Wednesday, September 7, 2011

भीगा भीगा प्यार का समां....भीगे भीगे मौसम में सुनिए ये युगल गीत



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 740/2011/180

'ओल्ड इज़ गोल्ड' में इन दिनों जारी है सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका शमशाद बेगम पर केन्द्रित लघु शृंखला 'बूझ मेरा क्या नाव रे'। आज इस शृंखला की नवी कड़ी में प्रस्तुत है शमशाद जी का गाया एक युगल गीत। अब तक आपनें उनके गाये हुए एकल गीत सुनें, पर आज वो आवाज़ मिला रही हैं रफ़ी साहब के साथ। यूं तो तलत महमूद और मुकेश के साथ भी शमशाद जी गा चुकी हैं, पर किशोर कुमार के साथ उन्होंने बहुत से मज़ाइया गीत गाये हैं, और उनके सब से ज़्यादा युगल गीत रफ़ी साहब के साथ हैं। आज की कड़ी के लिए हमने जिस रफ़ी-शमशाद डुएट को चुना है, वह है साल १९६० की फ़िल्म 'सावन' का रिमझिम सावन बरसाता हुआ "भीगा भीगा प्यार का समा, बता दे तुझे जाना है कहाँ"। संगीतकार हैं हंसराज बहल। नय्यर साहब के संगीत की थोड़ी बहुत झलक मिलती है इस गीत में, शायद घोड़ा-गाड़ी रीदम की वजह से। और यह भी सच है कि नय्यर साहब से पहले पंकज मल्लिक और नौशाद साहब इस तरह के रीदम का प्रयोग अपने गीतों में कर चुके थे। क्योंकि नय्यर साहब नें इस रीदम पर सब से ज़्यादा गानें कम्पोज़ किये, इसलिये यह रीदम उनका ट्रेडमार्क बन गया था। बहरहाल फ़िल्म 'सावन' के इस सदाबहार युगल गीत को लिखा है गीतकार प्रेम धवन नें। गीत फ़िल्माया गया है भारत भूषण और अमीता पर।

और आइए अब एक बार फिर से मुड़ा जाये कमल शर्मा के लिए हुए उसी इंटरव्यू की तरफ़ जिसमें शमशाद जी बता रही हैं सहगल साहब, किशोर दा और रफ़ी साहब के बारे में।

कमल जी - सहगल साहब के साथ हुई मुलाक़ात के बारे में हमें कुछ बताइए।

शमशाद जी - उन्हें मैंने बम्बई में देखा था। एक दिन मैं 'रणजीत' में रिहर्सल कर रही थी। ख़बर आई कि सहगल साहब आ रहे हैं। मैंने उन लोगों से कह रखा था कि सहगल साहब की गाड़ी आये तो मुझे बताना। इतने में उनकी गाड़ी आ गई, उनकी उंगली में हीरे की अंगूठी थी। मैंने कहा, "सलाम"। किसी ने उन्हें मेरे बारे में बताया हुआ था, वो मेरे पास आये और पंजाबी में कहा कि ओए तूने अपने बारे में कुछ नहीं बताया, सिर्फ़ सलाम कह कर चली जा रही थी!

कमल जी - सहगल साहब के बाद, अब मैं किशोर दा के बारे में पूछना चाहता हूँ, ये बहुत बाद की बात होगी, उनके साथ भी आपने गाया है।

शमशाद जी - वो बहुत ही शरीफ़ आदमी थे (हँसते हुए)। वो अपनी स्टाइल का बड़ा अच्छा गायक थे, हमारे साथ उनका बहुत अच्छा रिलेशन था, उनके साथ कुछ डुएट्स मैंने गाये हैं। एक गाना बड़ा चला था 'नया अंदाज़' पिक्चर का, उन्होंने भी इतना अच्छा गाया था इसे, "मेरी नींदों में तुम"।

कमल जी - और किन किन गायकों के साथ आपकी जोड़ी बनी?

शमशाद जी - कोई जोड़ी-वोड़ी नहीं जी, उस ज़माने में म्युज़िक डिरेक्टर्स किसी की बात नहीं सुनते थे, वो जिस गायक को चुनेंगे, हमें उसी के साथ गाना पड़ेगा, किसी की मजाल है जो कोई ज़बरदस्ती करे!

कमल जी - अच्छा तो किस गायक के साथ आपको गाते हुए सबसे अच्छा लगा?

शमशाद जी - किसी के भी साथ बुरा नहीं लगा। मैंने हमेशा चाहा कि मैं जिसके साथ गा रही हूँ, वो भी अच्छा गाये। उसका अच्छा होगा तो मेरा भी अच्छा होगा।

कमल जी - शमशाद जी, एक आर्टिस्ट, रफ़ी साहब, उनके बारे में लोग ज़रूर आप के मुंह से जानना चाहेंगे, आपको कैसा लगा उनके साथ काम करके?

शमशाद जी - बहुत शरीफ़ आदमी, नेक आदमी थे. उनका वैसा मिज़ाज नहीं था कि मेरा नाम है इतना, गाने-बजाने वाले लोग ज़्यादा बद-मिज़ाज होते ही नहीं हैं।

तो आइए दोस्तों, इस भीगे भीगे गीत का मज़ा लेते हुए अनुभव करें कि बारिश में भीगते हुए किसी तांगे पे बैठ कर हम सफ़र कर रहे हैं अपने प्रिय साथी के साथ।



और अब एक विशेष सूचना:
२८ सितंबर स्वरसाम्राज्ञी लता मंगेशकर का जनमदिवस है। पिछले दो सालों की तरह इस साल भी हम उन पर 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की एक शृंखला समर्पित करने जा रहे हैं। और इस बार हमने सोचा है कि इसमें हम आप ही की पसंद का कोई लता नंबर प्ले करेंगे। तो फिर देर किस बात की, जल्द से जल्द अपना फ़ेवरीट लता नंबर और लता जी के लिए उदगार और शुभकामनाएँ हमें oig@hindyugm.com के पते पर लिख भेजिये। प्रथम १० ईमेल भेजने वालों की फ़रमाइश उस शृंखला में पूरी की जाएगी।

खोज व आलेख- सुजॉय चट्टर्जी



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Tuesday, September 6, 2011

कहाँ चले हो जी प्यार में दीवाना करके...अपनी आवाज़ से दीवाना करती शमशाद बेगम



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 739/2011/179

'ओल्ड इज़ गोल्ड' के सभी दोस्तों को सुजॉय चटर्जी का सप्रेम नमस्कार! शमशाद बेगम के गाये गीतों पर केन्द्रित इस लघु शृंखला में आइए आज एक बार फिर से रुख़ करते हैं कमल शर्मा द्वारा ली गई साक्षात्कार की तरफ़ और पढ़ा जाये उसी साक्षात्कार से कुछ और अंश।

कमल जी - मुंबई में आने के बाद यहाँ आपकी पहली फ़िल्म कौन सी थी?

शमशाद जी - पहली फ़िल्म महबूब साहब का किया, 'तक़दीर', वो लाहौर गये थे। 'तक़दीर' पिक्चर के लिए मुझे बूक किया था। वहाँ उनकी हीरोइन थी, उनका ससुराल भी वहीं था। वो तो नहीं आईं, महबूब साहब मेरे घर आए और कहा कि तुम मेरे साथ चलो। मेरे बाबा आने नहीं देते थे। वो कहते थे इधर ही ठीक है, तुम क्या इतनी दूर बम्बई जाओगी? दो दो साल शक्ल देखने को नहीं मिलेंगे। महबूब साहब नें कहा कि अरे समुंदर में जाने दो उसको। उन्होंने बाबा से कहा कि मिया, आप ग़लत समझ रहे हैं, इसको जाने दीजिए। अब इसका नाम इतना है कि जाने दो इसे, आप नें सोचा भी नहीं होगा कितनी बड़ी इंडस्ट्री है। उनके कहने पर बाबा नें कहा कि अच्छा जाने देते हैं। फिर 'तक़दीर' पिक्चर बनाकर हम वापस (लाहौर) चले गये। 'तक़दीर' में संगीत था रफ़ीक़ ग़ज़नवी का। रफ़ीक़ बहुत अच्छा गाते थे।

कमल जी - लेकिन 'तक़दीर' नें तय कर दिया कि आपकी तक़दीर मुंबई में ही लिखी है।

शमशाद जी - बम्बई में, यहाँ से चली गई थी मैं, फिर मुझे पूना से बुलाया। एक पिक्चर थी 'नवयुग चित्रपट' की - 'पन्ना'। इसके सारे गानें सुपरहिट हुए। और फ़िल्म सिल्वर जुबिली से भी ज़्यादा टाइम चली थी। फिर वहाँ से बम्बई आ गए। बम्बई आने के बाद, यहाँ सब लोग कहने लगे यह करो वह करो। सब करते करते दो महीने लग गए। फिर आहिस्ता आहिस्ता मैं इधर ही रहने लगी। अभी मकान लिया नहीं था, होटल में रहते थे कई कई। जब हम इधर आकर सेटल हो गए, तब मकान लिया। माहिम में रहते थे।

कमल जी - और पहली गाड़ी आपनें कब ख़रीदी?

शमशाद जी - पहली गाड़ी तो आते ही साल ख़रीदी थी, नहीं तो कैसे आते जाते? नई गाड़ी तो मिलती नहीं थी, तो हमने सेकण्ड हैण्ड ली। नई गाड़ी तो आती नहीं थी। बुकिंग करवानी पड़ती थी या फिर बाहर से आती थी। और कितने कितने साल लग जाते थे, बुकिंग में। फिर '४७ में नई गाड़ी ली, शेवरोले।

कमल जी - मुंबई में सब से ज़्यादा रेकॉर्डिंग् आपकी कहाँ होती थी? यूं तो आज बहुत सारे रेकॉर्डिंग् स्टुडिओज़ हैं, पर उस समय तो गिने-चुने स्टुडिओज़ ही थे। तो सबसे ज़्यादा रेकॉर्डिंग् आपकी कहाँ हुई?

शमशाद जी - आपनें देखा होगा जहाँ पे रणजीत स्टुडिओ हैं न, वहाँ पे गली में जाकर एक बहुत बड़ा स्टुडिओ था - 'सिने साउण्ड'। वहाँ पर बहुत सारे गानें रेकॉर्ड होते थे, क्योंकि वहाँ पे शर्मा का बहुत नाम था ऐज़ रेकॉर्डिस्ट।

कमल जी - अच्छा सब से ज़्यादा रिहर्सल आपने किस गाने के लिये किया था?

शमशाद जी - यह तो भ‍इया मुझे कुछ नहीं याद! मैंने कितने ही गाने गाये हैं।

कमल जी - ऐसा गाना कि एक दिन हो गया, दो दिन भी हो गए?

शमशाद जी - यह तो रोज़ की बात थी। वो एक एक गाने को चार चार छह छह दिन गवाते थे; नौशाद साहब मानेंगे नहीं, आँखें बंद करके बैठ जाते थे। उनकी कितनी ही पिक्चरें हैं जो सिल्वर जुबिली, गोल्डन जुबिली मनायी।

दोस्तों, आज हम शमशाद जी के गाये जिस गीत को लेकर आये हैं, वह है १९५७ की ही फ़िल्म 'मोहिनी' का "कहाँ चले हो जी प्यार में दीवाना करके, मैं तो नीम तले आ गई बहाना करके"। फ़िल्म के संगीतकार थे नारायण दत्ता, जिन्हें हम एन. दत्ता के नाम से ज़्यादा जानते हैं। १९५७ में दत्ता जी नें 'हम पंछी एक डाल के', 'हमारा राज', 'मिस्टर एक्स' और 'मोहिनी' जैसी फ़िल्मों में संगीत दिया। 'मोहिनी' में आज के प्रस्तुत गीत के अलावा शमशाद बेगम नें एक और एकल गीत गाया था जिसके बोल हैं "मेरे दिल का सजनवा इलाज"। इस साल शमशाद नें जिन फ़िल्मों में गीत गाये, उसकी फ़ेहरिस्त इस प्रकार है - मदर इण्डिया, मोहिनी, अमर सिंह राठोड़, भक्त ध्रुव, चंडी पूजा, चंगेज़ ख़ान, छोटी बहू, गरमा-गरम, हम पंछी एक डाल के, जहाज़ी लुटेरा, जय अम्बे, कितना बदल गया इंसान, लाल बत्ती, लक्ष्मी पूजा, मायानगरी, मेरा सलाम, मिर्ज़ा साहिबा, मिस बॉम्बे, मिस इण्डिया, मुसाफ़िर, नाग लोक, नया दौर, पाक दमन, पैसा, परिस्तान, पवन पुत्र हनुमान, क़ैदी, राम-लक्ष्मण, सती परीक्षा, शाही बज़ार, शारदा, शेर-ए-बग़दाद, श्याम की जोगन, ताजपोशी, यहूदी की लड़की। इस फ़ेहरिस्त को देख कर आप समझ चुके होंगे कि उस साल शमशाद जी कितनी व्यस्त गायिका रही होंगी। तो आइए आज का गीत सुना जाये, फ़िल्म 'मोहिनी' के इस गीत को लिखा है गीतकार राजा मेहंदी अली ख़ान नें।



और अब एक विशेष सूचना:
२८ सितंबर स्वरसाम्राज्ञी लता मंगेशकर का जनमदिवस है। पिछले दो सालों की तरह इस साल भी हम उन पर 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की एक शृंखला समर्पित करने जा रहे हैं। और इस बार हमने सोचा है कि इसमें हम आप ही की पसंद का कोई लता नंबर प्ले करेंगे। तो फिर देर किस बात की, जल्द से जल्द अपना फ़ेवरीट लता नंबर और लता जी के लिए उदगार और शुभकामनाएँ हमें oig@hindyugm.com के पते पर लिख भेजिये। प्रथम १० ईमेल भेजने वालों की फ़रमाइश उस शृंखला में पूरी की जाएगी।

अमित जी, कुछ दिन यूहीं चलने दीजिए, फिर पहेली में कोई नयेपन लेकर हाज़िर होंगें हम

खोज व आलेख- सुजॉय चट्टर्जी



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Monday, September 5, 2011

पी के घर आज प्यारी दुल्हन....एक विदाई गीत शमशाद के स्वरों में



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 738/2011/178

पार्श्वगायिका शमशाद बेगम पर केन्द्रित 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की लघु शृंखला 'बूझ मेरा क्या नाव रे' की सातवीं कड़ी में आप सब का स्वागत है। नय्यर साहब के दो गीत सुनने के बाद आज एक बार फिर बारी नौशाद साहब की। १९५७ में नौशाद साहब की एक बेहद महत्वपूर्ण फ़िल्म रही 'मदर इण्डिया'। इस फ़िल्म में शमशाद बेगम के गाये दो एकल गीतों नें फ़िल्म के अन्य गीतों के साथ साथ ख़ूब धूम मचाई। इनमें से एक तो है मशहूर होली गीत "होली आयी रे कन्हाई रंग छलके सुना दे ज़रा बांसुरी", जिसे हम 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में पिछले साल सुनवाया था, और इस साल भी होली के अवसर पर शकील बदायूनी के बेटे जावेद बदायूनी से की गई बातचीत पर केन्द्रित 'शनिवार विशेष' में सुनवाया था। शमशाद जी का गाया 'मदर इण्डिया' का दूसरा गीत था विदाई गीत "पी के घर आज प्यारी दुल्हनिया चली, रोये माता पिता उनकी दुनिया चली"। बड़ा ही दिल को छू लेने वाला विदाई गीत है यह। शमशाद बेगम के गाये मस्ती भरे गीतों को हमने ज़्यादा सुना है। लेकिन कुछ गीत उनके ऐसे भी हैं जो सीरियस क़िस्म के हैं। १९४८ में नौशाद साहब नें शमशाद बेगम से गवाया था "धरती को आकाश पुकारे"। और इसके १० साल बाद नौशाद साहब नें ही उनसे 'मदर इण्डिया' में "पी के घर" गवाया। दृश्य में राज कुमार और नरगिस का विवाह होता है, और उसके बाद विदाई होती है और पाश्व में शमशाद बेगम और सखियों की आवाज़ें गूंज उठती है। दीपचंदी ताल पर आधारित यह गीत शमशाद बेगम के करीयर का एक उल्लेखनीय गीत है। दीपचंदी ताल पर बहुत से गीत बने हैं, जिनमें राग पहाड़ी का मुख्य रूप से प्रयोग किया जाता है।

आज जब नरगिस और शमशाद बेगम का एक साथ ज़िक्र चल पड़ा है, तो क्यों न आज इस अभिनेत्री-गायिका जोड़ी के बारे में थोड़ी चर्चा की जाये! महबूब ख़ान नें जब अपनी फ़िल्म 'तक़दीर' प्लैन की तो वो एक नए चेहरे की तलाश कर रहे थे। और १४ साल की नरगिस को मोतीलाल के ऑपोज़िट चुन लिया। और उनकी पार्श्वगायन के लिए चुना गया शमशाद बेगम को। फ़िल्म के सभी गीत कामयाब रहे और शमशाद जी बन गईं नरगिस जी की आवाज़। 'तक़दीर' की सफलता के बाद शमशाद-नरगिस जोड़ी वापस आईं दो साल बाद, यानी १९४५ में महबूब साहब की ही फ़िल्म 'हुमायूं' में। इस फ़िल्म में शमशाद जी से गीत गवाये गये लेकिन ग्रामोफ़ोन रेकॉर्ड पर राजकुमारी की आवाज़ थी। इस फ़िल्म का "नैना भर आये नीर" गीत को बहुत सफलता मिली थी। १९४७ में नरगिस अभिनीत फ़िल्म 'मेहंदी' में शमशाद जी नें गाया "ओ दूर जाने वाले आती है याद आजा"। १९४८ में नरगिस-शमशाद की जोड़ी नें दो सुपरहिट फ़िल्मों में काम किया - 'आग' और 'मेला'। 'आग' फ़िल्म का "काहे कोयल शोर मचाये" आप इसी शृंखला में सुन चुके हैं। 'नरगिस आर्ट कन्सर्ण' की फ़िल्म 'अंजुमन' में भी शमशाद जी से गीत गवाये गये। इस फ़िल्म के सात शमशाद नंबर्स में पाँच एकल थे और दो युगल। १९४९ की फ़िल्म 'अंदाज़' में लता जी नें नरगिस का प्लेबैक किया, जब कि शमशाद जी की आवाज़ ली गई कुक्कू के लिए। यह वह समय था जब लता मंगेशकर पहली पहली बार के लिए उस समय की प्रचलित गायिकाओं के सामने कड़ी चुनौती रख दी। १९५० में 'बाबुल' फ़िल्म में एक बार फिर शमशाद जी की आवाज़ सजी नरहिस के होठों पर, हालांकि फ़िल्म के सभी शमशाद नंबर्स गीत नरगिस पर नहीं फ़िल्माये गये थे। इस फ़िल्म में शमशाद जी मुख्य गायिका थीं और लता जी दूसरी गायिका। लेकिन बहुत जल्द ही लता जी मुख्य गायिका के रूप में स्थापित हो गईं। फ़ीमेल डुएट्स में पहले पहले शमशाद बेगम नायिका की आवाज़ बनतीं और लता जी नायिका की सहेली या बहन की; पर ५० के दशक में लता जी बन गईं नायिका की आवाज़ और शमशाद जी की आवाज़ पर "दूसरी लड़की" नें होंठ हिलाये। आइए अब सुना जाये आज का गीत फ़िल्म 'मदर इण्डिया' से। शक़ील साहब के बोल और नौशाद साहब का संगीत।



और अब एक विशेष सूचना:
२८ सितंबर स्वरसाम्राज्ञी लता मंगेशकर का जनमदिवस है। पिछले दो सालों की तरह इस साल भी हम उन पर 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की एक शृंखला समर्पित करने जा रहे हैं। और इस बार हमने सोचा है कि इसमें हम आप ही की पसंद का कोई लता नंबर प्ले करेंगे। तो फिर देर किस बात की, जल्द से जल्द अपना फ़ेवरीट लता नंबर और लता जी के लिए उदगार और शुभकामनाएँ हमें oig@hindyugm.com के पते पर लिख भेजिये। प्रथम १० ईमेल भेजने वालों की फ़रमाइश उस शृंखला में पूरी की जाएगी।

पहेली में अमित जी के आलावा कोई उत्साह के साथ रूचि नहीं ले रहा. हमें लगता है कि आने वाले गीत का अंदाजा लगाने के बजाय अब से हम प्रस्तुत गीत पर चर्चा करें...आपका क्या विचार है

खोज व आलेख- सुजॉय चट्टर्जी



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

Sunday, September 4, 2011

रात रंगीली गाये रे....एक अलग भाव का गीत शमशाद का गाया



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 736/2011/176

'ओल्ड इज़ गोल्ड' के एक और नई सप्ताह में आप सभी का मैं, सुजॉय चटर्जी, स्वागत करता हूँ। इन दिनों इस स्तंभ में जारी है फ़िल्म जगत की सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका शमशाद बेगम के गाये गीतों से सुसज्जित लघु शृंखला 'बूझ मेरा क्या नाव रे'। पाँच गीत आपनें सुनें, पाँच गीत अभी और सुनने वाले हैं। पिछले हफ़्ते यह शृंखला आकर रुकी थी नय्यर साहब की धुन पर फ़िल्म 'सी.आइ.डी' के गीत पर। नय्यर साहब के साथ शमशाद जी की पारी इतनी सफल रही है कि केवल एक गीत सुनवाकर हम आगे नहीं बढ़ सकते। इसलिए आज के अंक में भी है धूम नय्यर-शमशाद के जोड़ी की। 'दास्तान-ए-नय्यर' सीरीज़ में जब नय्यर सहाब से शमशाद बेगम के बारे में ये पूछा गया था -

कमल शर्मा: शमशाद जी से आप किस तरह से मिले?

ओ.पी. नय्यर: शमशाद जी को क्योंकि मैं लाहौर से ही जानता हूँ, रेडियो से। वो मेरे से ४-५ साल बड़ी हैं, तो बच्चा था मैं उनके आगे, और मैं उनको बहुत पहले से, पेशावर में, पश्तो गाने गाया करती थीं। फिर रेडियो लाहौर में आ गईं। बड़ी ख़ुलूस, बहुत प्यार करने वाली ईमोशनल औरत है।

कमल शर्मा: क्या खनकती आवाज़ है!

ओ.पी. नय्यर: टेम्पल वॉयस साहब, उनका नाम ही टेम्पल वॉयस है।

यूनुस ख़ान: नय्यर साहब, आपके कई गानें शमशाद बेगम नें गाये हैं, और आपने कहा है कि शमशाद बेगम आपको ख़ास हिंदुस्तानी धरती से जुड़ा स्वर लगता है।

ओ.पी. नय्यर: टेम्पल वॉयस, उसकी आवाज़ का नाम है टेम्पल बेल; जब मंदिर में घंटियाँ बजती हैं, गिर्जा में घंटे बजते हैं, इस तरह की खनक है उनकी आवाज़ में, जो किसी फ़ीमेल आर्टिस्ट में नहीं है और न कभी होगी।

यूनुस ख़ान: और वो आपके कम्पोज़ किए हुए और शमशाद बेगम के गाये हुए जो जो आपके गीत हैं, उनके बारे में हमको बताइए कि शमशाद बेगम की क्या रेंज थी और...

ओ.पी. नय्यर: ख़ूब रेंज थी उनकी, कोई रेंज कम नहीं थी। ऑरिजिनल वॉयसेस जो हैं, वो शमशाद और गीता ही हैं। आशा की कई क़िस्म की आवाज़ें आपको आज भी मिलेंगी, लता जी की आवाज़ें आपको आज भी मिलेंगी, लेकिन गीता और शमशाद की आवाज़ कहीं नहीं मिलेगी। यह हक़ीक़त है। देखिये पहले तो मैं गीता जी, शमशाद जी, इनसे काफ़ी मैं गानें लेता रहा, और बाद में आशाबाई आ गईं हमारी ज़िंदगी में, तो वो हमसे भी मोहब्बत करने लगीं और हमारे संगीत से भी।

और इस तरह से दोस्तों, आशा भोसले के आ जाने के बाद गीता दत्त और शमशाद बेगम, दोनों के लिये नय्यर साहब नें अपने दरवाज़े बंद कर दिए। लेकिन तब तक ये दोनों गायिकायें उनके लिए इतने गानें गा चुकी थी कि जिनकी फ़ेहरिस्त बहुत लम्बी है। उसी लम्बी फ़ेहरिस्त से आज प्रस्तुत है १९५६ की फ़िल्म 'नया अंदाज़' से "रात रंगीली गाये रे, मोसे रहा न जाये रे, मैं क्या करूँ"। मीना कुमारी पर फ़िल्माया हुआ गीत है। इस फ़िल्म का शमशाद जी और किशोर दा के युगल स्वरों में "मेरी नींदों में तुम" गीत आप 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर पहले सुन चुके हैं। जाँनिसार अख़्तर साहब का लिखा हुआ गीत है, और खनकती आवाज़ शमशाद बेगम की। मीना कुमारी, जो बाद में ट्रैजेडी क्वीन के रूप में जानी गईं, इस फ़िल्म में उनका किरदार एक सामान्य लड़की की थी। इस गीत के फ़िल्मांकन में मीना कुमारी अपने कमरे में, आंगन में गाती हुई दिखाई देती हैं। रात में नायिका अपने दिल का हाल बयाँ करती शीर्षक पर बहुत सारे गीत बने हैं समय समय पर, यह गीत भी उन्हीं में से एक है। यह बताते हुए कि किशोर कुमार और मीना कुमारे के अलावा 'नया अंदाज़' में जॉनी वाकर, प्राण, कुमकुम, जयंत और टुनटुन नें भी मुख्य भूमिकाएँ निभाई थी, आइए आपको सुनवाते हैं "रात रंगीली गाये रे"।



और अब एक विशेष सूचना:
२८ सितंबर स्वरसाम्राज्ञी लता मंगेशकर का जनमदिवस है। पिछले दो सालों की तरह इस साल भी हम उन पर 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की एक शृंखला समर्पित करने जा रहे हैं। और इस बार हमने सोचा है कि इसमें हम आप ही की पसंद का कोई लता नंबर प्ले करेंगे। तो फिर देर किस बात की, जल्द से जल्द अपना फ़ेवरीट लता नंबर और लता जी के लिए उदगार और शुभकामनाएँ हमें oig@hindyugm.com के पते पर लिख भेजिये। प्रथम १० ईमेल भेजने वालों की फ़रमाइश उस शृंखला में पूरी की जाएगी।

इन तीन सूत्रों से पहचानिये अगला गीत -
१. ये एक विदाई गीत है.
२. आवाज़ है शमशाद बेगम की.
३. मुखड़े में शब्द है - प्यारी"

अब बताएं -
इस गीत के गीतकार - ३ अंक
संगीतकार बताएं - २ अंक
फिल्म की नायिका कौन है - २ अंक

सभी जवाब आ जाने की स्तिथि में भी जो श्रोता प्रस्तुत गीत पर अपने इनपुट्स रखेंगें उन्हें १ अंक दिया जायेगा, ताकि आने वाली कड़ियों के लिए उनके पास मौके सुरक्षित रहें. आप चाहें तो प्रस्तुत गीत से जुड़ा अपना कोई संस्मरण भी पेश कर सकते हैं.

पिछली पहेली का परिणाम -

खोज व आलेख- सुजॉय चट्टर्जी



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

वे (रवीन्द्रनाथ ठाकुर) असाधारण गीतकार तथा संगीतकार थे - माधवी बंद्योपाध्याय



सुर संगम - 33 -रवीन्द्रनाथ ठाकुर की सार्द्धशती वर्ष-२०११ पर श्रद्धांजलि (पहला भाग)

बांग्ला और हिन्दी साहित्य की विदुषी श्रीमती माधवी बंद्योपाध्याय से कृष्णमोहन मिश्र की रवीन्द्र साहित्य और उसके हिन्दी अनुवाद विषयक चर्चा
त कर देना शीश को प्रभु, चरण कमल रज के तल में।
मेरे अहं को सतत डुबोना, मेरे वचन अश्रु-जल में।


‘सुर संगम’ का आज का अंक हमने कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की एक कविता के हिन्दी अनुवाद से किया है।‘गीतांजलि’ के इस पद का हिन्दी काव्यानुवाद विदुषी माधवी बंद्योपाध्याय ने किया है। १२ सितम्बर, १९३७ को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक प्रवासी बंगाली परिवार में माधवी जी का जन्म हुआ था। पारिवारिक संस्कार और स्वाध्याय से उन्होने बांग्ला भाषा और साहित्य का गहन अध्ययन किया। अँग्रेजी विषय में उन्होने स्नातक तक शिक्षा ग्रहण की। माधवी जी को बाल्यावस्था से कविता, कहानी, निबन्ध आदि लिखने में पर्याप्त रुचि थी। विवाह के उपरान्त पति श्री दिलीप कुमार बनर्जी के सहयोग और प्रोत्साहन से बांग्ला और हिन्दी की मौलिक तथा अनूदित कृतियाँ एक के बाद एक प्रकाशित होती रहीं। अब तक माधवी जी की लगभग डेढ़ दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। हमारे आग्रह पर माधवी दीदी ने‘सुर संगम’के लिए रवीन्द्र-संगीत, साहित्य और उनके हिन्दी अनुवाद पर चर्चा करने की सहर्ष सहमति दी। हम उनके प्रति आभार प्रकट करते हुए इस बातचीत का सिलसिला आरम्भ करते हैं।

कृष्णमोहन- आदरणीया माधवी दीदी, नमस्कार! और‘सुर संगम’के मंच पर आपका हार्दिक स्वागत है। यद्यपि यह स्तम्भ शास्त्रीय, उपशास्त्रीय और लोक संगीत पर केन्द्रित है किन्तु इस अंक में हम रवीन्द्रनाथ ठाकुर के १५० वें जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में रवीन्द्र संगीत के साथ-साथ उनके समग्र साहित्य पर आपसे चर्चा करेंगे।

माधवी दीदी- नमस्कार! कृष्णमोहन जी आपको और ‘सुर संगम’के सभी पाठकों का आभार प्रकट करती हूँ कि आपने मुझे विश्वकवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर की सार्द्धशती वर्ष में उनको श्रद्धांजलि अर्पण करने का अवसर दिया।

कृष्णमोहन- माधवी जी, आपने रवीन्द्र साहित्य का न केवल गहन अध्ययन किया है, बल्कि उनकी अनेक कृतियों का हिन्दी अनुवाद भी किया है। सर्वप्रथम हमें यह बताएँ कि विश्वकवि और उनका साहित्य आपकी दृष्टि में किस प्रकार उल्लेखनीय है?

माधवी दीदी- विश्वकवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर आज हमारे बीच सशरीर उपस्थित नहीं हैं, किन्तु उनकी पवित्र आत्मा सदा हमारे बीच विद्यमान है। वह हमारी अन्तरात्मा के साथ इस प्रकार घुलमिल गए हैं कि अब उन्हें स्वयं से अलग करना सम्भव नहीं है। वायु-प्रकाश सदैव हमारे साथ लिप्त रहते हैं। उनके बिना हम एक पल नहीं जी सकते। हम उन्हें हर समय अनुभव नहीं करते है फिर भी ये दोनों तत्व अनजाने में ही हमारे साथ बने रहते हैं। कविगुरु भी इसी प्रकार अनजाने में सदा हमारे मन में विद्यमान रहते हैं। यद्यपि हम उन्हें हर समय स्मरण नहीं करते हैं पर, वह हमारे मन में इस प्रकार बसे हुए है कि हम उन्हें कभी भूलते भी नहीं हैं। रवीन्द्रनाथ को हम एक शब्द में महामानव कह सकते हैं। उनके गुणों की परिधि की विशालता उनके ६ विराट कर्मकाण्ड तथा उनकी विविधता के बारे में हम निर्वाक होकर केवल सोचते ही रहते है।

एक तरफ है उनकी साहित्यिक कृतियों के अन्तर्गत- कथा साहित्य में उपन्यास, लघुकथाएँ, प्रबन्ध आदि अत्यन्त रोचक है। नाट्य साहित्य में उनके नाटक, नृत्य नाटिकाएँ वास्तव में मनोगुग्धकारी है। कविताओं की जितनी प्रशंसा करें, कम हैं। ‘गीतांजलि’ में उन्होंने नोबेल पुरस्कार प्राप्त किया था, जो हर भारतवासी के लिये गर्व की बात है। रवीन्द्रनाथ का प्रबन्ध अपनी एक अलग गभ्भीरता रखता है। यदि उनके संगीत के बारे में कहा जाय तो वह रस और भाव से भरा हुआ है। वे असाधारण गीतकार तथा संगीतकार थे। स्वयं गीत लिखते थे और स्वयं ही उसकी स्वरलिपि बनाते थे। रवीन्द्र संगीत का एक अलग ही वैशिष्ट्य होता है। गाने से पूरे परिवेश में वह सुर छा जाता है। गीत सुनकर ही पता चल जाता है कि वह रवीन्द्र संगीत है।


कृष्णमोहन- इससे पहले कि हम आपसे रवीन्द्र संगीत की विशेषताओं के बारे में कुछ और प्रश्न करें, हम अपने पाठकों/श्रोताओं को रवीन्द्रनाथ ठाकुर की ही आवाज़ में कुछ काव्य-पंक्तियाँ सुनवाना चाहते हैं।

माधवी दीदी- अवश्य सुनवाइए कृष्णमोहन जी, स्वयं कविगुरु की आवाज़ में उन्हीं की कविता को सुनना मेरे लिए भी दुर्लभ क्षण होगा।

कविता का शीर्षक ‘प्रोश्नों’ : स्वर – रवीन्द्रनाथ ठाकुर


माधवी दीदी- इस आवाज़ को सुनवा कर आपने मेरे कानों को तृप्त कर दिया। अब मैं आपके प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास करती हूँ। रवीन्द्र संगीत में ऐसी विशेषताएँ होती हैं कि इसे भारतीय संगीत के क्षेत्र में एक अलग विधा के रूप में मान्यता भी प्राप्त हो चुकी है। रवीन्द्र संगीत, स्वर तथा भाव प्रधान होता है और सादगी में सुन्दरता इसकी विशेषता है। रवीन्द्रनाथ अपने संगीत को तान-तरानों से नहीं सजाते थे। वाद्य संगति में भी सादगी होती है। मात्र स्वर और ताल के लिए एक-एक वाद्य संगति के लिए पर्याप्त होता है। खुले हुए कण्ठ में रवीन्द्र संगीत गाना चाहिए। काव्य के भावों के अनुकूल रागों का चयन और स्वर के साथ-साथ अपनी आत्मा को संतुष्टि देना ही इस संगीत का वैशिष्ट्य है। गाते समय केवल कण्ठ का ही नहीं बल्कि आत्मा की आवाज भी सुनाई देती है। रवीन्द्र संगीत कई पर्वों में विभाजित है। प्रकृति पर्व, प्रेम पर्व, पूजा पर्व, देशात्मबोधक संगीत, भानु सिंह की पदावलि इत्यादि उनके संगीत की विविधता है। एक और विशेषता यह है कि उनका प्रेमपर्व और पूजापर्व मानों एक ही साथ घुल-मिल गया है। यदि वे गीत में प्रेमी को सम्बोधित करते है तो ऐसा प्रतीत होता है कि वह ईश्वर के उद्देश्य से बोल रहे है। ईश्वर ही उनका प्रेमी है।

इसके साथ ही कविगुरु प्रकृति-प्रेमी थे। प्रत्येक ऋतु के अनुकूल उन्होंने गीत रचना की है। वर्षा ऋतु पर उनके सबसे अधिक गीत हैं। उनका मानना था कि वर्षा ऋतु का प्रभाव सीधे मनुष्य के मन पर पड़ता है। बरसात की ध्वनि में जो विविधता होती है वह व्यक्ति की मानसिकता पर अलग-अलग प्रभाव का विस्तार करती है। कभी प्रेम तो कभी विरह जगाता है, कभी मन उदास होकर दूर आसमान में उड़ने लगता है, कभी-कभी वर्षा की ध्वनि मनुष्य को बावरा सा बना देता है, उसे घर में, या फिर किसी काम में मन नहीं लगता है। उन्होंने वर्षा ऋतु पर बहुत सारे गीत लिखे और भाष्य के साथ ‘वर्षामंगल’ नामक धारा-भाष्य लिखा है। ‘ऋतुरंग’ उनका दूसरा धारा-भाष्य है।

कृष्णमोहन- माधवी दी’ आपने अभी ‘वर्षामंगल’ की चर्चा की है। यहाँ थोड़ा विराम लेकर हम रवीन्द्रनाथ ठाकुर की कालजयी रचना ‘वर्षामंगल’ का एक ऋतु आधारित गीत अपने पाठकों/श्रोताओं को सुनवाते हैं।

रवीन्द्र संगीत : "एसो श्यामलो सुन्दरो..." (वर्षामंगल) : स्वर – आशा भोसले


दोस्तों, इस गीत के साथ आज के अंक को यहीं विराम देता हूँ। ‘सुर संगम’ के अगले अंक में भी हम रवीन्द्र साहित्य की विदुषी माधवी वंद्योपाध्याय से की गई यह चर्चा जारी रखेंगे। आप सभी संगीत प्रेमियों की हमें अगले रविवार को प्रतीक्षा रहेगी।

संलग्न चित्र परिचय :- भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् द्वारा आयोजित कार्यक्रम में व्याख्यान/प्रदर्शन करती हुई श्रीमती माधवी बंद्योपाध्याय.

प्रस्तुति - सुमित चक्रवर्ती

आवाज़ की कोशिश है कि हम इस माध्यम से न सिर्फ नए कलाकारों को एक विश्वव्यापी मंच प्रदान करें बल्कि संगीत की हर विधा पर जानकारियों को समेटें और सहेजें ताकि आज की पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी हमारे संगीत धरोहरों के बारे में अधिक जान पायें. "ओल्ड इस गोल्ड" के जरिये फिल्म संगीत और "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" के माध्यम से गैर फ़िल्मी संगीत की दुनिया से जानकारियाँ बटोरने के बाद अब शास्त्रीय संगीत के कुछ सूक्ष्म पक्षों को एक तार में पिरोने की एक कोशिश है शृंखला "सुर संगम". होस्ट हैं एक बार फिर आपके प्रिय सुजॉय जी.

Saturday, September 3, 2011

शनिवार विशेष - 'अफसाना' के गीतों से उन्होने अपनी लेखनी का लोहा मनवा लिया...



फिल्म-जगत के सुप्रसिद्ध शायर / गीतकार असद भोपाली के व्यक्तित्व और कृतित्व पर उनके सुपुत्र पटकथा-संवाद लेखक ग़ालिब खाँ से एक साक्षात्कार
शनिवार विशेषांक (प्रथम भाग)

ओल्ड इज़ गोल्ड' के सभी गीत-संगीत प्रेमियों को कृष्णमोहन मिश्र का सादर अभिवादन, और स्वागत है आप सभी का इस 'शनिवार विशेषांक' के मंच पर। दोस्तों, फिल्म-जगत में कुछ ऐसे भी सृजनशील रचनाकार हुए हैं, जिन्होने गुणबत्ता से कभी भी समझौता नहीं किया, चाहे फिल्म उन्हें किसी भी श्रेणी की मिली हो। फिल्म-जगत के एक ऐसे ही प्रतिभावान, स्वाभिमानी और संवेदनशील शायर-गीतकार असद भोपाली के व्यक्तित्व और कृतित्व पर इस बार के शनिवार विशेषांक में हम चर्चा करेंगे। पिछले दिनों फिल्म और टेलीविज़न धारावाहिक के पटकथा, संवाद और गीत लेखक ग़ालिब खाँ से हमारा सम्पर्क हुआ। मालूम हुआ कि अपने समय के चर्चित गीतकार असद भोपाली के आप सुपुत्र हैं। अपने स्वाभिमानी पिता से ही प्रेरणा पाकर ग़ालिब खाँ फिल्म और टेलीविज़न के क्षेत्र में सफलतापूर्वक सक्रिय हैं। हमने ग़ालिब साहब से अनुरोध किया कि वो अपने पिता असद भोपाली के बारे में हमारे साथ बातचीत करें। अपनी व्यस्तता के बावजूद उन्होने हमसे बातचीत की। प्रस्तुत है चार दशकों तक फिल्म-गीतकार के रूप में सक्रिय श्री असद भोपाली के व्यक्तित्व और कृतित्व पर उनके सुपुत्र ग़ालिब खाँ से किये गये साक्षात्कार के सम्पादित अंश-

कृष्णमोहन- ग़ालिब खाँ साहब, ‘आवाज़’के शनिवार विशेषांक के इस मंच पर हम आपका हार्दिक स्वागत करते हैं।
ग़ालिब खाँ- धन्यवाद। आपने ‘आवाज़’ के मंच पर मुझे अपने पिता के बारे में कुछ कहने का अवसर दिया, इसके लिए मैं आपका और सभी पाठकों / श्रोताओं का आभारी हूँ।

कृष्णमोहन- ग़ालिब साहब, करोड़ों फिल्म संगीत प्रेमी आपके पिता को असद भोपाली के नाम से जानते हैं। हम उनका वास्तविक नाम जानना चाहते हैं साथ ही यह भी जानना चाहेंगे कि आपके खानदान का सम्बन्ध भोपाल से किस प्रकार से है?
ग़ालिब खाँ- मेरे पिता असद उल्लाह खाँ का जन्म १० जुलाई १९२१ को भोपाल में हुआ था। उनके पिता यानि मेरे दादा मुंशी अहमद खाँ का भोपाल के आदरणीय व्यक्तियों में शुमार था। वे एक शिक्षक थे और बच्चों को अरबी-फारसी पढ़ाया करते थे। पूर्व राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा भी उनके शिष्यों में से एक थे। वो घर में ही बच्चों को पढ़ाया करते थे, इसीलिए मेरे पिताजी भी अरबी-फारसी के साथ साथ उर्दू में भी वो महारत हासिल कर पाए जो उनकी शायरी और गीतों में हमेशा झलकती रही। उनके पास शब्दों का खज़ाना था। एक ही अर्थ के बेहिसाब शब्द हुआ करते थे उनके पास। इसलिए उनके जानने वाले संगीतकार उन्हें गीत लिखने की मशीन कहा करते थे।

कृष्णमोहन- फिल्म-जगत में आने से पहले एक शायर के रूप वो कितने लोकप्रिय थे?
ग़ालिब खाँ- मेरे पिता को शायरी का शौक़ किशोरावस्था से ही था, यह बात मेरी माँ बताया करती थीं। उस दौर में जब कवियों और शायरों ने आज़ादी की लड़ाई में अपनी कलम से योगदान किया था, उस दौर में उन्हें भी अपनी क्रान्तिकारी लेखनी के कारण जेल की हवा खानी पड़ी थी।

कृष्णमोहन- इसका अर्थ हुआ कि असद भोपाली साहब स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी भी थे।
ग़ालिब खाँ- जी हाँ, आज़ादी की लड़ाई में हर वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया था। इनमें साहित्यकारों की भी भूमिका रही है। मेरे पिता ने एक बुद्धिजीवी के रूप में इस लड़ाई में अपना योगदान किया था। क्रान्तिकारी लेखनी के कारण अंग्रेजी सरकार ने उन्हें जेल में बन्द कर दिया था। ये और बात है कि अंग्रेज़ जेलर भी उनकी 'गालिबी' का प्रशंसक हो गया था। (जी हाँ; वो अंग्रेज़ जेलर शायरी को 'गालिबी' कहा करता था)। जेल से छूटने के बाद मेरे पिता मुशायरों में हिस्सा लेते रहे।

कृष्णमोहन- स्वतन्त्रता संग्राम में अपनी लेखनी से योगदान करने वाले शायर असद भोपाली साहब फिल्मी दुनिया में कैसे पहुँचे?
ग़ालिब खाँ- तब देश आज़ाद हो चुका था। उन दिनों हर छोटे-बड़े मुशायरे में उन्हें सम्मान से बुलाया जाता था। इसी शायरी ने उन्हें फिल्मनगरी मुम्बई (तत्कालीन बम्बई) पहुँचा दिया। हुआ यूँ कि भोपाल टाकीज की तरफ से एक मुशायरे का आयोजन किया गया था और शायरों की जबान में कहा जाए तो उन्होंने ये ‘मुशायरा लूट लिया’ था। नतीजा ये हुआ कि भोपाल टाकिज के मैनेजर मिस्बाह साहब ने उन्हें पाँच सौ रूपये दिये और फाजली ब्रदर्स का पता दिया, जिन्हें अपनी नयी फिल्म के गीतों के लिए एक माहिर शायर कि दरकार थी। वो सन १९४९ में बम्बई (अब मुम्बई) आये और हमेशा के लिए यहीं के होकर रह गए। 'दुनिया' उनकी पहली फिल्म थी। संगीतकार थे सी.रामचन्द्र और मुख्य भूमिकाओं में करण दीवान, सुरैया, और याकूब जैसे महान कलाकार थे। इस फिल्म का गीत “अरमान लूटे दिल टूट गया...” लोकप्रिय भी हुआ था।

कृष्णमोहन- ग़ालिब साहब, १९४९ में प्रदर्शित फिल्म ‘दुनिया’ में आपके पिता असद भोपाली के लिखे इस पहले गीत को क्यों न हम श्रोताओं को सुनवाते चलें?
ग़ालिब खाँ- ज़रूर, मेरे पिता के इस पहले फिल्मी गीत को श्रोताओं को ज़रूर सुनवाइए।

फिल्म – दुनिया : "अरमान लुटे दिल टूट गया..." : गायिका - सुरैया


कृष्णमोहन- बहुत दर्द भरा गीत है। अब आपसे हम यह जानना चाहेंगे कि फिल्म-जगत में स्थापित हो जाने के बाद असद साहब के शुरुआती दौर का सबसे लोकप्रिय गीत कौन सा है?
ग़ालिब खाँ- शुरुआती दौर में उन्होंने संगीतकार श्यामसुन्दर और हुस्नलाल भगतराम जैसे नामी संगीतकारों के साथ काम किया था। बी.आर. चोपड़ा द्वारा निर्देशित सफलतम फिल्म 'अफसाना' के गीतों से उन्होने अपनी लेखनी का लोहा भी मनवा लिया। फिल्म का एक गीत -"किस्मत बिगड़ी दुनिया बदली, फिर कौन किसी का होता है, ऐ दुनिया वालों सच तो कहो क्या प्यार भी झूठा होता है..." आज भी लोगों को याद है। इस गीत को संगीतकार हुस्नलाल-भगतराम के निर्देशन में मुकेश ने गाया है। मुझे अपने पिता के लिखे गीतों में यह गीत बेहद पसन्द है। कृष्णमोहन जी, क्या यह गीत हम श्रोताओं को सुनवा सकते हैं?

कृष्णमोहन- अवश्य! मैं स्वयं आपसे यही कहना चाह रहा था। तो ‘ओल्ड इज़ गोल्ड शनिवार विशेषांक’ के प्रिय पाठकों-श्रोताओं! आप सुनिए हमारे आज के अतिथि जनाब ग़ालिब खाँ की पसन्द का गीत, जिसे उनके पिता और सुप्रसिद्ध शायर-गीतकार असद भोपाली ने १९५१ में प्रदर्शित फिल्म ‘अफसाना’ के लिए लिखा था। आप यह गीत सुनें और आज हमें यहीं विराम लेने की अनुमति दीजिए। इस साक्षात्कार का दूसरा भाग लेकर हम अगले शनिवार को अपने अतिथि जनाब ग़ालिब खाँ के साथ पुनः उपस्थित होंगे। धन्यवाद!

फिल्म – अफसाना : "किस्मत बिगड़ी दुनिया बदली..." : गायक – मुकेश


कृष्णमोहन मिश्र
शेष अगले अंक में........

चित्र - ग़ालिब खान (उपर)
असद भोपाली (नीचे)

अनुराग शर्मा की कहानी "सौभाग्य"



'सुनो कहानी' इस स्तम्भ के अंतर्गत हम आपको सुनवा रहे हैं प्रसिद्ध कहानियाँ। पिछले सप्ताह आपने पंडित सुदर्शन की मार्मिक कहानी "तीर्थयात्रा" का पॉडकास्ट अर्चना चावजी की आवाज़ में सुना था। आज हम आपकी सेवा में प्रस्तुत कर रहे हैं अनुराग शर्मा की एक कहानी "सौभाग्य", जिसको स्वर दिया है अनुराग शर्मा और डॉ. मृदुल कीर्ति ने।कहानी "सौभाग्य" का कुल प्रसारण समय 27 मिनट 31 सेकंड है। सुनें और बतायें कि हम अपने इस प्रयास में कितना सफल हुए हैं।

इस कथा का टेक्स्ट बर्ग वार्ता ब्लॉग पर उपलब्ध है।

यदि आप भी अपनी मनपसंद कहानियों, उपन्यासों, नाटकों, धारावाहिको, प्रहसनों, झलकियों, एकांकियों, लघुकथाओं को अपनी आवाज़ देना चाहते हैं हमसे संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए कृपया यहाँ देखें।


पतझड़ में पत्ते गिरैं, मन आकुल हो जाय। गिरा हुआ पत्ता कभी, फ़िर वापस ना आय।।
~ अनुराग शर्मा

हर शनिवार को आवाज़ पर सुनें एक नयी कहानी
"इसका मतलब यह तो नहीं कि एक नौकरानी की तरह इस आदमी का हर काम करती रहूँ।"
(अनुराग शर्मा की "सौभाग्य" से एक अंश)


नीचे के प्लेयर से सुनें.
(प्लेयर पर एक बार क्लिक करें, कंट्रोल सक्रिय करें फ़िर 'प्ले' पर क्लिक करें।)

यदि आप इस पॉडकास्ट को नहीं सुन पा रहे हैं तो नीचे दिये गये लिंक से डाऊनलोड कर लें:
VBR MP3
#143rd Story, Saubhagya: Anurag Sharma/Hindi Audio Book/2011/24. Voice: Anurag Sharma

Thursday, September 1, 2011

कहीं पे निगाहें कहीं पे निशाना...शोखियों में डूबा एक नशीला गीत



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 735/2011/175

'ओल्ड इज़ गोल्ड' में शमशाद बेगम की खनकती आवाज़ इन दिनों गूंज रही है उन्हीं को समर्पित लघु शृंखला 'बूझ मेरा क्या नाव रे' में। आज हम जिस संगीतकार की रचना सुनवाने जा रहे हैं, उन्होंने भी शमशाद बेगम को एक से एक लाजवाब गीत दिए, और उनकी आवाज़ को 'टेम्पल बेल वॉयस' की उपाधि देने वाले ये संगीतकार थे ओ. पी. नय्यर। नय्यर साहब के अनुसार दो गायिकाएँ जिनकी आवाज़ ऑरिजिनल आवाज़ें हैं, वे हैं गीता दत्त और शमशाद बेगम। दोस्तों, विविध भारती पर नय्यर साहब की एक लम्बी साक्षात्कार प्रसारित हुआ था 'दास्तान-ए-नय्यर' शीर्षक से। उस साक्षात्कार में कई कई बार शमशाद जी का ज़िक्र छिड़ा था। आज और अगली कड़ी में हम उसी साक्षात्कार के चुने हुए अंशों को पेश करेंगे जिनमें नय्यर साहब शमशाद जी के बारे में बताते हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वो अपना पहला पॉपुलर गीत "प्रीतम आन मिलो" को मानते हैं, तो नय्यर साहब का जवाब था, ""कभी आर कभी पार लागा तीर-ए-नज़र", 'आर-पार' का पहला सुपरहिट गाना शमशाद जी का"। शमशाद बेगम के गाये गीतों में नय्यर साहब डबल बेस का ख़ूब इस्तमाल किया करते थे, इस बारे में भी जानिये उन्हीं से - "मैं जब जैसे चाहता था, एक दिन मुझे एक रेकॉर्डिस्ट नें कम्प्लिमेण्ट दिया कि नय्यर साहब, आप रेकॉर्डिंग् करवाना जानते हो, बाकी किसी को पता नहीं! ये आपने सुना "ज़रा हट के ज़रा बच के, ये है बॉम्बे मेरी जान", और उसमें, शमशाद जी के गानों में "लेके पहला पहला प्यार", "कभी आर कभी पार", "बूझ मेरा क्या नाव रे", ये डबल बेस का खेल है सब!"

नय्यर साहब के इंटरव्यूज़ में एक कॉमन सवाल जो होता था, वह था लता से न गवाने का कारण। 'दास्तान-ए-नय्यर' में जब यह बात चली कि मदन मोहन के कम्पोज़िशन्स को कामयाब बनाने के लिये लता जी का बहुत बड़ा हाथ है, उस पर नय्यर साहब नें कहा, "लता मंगेशकर का बहुत बड़ा हाथ था, और हम हैं वो कम्पोज़र जिन्होंने लता मंगेशकर की आवाज़ पसंद ही नहीं की। वो गायिका नंबर एक हैं, पसंद क्यों नहीं की, क्योंकि हमारे संगीत को सूट नहीं करती। 'थिन थ्रेड लाइक वॉयस' हैं वो। मुझे चाहिये थी सेन्सुअस, फ़ुल ऑफ़ ब्रेथ, जैसे गीता दत्त, जैसे शमशाद बेगम। टेम्पल बेल्स की तरह वॉयस है उसकी। शमशाद जी की आवाज़ इतनी ऑरिजिनल है कि बस कमाल है।" तो आइए दोस्तों, नय्यर साहब और शमशाद जी के सुरीले संगम से उत्पन्न तमाम गीतों में से आज हम एक सुनते हैं। फ़िल्म 'सी.आइ.डी' का यह गीत है "कहीं पे निगाहें कहीं पे निशाना"। मजरूह सुल्तानपुरी के बोल हैं, और आपको बता दें कि इस गीत की धुन पर अनु मलिक नें 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' फ़िल्म का अल्का याज्ञ्निक का गाया "दिल का दरवाज़ा खुल्ला है राजा, आठ रोज़ की तू छुट्टी लेके आजा" गीत तैयार किया था। "कहीं पे निगाहें कहीं पे निशाना", इस जुमले का इस्तमाल आज भी लोग करते हैं अपने दोस्तों यारों को चिढ़ाने के लिए, किसी की खिंचाई करने के लिए, हास्य-व्यंग के लिए। आइए सुना जाये वहीदा रहमान पर फ़िल्माया १९५६ की 'सी.आइ.डी' फ़िल्म का यह सदाबहार नग़मा।



और अब एक विशेष सूचना:
२८ सितंबर स्वरसाम्राज्ञी लता मंगेशकर का जनमदिवस है। पिछले दो सालों की तरह इस साल भी हम उन पर 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की एक शृंखला समर्पित करने जा रहे हैं। और इस बार हमने सोचा है कि इसमें हम आप ही की पसंद का कोई लता नंबर प्ले करेंगे। तो फिर देर किस बात की, जल्द से जल्द अपना फ़ेवरीट लता नंबर और लता जी के लिए उदगार और शुभकामनाएँ हमें oig@hindyugm.com के पते पर लिख भेजिये। प्रथम १० ईमेल भेजने वालों की फ़रमाइश उस शृंखला में पूरी की जाएगी।

इन तीन सूत्रों से पहचानिये अगला गीत -
१. मीना कुमारी पर है ये गीत.
२. आवाज़ है शमशाद बेगम की.
३. मुखड़े में "रात" का जिक्र है

अब बताएं -
इस गीत के गीतकार - ३ अंक
संगीतकार बताएं - २ अंक
फिल्म का नाम - २ अंक

सभी जवाब आ जाने की स्तिथि में भी जो श्रोता प्रस्तुत गीत पर अपने इनपुट्स रखेंगें उन्हें १ अंक दिया जायेगा, ताकि आने वाली कड़ियों के लिए उनके पास मौके सुरक्षित रहें. आप चाहें तो प्रस्तुत गीत से जुड़ा अपना कोई संस्मरण भी पेश कर सकते हैं.

पिछली पहेली का परिणाम -
सही कहा आपने इंदु जी लगता है सबने अमित के आगे हाथ खड़े कर दिए हैं
खोज व आलेख- सुजॉय चट्टर्जी



इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को

संग्रहालय

25 नई सुरांगिनियाँ

ओल्ड इज़ गोल्ड शृंखला

महफ़िल-ए-ग़ज़लः नई शृंखला की शुरूआत

भेंट-मुलाक़ात-Interviews

संडे स्पेशल

ताजा कहानी-पॉडकास्ट

ताज़ा पॉडकास्ट कवि सम्मेलन