाटकों को बेहद व्यवाहरिक और मनोरंजक अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया है ताकि दर्शक एक पल के लिए भी ऊब महसूस न करे. यानी किरदार और विषय गंभीर होने के बावजूद उनकी प्रस्तुति आम दर्शकों को भी भरपूर मनोरजन देने में सफल हुई है. चूँकि ये ऍफ़ टी एस का पहला वार्षिकोत्सव था, इस दृष्टि से देखा जाए तो इस आयोजन को बहुत हद तक एक सफल आयोजन माना जा सकता है. ये संस्था निश्चित ही उम्मीदें जगाती है कि भविष्य में हम इस टीम से और भी उत्कृष्ट मंचनों की अपेक्षाएं रख सकते हैं जिसके माध्यम से हमें भारतीय कला संस्कृति और साहित्य के अनेक नए आयाम देखने को मिल सकेंगें.

ऍफ़ टी एस के इन नाटकों में एक और दिलचस्प पहलु हैं इनका पार्श्व संगीत. दरअसल यहाँ संगीत पूरी तरह पार्श्व भी नहीं है. "ब्रह्मनाद" बैंड के सदस्य वहीँ मंच के एक कोने में बैठे दर्शकों को नज़र आते हैं जो दृश्य के भावानुसार उपयुक्त संगीत वहीँ लाईव बजाते हैं. बीच बीच में कुछ गीत भी आते हैं और वो भी वहीँ मंच के कोने से लाईव गाये जाते हैं. ये एक अनूठा अंदाज़ लगा जिसकी बेहद सराहना भी हुई. निलोय घोष दस्तीदार, प्रनोय रॉय, श्रेहंस खुराना और सार्थक पाहवा से मिलकर बनता है बैंड "ब्रह्मनाद" जो भारतीय लोक संगीत में अपनी पहचान ढूंढ रहे हैं. आपको इनके गीतों में एक अपनापन मिलेगा. आजकल सुनाई देने वाले संगीत से बेहद अलग मिलेगा आपको इनका मिजाज़. व्यक्तिगत तौर पर मैं जिस तरह के गुण एक भारतीय बैंड में देखना चाहता हूँ मुझे उस कसौटी पर काफी हद तक खरा मिला "ब्रह्मनाद".


(काकी की भूमिका में पारुल, "कूबड़ और काकी" से एक दृश्य)

अतुल सत्य कौशिक निर्देशित नाटक कूबड़ और काकी में दो कहानियों का फ्यूज़न है, और नयी बात ये है कि ये दोनों कहानियां दो अलग अलग साहित्यकारों की है. हिंदी कथा साहित्य के दो दिग्गज कथाकारों, प्रेमचंद और धरमवीर भारती के दो अलग अलग कहानियों को एक सूत्र में बाँध कर प्रस्तुत किया गया है "कूबड़ और काकी" में. परनिर्भर और बेसहारा हुई दो औरतों के प्रति समाज के नज़रिए को बेहद संवेदना के साथ प्रस्तुत किया है मंच पर कलाकारों ने. विशेषकर काकी की भूमिका में पारुल ने शानदार अभिनय किया है. दोनों ही किरदारों के माध्यम से बहुत सी सामाजिक कुरीतियों और गिरते मानवीय मूल्यों पर भी ख़ासा प्रहार किया गया है. इस नाटक के बाद हमनें बात की निर्देशक अतुल सत्य कौशिक, काकी की भूमिका जान फूंकने वाली पारुल और ब्रह्मनाद बैंड के सार्थक पाहवा से. हिंद युग्म की तरफ से मेरे यानी सजीव सारथी के साथ थे अतुल सक्सेना और तरुमिता. लीजिये सुनिए यही बातचीत



पहला नाटक देखने और इन सब कलाकारों से बात करने के बाद हमारी उत्सुकता और बढ गयी दिन का अगला नाटक "अर्जुन का बेटा" देखने की. इस नाटक को एक काव्यात्मक अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया है यानी पूरे नाटक के संवाद एक कवितामयी भाषा में दर्शकों तक पहुँचते है. जाहिर है ऐसे नाटकों में स्क्रिप्ट की उत्कृष्ठता सबसे अधिक अवश्य होती है, और यहाँ मैं कहूँगा की अतुल सत्य कौशिक पूरी तरह सफल हुए हैं. बेहद कसे हुए अंदाज़ में और भरपूर रचनात्मकता के साथ उन्होंने अभिमन्यु के वीरता, शौर्य और साहस का बखान किया है. हालाँकि यहाँ सभी कलाकार उस उत्कृष्टता तक नहीं पहुँच पाए हैं पर धर्मराज/अभिमन्यु की भूमिका में जिस कलाकार ने अभिनय किया उनका काम खासा सराहनीय है. यदि अन्य कलाकार भी उनका बेहतर साथ देते तो और प्रभावशाली होती ये प्रस्तुति. युद्ध के दृश्य सांस रोक देने वाले थे जो बेहद सफाई से मंचित हुए हैं. पार्श्व संगीत और लाईटिंग भी अपेक्षित प्रभाव देने में सफल हुए हैं.

(चक्रव्यूह में घिरा अभिमन्यु, "अर्जुन का बेटा" से एक दृश्य)

पर इस नाटक के वास्तविक हीरो तो खुद लेखक/निर्दशक अतुल ही हैं, कुछ संवादों की बानगी देखिये, स्वतः ही मुंह से वाह निकल पड़ती है.

गीता कहने सुनने के कुछ अवसर होते हैं अर्जुन,
प्रश्नों के उत्तर प्रश्नों पर ही निर्भर होते हैं अर्जुन...


(भीष्म पितामह अर्जुन और धर्म राज को समझाते हुए)

और जब अंत में आकर श्रीकृष्ण चक्रव्यूह का रहस्य खोलते हैं तो हर व्यक्ति जीवन के चक्रव्यूह में खुद को एक अभिमन्यु सा ही पाता है -

इस चक्रव्यूह से भला कौन निकल पाया है,
बस अंदर जाने का ही रास्ता सबने पाया है,


जो चक्रव्यूह को भेदकर पूरा वापस आ जायेगा,
वो जीवन मुक्ति पाकर अपने अंत को पा जायेगा...


ये जीवन ही एक चक्रव्यूह और हम सब हैं अभिमन्यु,
इसके भीतर लड़ते ही बीते ये जीवन आयु...


चलिए अब ऍफ़ टी एस को और इन सभी उत्साही और प्रतिभाशाली कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए आईये सुनें "अर्जुन का बेटा" का ये ऑडियो प्रसारण. इसमें हालांकि बहुत स्पष्टता नहीं है पर आपको खासकर जो दिल्ली से बाहर हैं उन्हें इस प्रस्तुति की एक झलक अवश्य मिल जायेगी. जल्द ही ऍफ़ टी एस अन्य शहरों में इन नाटकों का मंचन करेगा. जरूर देखियेगा इन्हें जब भी ये आपके शहर आयें.



प्रस्तुति - सजीव सारथी

"गोरी तोरे नैन काजर बिन कारे..." श्रृंगार का एक अन्दाज़ यह भी



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 692/2011/132

भारतीय संगीत की अत्यन्त लोकप्रिय उपशास्त्रीय शैली "ठुमरी" का फिल्मों में प्रयोग विषयक जारी श्रृंखला "रस के भरे तोरे नैन" के इस नए अंक में आपका स्वागत है| कल हमने "पछाहीं ठुमरी" के बेमिसाल रचनाकार और गायक ललनपिया का आपसे परिचय कराया था| मध्यलय और द्रुतलय में गायी जाने वाली बोल-बाँट या बन्दिश की पछाहीं ठुमरियों में लय का चमत्कार और चपलता का गुण होता है| आज की कड़ी में पछाहीं ठुमरियों पर चर्चा को आगे बढाते हैं| पछाहीं ठुमरियाँ अधिकतर ब्रज भाषा में होती हैं| पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ब्रज और बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लोक संगीत का इन ठुमरियों पर विशेष प्रभाव पड़ा| दूसरी ओर इनकी रचना करने में घरानेदार गायकों, सितारवादकों और कथक-नर्तकों का विशेष योगदान होने के कारण इन पर परम्परागत राग-संगीत का भी प्रभाव पड़ा| इसलिए बोल-बाँट की ठुमरी रचनाओं में विविधता दिखाई देती है| कुछ ठुमरियों में ध्रुवपद की तरह आड़ और दुगुन आदि लयकारियों का प्रयोग भी मिलता है|

पूरब की ठुमरियाँ लोकधुनों और चंचल-हलकी प्रकृति के रागों तक सीमित हैं, वहीं पछांह की ठुमरियाँ कुछ गम्भीर प्रकृति के रागों को छोड़ कर प्रायः सभी रागों में मिलती हैं| अपने समय के श्रेष्ठ संगीतज्ञ रामकृष्ण बुआ बझे ने अपने ठुमरी-गुरु सादिक अली खाँ की ठुमरियों के सम्बन्ध में बताते हुए उल्लेख किया है कि बोल-बाँट की पछाहीं ठुमरियाँ स्थायी-अन्तरा वाले मध्यलय के ख़याल के सामान और प्रायः सभी रागों में पायी जाती है| बोल-बाँट की ठुमरी के रचनाकारों और गायकों में लखनऊ के वजीर मिर्ज़ा 'कदरपिया', महाराज बिन्दादीन बेगम आलमआरा तथा 'चाँदपिया', बरेली के तवक्कुल हुसैन 'सनदपिया', फर्रुखाबाद के 'ललनपिया', मथुरा के 'सरसपिया', दिल्ली के श्रीलाल गोस्वामी 'कुँवरश्याम', गोपाल, 'सुघरछैल', ग्वालियर के नज़र अली 'नज़रपिया' आदि संगीतज्ञ मुख्यरूप से उल्लेखनीय हैं| ये सभी संगीतज्ञ उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध से लेकर बीसवीं शताब्दी के पहले दो दशकों के बीच सक्रिय थे| बरेली के तवक्कुल हुसैन 'सनदपिया' रामपुर के सुप्रसिद्ध सितारवादक बहादुर हुसैन के शिष्य थे| उन्होंने अधिकतर ठुमरी रचनाएँ अपनी गुरु-परम्परा में प्रचलित तंत्रवाद्य की मध्य और द्रुतलयबद्ध गतों के अनुसार कीं|

ठुमरी एकल रूप में ही गाये जाने की परम्परा है| युगल ठुमरी गायन का उदाहरण कभी-कभी नृत्य में ही मिलता है| 1964 की एक फिल्म है- "मैं सुहागन हूँ", जिसमें युगल ठुमरी गायन का प्रयोग किया गया है| फिल्म के संगीत निर्देशक लच्छीराम ने इस परम्परागत ठुमरी को आशा भोसले और मोहम्मद रफ़ी के स्वरों में प्रस्तुत किया है| यह फिल्म संगीतकार लच्छीराम तँवर की सफलतम फिल्मों में से एक थी| फिल्म के नायक-नायिका अजीत और माला सिन्हा हैं परन्तु इस ठुमरी को फिल्म के सह कलाकारों- सम्भवतः केवल कुमार और निशि पर फिल्माया गया है| ठुमरी के अन्त में अभिनेत्री द्वारा तीनताल में तत्कार और टुकड़े भी प्रस्तुत किये गए हैं| मूलतः यह राग "देश" में निबद्ध बोल-बाँट की ठुमरी है| इसी ठुमरी को पकिस्तान की गायिका इकबाल बानो ने मध्यलय में बोल-बनाव के साथ गाया है| फिल्म "मैं सुहागन हूँ" में बन्दिश की ठुमरी के रूप में गाया गया है| आशा भोसले और मोहम्मद रफ़ी ने गायन में राग देश के स्वरों को बड़े आकर्षक ढंग से निखारा है| मोहम्मद रफ़ी ने इस गीत को सपाट स्वरों में गाया है किन्तु आशा भोसले ने स्वरों में मुरकियाँ देकर और बोलों में भाव उत्पन्न कर ठुमरी को आकर्षक रूप दे दिया है| आइए सुनते हैं, श्रृंगार रस से ओतप्रोत राग देश की यह ठुमरी -



क्या आप जानते हैं...
कि सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री माला सिन्हा अभिनय के साथ-साथ गायन में भी कुशल थीं| 50 के दशक में वह रेडियो कलाकार रहीं, किन्तु फिल्मों में उन्होंने कभी नहीं गाया| यहाँ तक कि उन्हें स्वयं की अभिनीत भूमिकाओं में भी अन्य पार्श्वगायिकाओं के स्वरों का सहारा लेना पड़ा|

दोस्तों अब पहेली है आपके संगीत ज्ञान की कड़ी परीक्षा, आपने करना ये है कि नीचे दी गयी धुन को सुनना है और अंदाज़ा लगाना है उस अगले गीत का. गीत पहचान लेंगें तो आपके लिए नीचे दिए सवाल भी कुछ मुश्किल नहीं रहेंगें. नियम वही हैं कि एक आई डी से आप केवल एक प्रश्न का ही जवाब दे पायेंगें. हर १० अंकों की शृंखला का एक विजेता होगा, और जो १००० वें एपिसोड तक सबसे अधिक श्रृंखलाओं में विजय हासिल करेगा वो ही अंतिम महा विजेता माना जायेगा. और हाँ इस बार इस महाविजेता का पुरस्कार नकद राशि में होगा ....कितने ?....इसे रहस्य रहने दीजिए अभी के लिए :)

पहेली 13/शृंखला 19
गीत का ये हिस्सा सुनें-


अतिरिक्त सूत्र - एक बेहद सफल फिल्म की ठुमरी.
सवाल १ - किस राग पर आधारित है रचना - ३ अंक
सवाल २ - गीतकार कौन हैं - २ अंक
सवाल ३ - संगीतकार बताएं - १ अंक

पिछली पहेली का परिणाम -
क्षिति जी लगातार अच्छा कर रहीं हैं, हालाँकि अभी भी वो अमित से पीछे हैं, पर हो सकता है कि ये बाज़ी उनके हाथ रहे, अवध जी आपने क्यों नहीं जवाब दिया वैसे :)

खोज व आलेख- कृष्ण मोहन मिश्र



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Sunday, July 3, 2011

जाओ ना सताओ रसिया...छेड़-छाड़ से परिपूर्ण ठुमरी



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 691/2011/131

'ओल्ड इज गोल्ड' पर जारी 'फिल्मों में ठुमरी' विषयक श्रृंखला "रस के भरे तोरे नैन..." का नया अंक लेकर मैं कृष्णमोहन मिश्र पुनः उपस्थित हूँ| इन दिनों हम ठुमरी की विकास-यात्रा के विविध पड़ाव और ठुमरी के विकास में जिनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, ऐसे संगीतज्ञों और रचनाकारों के कृतित्व पर आपसे चर्चा कर रहे हैं| श्रृंखला की पहली पाँच कड़ियों में हमने 30 और 40 के दशक की फिल्मों तथा छठीं से दसवीं कड़ी तक 50 के दशक की फिल्मों में प्रयुक्त ठुमरियों का रसास्वादन कराया था| श्रृंखला के इस तीसरे सप्ताह में हमने आपको सुनवाने के लिए 60 के दशक की फिल्मों में प्रयोग की गई ठुमरियाँ चुनी हैं|

पिछली कड़ी में हमने आपसे "पछाहीं ठुमरी" शैली और दिल्ली के भक्त गायक-रचनाकार कुँवरश्याम के व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चा की थी| "पछाहीं ठुमरी" के एक और अप्रतिम वाग्गेयकार (रचनाकार) फर्रुखाबाद के पण्डित ललन सारस्वत "ललनपिया" हुए हैं, जिन्होंने ठुमरी शैली के खजाने को खूब समृद्ध किया| फर्रुखाबाद निवासी "ललनपिया" का जन्म 1856 में हुआ था| वे भारद्वाज गोत्रीय सारस्वत ब्राह्मण थे और व्यवसाय से कथावाचक थे| उन्होंने अपने ताऊ पण्डित नन्हेंमल जी से संगीत-शिक्षा प्राप्त की थी| ललनपिया ने अनेक ध्रुवपद, धमार, सादरा, तराना, टप्पा, ठुमरी, दादरा, भजन, ग़ज़ल आदि विभिन्न प्रकार के गीतों की रचना की थी और वे इन शैलियों के गायन में भी कुशल थे, परन्तु उन्हें विशेष प्रसिद्धि ठुमरी-गायक और ठुमरी-वाग्गेयकार (रचनाकार) के रूप में मिली| ललनपिया की ठुमरियों में साहित्य और संगीत उच्चकोटि का होता था| ताल और लयकारी पर उनका अद्भुत अधिकार था| प्रायः पखावज और तबला-वादक उनके साथ संगति करने में घबराते थे| ललनपिया चूँकि कथावाचक थे अतः संस्कृत, हिन्दी, अवधी और ब्रजभाषा के अच्छे जानकार थे| उनकी ठुमरियों में ब्रजभाषा की मधुरता और रस-अलंकारों का अनूठा मिश्रण पाया जाता है| उनकी अधिकतर ठुमरियों में कृष्ण-भक्ति और श्रृंगार का अनूठा समन्वय मिलता है|

उन्होंने "ललनसागर" नामक एक वृहद् ग्रन्थ की रचना भी की थी, जिसमें उनकी ठुमरियाँ संग्रहीत हैं| इस ग्रन्थ का प्रथम संस्करण 1926 में और दूसरा 1927 में लखनऊ के मुंशी नवलकिशोर प्रेस से प्रकाशित हुआ था| ललनपिया के कृतित्व पर कई संगीतकारों, अध्येताओं और शोधार्थियों ने काफी कार्य किया है| लखनऊ के संगीतज्ञ भारतेन्दु वाजपेई ने ललनपिया की चुनिन्दा ठुमरियों का स्वरलिपि सहित संकलन "ललनपिया की ठुमरियाँ" नामक पुस्तक में किया है| इसी प्रकार फर्रुखाबाद के संगीताचार्य ओमप्रकाश मिश्र ने ललनपिया की अनेक दुर्लभ रचनाओं का संग्रह किया है| भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय से कुछ छात्र-छात्राओं ने ललनपिया के कृतित्व पर शोध भी किये हैं|

आइए अब थोड़ी चर्चा आज प्रस्तुत की जाने वाली ठुमरी पर भी कर ली जाए| आज की ठुमरी हमने 1961 की फिल्म "रूप की रानी चोरों का राजा" से ली है| फिल्म में संगीत निर्देशन शंकर-जयकिशन का है| 'राहुल चित्र' के बैनर निर्मित और हरमन सिंह (एच.एस.) रवेल द्वारा निर्देशित इस फिल्म के नायक-नायिका देवानन्द और वहीदा रहमान हैं| ठुमरी -"जाओ ना सताओ रसिया..." नृत्यरत वहीदा रहमान पर फिल्माया गया है| यह ठुमरी राग "बागेश्वरी" और कहरवा ताल में निबद्ध है| राग बागेश्वरी में ठुमरी कम ही मिलती है, लेकिन संगीतकार जोड़ी शंकर-जयकिशन ने भक्ति रस प्रधान राग से श्रृंगार रस की सार्थक अनुभूति कराई है| यहाँ यह उल्लेख करना आवश्यक है कि यह ठुमरी गीतकार शैलेन्द्र ने एक पारम्परिक ठुमरी से प्रेरित होकर लिखा है| आइए श्रृंगार रस से परिपूर्ण यह ठुमरी आशा भोसले के भावपूर्ण स्वर में सुनते हैं-



क्या आप जानते हैं...
कि फिल्म "रूप की रानी चोरों का राजा" के नायक देवानन्द के लिए शंकर-जयकिशन के संगीत निर्देशन में एक गीत में महेंद्र कपूर, एक में सुवीर सेन और शेष गीत में तलत महमूद ने पार्श्वगायन किया था|

दोस्तों अब पहेली है आपके संगीत ज्ञान की कड़ी परीक्षा, आपने करना ये है कि नीचे दी गयी धुन को सुनना है और अंदाज़ा लगाना है उस अगले गीत का. गीत पहचान लेंगें तो आपके लिए नीचे दिए सवाल भी कुछ मुश्किल नहीं रहेंगें. नियम वही हैं कि एक आई डी से आप केवल एक प्रश्न का ही जवाब दे पायेंगें. हर १० अंकों की शृंखला का एक विजेता होगा, और जो १००० वें एपिसोड तक सबसे अधिक श्रृंखलाओं में विजय हासिल करेगा वो ही अंतिम महा विजेता माना जायेगा. और हाँ इस बार इस महाविजेता का पुरस्कार नकद राशि में होगा ....कितने ?....इसे रहस्य रहने दीजिए अभी के लिए :)

पहेली 12/शृंखला 19
गीत का ये हिस्सा सुनें-


अतिरिक्त सूत्र - ये एक युगल ठुमरी है.
सवाल १ - किस राग पर आधारित है रचना - ३ अंक
सवाल २ - संगीतकार कौन हैं - २ अंक
सवाल ३ - किन दो फनकारों की आवाजें हैं - १ अंक

पिछली पहेली का परिणाम -
वैसे तो मुकाबला मुख्यता क्षिति जी और अमित जी में ही है पर प्रतीक जी भी बढ़िया खेल रहे हैं और अविनाश जी भी, बस जरा सी कंसिस्टेंसी चाहिए, क्षिति जी, लगे रहिये बधाई

खोज व आलेख- कृष्ण मोहन मिश्र



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

परदेस में जब घर-परिवार और सजनी की याद आई तब उपजा लोक संगीत "बिरहा"



सुर संगम - 27 - लोक गीत शैली -बिरहा

बिरहा गायन के मंचीय रूप में वाद्यों की संगति होती है| प्रमुख रूप से ढोलक, हारमोनियम और करताल की संगति होती है|

शास्त्रीय और लोक संगीत के साप्ताहिक स्तम्भ "सुर संगम" के इस नए अंक में आप सभी संगीत-प्रेमियों का, मैं कृष्णमोहन मिश्र हार्दिक स्वागत करता हूँ| दोस्तों; भारतीय लोक संगीत में अनेक ऐसी शैलियाँ प्रचलित हैं जिनमें नायक से बिछड़ जाने या नायक से लम्बे समय तक दूर होने की स्थिति में विरह-व्यथा से व्याकुल नायिका लोकगीतों के माध्यम से स्वयं को अभिव्यक्त करती है| देश के प्रायः प्रत्येक क्षेत्र में नायिका की विरह-व्यथा का प्रकटीकरण करते गीत बहुतेरे हैं, परन्तु विरह-पीड़ित नायक की अभिव्यक्ति देने वाले लोकगीत बहुत कम मिलते हैं| उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में लोक-संगीत की एक ऐसी विधा अत्यन्त लोकप्रिय है, जिसे "बिरहा" नाम से पहचाना जाता है|


चित्र परिचय
बिरहा गुरुओं का यह 1920 का दुर्लभ चित्र है; जिसके मध्य में बैठे हैं, बिरहा को एक प्रदर्शनकारी कला के रूप में प्रतिष्ठित करने वाले गुरु बिहारी यादव, बाईं ओर है- रम्मन यादव तथा दाहिनी ओर हैं- गुरु पत्तू सरदार (यादव)|


इस लोक-संगीत की उत्पत्ति के सूत्र उन्नीसवीं शताब्दी के प्रारम्भ में मिलते हैं| ब्रिटिश शासनकाल में ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन कर महानगरों में मजदूरी करने की प्रवृत्ति बढ़ गयी थी| ऐसे श्रमिकों को रोजी-रोटी के लिए लम्बी अवधि तक अपने घर-परिवार से दूर रहना पड़ता था| दिन भर के कठोर श्रम के बाद रात्रि में छोटे-छोटे समूह में यह लोग इसी लोक-विधा के गीतों का ऊँचे स्वरों में गायन किया करते थे| लगभग 55 वर्ष पहले वाराणसी के ठठेरी बाज़ार,चौखम्भा आदि व्यावसायिक क्षेत्रों में श्रमिकों को 'बिरहा' गाते हुए मैंने प्रत्यक्ष देखा-सुना है| प्रारम्भ में 'बिरहा' श्रम-मुक्त करने वाले लोकगीत के रूप में ही प्रचलित था| बिरहा गायन के आज दो प्रकार हमें मिलते हैं| पहले प्रकार को "खड़ी बिरहा" कहा जाता है| गायकी के इस प्रकार में वाद्यों की संगति नहीं होती, परन्तु गायक की लय एकदम पक्की होती है| पहले मुख्य गायक तार सप्तक के स्वरों में गीत का मुखड़ा आरम्भ करता है और फिर गायक दल उसमें सम्मिलित हो जाता है| बिरहा गायन का दूसरा रूप मंचीय है, परन्तु उसकी चर्चा से पहले आइए सुनते हैं "खड़ी विरहा" का एक उदाहरण-

खड़ी बिरहा : गायक - मन्नालाल यादव और साथी


कालान्तर में लोक-रंजन-गीत के रूप में इसका विकास हुआ| पर्वों-त्योहारों अथवा मांगलिक अवसरों पर 'बिरहा' गायन की परम्परा रही है| किसी विशेष पर्व पर मन्दिर के परिसरों में 'बिरहा दंगल' का प्रचलन भी है| बिरहा के दंगली स्वरुप में गायकों की दो टोलियाँ होती है और बारी-बारी से बिरहा गीतों का गायन करते हैं| ऐसी प्रस्तुतियों में गायक दल परस्पर सवाल-जवाब और एक दूसरे पर कटाक्ष भी करते हैं| इस प्रकार के गायन में आशुसर्जित लोक-गीतकार को प्रमुख स्थान मिलता है| 'बिरहा' के अखाड़े (गुरु घराना) भी होते है| विभिन्न अखाड़ों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव रहता है| लगभग पाँच दशक पहले एक ऐसे ही अखाड़े के गुरु -पत्तू सरदार को मैं निकट से जानता था| वह बिरहा-गीतों के अनूठे रचनाकार और गायक थे| उनके अखाड़े के सैकड़ों शिष्य थे, जिन्हें समाज में लोक गायक के रूप में भरपूर सम्मान प्राप्त था| गुरु पत्तू सरदार निरक्षर थे| प्रायः वह शाम को अपने घर के छज्जे पर बैठ कर मेरे विद्यालय से लौटने की प्रतीक्षा किया करते थे, मैं उनके गीतों को लिपिबद्ध जो करता था| गुरु पत्तू वेदव्यास की तरह बोलते जाते थे और मैं गणेश की तरह लिखता जाता था| उनके रचे गए अनेक बिरहा-गीत आज भी मेरी स्मृतियों में सुरक्षित हैं| विरहा-गीतों के प्रसंग अधिकतर रामायण, महाभारत और पौराणिक कथाओं पर आधारित होते हैं| कभी-कभी लोकगीतकार सामयिक विषयों पर भी गीत रचते हैं| गुरु पत्तू सरदार ने 1965 के भारत-पाक युद्ध में भारत की विजय-गाथा को इन पंक्तियों में व्यक्त किया था -"चमके लालबहादुर रामनगरिया वाला, अयूब के मुह को काला कर दिया..."| इसी प्रकार टोकियो ओलम्पिक से स्वर्ण पदक जीत कर लौटे भारतीय हाकी दल के स्वागत के लिए भी उन्होंने विरहा गीत की रचना की थी| विगत चार-पाँच दशकों में अनेक बिरहा गायकों ने लोक संगीत की इस विधा को लोकप्रिय करने में अपना योगदान किया| इनमें से दो गायकों- वाराणसी के हीरालाल यादव और इलाहाबाद के राम कैलाश यादव के नाम विशेष उल्लेखनीय हैं| आइए यहाँ रुक कर राम कैलाश यादव और उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत विरहा का आनन्द लेते हैं| इस विरहा गीत में शिव विवाह का अत्यन्त रोचक प्रसंग है|

बिरहा - शिव विवाह भाग - 1 : गायक - राम कैलाश यादव और साथी


बिरहा - शिव विवाह भाग - 2 : गायक - राम कैलाश यादव और साथी


बिरहा गायन के मंचीय रूप में वाद्यों की संगति होती है| प्रमुख रूप से ढोलक, हारमोनियम और करताल की संगति होती है| करताल गुल्ली के आकार में लगभग 8 -9 इंच लम्बे स्टील के दो टुकड़े होते हैं, जिसे गायक अपनी दोनों हथेलियों के बीच रख कर आपस में टकराते हुए बजाते हैं| बिरहा लोकगीत का फिल्मों में प्रायः नहीं के बराबर उपयोग हुआ है| आश्चर्यजनक रूप से 1955 की फिल्म "मुनीमजी" में "बिरहा" का अत्यन्त मौलिक रूप में प्रयोग किया गया है| देवानन्द और नलिनी जयवन्त अभिनीत इस फिल्म के संगीतकार सचिनदेव बर्मन हैं तथा हेमन्त कुमार और साथियों के स्वरों में इस बिरहा का गायन किया गया है| इस बिरहा में भी शिव विवाह का ही प्रसंग है| गीत की अन्तिम पंक्तियों में दो नाम लिये गए है - पहले "बरसाती" और फिर "दुखहरण" | पहला नाम अखाड़े के गुरु का और दूसरा नाम गायक का है| यह गीत बरसाती यादव अखाड़े का है और इसे किसी दुखहरण नामक गायक ने गाया था| आइए सुनते हैं लोकगीत "बिरहा" का यह फ़िल्मी रूप -

बिरहा गीत -"शिवजी बियाहने चले पालकी सजाय के..." : फिल्म - मुनीमजी : गायक - हेमन्त कुमार और साथी


और अब बारी इस कड़ी की पहेली का जिसका आपको देना होगा उत्तर तीन दिनों के अंदर इसी प्रस्तुति की टिप्पणी में। प्रत्येक सही उत्तर के आपको मिलेंगे ५ अंक। 'सुर-संगम' की ५०-वीं कड़ी तक जिस श्रोता-पाठक के हो जायेंगे सब से अधिक अंक, उन्हें मिलेगा एक ख़ास सम्मान हमारी ओर से।

पहेली: शास्त्रीय गायन की यह शैली पंजाब में उपजी तथा यही शैली बंगाल में जाकर 'पुरातनी' के नाम से प्रसिद्ध हुई|

पिछ्ली पहेली का परिणाम: अमित जी यह क्या? आपने तो हथियार ही डाल दिये!!! खैर, क्षिती जी ने पुनः सटीक उत्तर दे कर ५ और अंक अर्जित कर लिये है, बधाई!

इसी के साथ 'सुर-संगम' के आज के इस अंक को यहीं पर विराम देते हैं| आशा है आपको यह प्रस्तुति पसन्द आई। हमें बताइये कि किस प्रकार हम इस स्तंभ को और रोचक बना सकते हैं! आप अपने विचार व सुझाव हमें लिख भेजिए oig@hindyugm.com के ई-मेल पते पर। शाम ६:३० बजे हमारे प्रिय सुजॉय चटर्जी के साथ 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की महफ़िल में पधारना न भूलिएगा, नमस्कार!

आलेख -कृष्ण मोहन मिश्र
प्रस्तुति - सुमित चक्रवर्ती


आवाज़ की कोशिश है कि हम इस माध्यम से न सिर्फ नए कलाकारों को एक विश्वव्यापी मंच प्रदान करें बल्कि संगीत की हर विधा पर जानकारियों को समेटें और सहेजें ताकि आज की पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी हमारे संगीत धरोहरों के बारे में अधिक जान पायें. "ओल्ड इस गोल्ड" के जरिये फिल्म संगीत और "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" के माध्यम से गैर फ़िल्मी संगीत की दुनिया से जानकारियाँ बटोरने के बाद अब शास्त्रीय संगीत के कुछ सूक्ष्म पक्षों को एक तार में पिरोने की एक कोशिश है शृंखला "सुर संगम". होस्ट हैं एक बार फिर आपके प्रिय सुजॉय जी.

Saturday, July 2, 2011

ओल्ड इज़ गोल्ड - शनिवार विशेष - 48 - "मेरे पास मेरा प्रेम है"



पंडित नरेन्द्र शर्मा की सुपुत्री लावण्या शाह से लम्बी बातचीत
पहले पढ़ें ये पुराने एपिसोड्स
भाग ०१
भाग ०२
भाग ०३
अब पढ़ें आगे...

'ओल्ड इज़ गोल्ड' के सभी दोस्तों को सुजॉय चटर्जी का प्यार भरा नमस्कार, और स्वागत है आप सभी का इस 'शनिवार विशेषांक' में। इस साप्ताहिक स्तंभ में पिछले तीन सप्ताह से हम सुप्रसिद्ध कवि, साहित्यकार, दार्शनिक व फ़िल्मी व ग़ैर-फ़िल्मी गीतकार पंडित नरेन्द्र शर्मा की सुपुत्री श्रीमती लावण्या शाह से बातचीत कर रहे हैं। पिछली कड़ी में आपनें जाना कि स्वर-साम्राज्ञी लता मंगेशकर के साथ पंडित जी का किस तरह का पिता-पुत्री जैसा सम्बंध था और उनके परिवार के साथ किस तरह लता जी जुड़ी हुई थीं। आइए बातचीत को आगे बढ़ाते हैं। प्रस्तुत है लघु शृंखला 'मेरे पास मेरा प्रेम है' की चौथी व अंतिम कड़ी।

सुजॉय - लावण्या जी, पिछले तीन सप्ताह से हम आपसे बातचीत कर रहे हैं, आज फिर एक बार आपका बहुत बहुत स्वागत है 'हिंद-युग्म आवाज़' के इस मंच पर, नमस्कार!

लावण्या जी - नमस्ते!

सुजॉय - लावण्या जी, एक पिता के रूप में आपनें अपने जीवन के अलग अलग पड़ावों में अपने पिताजी को कैसा कैसा पाया? यानी कि बचपन में, यौवन में, आपने उन्हें कैसा महसूस किया? क्या एक आदर्श पिता के रूप में आप उनका परिचय करवाना चाहेंगी?

लावण्या जी - पापा जी को जब भारत सरकार ने अमरीका भेजा था तब पापा ने सूट पहना था, पर हमेशा भारत मे और घर या बाहर जाते वे बहुत सादा लिबास पहनते धोती - कुर्ता और जाकेट, गर्मियों मे खादी और सर्दीयों मे सिल्क का कुर्ता! बचपन मे, हम हमेशा रात को अगर तबीयत ठीक न हो तो पापा जी को ही उठाया करते थे पापा जी ने मुझे 'सजयति सिंदुर वदनो देवो' ये गणेश पूजा सीखलायी थी जब मैं ३ साल की थी। वे हमे बहुत सुन्दर कहानियां सुनाते, गुजराती कविता भी भावार्थ के साथ सिखलाते। आगे आप इस लिंक में जाकर विस्तृत पढ़ सकते हैं।

http://antarman-antarman.blogspot.com/2007/03/blog-post_16.html

सुजॉय - पंडित जी से सम्बंधित कुछ यादगार घटनाओं के बारे में बताइए। वो घटनाएँ या संस्मरण जो भुलाये नहीं भूलते।

लावण्या जी - ( अ ) हम बच्चे दोपहरी मेँ जब सारे बड़े सो रहे थे, पड़ोस के माणिक दादा के घर से कच्चे पक्के आम तोड कर किलकारियाँ भर रहे थे कि अचानक, पापाजी वहाँ आ पहुँचे, गरज कर कहा, "अरे! यह आम पूछे बिना क्योँ तोड़े? जाओ, जाकर माफी माँगो और फल लौटा दो"। एक तो चोरी करते पकड़े गए और उपर से माफी माँगनी पडी!!! पर अपने और पराये का भेद आज तक भूल नही पाए, यही उनकी शिक्षा थी।
( ब ) मेरी उम्र होगी कोई ८ या ९ साल की। पापाजी ने, कवि शिरोमणि कवि कालिदास की कृति " मेघदूत " से पढ़ने को कहा। संस्कृत कठिन थी परँतु, जहीँ कहीँ , मैँ लड़खड़ाती, वे मेरा उच्चारण शुद्ध कर देते। आज, पूजा करते समय, हर श्लोक के साथ ये पल याद आते हैँ।
( स ) मेरी बिटिया, सिंदूर के जन्म के बाद जब भी रात को उठती, पापा, मेरे पास सहारा देते, मिल जाते, मुझसे कहते, "बेटा, मैँ हूँ , यहाँ"। आज मेरी बिटिया की प्रसूति के बाद, यही वात्सल्य उड़ेलते समय, पापाजी की निश्छल, प्रेम-मय वाणी और स्पर्श का अनुभव हो जाता है। जीवन अतित के गर्भ से उदित होकर, भविष्य को संजोता आगे बढ रहा है।


सुजॉय - वाह, बहुत सुंदर! पंडित जी का 'आकाशवाणी' और 'विविध भारती' में ख़ासा योगदान है। किस तरह से उनके कंधों पर 'विविध भारती' के निर्माण का दायित्व सौंपा गया था, किस तरह से यह कारगर हुआ, इस बारे में कुछ बतायें।

लावण्या जी - ये कुछ लिंक अवश्य देखिएगा...

http://www.lavanyashah.com/2008/10/blog-post_03.html

http://www.lavanyashah.com/2009/04/blog-post_25.html

http://antarman-antarman.blogspot.com/2006/09/prasaargeet-from-aakashvani-


सुजॉय - पंडित जी नें जहाँ एक तरफ़ कविताएँ, साहित्य, और फ़िल्मी गीत लिखे हैं, वहीं दूसरी तरफ़ ग़ैर फ़िल्मी भक्ति रचनाएं, ख़ास कर माता को समर्पित बहुत से गीत लिखे हैं, जिन्हें हमनें पिछले साल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर 'नवरात्रि' में शामिल भी किया था। उनके लेखनी के इस पक्ष के बारे में भी बताइए। क्या वो अंदर से भी उतने ही धार्मिक थे? आध्यात्मिक थे? कैसी शख्सियत थी उनकी?

लावण्या जी - पापा जी दार्शनिक, विचारशील, तरुण व्यक्ति और प्रखर बुद्धिजीवी रहे। धार्मिक तो वे थे ही पर भारतीय वांग्मय, पुराण, वेद, धर्म ग्रन्थ के अध्येता थे। कईयों का अनुभव है और लोग कहते थे 'नरेंद्र शर्मा चलता फिरता विश्व कोष है'। 'राम चरित मानस' को पढ़ते और आंसू बहाते भी देखा है। उनका धर्म , सच्ची मानवता थी। सभी को एक समान आदर दिया करते चाहे वो आनेवाला महाराणा मेवाड़ हो या हमारे घर कपड़े लेने आनेवाला हमारा इस्त्रीवाला हो। हमारी बाई को चिट्ठी बांच कर सुनाते और घंटों existansilism इस गूढ़ विषय पे वे बोलते। बी.बी.सी सुनते और मारग्रेट थेचर को चुनाव लड़ने की शुभ तारीख भी उन्होंने बतलाई थी, हाँ सच! और मैडम जीती थीं! वे पूरी बंबई, पैदल या लोकल ट्रेन से या बस से घूम आते। दूरदर्शन पे संगीत का प्रोग्राम रेकॉर्ड करवा के सहजता से घर पर बतियाते। कभी कोई पर्चा या नोट नहीं रखते। किसी भी विषय पे साधिकार, सुन्दर बोलते। पंडित नेहरू के निधन पर भी 'रनिंग्‍ कमेंट्री' की थी। भारत माता के प्रति अगाध प्रेम व श्रद्धा थी जो उनकी कविताओं मे स्पष्ट है। उन्होँने "कदली वन " काव्य -सँग्रह की "देश मेरे " शीर्षक कविता मे कहा है - "दीर्घ जीवी देश मेरे, तू, विषद वट वृक्ष है"। देखें लिंक :

"नरेन्द्र शर्मा के काव्योँ मेँ राष्ट्रीय चेतना :डा. अमरनाथ दुबे- -- भाग -- १"

पापा जी का धर्म आडम्बरहीन और मानवतावादी था सर्वोदय और ' सर्वे भवन्तु सुखिन ' का उद्घोष लिये था।

सुजॉय - अपने पापाजी के लिखे फ़िल्मी रचनाओं में अगर पाँच गीत हम चुनने के लिए कहें, तो आप कौन कौन से गीतों को चुनेंगी?

लावण्या जी - यूं तो मुझे उनके लिखे सभी गीत बहुत पसंद हैं, पर आपने ५ के लिये कहा है तो मैं इन्हें चुनती हूँ

१ ) ' ज्योति कलश छलके ' -

गायिका लतादीदी , संगीत सुधीर फडके जी , शब्द पं. नरेंद्र शर्मा

२ ) ' सत्यम शिवम् सुंदरम ' -

गायिका लतादीदी , लक्ष्मीकांत प्यारे लाल जी का संगीत , शब्द पापा के

३ ) ' नाच रे मयूरा ' -

विविध भारती का सर्व प्रथम प्रसार - गीत

स्वर श्री मन्ना डे , संगीत अनिल बिस्वास जी और शब्द - पंडित नरेंद्र शर्मा के ये गीत नॉन फिल्म केटेगरी मे आएगा

http://www.lavanyashah.com/2009/04/blog-post_25.html

लिंक : http://antarman-antarman.blogspot.com/2006/09/prasaargeet-from-aakashvani-air.html

४ ) "स्वागतम शुभ स्वागतम" - स्वागत गान एशियाड खेलों के उदघाटन पर संगीत पंडित रवि शंकर जी , शब्द - पापा जी पंडित नरेंद्र शर्मा के

http://www.lavanyashah.com/2009/05/blog-post_22.html

५ ) नैना दीवाने, एक नहीं माने, करे मन मानी माने ना -

गायिका सुरैया जी और संगीत श्री एस डी बर्मन तथा शब्द नरेंद्र शर्मा फिल्म "अफसर" जो देवानन्द जी के " नवकेतन बेनर " की प्रथम पेशकश थी ..लिंक :

http://www.lavanyashah.com/2008/04/blog-post_28.html


सुजॉय - और अब अंतिम सवाल, पंडित नरेन्द्र शर्मा एक ऐसी शख्सियत का नाम है जिनके व्यक्तित्व और उपलब्धियों का मूल्यांकन शब्दों में संभव नहीं। लेकिन फिर भी हम आपसे जानना चाहेंगे कि अगर केवल एक वाक्य में आपको अपने पापाजी के बारे में कुछ कहना हो तो आप किस तरह से उनकी शख़्सीयत का व्याख्यान करेंगी?

लावण्या जी - मैं मानती हूँ कि हर एक इंसान ईश्वर की अप्रतिम कृति है। हम ईश्वर के अंश हैं शायद , ईश्वर को कविता, गीत व संगीत बेहद प्रिय हैं! सबसे अलग, सबसे विशिष्ट हैं हम सभी। जैसे हमारे फिंगर प्रिंट सब से अलग होते हैं। पर पापा जी, पंडित नरेंद्र शर्मा के लिये एक वाक्य मे कहूं तो यही कहूंगी - ' न भूतो न भविष्यति ' ! एक अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी, जो आजीवन सर्वथा साधारण और सहज बने रहे शायद यही उनकी तपस्या का फल था और उनकी आत्मा का अंतिम चरण ...अंतिम सोपान ...

सुजॉय - बहुत बहुत धन्यवाद लावण्या जी आपका, 'हिंद-युग्म' की तरफ़ से मैं आपको धन्यवाद देता हूँ, अपनी व्यस्त जीवन से समय निकालकर आपनें हमें समय दिया, और पंडित जी के बारे में न केवल इतनी जानकारी दी, अपने तमाम ब्लॉग्स में उनसे सम्बंधित लेखों के लिंक्स भी दिये, जिन्हें हम समय निकालकर ज़रूर पढ़ेंगे। बहुत बहुत धन्यवाद, नमस्कार!

लावण्या जी - सुजॉय भाई, आपके अनेक इंटरव्यू पढ़ कर खुश हुई हूँ और 'हिन्द-युग्म' हिन्दी भाषा के प्रति समर्पित होकर महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। समग्र सम्पादक मंडल व पूरी टीम को मेरे सस्नेह आशिष। आपको मेरे सच्चे मन से कहे धन्यवाद, बड़ी लम्बी बातचीत हो गयी। आप सब को समय देने के लिये भी शुक्रिया, फिर मिलेंगें, नमस्ते!

गीत - ईश्वर सत्य है, सत्य ही शिव है, शिव ही सुंदर है (सत्यम् शिवम् सुंदरम्)


तो प्रिय श्रोता-पाठकों, ये था सुप्रसिद्ध कवि, साहित्यकार, दार्शनिक व फ़िल्मी व ग़ैर-फ़िल्मी गीतकार पंडित नरेन्द्र शर्मा की सुपुत्री श्रीमती लावण्या शाह से की गई लम्बी बातचीत का चौथा व अंतिम भाग। आशा आपको यह शृंखला पसंद आई होगी। अपने विचार और सुझाव टिप्पणी के अलावा आप oig@hindyugm.com के ईमेल आइडी पर लिख भेज सकते हैं। अब आज बस इतना ही, फिर मुलाक़ात होगी। हाँ दोस्तों, क्या बात है, 'ईमेल के बहाने यादों के ख़ज़ाने' को तो आप सब भुला ही बैठे हैं? अपने जीवन की कोई स्मरणीय घटना को हमें आप लिख भेज सकते हैं उसी ईमेल आइडी पर, जिसे हम इसी साप्ताहिक स्तंभ में शामिल करेंगे। इसी उम्मीद के साथ कि आपके ईमेल हमें जल्द ही प्राप्त होंगे, अब मुझे अनुमति दीजिये, कल सुबह सुमित के साथ 'सुर-संगम' में और शाम को कृष्णमोहन जी के साथ 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की नियमित कड़ी में पधारना न भूलियेगा, नमस्कार!

सुनो कहानी: जयशंकर प्रसाद की कला



जयशंकर प्रसाद की कहानी कला

'सुनो कहानी' इस स्तम्भ के अंतर्गत हम आपको सुनवा रहे हैं प्रसिद्ध कहानियाँ। पिछले सप्ताह आपने अर्चना चावजी और अनुराग शर्मा की आवाज़ में अनुराग शर्मा की कथा 'बेमेल विवाह' का पॉडकास्ट सुना था। आवाज़ की ओर से आज हम लेकर आये हैं जयशंकर प्रसाद की कहानी "कला", जिसको स्वर दिया है अनुराग शर्मा ने। सुनें और बतायें कि हम अपने इस प्रयास में कितना सफल हुए हैं। कहानी का कुल प्रसारण समय है: 9 मिनट 26 सेकंड।

यदि आप भी अपनी मनपसंद कहानियों, उपन्यासों, नाटकों, धारावाहिको, प्रहसनों, झलकियों, एकांकियों, लघुकथाओं को अपनी आवाज़ देना चाहते हैं हमसे संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए कृपया यहाँ देखें।



झुक जाती है मन की डाली, अपनी फलभरता के डर में।
~ जयशंकर प्रसाद (30-1-1889 - 14-1-1937)

हर शनिवार को आवाज़ पर सुनिए एक नयी कहानी

अब मैं घर जाऊंगी, अब मेरी शिक्षा समाप्त हो चुकी।
(जयशंकर प्रसाद की "कला" से एक अंश)


नीचे के प्लेयर से सुनें.
(प्लेयर पर एक बार क्लिक करें, कंट्रोल सक्रिय करें फ़िर 'प्ले' पर क्लिक करें।)


यदि आप इस पॉडकास्ट को नहीं सुन पा रहे हैं तो नीचे दिये गये लिंकों से डाऊनलोड कर लें (ऑडियो फ़ाइल तीन अलग-अलग फ़ॉरमेट में है, अपनी सुविधानुसार कोई एक फ़ॉरमेट चुनें)
VBR MP3

#135th Story, Kala: Jaishankar Prasad/Hindi Audio Book/2011/16. Voice: Anurag Sharma

Friday, July 1, 2011

कुछ अनजाने अफ़साने सुना रही है आवाज़ की संगीत टीम अपनी नयी अल्बम "मन जाने" में



Taaza Sur Taal (TST) - 19/2011 - Mann Jaane

दोस्तों, संगीत की विविधताओं से भरे इस देश में ये दुर्भाग्य ही है कि आज कल हमें संगीत के नाम पर केवल फिल्म संगीत ही सुनने को मिल रहा है. और बहुत से कारणों के चलते इसमें भी कोई विविधता नज़र नहीं आ रही है. यहाँ तक कि फिल्म संगीत के सबसे बुरे माने जाने वाले ८० के दशक में भी गैर फ़िल्मी ग़ज़लों की अल्बम्स एक अलग तरह के श्रोताओं की जरूरतें पूरी कर रहीं थी, और उस दौर के युवा श्रोताओं के लिए भी बहुत सी गैर फ़िल्मी अल्बम्स जो रोक्क्, पॉप, डिस्को, आदि जोनर का प्रतिनिधित्व कर रहीं थी, उपलब्ध थी. पर आज के इस दौर में तो लगता है, गैर फ़िल्मी संगीत लगभग गायब हो चुका है क्योंकि सबपर फिल्म संगीत हावी हो चुका है. ढेरों टेलंट की खोजों के नाम पर बहुत से नए कलाकारों को एक मंच तो दिया जा रहा है पर कितने इंडियन आइडल्स को हम आज सुन पा रहे हैं कुछ नया करते हुए. संगीत के इस सूखे दौर में फिल्मों से इतर जो संगीत की कोशिशें हो रही है उनको पर्याप्त प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि सचमुच ये तथाकथित नया टेलंट वाकई में कुछ नया करने की गुन्जायिश पैदा कर सके और श्रोताओं को भी कुछ अलग, कुछ नया सुनने को मिल सके.

पिछले दिनों मैंने दो अल्बम्स का जिक्र किया था. आमिर खान प्रोडक्शन की "डेल्ही बेल्ली" जिसमें राम संपंथ ने बहुत ही अनूठा संगीत रचा है, पर विडम्बना देखिये कि अमिताभ भट्टाचार्य जैसे अच्छे गीतकार को भी इसमें "डी के बॉस" जैसे गीत लिखने पड़े (नाम डी के बॉस ही क्यों चुना गया इसे समझने के लिए आपको बहुत अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी). कहने का तात्पर्य ये है फिल्म संगीत में हमेशा ही कलाकारों को बंध कर ही काम करना पड़ता रहा है, इसी बंदिश को तोड़ने का एक प्रयास का जिक्र हमने किया था पिछले हफ्ते निलेश मिश्रा और उनके "बैंड कोल्ल्ड नाईन" की पेशकश "रिवाईंड" का जिक्र करते हुए. आज भी हम एक ऐसी ही अल्बम का जिक्र कर रहे हैं जो फ़िल्मी धारा की लीक को तोड़ने का ही एक प्रयास है. आज कि अल्बम का जिक्र करते हुए हमें इसलिए भी अधिक खुशी हो रही है, कि इसके सभी कलाकार यहीं अपने आवाज़ मंच से जुड़े हुए हैं और इस अल्बम को आवाज़ समर्थित संगीत लेबल "सोनोरे यूनिसन" ने जारी किया है. अल्बम का नाम है "मन जाने", आईये जरा तफ्तीश करें इस अल्बम में शामिल गीतों की.

अल्बम का पहला और शीर्षक गीत "मन जाने", आवाज़ के तीसरे संगीत सत्र का दूसरा गीत था, जिसे आपार लोकप्रियता मिली थी. आवाज़ पर गायिका कुहू का भी ये दूसरा गीत था, इससे पहले वो "काव्यनाद' अल्बम के लिए श्रीनिवास द्वारा स्वरबद्ध महादेवी वर्मा रचित "जो तुम आ जाते एक बार" गा चुकी थी. "मन जाने" में आवाज़ के सबसे पुराने और चर्चित संगीतकार ऋषि एस एकदम नए रूप में दिखे थे. ऋषि की अपनी आवाज़ में कुछ बोल हैं जो इस गीत को एक नया अंदाज़ देते हैं. कुहू की मधुर आवाज़ ने विश्व दीपक के सरल बोलों को बेहद अच्छे से उभारा है खास कर इन शब्दों में –

आगे जाके साँसें उसकी पी लूँ, मन बता
बैठे बैठे मर लूँ या कि जी लूँ, मन बता


"मन जाने" का एक "अनप्लग्ड" संस्करण भी है अल्बम में. जिसमें मुझे लगता है कि यदि ऋषि की आवाज़ वाला हिस्सा हटा दिया जाता तो और शानदार बन सकता था.

"चम्बल का दंगल" बताते हैं विश्व दीपक अगले गीत में इश्क को. "सैयां" एक पंजाबी अंदाज़ का गीत है जिसका नाम पहले "ढोल फॉर पीस" रखा गया था, बाद में जब इसी विरोधाभास को वी डी ने शब्द दिए तो नाम बदल कर "सैयां" रखा गया. कुहू की तरह एक और बहुत ही प्रतिभाशाली गायक हैं श्रीराम ईमनी, जिन्होंने इसे गाया है, खासकर इस गीत में जिस अंदाज़ से "इशक" बोला गया है कमाल है. ढोल का एफ्फेक्ट देकर एक अलग ही कलेवर रचा है ऋषि ने, जो हर बार कुछ नया करने में विश्वास रखते हैं. "सैयां" अपने बोल-संगीत और आवाज़ से आपको झुमा देगा निश्चित ही.

अगला गीत है "सुपारी" जिसकी शुरुआत बेहद शानदार सुनाई पड़ती है, कुहू एक गायिका के रूप में एक बिलकुल अलग रंग में मिलती है यहाँ. इस गीत में भी एक बार फिर वी डी इश्क को परिभाषित करते मिलते हैं. बैक अप आवाज़ देते हुए ऋषि कुछ कमाल सा कर जाते हैं जो गीत में समां सा बांध देते हैं. बोल देखिये –

अब मैं
छिल-छिल मरूँ…
या घट-घट जिऊँ
तिल-तिल मरूँ
या कट-कट जिऊँ

जिद्दी आँखें….
आँके है कम जो इसे,
फाँके बिन तोड़े पिसे,
काहे फिर रोए, रिसे…

वाह....ठेठ देसी शब्दों का इस्तेमाल गीत को और मुखरित करता है, एक और उदाहरण देखिये –

होठों के कोठों पे
जूठे इन खोटों पे
हर लम्हा सजती है
हर लम्हा रजती है…

टुकड़ों की गठरी ये
पलकों की पटरी पे
जब से उतारी है
…… नींदें उड़ीं!!


मैं हमेशा वी डी से कहता हूँ कि ये मुझे उनके लिखे गीतों में सबसे पसंद है, और जाहिर है इस अल्बम में भी ये मेरा सबसे पसंदीदा गीत है. हाँ गीत का नाम "कड़वी सुपारी" अधिक सटीक होता.

उभरते हुए गायक "पियूष कुमार" की आवाज़ में एक बहुत संक्षित गीत है –'दिल की दराजें". मर्ज़ हर ले मेरी.. रख ले मेरी मर्जी….इस गीत में ऋषि की आवाज़ उतनी प्रभावी नहीं हो पायी है. पियूष से यदि बोले गए शब्द कहलाये जाते तो शायद बेहतर परिणाम मिल सकते थे. एलबम का अंतिम गीत है "इलाही" जिसमें श्रीराम का साथ दिया है गायिका श्रीविध्या कस्तूरी ने, यहाँ वी डी ने जिगर मुरादाबादी के शेर को आगे बढाते हुए गीत की रचना की है –

हम कहीं जाने वाले हैं दामन-ए-इश्क़ छोड़कर,
ज़ीस्त तेरे हुज़ूर में, मौत तेरे दयार में.....


आगे वी डी लिखते हैं – "हमने जिगर की बातें सुनी है, मीलों आखें रखके रातें सुनी है....", गुलज़ार साहब याद आ गए न. खैर वी डी के आदर्श हैं गुलज़ार साहब तो कहीं न कहीं उनका प्रभाव आना लाजमी भी है. हालांकि इस शांत प्रार्थना सरीखे सूफी गीत में वी डी कुछ नए तो कुछ बेहद कम इस्तेमाल होने वाले शब्दों से भी खेलते हैं जैसे शाहे-खुबां, कासा-कलगी, सूफ़ी- साकी, हर्फ़े-हस्ती आदि. ऋषि को सूफी में डुबो देने वाली कशिश पैदा करने के लिए शायद अभी थोड़ी और मेहनत करनी पड़ेगी. श्रीविध्या की आवाज़ में ताजगी है वहीँ श्रीराम कुछ छोटी छोटी कमियों के बावजूद गीत को अच्छा निभा पाए हैं. अल्बम के अंत में वी डी का ये शेर आपको अवश्य प्रभावित कर पायेगा –

एक तेरे इश्क़ में डूबकर हमें मौत की कमी न थी,
पर जी गए तुझे देखकर, हमें ज़िंदगी अच्छी लगी।


तो दोस्तों जिंदगी यक़ीनन अच्छी लगेगी अगर आप भी नए नए संगीत का यूहीं आनंद लेते रहें, और जो वाकई अच्छा है उसे न सिर्फ सुनें सराहें बल्कि अपने मित्रों को भी सुझाएँ, सुनाएँ. फिलहाल हम आपको छोड़ते हैं सोनोरे यूनिसन की इस पहली अल्बम "मन जाने" के गीतों के साथ.

आवाज़ रेटिंग - 8.5/10





अक्सर हम लोगों को कहते हुए सुनते हैं कि आजकल के गीतों में वो बात नहीं। "ताजा सुर ताल" शृंखला का उद्देश्य इसी भ्रम को तोड़ना है। आज भी बहुत बढ़िया और सार्थक संगीत बन रहा है, और ढेरों युवा संगीत योद्धा तमाम दबाबों में रहकर भी अच्छा संगीत रच रहे हैं, बस ज़रूरत है उन्हें ज़रा खंगालने की। हमारा दावा है कि हमारी इस शृंखला में प्रस्तुत गीतों को सुनकर पुराने संगीत के दीवाने श्रोता भी हमसे सहमत अवश्य होंगें, क्योंकि पुराना अगर "गोल्ड" है तो नए भी किसी कोहिनूर से कम नहीं।

संग्रहालय

25 नई सुरांगिनियाँ

ओल्ड इज़ गोल्ड शृंखला

महफ़िल-ए-ग़ज़लः नई शृंखला की शुरूआत

भेंट-मुलाक़ात-Interviews

संडे स्पेशल

ताजा कहानी-पॉडकास्ट

ताज़ा पॉडकास्ट कवि सम्मेलन