Wednesday, April 7, 2010

ये मूह और मसूर की दाल....मुहावरों ने छेड़ी दिल की बात और बना एक और फिमेल डूईट



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 397/2010/97

भाषा की सजावट के लिए पौराणिक समय से जो अलग अलग तरह के माध्यम चले आ रहे हैं, उनमें से एक बेहद लोकप्रिय माध्यम है मुहावरे। मुहावरों की खासियत यह होती है कि इन्हे बोलने के लिए साहित्यिक होने की या फिर शुद्ध भाषा बोलने की ज़रूरत नहीं पड़ती। ये मुहावरे पीढ़ी दर पीढ़ी ज़बानी आगे बढ़ती चली जाती है। क्या आप ने कभी ग़ौर किया है कि हिंदी फ़िल्मी गीतों में किसी मुहावरे का इस्तेमाल हुआ है या नहीं। हमें तो भई कम से कम एक ऐसा मुहवरा मिला है जो एक नहीं बल्कि दो दो गीतों में मुखड़े के तौर पर इस्तेमाल हुए हैं। इनमें से एक है लता मंगेशकर का गाया १९५७ की फ़िल्म 'बारिश' का गीत "ये मुंह और दाल मसूर की, ज़रा देखो तो सूरत हुज़ूर की"। और दूसरा गीत है फ़िल्म 'अराउंड दि वर्ल्ड' फ़िल्म का "ये मुंह और मसूर की दाल, वाह रे वाह मेरे बांके लाल, हुस्न जो देखा हाल बेहाल, वाह रे वाह मेरे बांके लाल"। जी हाँ, मुहावरा है 'ये मुंह और मसूर की दाल', और 'अराउंड दि वर्ल्ड' के इस गीत को गाया था जो गायिकाओं ने - शारदा और मुबारक़ बेग़म। आज 'सखी सहेली' शृंखला की सातवीं कड़ी में प्रस्तुत है इन्ही दो गायिकाओं की आवाज़ों में यह यादगार गीत। शैलेन्द्र का गीत, शंकर जयकिशन का संगीत। 'अराउंड दि वर्ल्ड' १९६७ की फ़िल्म थी जिसका निर्माण व निर्देशन पछी ने किया था और फ़िल्म के मुख्य कलाकार थे राज कपूर, राजश्री और अमीता। मेरी थोड़ी बहुत हिंदी की जो जानकारी है, उसके अनुसार यह मुहावरा उस आदमी के लिए कहा जाना चाहिए जिसे कुछ हासिल हुआ है लेकिन जिसका वो लायक नहीं है। अगर मैं ग़लत हूँ तो इसका सुधार ज़रूर कीजिएगा और यह मुहावरा कैसे बना, उसके पीछे की कहानी भी लिखिएगा टिप्पणी में। हर मुहावरे के पीछे कोई ना कोई पौराणिक कहानी ज़रूर होती है और इस मुहावरे के पीछे भी यकीनन होगी।

पाश्चात्य शैली में स्वरबद्ध इस गीत के साथ शारदा की यादें जुड़ी हुईं हैं जो उन्होने विविध भारती पर हाल ही में 'उजाले उनकी यादों के' कार्यक्रम में व्यक्त किए थे।

प्र: कोई घटना या कोई गाना आपको याद आ रहा है जो बहुत दिलचस्प तरीके से बना था?

उ: "ये मुंह और मसूर की दाल"! ऐसे ही किसी ने बात करते करते कहा था कि ये मुंह और मसूर की दाल। शंकर साहब ने बोला कि इसको रखो मेरे लिए किसी गाने में, और तुरंत वह गाना ऐसे बन गया। और बहुत मशहूर हुआ था यह गाना।

प्र: वाह! तो शंकर जयकिशन का जो क्रीएटिव प्रोसेस है, किस तरह से वो काम करते थे और किस तरह से एक पूरा गाना कम्प्लीटे करते थे?

उ: इसके लिए तो एक किताब लिख सकते थे, क्योंकि मेरा तो लास्ट के कुछ दिन ही उनके साथ उठना बैठना रहा और I used to go to the studio 2-3 times a week। जब वो शाम को सिटिंग्‍ करते थे, शाम ४ से ८ बजे, तो वो फ़्लोर सिटिंग्‍ करते थे और हर दिन कुछ ना कुछ कॊम्पोज़िंग्‍ का काम चलता था। शैलेन्द्र जी और हसरत जी, दोनों बैठे रहते थे, कुछ ना कुछ मुखड़ा, शकर जी ट्युन बजाते थे, और वो मुखड़ा कह देते थे तो उसको बिठा देते थे। इस तरह से कॊम्पोज़िंग् का काम चलता था।


दोस्तों, शारदा ने शंकर जयकिशन के बारे में और भी बहुत सी बातें बताई थीं उस मुलाक़ात में जिन्हे हम धीरे धीरे 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में शामिल करते चलेंगे। लेकिन फिलहाल वक़्त हो चला है आज के गीत को सुनने का, सुनते हैं दो कमचर्चित गायिकाएँ, शारदा व मुबारक़ बेग़म की अनूठी आवाज़ों में यह सदाबहार गीत।



क्या आप जानते हैं...
कि कई जगहों पर यह सुनने व पढ़ने को मिलता है कि गायिका शारदा शंकर जयकिशन की खोज है, लेकिन हक़ीक़त यह है कि शारदा राज कपूर की खोज है। राज कपूर ने शारदा को तेहरान में पहली बार सुना था और उसी वक़्त उन्हे बम्बई आकर ऒडिशन देने का सुझाव दिया था।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. फिल्म का शीर्षक भी इस गाने में आता है, गीतकार बताएं-३ अंक.
2. आशा भोसले का साथ इस जबरदस्त गाने में एक शानदार गायिका ने दिया है, नाम बताएं- २ अंक.
3. उस संगीतकार का नाम बताएं जिसने इस तदाकते फडकते गीत को रचा -२ अंक.
4. जीनत अमान इस फिल्म में एक अहम भूमिका में थी, फिल्म का नाम बताएं-२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
इंदु जी ३ अंक, शरद जी, पदम जी और अनीता जी २-२ अंकों का इजाफा हुआ आपके भी स्कोर में, उम्मीद है अब आप शारदा जी के बारे में थोडा बहुत जाँ गयी होंगीं.

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

अपनी गली में मुझ को न कर दफ़्न बाद-ए-क़त्ल.. अपने शोख कातिल से ग़ालिब की इस गुहार के क्या कहने!!



महफ़िल-ए-ग़ज़ल #७८

देखते -देखते हम चचा ग़ालिब को समर्पित आठवीं कड़ी के दर पर आ चुके हैं। हमने पहली कड़ी में आपसे जो वादा किया था कि हम इस पूरी श्रृंखला में उन बातों का ज़िक्र नहीं करेंगे जो अमूमन हर किसी आलेख में दिख जाता है, जैसे कि ग़ालिब कहाँ के रहने वाले थे, उनका पालन-पोषण कैसे हुआ.. वगैरह-वगैरह.. तो हमें इस बात की खुशी है कि पिछली सात कड़ियों में हम उस वादे पर अडिग रहे। यकीन मानिए.. आज की कड़ी में भी आपको उन बातों का नामो-निशान नहीं मिलेगा। ऐसा कतई नहीं है कि हम ग़ालिब की जीवनी नहीं देना चाह्ते... जीवनी देने में हमें बेहद खुशी महसूस होगी, लेकिन आप सब जानते हैं कि हमारी महफ़िल का वसूल रहा है- महफ़िल में आए कद्रदानों को नई जानकारियों से मालामाल करना, ना कि उन बातों को दुहराना जो हर गली-नुक्कड़ पर लोगों की बातचीत का हिस्सा होती है। और यही वज़ह है कि हम ग़ालिब का "बायोडाटा" आपके सामने रखने से कतराते हैं।

चलिए..बहुत हुआ "अपने मुँह मियाँ-मिट्ठु" बनना.. अब थोड़ी काम की बातें कर ली जाएँ!! तो आज की कड़ी में हम ग़ालिब पर निदा फ़ाज़ली साहब के मन्त्वय और ग़ालिब की हीं किताब "दस्तंबू" से १८५७ के दौरान की घटनाओं के बारे में जानेंगे।

ग़ालिब के बारे में निदा साहब कहते हैं:

ग़ालिब अपने युग में आने वाले कई युगों के शायर थे, अपने युग में उन्हें इतना नहीं समझा गया जितना बाद के युगों में पहचाना गया. हर बड़े दिमाग़ की तरह वह भी अपने समकालीनों की आँखों से ओझल रहे.

भारतीय इतिहास में वह पहले शायर थे, जिन्हें सुनी-सुनाई की जगह अपनी देखी-दिखाई को शायरी का मैयार बनाया, देखी-दिखाई से संत कवि कबीर दास का नाम ज़हन में आता है- तू लिखता है कागद लेखी, मैं आँखन की देखी. लेकिन कबीर की आँखन देखी और ग़ालिब की देखी-दिखाई में थोड़ा अंतर भी है. कबीर सर पर आसमान रखकर धरती वालों से लड़ते थे और आखिरी मुगल के दौर के मिर्ज़ा ग़ालिब दोनों से झगड़ते थे, इसी लिए सुनने और पढ़ने वाले उनसे नाराज़ रहते थे. लालकिले के एक मुशायरे में, ख़ुद उनके सामने उनपर व्यंग किया गया.

कलामे मीर समझे या कलामे मीरज़ा समझे
मगर इनका कहा यह आप समझें या ख़ुदा समझे

मीर और मीरज़ा से व्यंगकार की मुशद ग़ालिब से पहले के शायर मीर तकीमीर और मीरज़ा मुहम्मद रफ़ी सौदा थी. ग़ालिब को इस व्यंग्य ने परेशान नहीं किया. उन्होंने इसके जवाब में ऐलान किया:

न सताइश (प्रशंसा) की तमन्ना, न सिले की परवाह
गर नहीं है मेरे अशआर में मानी (अर्थ) न सही
(हमारे हिसाब से यह शेर इस महफ़िल में अब तक तीन बार उद्धृत किया जा चुका है.. लेकिन क्या करें, शेर है हीं कुछ ऐसा कि हर कोई इसे याद कर जाता है)

मिर्ज़ा ग़ालिब का यह आत्मविश्वास उनकी महानता की पहचान है.

ग़ालिब शब्दों और भावों से खेलना बखूबी जानते हैं, तभी तो जहाँ एक ओर यह कहे जाने पर कि उनके शेरों में कोई अर्थ नहीं होता, उन्हें अपने बचाव में जवाब देना पड़ता है वहीं दूसरी ओर वे खुलेआम इस बात को कुबूल करते हैं कि उनके खत (जो उन्होंने अपनी माशूका को लिखे है) बे-मायने होते हैं। यह ग़ालिब की कला नहीं तो और क्या है:

ख़त लिखेंगे, गर्चे मतलब कुछ न हो
हम तो आशिक़ हैं तुम्हारे नाम के

इश्क़ ने 'ग़ालिब' निकम्मा कर दिया
वरना हम भी आदमी थे काम के


ये तो सभी जानते हैं कि १८५७ के गदर ने ग़ालिब पर खासा असर किया था। कुछ लोग इस गलतफ़हमी के शिकार हैं कि ग़ालिब ने उस दौरान अंग्रेजों का पक्ष लिया था। इसी बात को गलत साबित करने के लिए मशहूर शायर मख़मूर सईदी ने ग़ालिब की किताब ‘दस्तंबू’ और उनके खतों के हवाले से १८५७ की कहानी को ब्यान किया है. इस किताब की भूमिका में उन्होंने ‘दस्तंबू’ के हवाले से ग़ालिब पर की जाने वाली आलोचनाओं का जवाब और जवाज़ (औचित्य) पेश किया है। (सौजन्य: मिर्ज़ा बेग़.. अहदनामा ब्लाग से):

दस्तंबू में लिखी कुछ घटनाओं के आधार पर कुछ लोगों ने ग़ालिब पर अंग्रेज़-दोस्ती का इल्ज़ाम लगाया है लेकिन जिस चीज़ को लोगों ने अंग्रेज़-दोस्ती का नाम दिया है वह दरअसल मिरज़ा ग़ालिब की इंसान-दोस्ती थी. बाग़ी भड़के हुए थे इस लिए बहुत से बेगुनाह अंग्रेज़ मर्द औरतें भी उनके ग़ुस्से का निशाना बने. मिर्ज़ा ग़ालिब ने उन बेगुनाहों के मारे जाने पर दुख प्रकट किया लेकिन उन्होंने उस दुख पर भी परदा नहीं डाला जो अंग्रेज़ों की तरफ़ से बेक़सूर हिंदुस्तानी नागरिकों पर ढ़ाए गए.

११ मई १८५७ से ३१ जुलाई १८५८ की घटनाओं पर आधारित "दस्तंबू" में ग़ालिब ने अपने गद्य का झंडा गाड़ने का दावा भी किया है और कहा है कि यह किताब पुरानी फ़ारसी में लिखी गई है और इसमें एक शब्द भी अरबी भाषा का नहीं आने दिया गया है सिवाए लोगों के नामों के क्योंकि उन को बदला नहीं जा सकता था. उन्होंने इसका नाम ‘दस्तंबू’ इस लिए रखा है कि यह लोगों में हाथों हाथ ली जाएगी जैसा कि उस ज़माने में बड़े लोग ताज़गी और ख़ुशबू के लिए दस्तंबू अपने हाथों में रखा करते थे.

ग़ालिब के नज़दीक पीर यानी सोमवार का दिन बड़ा मनहूस है, बाग़ी सोमवार को ही दिल्ली में दाख़िल हुए थे, सोमवार के दिन ही उनकी हार शुरू हुई थी, जब गोरे सिपाही ग़ालिब को पकड़ कर ले गए वह भी सोमवार था और फिर जिस दिन ग़ालिब के भाई का देहांत हुआ वह भी सोमवार था. ग़ालिब ने इस बारे में लिखा है : “१९ अक्तूबर को वही सोमवार का दिन जिसका नाम सपताह के दिनों कि सूचि में से काट देना चाहिए एक सांस में आग उगलने वाले सांप की तरह दुनिया को निगल गया”

ग़ालिब ने अंग्रेज़ अफ़्सरों और फ़ौजियों की रक्तपाति प्रतिक्रिया पर पर्दा नहीं डाला और साफ़ साफ़ लिख गए:

“शाहज़ादों के बारे में इससे अधिक नहीं कहा जा सकता कि कुछ बंदूक़ की गोली का ज़ख़्म खा कर मौत के मुंह में चले गए और कुछ की आत्मा फांसी के फंदे में ठिठुर कर रह गई. कुछ क़ैदख़ानों में हैं और कुछ दर-बदर भटक रहे हैं. बूढ़े कमज़ोर बादशाह पर जो क़िले में नज़र बंद हैं मुक़दमा चल रहा है. झझ्झर और बल्लभगढ़ के ज़मीनदारों और फ़र्रुख़ाबाद के हाकिमों को अलग-अलग विभिन्न दिनों में फांसी पर लटका दिया गया. इस प्रकार हलाक किया गया कि कोई नहीं कह सकता कि ख़ून बहाया गया.... जानना चाहिए कि इस शहर में क़ैदख़ाना शहर से बाहर है और हवालात शहर के अंदर, उन दोनों जगहों में इस क़दर आदमियों को जमा कर दिया गया कि मालूम पड़ता है कि एक दूसरे में समाए हुए हैं. उन दोनों क़ैदख़ानों के उन क़ैदियों की संख्या को जिन्हें विभिन्न समय में फांसी दी गई यमराज ही जानता है...”

मीर मेहदी के नाम लिखे ख़त में ग़ालिब लिखते हैं. “क़ारी का कुआं बंद हो गया. लाल डुगी के कुएं एक साथ खारे हो गए. ख़ैर खारा पानी ही पीते, गर्म पानी निकलता है. परसों मैं सवार होकर कुएं का हाल मालूम करने गया था. जामा मस्जिद से राज घाट के दरवाज़े तक बे-मुबालग़ा (बिना अतिश्योक्ति) एक ब्याबान रेगिस्तान है... याद करो मिर्ज़ा गौहर के बाग़ीचे के उस तरफ़ को बांस गड़ा था अब वह बाग़ीचे के सेहन के बराबर हो गया है.... पंजाबी कटरा, धोबी कटरा, रामजी गंज, सआदत ख़ां का कटरा, जरनैल की बीबी की हवेली, रामजी दास गोदाम वाले के मकानात, साहब राम का बाग़ और हवेली उनमें से किसी का पता नहीं चलता. संक्षेप में शहर रेगिस्तान हो गया.... ऐ बन्दा-ए-ख़ुदा उर्दू बाज़ार न रहा, उर्दू कहां, दिल्ली कहां? वल्लाह अब शहर नहीं है, कैम्प है, छावनी है. न क़िला, न शहर, न बाज़ार, न नहर.”

एक और ख़त में लिखते हैं. “भाई क्या पूछते हो, क्या लिखूं ? दिल्ली की हस्ती कई जश्नों पर थी. क़िले, चांदनी चौक, हर रोज़ का बाज़ार जामा मस्जिद, हर हफ़्ते सैर जमना के पुल की, हर साल मेला फूल वालों का, ये पांचों बातें अब नहीं. फिर कहो दिल्ली कहां....?”

कुछ खुशियाँ, कुछ मज़ाक, कुछ हँसी-ठिठोली और बहुत सारी ग़म की बातों के बाद अब वक्त है आज की गज़ल से रूबरू होने का। आज हम जो गज़ल आपके सामने लेकर आए हैं, उसमें भी ग़ालिब के ज़ख्मों का ज़िक्र है, इसलिए यह कह नहीं सकता कि लुत्फ़ उठाईये। हाँ इस बात की दरख्वास्त कर सकता हूँ कि "निघत अक़बर" जी ने अपनी आवाज़ के माध्यम से जिस दर्द को जीने की कोशिश की है, उस दर्द का एक छोटा-सा हिस्सा आप भी अपनी नसों में उतार लीजिये। दर्द उतरेगा तो सीसे की तरफ़ चुभेगा ज़रूर लेकिन आपको इस बात का फ़ख्र होगा कि आपने ग़ालिब के ग़मों पे अपनी गलबहियाँ डाली हैं। (कुछ ज्यादा हीं हो गया ना :) क्या कीजियेगा ..मेरी बोलने की आदत नहीं जाती, इसलिए आप अगर मुझसे छुटकारा चाहते हैं तो तुरंत हीं गज़ल सुनने में तल्लीन हो जाएँ) तो आपके सामने पेश-ए-खिदमत है यह गज़ल:

तस्कीं को हम न रोएं, जो ज़ौक़-ए-नज़र मिले
हूरान-ए-ख़ुल्द में तेरी सूरत मगर मिले

अपनी गली में मुझ को न कर दफ़्न बाद-ए-क़त्ल
मेरे पते से ख़ल्क़ को क्यों तेरा घर मिले

तुमसे तो कुछ कलाम नहीं, लेकिन ऐ ___
मेरा सलाम कहियो, अगर नामाबर मिले

ऐ साकिनान-ए-कुचा-ए-दिलदार देखना
तुमको कहीं जो ग़ालिब-ए-आशुफ़्ता-सर मिले




चलिए अब आपकी बारी है महफ़िल में रंग ज़माने की... ऊपर जो गज़ल हमने पेश की है, उसके एक शेर में कोई एक शब्द गायब है। आपको उस गज़ल को सुनकर सही शब्द की शिनाख्त करनी है और साथ ही पेश करना है एक ऐसा शेर जिसके किसी भी एक मिसरे में वही खास शब्द आता हो. सही शब्द वाले शेर ही शामिल किये जायेंगें, तो जेहन पे जोर डालिए और बूझिये ये पहेली!

इरशाद ....

पिछली महफिल के साथी -

पिछली महफिल का सही शब्द था "तबाही" और शेर कुछ यूँ था-

तुम से बेजा है मुझे अपनी तबाही का गिला
इसमें कुछ शाइबा-ए-ख़ूबी-ए-तक़दीर भी था

सही शब्द पहचान कर महफ़िल में पहला कदम रखा "सीमा" जी ने। सीमा जी.. ये रहे आपके तुनीर के तीर:

ज़िक्र जब होगा मुहब्बत में तबाही का कहीं
याद हम आयेंगे दुनिया को हवालों की तरह (सुदर्शन फ़ाकिर)

जो हमने दास्‍तां अपनी सुनाई आप क्‍यूं रोए
तबाही तो हमारे दिल पे आई आप क्‍यूं रोए (राजा मेहंदी अली खान)

सजीव जी, मनीष जी का आशीर्वाद मुझ तक पहुचाने के लिए आपका तहे-दिल से आभार। अब आप मेरे भी नामाबर हो जाईये और मेरी तरफ़ से धन्यवाद-ज्ञापन कर आईये... क्या कहते हैं? :)

शरद जी, क्या बात कह दी आपने! दिल में एक टीस-सी उभर आई...

मुझे तो अपनी तबाही की कोई फ़िक्र नहीं
यही ख्वाहिश है ये इल्ज़ाम तुम पे आए नहीं। (स्वरचित)

मंजु जी, इन आतंकियों के सामने हर चेतावनी छोटी पड़ जाती है, फिर भी इन्हें इनकी औकात तो बताई जानी चाहिए। शब्द अच्छे हैं, आपने अगर इन्हें सही से संवारा होता तो हमारे सामने एक मुकम्मल शेर होता। इसलिए शेर के बजाय मैं इसे छंद हीं कहूँगा:

अरे आतंकी !मत दिखा मेरे मुल्क में तबाही का मंजर ,
तेरे को खत्म करने के लिए आएगा कोई राम -कृष्ण -गाँधी बन कर .(स्वरचित )

नीलम जी, एक शेर तो आपने पेश किया. आपसे हमें और भी शेरों की दरकार है। खैर तब तक के लिए यही सही:

जब से हम तबाह हो गए ,
तुम जहाँपनाह हो गए

एक और बात...आपको अगर शायरी सीखनी हो तो "सुबीर संवाद सेवा" पर हमारे गुरू जी "पंकज सुबीर" की कक्षा में दाखिला ले लें। बहुत फ़ायदा होगा।

शन्नो जी, किस बात का दु:ख है आपको... हँसिए, मुस्कुराईये और महफ़िल में माहौल बनाईये। वैसे ये शेर तो बड़ा हीं वज़नदार रहा:

किसी रकीब ने भी कुछ कहा अगर तो उसे वाह-वाही मिली
हमने जो जहमत उठाई कुछ कहने की तो हमें तबाही मिली

सुमित जी, ऐसे नहीं चलेगा। आप कुछ देर के लिए आते हैं और वही शेर कह जाते हैं जो सीमा जी ने कहा है। शेर कहने से पहले बाकी की टिप्पणियों पर भी तो नज़र दौड़ा लिया करें। :)

अवनींद्र जी, हमारी महफ़िल अच्छे शेरों और गुणी शायरों का कद्र करना जानती है। और इस नाते हमारी नज़रों में आपका कद बेहद ऊँचा है। आपको पढकर लगता है कि लिखने से पहले आप दिल को मथ डालते हैं। हैं ना? ये रहे प्रमाण:

एहसास जब सीने मैं तबाह होता हैं
अश्क तेरी चाहत का गवाह होता है

उसने अपनी तबाही मैं मुझे शामिल ना किया
क्या ये सबब कम हे मेरी तबाही के लिए?

चलिए तो इन्हीं बातों के साथ अगली महफिल तक के लिए अलविदा कहते हैं। खुदा हाफ़िज़!

प्रस्तुति - विश्व दीपक


ग़ज़लों, नग्मों, कव्वालियों और गैर फ़िल्मी गीतों का एक ऐसा विशाल खजाना है जो फ़िल्मी गीतों की चमक दमक में कहीं दबा दबा सा ही रहता है. "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" श्रृंखला एक कोशिश है इसी छुपे खजाने से कुछ मोती चुन कर आपकी नज़र करने की. हम हाज़िर होंगे हर बुधवार एक अनमोल रचना के साथ, और इस महफिल में अपने मुक्तलिफ़ अंदाज़ में आपके मुखातिब होंगे कवि गीतकार और शायर विश्व दीपक "तन्हा". साथ ही हिस्सा लीजिये एक अनोखे खेल में और आप भी बन सकते हैं -"शान-ए-महफिल". हम उम्मीद करते हैं कि "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" का ये आयोजन आपको अवश्य भायेगा.

Tuesday, April 6, 2010

आ दो दो पंख लगा के पंछी बनेंगे...आईये लौट चलें बचपन में इस गीत के साथ



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 396/2010/96

पार्श्वगायिकाओं के गाए युगल गीतों पर आधारित 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की इस लघु शृंखला 'सखी सहेली' की आज की कड़ी में हमने जिन दो आवाज़ों को चुना है, वो दोनों आवाज़ें ही हिंदी फ़िल्म संगीत के लिए थोड़े से हट के हैं। इनमें से एक आवाज़ है गायिका आरती मुखर्जी की, जो बंगला संगीत में तो बहुत ही मशहूर रही हैं, लेकिन हिंदी फ़िल्मों में बहुत ज़्यादा सुनाई नहीं दीं हैं। और दूसरी आवाज़ है गायिका हेमलता की, जिन्होने वैसे तो हिंदी फ़िल्मों के लिए बहुत सारे गीत गाईं हैं, लेकिन ज़्यादातर गीत संगीतकार रवीन्द्र जैन के लिए थे, और उनमें से ज़्यादातर फ़िल्में कम बजट की होने की वजह से उन्हे वो प्रसिद्धी नहीं मिली जिनकी वो सही मायने में हक़दार थीं। ख़ैर, आज हम इन दोनों गायिकाओं के गाए जिस गीत को सुनवाने के लिए लाए हैं, वह गीत इन दोनों के करीयर के शुरूआती दिनों के थे। यह फ़िल्म थी १९६९ की फ़िल्म 'राहगीर', जिसका निर्माण गीतांजली चित्रदीप ने किया था। बिस्वजीत और संध्या अभिनीत इस फ़िल्म में हेमन्त कुमार का संगीत था और गीत लिखे गुलज़ार साहब ने। इसमें आरती मुखर्जी और हेमलता ने साथ में एक बच्चों वाला गीत गाया था "आ दो दो पंख लगा के पंछी बनेंगे"। बड़ा ही प्यारा सा गीत है और आजकल यह गीत ना के बराबर सुनाई देता है। बहुत ही दुर्लभ गीत है, और इस गीत को हमें उपलब्ध करवाया मेरे एक ऐसे दोस्त ने जो समय समय पर हमें दुर्लभ से दुर्लभ गीत खोज कर भेजती रहती हैं लेकिन अपना नाम दुनिया के सामने आए ये वो यह नहीं चाहतीं। आज जहाँ छोटे से छोटे काम के लिए इंसान चाहता है कि उसका नाम आगे आए, वहीं मेरी यह दोस्त गुमनाम रह कर हमारे प्रयासों में अद्वितीय सहयोग दे रही हैं। मैं उनका नाम बता कर उन्हे चोट नहीं पहुँचाउँगा, लेकिन उनका तह-ए-दिल से शुक्रिया ज़रूर अदा करूँगा। उनके सहयोग के बिना हम बहुत से ऐसे गीतों को बजाने की कल्पना भी नहीं कर पाते, और आज का गीत भी उन्ही दुर्लभ गीतों में से एक है।

आरती मुखर्जी ने फ़िल्म 'राहगीर' का यह गीत १९६९ में गाया था। उसके बाद जिन हिंदी फ़िल्मों में उनके हिट गीत आए उनमें शामिल हैं 'गीत गाता चल' (१९७५), 'तपस्या' ('१९७६), 'मनोकामना' (१९८३) और 'मासूम' (१९८३)। फ़िल्म 'मासूम' में उनके गाए गीत "दो नैना और एक कहानी" के लिए उन्हे उस साल सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका का फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार मिला था। दूसरी तरफ़ हेमलता के गाए हिंदी गेतों की फ़ेहरिस्त तो काफ़ी लम्बी चौड़ी है, इसलिए उस तरफ़ ना जाते हुए हम सीधे उन्ही की ज़ुबानी कुछ जानकारी देना चाहेंगे जो उन्होने विविध भारती के श्रोताओं के साथ बाँटे थे एक मुलाक़ात में। दोस्तों, क्योंकि आज हम हेमलता जी के गाए एक बच्चों वाले गीत को सुनने जा रहे हैं हेमन्त दा के संगीत में, तो क्यों ना हम उस मुलाक़ात के उस अंश को पढ़ें जिसमें वो बता रहीं हैं उनके पहले पहले स्टेज गायन के बारे में जिसमें हेमन्त दा, जी हाँ हेमन्त दा भी मौजूद थे। "कलकत्ता के रवीन्द्र सरोवर स्टेडियम में एक बहुत बड़ा प्रोग्राम हुआ था। डॊ. बिधान चन्द्र रॊय आए थे उसमें, दो लाख की ऒडियन्स थी। उस शो के चीफ़ कोर्डिनेटर गोपाल लाल मल्लिक ने मुझे एक गाना गाने का मौका दिया। उस शो में लता जी, रफ़ी साहब, उषा जी, हृदयनाथ जी, किशोर दा, सुबीर सेन, संध्या मुखर्जी, आरती मुखर्जी, हेमन्त दादा, सब गाने वाले थे। मुझे इंटर्वल में गाना था, ऐज़ बेबी लता (हेमलता का असली नाम लता ही था उन दिनों) ताकि लोग चाय वाय पी के आ सके। मेरे गुरु भाई चाहते थे कि इस प्रोग्राम के ज़रिए मेरे पिताजी को बताया जाए कि उनकी बेटी कितना अच्छा गाती है (हेमलता के पिता को यह मालूम नहीं था कि उनकी बेटी छुप छुप के गाती है)। तो वो जब जाकर मेरे पिताजी को इस फ़ंक्शन में आने के लिए कहा तो वो बोले कि मैं वहाँ फ़िल्मी गीतों के फ़ंक्शन में जाकर क्या करूँगा! बड़ी मुश्किल से मनाकर उन्हे लाया गया। तो ज़रा सोचिए, बिधान चन्द्र रॊय, सारे मिनिस्टेरिएल लेवेल के लोग, दो लाख ऒडियन्स, इन सब के बीच मेरे पिताजी बैठे हैं और उनकी बेटी गाने वाली है और यह उनको पता ही नहीं। उस समय मेरा आठवाँ साल लगा था। मैंने "जागो मोहन प्यारे", फ़िल्म 'जागते रहो', यह गाना गाया। जैसे ही मैंने वह आलाप लिया, पब्लिक ज़ोर से शोर करने लगी। मैंने सोचा कि क्या हो गया, फिर पता चला कि वो "आर्टिस्ट को ऊँचा करो" कह रहे हैं। फिर टेबल लाया गया और मैंने फिर से गाया, वन्स मोर भी हुआ। कलकत्ता की ऒडियन्स, दुनिया में ऐसी ऒडियन्स आपको कहीं नहीं मिलेगी, वाक़ई! फिर उस दिन मैंने एक एक करके १२ गीत गाए, सभी बंगला में, हिंदी में, जो आता था सब गा दिया। फिर शोर हुआ कि दीदी (लता जी) आ गईं हैं। बी. सी. रॊय ने बेबी लता के लिए गोल्ड मेडल अनाउन्स किया। पिता जी भी मान गए, उनको भी लगा कि उसकी प्रतिभा को रोकने का मुझे कोई अधिकार नहीं है, फिर राशी देख कर 'ह' से हेमलता नाम रखा गया और मैं लता से हेमलता बन गई।" तो दोस्तों, यह थी हेमलता से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी। और अब वक़्त है दो दो पंख लगा के पंछी बनने की, सुनते हैं दो सखियों आरती मुखर्जी और हेमलता की आवाज़ें फ़िल्म 'राहगीर' के इस मासूम गीत में।



क्या आप जानते हैं...
कि हेमलता कुल ३८ भाषाएँ पढीं हैं, और १२ देशों की मुख्य भाषा को बाकायदा सीखा है। उन्होने ख़ुद यह विविध भारती पर कहा था।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. एक मुहावरे से शुरू होता है ये गीत, फिल्म का नाम बताएं -३ अंक.
2. शैलेन्द्र के लिखे इस गीत की संगीतकार जोड़ी कौन सी है - २ अंक.
3. मुबारक बेगम के साथ किस गायिका ने इस गीत में आवाज़ मिलायी है -२ अंक.
4. राज कपूर अभिनीत इस फिल्म की नायिका कौन हैं -२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
शरद जी, पदम जी, इंदु जी और अवध जी बधाई, इंदु जी लगता है आपको बच्चों वाले गीत पसंद नहीं...भाई जिस गीत के साथ हेमंत दा, गुलज़ार, आरती मुखर्जी और हेमलता जुडी हों उसे गोल्ड मानने से हम तो इनकार नहीं कर सकते :)

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

केरल में हिंदी गीत




Monday, April 5, 2010

गरजत बरसात सावन आयो री....सुन कर इस गीत को जैसे बिन बादल बारिश में भीग जाता है मन



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 395/2010/95

भारतीय शास्त्रीय संगीत की यह विशिष्टता रही है कि हर मौसम, हर ऋतु के हिसाब से इसे गाया जा सकता है। तो ज़ाहिर है कि सावन पर भी कई राग प्रचलित होंगे। मल्हार, मेघ, मेघ मल्हार, मियाँ की मल्हार, गौर मल्हार इन्ही रागों में से एक है। आज 'सखी सहेली' शृंखला के अंतरगत हमने जिस युगल गीत को चुना है, वह आधारित है राग गौर मल्हार पर। "गरजत बरसत सावन आयो रे", फ़िल्म 'बरसात की रात' का यह गीत है जिसे सुमन कल्याणपुर और कमल बारोट ने गाया है। साहिर लुधियानवी के बोल और रोशन साहब की तर्ज़। इसी राग पर वसंत देसाई ने भी फ़िल्म 'आशीर्वाद' में एक गाना बनाया था "झिर झिर बरसे सावनी अखियाँ, सांवरिया घर आ"। 'बरसात की रात' रोशन साहब के करीयर की एक महत्वपूर्ण फ़िल्म साबित हुई। इस फ़िल्म के हर एक गीत में कुछ ना कुछ अलग बात थी। और क्यों ना हो जब फ़िल्म की कहानी ही एक क़व्वाली प्रतियोगिता के इर्द गिर्द घूम रही हो। ज़ाहिर है कि इस फ़िल्म में कई क़व्वालियाँ थीं जैसे कि "ना तो कारवाँ की तलाश है", "निगाह-ए-नाज़ के मारों का हाल क्या होगा" और "पहचानता हूँ ख़ूब तुम्हारी नज़र को मैं"। फ़िल्मों में क़व्वालियों को लोकप्रिय बनाने में रोशन साहब के योगदान को सभी स्वीकारते हैं। लेकिन यह फ़िल्म क़व्वाली से नहीं शुरु होती बल्कि आज के प्रस्तुत शास्त्रीय संगीत पर आधारित गीत के साथ। एक तरफ़ रोशन साहब की क़व्वालियाँ, और दूसरी तरफ़ शास्त्रीय संगीत में इस तरह की दक्षता। और दक्षता क्यों ना हो जब उन्हे उस्ताद अल्लाउद्दिन ख़ान साहब से संगीत सीखने का मौका मिला था! सुमन और कमल जी के गाए इस गीत का जो शुरुआती संगीत है, उसे किसी ज़माने में विविध भारती के शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम 'संगीत सरिता' के शीर्षक धुन के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। इस गीत के बहाने क्यों ना आपको कुछ और ऐसी सावनी गीतों की याद दिलाई जाए जो शास्रीय संगीत पर आधारित है! "कहाँ से आए बदरा घुलता जाए कजरा" (चश्म-ए-बद्दूर), कारे कारे बदरा सूनी सूनी रतिया" (मेरा नाम जोकर), डर लागे गरजे बदरिया (राम राज्य), "सावन आए या ना आए" (मेरी सूरत तेरी आँखें), "जा रे बदरा बैरी जा" (बहाना), "ओ सजना बरखा बहार आई" (परख), "घर आजा घिर आए बदरा सांवरिया" (छोटे नवाब), "अजहूँ ना आए साजना सावन बीता जाए" (सांझ और सवेरा), आदि।

दोस्तों, आज हम थोड़ी बातें करते हैं गायिका कमल बारोट की। कमल बारोट ने दूसरी गायिका के रूप में असंख्य युगल गीत और क़व्वालियाँ गाईं हैं, जिनमें से कई बेहद कामयाब भी रहे हैं। क्योंकि इन दिनों ज़िक्र छिड़ा हुआ है फ़ीमेल डुएट्स की, तो चलिए इसी बहाने हम याद करें कमल बारोट के गाए कुछ फ़ीमेल डुएट्स की। १९६१ में आशा भोसले के साथ उनका गाया हुआ फ़िल्म 'घराना' का यह बच्चों वाला गाना "दादी अम्मा दादी अम्मा मान जाओ" उस साल अमीन सायानी के वार्षिक गीत माला के २६-वे पायदान पर रहा। लता मंगेशकर के साथ "हँसता हुआ नूरानी चेहरा" और "अकेली मोहे छोड़ ना जाना", ये दोनों गीत बेहद लोकप्रिय रहे। कमल बारोट के कुछ और फ़ीमेल डुएट्स इस प्रकार हैं -शमशाद बेग़म के साथ "अल्लाह तेरी आहों में इतना असर दे" (एक दिन का बादशाह), मुबारक़ बेग़म के साथ "मतवारे सांवरिया के नैना" (हम एक हैं), मिनू पुरुषोत्तम के साथ "आँखों में कोई यादों में कोई" (काला चश्मा), कृष्णा कल्ले के साथ "छुट्टी आ गई ढोल बजाएँगे" (नौनिहाल), उषा मंगेशकर के साथ "हमें ये दुनिया वाले प्यार का इल्ज़ाम दें" (बड़ा आदमी), उषा तिमोथी के साथ "ज‍इयो ना जमना पे अकेली तुम राधा" (सती नारी), आशा भोसले व उषा मंगेशकर के साथ "लुट जा लुट जा ये ही दिन है लुट जा" (आँखें), और भी तमाम गानें हैं इस तरह के। दोस्तों, सावन का महीना तो अभी बहुत दूर है, उससे पहले हमें चिलचिलाती गरमी का सामना भी करना है, लेकिन कम से कम इस गीत के माध्यम से हम सावन का मन ही मन आनंद तो ले ही सकते हैं। 'सखी सहेली' में आज सुमन कल्याणपुर और कमल बारोट की युगल आवाज़ें, प्रस्तुत है।



क्या आप जानते हैं...
कि सुमन कल्याणपुर का गाया पहला हिंदी फ़िल्मी गीत है 'मंगू' फ़िल्म का "कोई पुकारे धीरे से", जिसके संगीतकार थे मोहम्मद शफ़ी।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. "पंख" और "पंछी" शब्द हैं मुखड़े में में, फिल्म का नाम बताएं -३ अंक.
2. हेमलता के साथ किस गायिका ने इस गीत में आवाज़ मिलायी है - २ अंक.
3. हेमंत कुमार के संगीत निर्देशन में किस गीतकार ने लिखा था इस गीत को-२ अंक.
4. कौन थे फिल्म के प्रमुख अदाकार बताएं -२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
शरद जी बहुत बधाई, साथ में इंदु जी, पदम जी और अवध जी को बधाई, मनु जी बहुत दिनों बाद लौटे, वंदना जी सभी जवाब आपने नहीं देने हैं, कृपया नियमों को पढ़ें

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

पी से पाठशाला और पी से प्रिंस....दो युवा संगीतकारों ने धाक जमाई इन बड़ी फिल्मों से



ताज़ा सुर ताल १४/२०१०

सुजॊय - सजीव, साल २०१० का एक चौथाई पूरा हो चुका है, यानी कि तीन महीने। इन तीन महीनों में हमने जिन जिन फ़िल्मों के संगीत की चर्चा यहाँ की, अपने नए साथियों के लिए बता दें उन फ़िल्मों के नाम।

सजीव - बिल्कुल बताओ, इससे इस बरस अब तक बनी फ़िल्मों का एक छोटा सा रीकैप भी हो जाएगा।

सुजॊय - ये फ़िल्में हैं दुल्हा मिल गया, वीर, रण, इश्क़िया, माइ नेम इज़ ख़ान, स्टाइकर, रोड टू संगम, लाहौर, सदियाँ, एल.एस.डी, शिवाजी दि बॊस, कार्तिक कॊलिंग् कार्तिक, वेल डन अब्बा।

सजीव - और हमने दो ग़ैर फ़िल्मी ऐल्बम्स की भी चर्चा की - अमन की आशा, और अपना होम प्रोडक्शन काव्यनाद। तो अब हम आगे बढ़ते हैं और आज हम लेकर आए हैं दो फ़िल्मों के गानें। पहली फ़िल्म है 'पाठशाला'। इस फ़िल्म की चर्चा और प्रचार काफ़ी पहले से शुरु हो गई थी, लेकिन फ़िल्म के बनने में बहुत लम्बा समय लग गया।

सुजॊय - लेकिन इस फ़िल्म का संगीत बिल्कुल फ़्रेश है। फ़िल्म में गीत संगीत हनीफ़ शेख़ का है। फ़िल्म के गीतों को गाया है लकी अली, कैलाश खेर, विशाल दादलानी, तुलसी कुमार और सलीम मरचेंट ने। गीतों में विविधता है, मेलोडी भी है और कुछ गानें आपके क़दमों को थिरकाने वाले भी हैं। और क्यों ना हो जब फ़िल्म का नायक शाहिद कपूर हैं।

सजीव - तो इस फ़िल्म के दो गीत हम यहाँ सुनेंगे, पहला गाना है लकी अली का गाया हुआ। गीटार के ख़ूबसूरत और प्रॊमिनेन्ट प्रयोग से सजा यह गीत है "बेक़रार"। बहुत दिनों के बाद लकी अली की आवाज़ सुनाई दी है। एक यूथ अपील है इस गीत में और बोल भी तो कितने ख़ूबसूरत हैं, "सूनी सूनी राहों में है तेरा ही इंतेज़ार, जली बूझी साँसों से अब तेरा ही है ख़ुमार, न जाने मैंने क्या खोया क्या पाया कुछ भी ना समझे यहाँ, भुला के सारी बातों को जी आया फिर भी ना आए क़रार, बेक़रार"। कहीं पर बहुत ऊँचे सुर हैं तो कहीं पर नाज़ुकी। लकी अली ने बड़ा ही ख़ूबसूरत अंजाम दिया है इस गीत को। और हनीफ़ की प्रतिभा को भी सलाम जिन्होने इस गीत को लिखा भी है और सुरों में ढाला है।

गीत - बेक़रार


सुजॊय - 'पाठशाला' में कुल पाँच गानें हैं। "बेक़रार" के बाद जो गीत हमें सुनना चाहिए वह बेशक़ कैलाश खेर का गाया "ऐ ख़ुदा" है। कैलाश खेर की आवाज़ में वह देसी महक है कि जिससे उनकी अवाज़ कभी बासी नहीं लगती। भले ही वो अपनी एक ही शैली व अंदाज़ में गाते हैं, लेकिन हर बार हमें सुन कर अच्छा ही लगता है।

सजीव - वैसे इस गीत को सुनते हुए कैलाश का गाया "या रब्बा" गीत की याद आ ही जाती है, जिसमें संगीत था शंकर अहसान लॊय का।

सुजॊय - तो फिर इस गीत को सुनते हैं और हम भी इसी बात को महसूस करने की कोशिश करते हैं।

गीत - ऐ ख़ुदा


सजीव - और अब आ रहे हैं प्रिन्स। जब म्युज़िक कंपनी 'टिप्स' हो, और गीतकार समीर हो, तो अगर श्रोता ९० के दशक के मेलडी की उम्मीद करें तो उन्हे ज़्यादा दोष नहीं दिया जा सकता।

सुजॊय - वैसे फ़िल्म 'प्रिन्स' के संगीतकार हैं सचिन गुप्ता, जिन्होने इससे पहले कुछ कम बजट की फ़िल्मों में संगीत दिया है। शायद यही उनकी पहली बड़ी फ़िल्म है। 'प्रिन्स' के कुछ गानें वैसे तो इन दिनों काफ़ी बज रहे हैं, और जो गीत सब से ज़्यादा सुनाई दे रहा है आजकल, उसी को सब से पहले सुना जाए!

सजीव - तुम्हारा इशारा "ओ मेरे ख़ुदा" की तरफ़ ही होगा। आतिफ़ असलम और श्रेया घोषाल की आवाज़ों में इस गीत से इतनी उम्मीदें लगाई गई कि इस गीत के कुल चार वर्ज़न साउंड ट्रैक में रखे गए हैं। लेकिन वाक़ई इस गीत में कुच ऐसी बात है कि जो आज के दौर के किसी कामयाब गीत में होनी चाहिए। भले ही गीत अंदाज़ पाश्चात्य है, लेकिन मेलडी बहुत सुरीला है, और श्रेया और आतिफ़ ने जैसे बिल्कुल इस गीत को जो मूड चाहिए था, वह बना दिया है।

सुजॊय - इस तरह के रोमांटिक गीतों में आतिफ़ की आवाज़ बहुत जचती है। हालाँकि बहुत से गायक और संगीतकार आतिफ़ को गायक मानने से ही इंकार कर देते हैं, लेकिन जो हक़ीक़त है उससे कोई मुंह नहीं मोड़ सकता। और हक़ीक़त यही है कि जो भी गीत आतिफ़ गाते हैं, वह युवा दिलों की धड़कर बन जाते हैं। अच्छा सजीव, यह गीत जिस तरह से शुरु होता है कि "जागी जागी सोयी ना मैं सारी रात तेरे लिए, भीगी भीगी पलकें मेरी उदास तेरे लिए, अखियाँ बिछाई मैंने तेरे लिए, दुनिया भुलाई मैंने तेरे लिए, जन्नतें सजाई मैंने तेरे लिए, छोड़ दी ख़ुदाई मैंने तेरे लिए"; तो इसमें "जागी जागी सोयी ना मैं सारी रात", इतना जो हिस्सा है, इसकी धुन आपको किसी पुराने गीत से मिलती जुलती लगती है?

सजीव - याद तो नहीं आ रहा, चलो तुम ही बताओ।

सुजॊय - दरसल यह मेरी खोज नहीं है, इंटरनेट पर ही मैंने यह बात पढ़ी और जब ख़ुद उस गीत को अपने पी.सी पर सुना तो यक़ीन हो गया। वह गीत है ९० के दशक की फ़िल्म 'यलगार' का, "हो जाता है कैसे प्यार न जाने कोई"। इस गीत के अंतरे का जो धुन है, जिसमें कुमार सानू गाते हैं "षोख़ हसीना से मिलने के बाद..." या फिर जब सपना मुखर्जी गाती हैं "लाख कोई सोचे सारे सारी रात..."। आप भी सुनिए इस गीत को और हमारे तमाम श्रोताओं को भी 'यलगार' के इस गीत को सुनने का सुझाव हम देंगे। लेकिन फिलहाल हम आपको सुनवा रहे हैं आतिफ़ और श्रेया का गाया "तेरे लिए"।

गीत - तेरे लिए


सजीव - अच्छा इस गीत से पहले तुम बता रहे थे कि इस गीत के चार वर्ज़न हैं, तो उनके बारे में भी बताते चलें।

सुजॊय - बाक़ी के तीन वर्ज़न रीमिक्स वर्ज़न हैं जिनका कुछ इस तरह से नामकरण किया किया गया है - 'डान्स मिक्स' जिसे शायद डिस्कोज़ के लिए बनाया गया होगा; दूसरा है 'हिप हॊप मिक्स' जो पहले के मुक़ाबले थोड़ा और सेन्सुयस भी। आतिफ़ की आवाज़ में एक सेन्सुयस फ़ील है जो इस तरह के गीतों में थोड़ा और जान डाल देता है। और जो तीसरा वर्ज़न है उसका नाम है 'अनप्लग्ड वर्ज़न' जिसमें अनर्थक साज़ों की भीड़ नहीं है, बल्कि केवल गीटार की पार्श्व में सुनाई देता है और इस वर्ज़न में आवाज़ ख़ुद सचिन गुप्ता की ही है। वेल डन सचिन!

सजीव - और दूसरे गीत की बारी। आतिफ़ असलम की आवाज़ और फिर से ईलेक्ट्रिक गीटार का इस्तेमाल। इसे फ़िल्म का थीम सॊंग् भी कहा जा सकता है जो नायक की शख्सियत का बयाँ करती है। "कौन हूँ मैं किसकी मुझे तलाश ", इस गीत में एक रॊक फ़ील है, केवल एक बार सुन कर शायद यह गीत आप के ज़हन में ना बैठ पाए, क्योंकि इस तरह के गीतों को 'सिचुयशनल सॊंग्' कहते हैं, जिसका अर्थ है कि फ़िल्म के कहानी के साथ ही इस गीत को जोड़ा जा सकता है। लेकिन बार बार सुन कर अच्छा लगने लगता है। और हो सकता है कि इसे सुनते हुए आपको 'शहंशाह' फ़िल्म का "अंधेरी रातों में सुनसान राहों पर" गीत याद आ जाए! सुनते हैं...

गीत - कौन हूँ मैं


सुजॊय - और अब आज का अंतिम गीत, और एक बार फिर आतिफ़ असलम की आवाज़। यह गीत है "आ भी जा सनम"। दरअसल इस फ़िल्म में एक गीत है "ओ मेरे ख़ुदा"। करीब करीब उसी धुन पर इस गीत को बनाया गया है, बस रीदम थोड़ी धीमी है। यह एक टिपिकल आतिफ़ असलम नंबर है और पहले भी इस तरह के गानें वो कई बार गा चुके हैं। इसलिए शायद बहुत ज़्यादा नयापन आपको इस गीत में ना लगे, लेकिन गाना अच्छा है, ठीक ठाक बना है।

सजीव - सुजॊय, इसे इत्तेफ़ाक़ ही कहो या कुछ और, हमने आज 'पाठशाला' और 'प्रिन्स' के गानें बजाए, और देखो इन दोनों फ़िल्मों को मैं शंकर अहसान लॊय के साथ जोड़ सकता हूँ, जब कि इन दोनों फ़िल्मों से शंकर अहसान लॊय का कुछ लेना देना नहीं है।

सुजॊय - वह कैसे?

सजीव - अब देखो, याद है मैंने कुछ देर पहले कहा था कैलाश खेर का गाया गीत "ऐ ख़ुद" शंकर अहसान लॊय के बनाए "ओ रब्बा" से मिलता जुलता है; अब देखो 'प्रिन्स' का यह गीत "ओ मेरे ख़ुदा" या "आ भी जा सनम" भी तो शंकर अहसान लॊय की फ़िल्म 'लंदन ड्रीम्स' के एक गीत से बहुत मिलता जुलता है। याद है 'लंदन ड्रीम्स' में एक गाना था "शोला शोला", उस गीत की पंक्ति "और चल तू पिघल हवा है तू बह निकल, राहें बना रस्ते बना चल रे" की धुन "ओ मेरे सनम" के बहुत करीब है।

सुजॊय - वाह! सही है! तो चलिए अब यह गीत सुनते हैं।

गीत - आ भी जा सनम


"पाठशाला" के संगीत को आवाज़ रेटिंग ***
कुछ खास गायक गायिकाओं की आवाजें, संगीत में नयापन इस अल्बम को कुछ हद तक खास बनाता है. हालांकि शेल्फ वेल्यु नहीं है बहुत फिर भी लकी अली को बहुत दिनों बाद फिर से सुनना सुखद ही है

"प्रिंस" के संगीत को आवाज़ रेटिंग ***
रेस की टीम ने आपको याद होगा जम कर धूम मचाई थी भले ही धुनें चुराई हुई थी, वही टीम यहाँ फिर है बस संगीतकार प्रीतम को बदल दिया गया है, जब धुनें चुरानी ही हों तो नामी संगीतकार को लेकर क्या करना :) खैर टिप्स की फिल्मों का फार्मूला साफ़ सपाट होता है, धूम धड़ाके वाला संगीत जिसकी आयु फिल्म के सिनेमाघरों पर टिकने तक ही होती है. आतिफ की आवाज़ में "खुदा" शब्द का उच्चारण कानों को चुभता है, बहरहाल नाचने झूमने का मन हो तो इस फुट टैप्पिंग अल्बम को सुना जा सकता है.

और अब आज के ३ सवाल

TST ट्रिविया # ४०- हनीफ़ शेख़ ने अहमद ख़ान की फ़िल्म 'पाठशाला' में संगीत दिया और गानें भी लिखे हैं। बताइए कि इससे पहले अहमद ख़ान की कौन सी फ़िल्म में हनीफ़ ने गीत गाया था और वह गीत कौन सा था?

TST ट्रिविया # ४१- इनका असली नाम है मकसूद महमूद अली। इनका जन्म १९ सितंबर १९५८ को हुआ था। इनकी माँ मशहूर अदाकारा मीना कुमारी की बहन थीं। बताइए इस शख़्स को दुनिया किस नाम से जानती है?

TST ट्रिविया # ४२- आतिफ़ असलम बहुत जल्दी फ़िल्म के पर्दे पर नज़र आएँगे बतौर हीरो। बताइए किस पाक़िस्तानी निर्देशक की यह फ़िल्म है और फ़िल्म का नाम क्या है?


TST ट्रिविया में अब तक -
सीमा जी एक बार फिर बुलंदी पर हैं, बधाई

Sunday, April 4, 2010

न मैं धन चाहूँ, न रतन चहुँ....मन को पावन धारा में बहा ले जाता एक मधुर भजन....



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 394/2010/94

दोस्तों, इन दिनों 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर आप सुन रहे हैं पार्श्वगायिकाओं के गाए युगल गीतों पर आधारित हमारी लघु शृंखला 'सखी सहेली'। आज इस शृंखला की चौथी कड़ी में प्रस्तुत है गीता दत्त और सुधा मल्होत्रा की आवाज़ों में एक भक्ति रचना - "ना मैं धन चाहूँ ना रतन चाहूँ, तेरे चरणों की धूल मिल जाए"। फ़िल्म 'काला बाज़ार' की इस भजन को लिखा है शैलेन्द्र ने और सगीतबद्ध किया है सचिन देव बर्मन ने। जैसा कि हम पहले भी ज़िक्र कर चुके हैं और सब को मालूम भी है कि गीता जी की आवाज़ में कुछ ऐसी खासियत थी कि जब भी उनके गाए भक्ति गीतों को हम सुनते हैं, ऐसा लगता है कि जैसे भगवान से गिड़गिड़ाकर विनती की जा रही है बहुत ही सच्चाई व इमानदारी के साथ। और ऐसी रचनाओं को सुनते हुए जैसे मन पावन हो जाता है, ईश्वर की आराधना में लीन हो जाता है। फ़िल्म 'काला बाज़ार' के इस भजन में भी वही अंदाज़ गीता जी का रहा है। और साथ में सुधा मल्होत्रा जी की आवाज़ भी क्या ख़ूब प्यारी लगती है। इन दोनों की आवाज़ों से जो कॊन्ट्रस्ट पैदा हुआ है गीत में, वही गीत को और भी ज़्यादा कर्णप्रिय बना देता है। इस भजन में वह शक्ति है कि आज ५० साल बाद भी इसका शुमार कालजयी फ़िल्मी भक्ति रचनाओं में होता है और अनेक धार्मिक अनुष्ठानों में इसे बजाया या गाया जाता है। फ़िल्म में यह भजन फ़िल्माया गया था लीला चिटनिस और नंदा पर। गीता दत्त ने लीला जी का प्लेबैक दिया जब कि सुधा मल्होत्रा ने नंदा का। वैसे सुधा मल्होत्रा के साथ अक्सर ऐसा हुआ कि उन्हे बहुत ज़्यादा बड़े बैनर की फ़िल्मों में नायिका के लिए गाने के अवसर नहीं मिले। अगर मिले तो बच्चों पर या वयस्क भूमिकाओं पर उनके गाए गीत फ़िल्माए गए। इससे वो जल्दी ही टाइप कास्ट हो गईं, लेकिन जो भी मौके उन्हे मिले, उन्होने हर बार यह साबित किया कि वो एक वर्सेटाइल सिंगर हैं और हर तरह के गीत वो गा सकती हैं अगर मौका दिया जाए तो। आज का यह गीत इसी बात का प्रमाण है।

'काला बाज़ार' १९५९-६० की फ़िल्म थी जिसका निर्माण देव आनंद ने किया था। फ़िल्म की कहानी व निर्देशन विजय आनंद का था। देव आनंद, वहीदा रहमान, नंदा, विजय आनंद, चेतन आनंद, लीला चिटनिस अभिनीत इस फ़िल्म के गीत संगीत का पक्ष भी काफ़ी मज़बूत था। रफ़ी साहब का गाया "खोया खोया चांद खुला आसमान", "अपनी तो हर आह एक तूफ़ान है", "तेरी धूम हर कहीं"; रफ़ी-गीता का गाया "रिमझिम के तराने लेके आई बरसात"; आशा-मन्ना का गाया "सांझ ढली दिल की लगी थक चली पुकार के"; आशा भोसले का गाया "सच हुए सपने तेरे", तथा आज का प्रस्तुत गीत, सभी गानें बेहद कामयाब रहे और आज भी उतने ही प्यार से सुने जाते हैं। दोस्तों, क्योंकि आज का गीत अभिनेत्री व गायिका लीला चिटनिस पर फ़िल्माया गया है, तो क्यों ना आज उनके बारे में थोड़ी सी बातें की जाए! सन् २००३ के १५ जुलाई को लीला जी का देहांत हो जाने के बाद 'लिस्नर्स बुलेटिन' में उन पर एक छोटा सा लेख प्रकाशित हुआ था, उसी लेख से कुछ अंश यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ। ३० सितंबर १९१२ को धारवाड़ (कर्नाटक) में जन्मीं लीला नागरकर ने डॊ जी. पी. चिटनिस से बी.ए की पढ़ाई के दौरान ही विवाह कर लिया। ४-५ वर्षों बाद ही उनसे तलाक़ हो गया और जीवोकोपार्जन के लिए उन्होने फ़िल्म क्षेत्र में प्रवेश किया। सागर मूवीटोन निर्मित फ़िल्मों में एक्स्ट्रा के रूप में अभिनय के बाद सन् १९३५ में निर्मित 'धुआंधार' में नायिका बनीं। उन्होने कुल ११० हिंदी एवं १० मराठी फ़िल्मों में अभिनय किया। ३० और ४० के दशकों में प्लेबैक तकनीक के अभाव या कम प्रचलन के समय ख़ुद ही अपने पर फ़िल्माए बहुत से गीत गाए। उन्होने अन्तिम बार 'दिल तुझको दिया' (१९८५) में अभिनय किया हालाँकि उनके अभिनय की अन्तिम फ़िल्म 'रामू तो दीवाना है' २००१ में प्रदर्शित हुई थी। छठे दशक में उन्होने ममता मयी मां का अभिनय करना शुरु कर दिया था। उनकी अत्मकथा 'चन्देरी दुनियेत' १९८१ में प्रकाशित हुई थी। तो ये थी कुछ बातें लीला चिटनिस के बारे में जो हमने प्राप्त की 'लिस्नर्स बुलेटिन' अंक १२३ से जो सितंबर २००३ में प्रकाशित हुई थी। और आइए अब मन को पावन कर देने वाली इस भजन का आनंद उठाया जाए गीता दत्त व सुधा मल्होत्रा की आवाज़ों के साथ।



क्या आप जानते हैं...
कि लीला चिटनिस ने ३ फ़िल्मों ('कंचन' (१९४१), 'किसी से ना कहना' (१९४२), 'आज की बात' (१९५५)) का निर्माण भी किया था।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. इस गीत की जो आरंभिक धुन है वो विविध भारती पर प्रसारित होने वाले शास्त्रीय संगीत आधारित एक कार्यक्रम की सिग्नेचर धुन हुआ करती थी, गीत बताएं -३ अंक.
2. कमल बारोट और ______ ने इस गीत को गाया है, कौन है ये दूसरी गायिका- २ अंक.
3. गीत के संगीतकार बताएं-२ अंक.
4. गीतकार भी उस्ताद शायर हैं इस सवानी गीत के, नाम बताएं -२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
इंदु जी, आप जल्दबाजी बहुत करती हैं, ३ अंक गँवा दिए न ?, शरद जी चतुर निकले, और पाबला जी भी आये और जो पुछा नहीं गया उसका जवाब दे गए...दोनों भाई बहिन एक जैसे....क्या बात है. पदम और अनीता जी की जोड़ी बढ़िया रही. दिलीप जी ने प्रस्तुत गीत पर टिपण्णी कर जो जानकारी दी वो कमाल की लगी

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

Saturday, April 3, 2010

अपलम चपलम चपलाई रे....गुदगुदाते शब्द मधुर संगीत और मंगेशकर बहनों की जुगलबंदी



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 393/2010/93

ज़ोहराबाई -शमशाद बेग़म और सुरैय्या - उमा देवी की जोड़ियों के बाद 'सखी सहेली' की तीसरी कड़ी में आज हम जिन दो गायिकाओं को लेकर उपस्थित हुए हैं, वो एक ऐसे परिवार से ताल्लुख़ रखती हैं जिस परिवार का नाम फ़िल्म संगीत के आकाश में सूरज की तरह चमक रहा है। जी हाँ, मंगेशकर परिवार। जो परम्परा स्व: दीनानाथ मंगेशकर ने शुरु की थी, उस परम्परा को उनके बेटे बेटियों, लता, आशा, उषा, मीना, हृदयनाथ, आदिनाथ, ने ना केवल आगे बढ़ाया, बल्कि उसे उस मुकाम तक भी पहुँचाया कि फ़िल्म संगीत के इतिहास में उनके परिवार का नाम स्वर्णाक्षरों से दर्ज हो गया। आज इसी मंगेशकर परिवार की दो बहनों, लता और उषा की आवाज़ों में प्रस्तुत है एक बड़ा ही नटखट, चंचल और चुलबुला सा गीत सी. रामचन्द्र के संगीत निर्देशन में। राजेन्द्र कृष्ण का लिखा १९५५ की फ़िल्म 'आज़ाद' का वही सदाबहार गीत "अपलम चपलम"। कहा जाता है कि फ़िल्म 'आज़ाद' के निर्माता एस. एम. एस. नायडू ने पहले संगीतकार नौशाद को इस फ़िल्म के संगीत का भार देना चाहा, पर उन्होने नौशाद साहब के सामने शर्त रख दी कि एक महीने के अंदर सभी ९ गीत तय्यार चाहिए। नौशाद साहब ने यह शर्त मंज़ूर नहीं की। उनके बाद कोई भी संगीतकार इस चैलेंज को स्वीकार करने का साहस नहीं किया। आख़िरकार सी. रामचन्द्र ने चुनौती स्वीकारा और सच में उन्होने एक महीने के अंदर सभी गानें रिकार्ड करके ना केवल सब को चकित किया, बल्कि सारे के सारे गानें लोकप्रियता की बुलंदी तक भी पहुँचे। इस फ़िल्म से जुड़ी हुई एक और दिलचस्प बात भी आपको बताता चलूँ। 'दाग़', 'संगदिल', 'फ़ूटपाथ, और 'देवदास' जैसी दुखांत वाली फ़िल्में करने के बाद दिलीप कुमार मानसिक तौर से बिमार हो चले थे, और मानसिक अवसाद उन्हे घेरने लगी थी। ऐसे में उनके डॊक्टर ने उन्हे इस तरह की फ़िल्में करने से मना किया। जब नायडू साहब ने दिलीप साहब को 'आज़ाद' में एक बहुत ही अलग किस्म का सुपरहीरो का किरदार निभाने का अवसर दिया, तो धीरे धीरे वो फिर एक बार मानसिक तौर से चुस्त दुरुस्त हो गए।

लता जी और उषा जी ने इस फ़िल्म में दो हिट युगल गीत गाए, एक तो आज का प्रस्तुत गीत है, और दूसरा गाना था पंजाबी रंग का "ओ बलिए, चल चलिए, आ चलें वहाँ, दिल मिले जहाँ"। दोस्तों, भले ही लता जी और आशा जी के संबंध को लेकर हमेशा से लोगों में उत्सुकता रही है, लेकिन लता जी और उषा जी के बीच कभी कोई ऐसी वैसी बात नहीं सुनी गई। बल्कि लता जी और साथ उषा जी हमेशा साथ में रहती हैं। हाल के कुछ वर्षों में लता जी जिस किसी भी फ़ंक्शन में जाती हैं, उषा जी उनके साथ ही रहती हैं। उषा जी जब विविध भारती पर 'जयमाला' कार्यक्रम पेश करने आईं थीं, उसमें उन्होने लाता जी और आशा जी के सम्मान में बहुत सी बातें कीं थीं। आइए आज उसी कार्यक्रम के एक अंश को यहाँ पढ़ें, जिसमें उषा जी बता रही हैं लता जी के बारे में। "बचपन से ही मैं लता दीदी के साथ रिकार्डिंग् पर जाया करती थी। उस दौर में फ़िल्म के अलावा रिकार्ड के लिए अलग से दोबारा गाना पड़ता था। 'कठपुतली' फ़िल्म के एक गाने की रिकार्डिंग् दोपहर २ बजे तक चलती रही। बहुत गरमी थी, बजाने वाले भी गरमी से तड़प रहे थे और गाना बार बार रीटेक हो रहा था। लता दीदी २०-२५ बार गाने के बाद बेहोश हो कर गिर पड़ीं। फिर वो ठीक भी हो गईं, लेकिन इस हादसे से इतना ज़रूर अच्छा हुआ कि उस रिकार्डिंग् स्टुडियो में एयर कंडिशनर लगवा दिया गया। लता दीदी के बारे में कोई क्या कह सकता है! दुनिया जानती है कि ऐसी आवाज़ एक बार ही जनम लेती है। ऐसी आवाज़ जिसे सुन कर मन को सुकून और शांति मिलती है!" और अब दोस्तों, लता जी और उषा की शरारती अंदाज़ का नमूना, फ़िल्म 'आज़ाद' के इस मचलते, थिरकते गीत में, आइए सुनते हैं।



क्या आप जानते हैं...
कि उषा मंगेशकर ने शास्त्रीय नृत्य की तालीम भी ली थी, और गायन के अलावा उन्हे चित्रकारी का भी बहुत शौक रहा है।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. मुखड़े में शब्द है -"धूल", गीतकार बताएं -३ अंक.
2. गीता दत्त के साथ किस गायिका ने इस भजन में अपनी आवाज़ मिलायी है- २ अंक.
3. लीला चिटनिस के साथ कौन सी नायिका ने परदे पर निभाया है इस गीत को-२ अंक.
4. संगीतकार कौन है फिल्म के -२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
वाह वाह सब ने जबरदस्त वापसी की है इस बार. इंदु जी आपको ३ अंक और शरद जी, पदम जी और अनीता जी को २- २ अंकों की बधाई

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

सुनो कहानी: चार बेटे - हरिशंकर परसाई



सुनो कहानी: चार बेटे - हरिशंकर परसाई
'सुनो कहानी' इस स्तम्भ के अंतर्गत हम आपको सुनवा रहे हैं प्रसिद्ध कहानियाँ। पिछले सप्ताह आपने अनुराग शर्मा लिखित रचना "मैं एक भारतीय" का पॉडकास्ट अनुराग शर्मा की आवाज़ में सुना था। आवाज़ की ओर से आज हम आपकी सेवा में प्रस्तुत कर रहे हैं हरिशंकर परसाई लिखित व्यंग्य "चार बेटे", जिसको स्वर दिया है अनुराग शर्मा ने।

"चार बेटे" का कुल प्रसारण समय मात्र 8 मिनट 44 सेकंड है। सुनें और बतायें कि हम अपने इस प्रयास में कितना सफल हुए हैं।

यदि आप भी अपनी मनपसंद कहानियों, उपन्यासों, नाटकों, धारावाहिको, प्रहसनों, झलकियों, एकांकियों, लघुकथाओं को अपनी आवाज़ देना चाहते हैं हमसे संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए कृपया यहाँ देखें।



मेरी जन्म-तारीख 22 अगस्त 1924 छपती है। यह भूल है। तारीख ठीक है। सन् गलत है। सही सन् 1922 है। ।
~ हरिशंकर परसाई (1922-1995)

हर शनिवार को आवाज़ पर सुनें एक नयी कहानी

गृहस्थ धर्म की एक ज़रूरी रस्म पत्नी को पीटने की भी होती है।
(हरिशंकर परसाई के व्यंग्य "चार बेटे" से एक अंश)


नीचे के प्लेयर से सुनें.
(प्लेयर पर एक बार क्लिक करें, कंट्रोल सक्रिय करें फ़िर 'प्ले' पर क्लिक करें।)

यदि आप इस पॉडकास्ट को नहीं सुन पा रहे हैं तो नीचे दिये गये लिंक से डाऊनलोड कर लें:
VBR MP3
#67th Story, Char Bete: Harishankar Parsai/Hindi Audio Book/2010/12. Voice: Anurag Sharma

Friday, April 2, 2010

बेताब है दिल दर्द-ए-मोहब्बत के असर से...सुरैया और उमा देवी के युगल स्वरों में ये गीत



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 392/2010/92

'सखी सहेली' की दूसरी कड़ी में आप सभी का एक बार फिर स्वागत है। महिला युगल गीतों की इस शृंखला में कल आप ने ज़ोहराबाई अम्बालेवाली और शमशाद बेग़म का गाया एक बच्चों वाला गाना सुना था। आज हमने जिन दो गायिकाओं को चुना है वे हैं सुरैय्या और उमा देवी। बहुत ही दुर्लभ जोड़ी है, और इस जोड़ी की याद आते ही हमें झट से याद आती है १९४७ की फ़िल्म 'दर्द' का वही सुरीला गीत, याद है ना "बेताब है दिल दर्द-ए-मोहब्बत के असर से, जिस दिन से मेरा चांद छुपा मेरी नज़र से"। बहुत दिनों से आपने यह गीत नहीं सुना होगा, है ना? तो चलिए आज उन पुरानी यादों को एक बार फिर से ताज़ा कीजिए शक़ील बदायूनी के लिखे इस गीत से जिसकी तर्ज़ बनाई थी नौशाद अली ने। फ़िल्म 'दर्द' का निर्माण व निर्देशन किया था अब्दुल रशीद कारदार ने, जिन्हे हम ए. आर. कारदार के नाम से बेहतर जानते हैं। श्याम, नुसरत, मुअव्वर सुल्ताना, सुरैय्या, बद्री प्रसाद, हुस्न बानो, प्रतिमा देवी प्रमुख अभिनीत इस फ़िल्म से ही शक़ील और नौशाद की जोड़ी शुरु हुई थी। इस फ़िल्म के कुछ गीत उमा देवी ने गाए, कुछ सुरैय्या ने, और शमशाद बेग़म की भी आवाज़ थी इस फ़िल्म में। मैं पूरी यक़ीन के साथ तो नहीं कह सकता, लेकिन जितना मैंने जाना है कि इस फ़िल्म में किसी पुरुष गायक की आवाज़ नहीं थी। इस फ़िल्म की जब भी बात चलती है तो सब से पहले उमा देवी का गाया "अफ़साना लिख रही हूँ" गीत ज़हन में आता है। इस गीत को हमने कमचर्चित पार्श्वगायिकाओं पर केन्द्रित शृंखला 'हमारी याद आएगी' में हमने सुनवाया था। इस गीत का फ़िल्मांकन मुनव्वर सुल्तना पर हुआ था। अब क्योंकि इस फ़िल्म में सुरैय्या भी थीं, तो ज़ाहिर है कि उन पर फ़िल्माए गीत उन्होने ही गाए होंगे। आज का प्रस्तुत युगल गीत मुनव्वर सुल्ताना और सुरैय्या पर फ़िल्माया हुआ है, और ऐसा लगता है कि प्रेम त्रिकोण की कहानी रही होगी यह फ़िल्म, और ये दोनों नायिकाएँ अपने अपने दिल की बातें गीत के शक्ल में बयाँ कर रही हैं, लेकिन एक ही पुरुष के लिए। पहला और तीसरा अंतरा उमा देवी ने गाया है जब कि दूसरा अंतरा सुरैय्या की आवाज़ में है। हैरत की बात है कि इन दोनों की आवाज़ों में बहुत ज़्यादा कंट्रास्ट सुनाई नहीं देता इस गीत में। इस गीत की अदायगी जितनी प्यारी है, उतने ही सुंदर हैं शक़ील साहब के बोल, और नौशाद साहब ने भी क्या धुन बनाई है। गाने का जो मूल रीदम है, वह बंगाल के कीर्तन शैली की तरह सुनाई देता है।

१९९१ में उमा देवी विविध भारती पर तशरीफ़ लाई थीं और सुरैय्या के साथ उनके गाए हुए इस गीत को बजाया भी था और इसके बारे में बताया भी था। पेश है उस कार्यक्रम का वह अंश: "मेरे सज्जनों, मैं तुम्हे थोड़ी सी आप बीती सुनाती हूँ। मशहूर हीरोइन सुरैय्या, फ़िल्म स्टार सुरैय्या, हाय हाय हाय हाय, सुरैय्या के साथ मैंने फ़िल्म 'दर्द' का यह गाना गाया था। आप लोग ख़ूब सुनते हैं यह गाना। उसमें मैं भी उनके साथ खड़ी होकर, बिल्कुल उनसे लिपटी खड़ी गा रही थी, "बेताब है दिल दर्द-ए-मोहब्बत के असर से"। इसमे हम दोनों ने अपने अपने गाने की अदायगी की थी, ज़रा सुनिए तो..." और इस गीत के ख़त्म होते ही उमा जी कहती हैं, "क्यों, अच्छा लगा ना? मैं आपको अच्छी लगती हूँ ना? आप भी मुझे बड़े अच्छे लगते हैं। अरे, अगर आप यहीं सामने खड़े होते तो तुम्हे गले से चिपड चिपड कर जाने ही नहीं देती।" दोस्तों, क्योंकि उमा देवी उसके बाद टुनटुन बन चुकी थीं, इसलिए विविध भारती के उस 'जयमाला' कार्यक्रम में उनकी बातों का अंदाज़ टुनटुन जैसा था और जो गानें उन्होने सुनवाए, वो उमा देवी ने सुनवाए। बहुत ही प्रतिभाशाली अदाकारा थीं वो। भली ही गायन में बहुत दूर तक नहीं पहुँचीं, लेकिन अपने हास्य अभिनय से न जाने कितने हज़ारों लाखों लोगों की होठों पर मुस्कान बिखेरा है उन्होने। और किसी के चेहरे पर मुस्कान खिलाने से बेहतर और कोई दूसरी इबादत नहीं हो सकती। दोस्तों, आप सोच रहे होंगे कि हमने केवल उमा देवी के बारे में ही बातें कीं, और सुरैय्या को भूल गए। हम वादा करते हैं कि इसके बाद जिस किसी भी दिन सुरैय्या जी का गाया हुआ कोई गीत सुनवाएँगे, उस दिन उनके जीवन से जुड़ी कुछ और बातें आप तक ज़रूर पहुँचाएँगे, वैसे उनसे जुड़ी बहुत सारी बातें हम पहले भी बता चुके हैं। और क्यों कि आज अभी आप बेताब होंगे इस बेताबी भरे गीत को सुनने के लिए, इसलिए हम आज यहीं रुक जाते हैं, सुनिए यह प्यारा सा गीत।



क्या आप जानते हैं...
कि युं तो लोग यही जानते हैं कि उमा देवी को पहली बार नौशाद साहब ने फ़िल्म 'दर्द' में गवाया था, लेकिन हक़ीक़त यह है कि १९४६ में उमा देवी ने 'वामिक़ अज़रा' नामक एक फ़िल्म में गीत गाया था जिसके संगीतकर थे ए.आर. क़ुरेशी।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. मुखड़े में शब्द है -"दुनिया", गीत बताएं -३ अंक.
2. दो गायिका बहनों ने गाया है इसे, एक लता है दूसरी का नाम बताएं- २ अंक.
3. निर्माता एस. एम. एस. नायडू की इस फिल्म के संगीतकार बताएं -२ अंक.
4. इस नटखट मस्ती भरी गीत के गीतकार कौन हैं-२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
क्या बात सब के सब चूके इस बार, पर शरद जी ने फिल्म का नाम सही बताया है, २ अंक जरूर मिलेंगें

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

एक रात में सौ बार जला और बुझा हूँ...नए संगीत के तीसरे सत्र की शुरूआत, नजीर बनारसी के कलाम और रफीक की आवाज़ से



Season 3 of new Music, Song # 01

दोस्तो, कहते है किसी काम को अगर फिर से शुरू करना हो, तो उसे वहीं से शुरू करना चाहिए जहाँ पर उसे छोड़ा गया था. आज आवाज़ के लिए ख़ास दिन है. 29 दिसंबर को हमने जिस सम्मानजनक रूप से नए संगीत को दूसरे सत्र को अलविदा कहा था, उसी नायाब अंदाज़ में आज हम स्वागत करने जा रहे हैं नए संगीत के तीसरे सत्र का. हमने आपको छोड़ा था रफीक भाई की सुरीली आवाज़ पर महकती एक ग़ज़ल पर, तो आज एक बार फिर संगीत के नए उभरते हुए योद्धाओं के आगमन का बिगुल बजाया जा रहा हैं उसी दमदार मखमली आवाज़ से. जी हाँ दोस्तों, सीज़न 3 आरंभ हो रहा है नजीर बनारसी के कलाम और रफीक शेख की जादू भरी अदायगी के साथ. रफीक हमारे पिछले सत्र के विजेता रहे हैं जिनकी 3 ग़ज़लें हमारे टॉप 10 गीतों में शामिल रहीं, और जिन्हें आवाज़ की तरफ से 6000 रूपए का नकद पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था, इस बार भी रफीक इस शानदार ग़ज़ल के साथ अपनी जबरदस्त शुरूआत करने जा रहे हैं नए सत्र में। नजीर बनारसी की ये ग़ज़ल उन्हें उनके एक मित्र के माध्यम से प्राप्त हुई है, नजीर साहब वो उस्ताद शायर हैं जिनके बोलों को जगजीत सिंह और अन्य नामी फनकारों ने कई-कई बार अपने स्वरों से सजाया है, याद कीजिये "कभी खामोश बैठोगे, कभी कुछ गुनगुनाओगे..." या फिर "एक दीवाने को ये आये हैं समझाने..." जैसी उत्कृष्ट ग़ज़लें. दुर्भाग्यवश नजीर साहब के बारे बहुत अधिक जानकारी हमारे पास उपलब्ध नहीं हैं, हम गुजारिश करेंगें कि यदि आप में से कोई श्रोता उनके बारे कोई जानकारी हमें दे सकतें हैं तो अवश्य दें. हालाँकि ये ग़ज़ल उनकी अनुमति के बिना ही संगीतबद्ध हो कर यहाँ प्रसारित हो रही है, पर हमें पूरा यकीन है कि इस ग़ज़ल को सुनने के बाद नजीर साहब या उनके चाहने वालों को इस गुस्ताखी पर शिकायत की बजाय ख़ुशी अधिक होगी। तो पेश है दोस्तों, ये ग़ज़ल "एक रात में ...."

ग़ज़ल के बोल -

एक रात में सौ बार जला और बुझा हूँ,
मुफलिस का दीया हूँ मगर आंधी से लड़ा हूँ.

वो आईना हूँ कभी कमरे में सजा था,
अब गिर के जो टूटा हूँ तो रस्ते में पड़ा हूँ.

मिल जाऊँगा दरिया में तो हो जाऊँगा दरिया,
सिर्फ इसलिए कतरा हूँ, समुन्दर से जुदा हूँ.

दुनिया से निराली है 'नजीर' अपनी कहानी,
अंगारों से बच निकला हूँ फूलों से जला हूँ.




मेकिंग ऑफ़ "एक रात में..." - रफीक शेख (गायक/संगीतकार) के शब्दों में
मुझे ये ग़ज़ल रफीक सागर जी , जो रजा हसन के पिताजी हैं, उन्होंने दी थी. ये इतनी प्यारी ग़ज़ल है और बहुत ही सीधी भाषा में है जो सबको समझ में आएगी, इसके हर शेर ऐसा है कि सबको लगता है कि बस मेरी ही कहानी बोली जा रही है. कामियाबी पाना इतना आसान नहीं है, फिर भी जब हम किसी कामियाब इंसान को देखते हैं तो बड़ी आसानी से कहते हैं, कि 'भाई साहब आपके तो मजे हैं, गाडी बंगला सब कुछ है आपके पास', मगर हम ये नहीं जानते हैं कि उन चीजों को हासिल करने के लिए उस शख्स को क्या क्या करना पड़ा होगा....उसी को शायर इस अंदाज़ में कहता है कि "एक रात में सौ बार जला और बुझा हूँ, मुफलिस का दिया हूँ मगर आंधी से लड़ा हूँ...". इस ग़ज़ल का हर शेर लाजावाब तो है ही, मगर जो मक्ता है उसका क्या कहना...बड़ी सीधी भाषा में शायर कहता है कि "दुनिया से निराली है 'नजीर' अपनी कहानी, अंगारों से बच निकला हूँ फूलों से जला हूँ...", उम्मीद करता हूँ कि आप सब को ये पेशकश पसंद आएगी...."



रफ़ीक़ शेख
रफ़ीक़ शेख आवाज़ टीम की ओर से पिछले वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गायक-संगीतकार घोषित किये जा चुके हैं। रफ़ीक ने दूसरे सत्र के संगीत मुकाबले में अपने कुल 3 गीत (सच बोलता है, आखिरी बार, जो शजर सूख गया है) दिये और तीनों के तीनों गीतों ने शीर्ष 10 में स्थान बनाया। रफ़ीक ने पिछले वर्ष अहमद फ़राज़ के मृत्यु के बाद श्रद्धाँजलि स्वरूप उनकी दो ग़ज़लें (तेरी बातें, ज़िदंगी से यही गिला है मुझे) को संगीतबद्ध किया था। बम्पर हिट एल्बम 'काव्यनाद' में इनके 2 कम्पोजिशन संकलित हैं।

Gazhal - Ek Raat Men...
Vocal - Rafique Sheikh
Music - Rafique Sheikh
Lyrics - Nazeer Banarasi


Song # 01, Season # 03, All rights reserved with the artists and Hind Yugm

इस गीत का प्लेयर फेसबुक/ऑरकुट/ब्लॉग/वेबसाइट पर लगाइए

Thursday, April 1, 2010

उड़न खटोले पर उड़ जाऊं.....बचपन के प्यार को अभिव्यक्त करता एक खूबसूरत युगल गीत



ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 391/2010/91

युगल गीतों की जब हम बात करते हैं, तो साधारणत: हमारा इशारा पुरुष-महिला युगल गीतों की तरफ़ ही होता है। मेरा मतलब है वो युगल गीत जिनमें एक आवाज़ गायक की है और दूसरी आवाज़ किसी गायिका की। लेकिन जब भी युगल गीतों में ऐसे मौके आए हैं कि जिनमें दोनों आवाज़ें या तो पुरुष हैं या फिर दोनों महिला स्वर हैं, ऐसे में ये गानें कुछ अलग हट के, या युं कहें कि ख़ास बन जाते हैं। आज से हम 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर शुरु कर रहे हैं पार्श्वगायिकाओं के गाए हुए युगल गीतों, यानी कि 'फ़ीमेल डुएट्स' पर आधारित हमारी लघु शृंखला 'सखी सहेली'। इस शूंखला में हम १० फ़ीमेल डुएट्स सुनेंगे, यानी कि १० अलग अलग गायिकाओं की जोड़ी के गाए गीतों का आनंद हम उठा सकेंगे। ४० से लेकर ७० के दशक तक की ये जोड़ियाँ हैं जिन्हे हम शामिल कर रहे हैं, और हमारा विश्वास है कि इन सुमधुर गीतों का आप खुले दिल से स्वागत करेंगे। तो आइए शुरुआत की जाए इस शूंखला की। पहली जोड़ी के रूप में हमने एक ऐसी जोड़ी को चुना है जिनमें आवाज़ें दो ऐसी गायिकाओं की हैं जो ४० और ५० के दशकों में अपनी वज़नदार और नैज़ल आवाज़ों की वजह से जाने जाते रहे। ४० का दशक इस तरह की वज़नदार आवाज़ों का दशक था और उस दशक में कई इस तरह की आवाजें सुनाई दीं। तो साहब, आज जिन दो आवाज़ों को हम आज शामिल कर रहे हैं वो हैं ज़ोहराबाई अम्बालेवाली और शमशाद बेग़म। युं तो इन दोनों ने साथ साथ कई युगल गीत गाए हैं, लेकिन मेरे ख़याल से इस जोड़ी का जो सब से मशहूर गीत रहा है वह है फ़िल्म 'अनमोल घड़ी' का, और जिसके बोल हैं "उड़न खटोले पे उड़ जाऊँ, तेरे हाथ ना आऊँ"। दो बाल कलाकारों पर फ़िल्माया हुआ यह गाना है। १९४६ की यह फ़िल्म, तनवीर नक़वी का गीत और नौशाद अली का संगीत। युं तो इस फ़िल्म के दो और गीत हम आप तक 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में पहुँचा चुके हैं, और फ़िल्म की तमाम बातें भी कह चुके हैं, इसलिए क्यों ना आज कुछ और बातें की जाए!

पार्श्वगायिकाओं की इस जोड़ी की अगर हम बात करें तो शम्शाद बेग़म जी के बारे में तो आप सभी को तमाम बातें मालूम होंगी, लेकिन बहुत कम ही ऐसे लोग होंगे जिन्हे ज़ोहराबाई अम्बालेवाली के बारे में अधिक जानकारी हो। इसलिए हमने सोचा कि क्यों ना आज के इस अंक के बहाने हम ज़ोहराबाई से आपका परिचय करवाएँ! 'ज़ोहरा जान ऒफ़ अम्बाला' नाम से सन् १९३७-३८ में ऒल इण्डिया रेडियो के दिल्ली, लाहौर, पेशावर केन्द्रों से गायन जीवन प्रारम्भ करने वाली ज़ोहराबाई से सन् १९३८ में संगीतकार अनिल बिस्वास ने सब से पहले सागर मूवीटोन कृत 'ग्रामोफ़ोन सिंगर' फ़िल्म के लिए गीत गवाया था। उसके बाद 'हम तुम और वह ('३८), 'बहूरानी' ('४०), 'हिम्मत' ('४१), 'रिटर्ण ऒफ़ तूफ़ान मेल' ('४२), 'तलाश' ('४३), 'विजयलक्ष्मी' ('४३) आदि फ़िल्मों में गीत गाए, लेकिन उन्हे असली कामयाबी जिस फ़िल्म से मिली, वह फ़िल्म थी 'रतन'। इस फ़िल्म का "अखियाँ मिलाके जिया भरमाके" गीत सब से ज़्यादा कामयाब रहा, जिसे हमने आपको इसी महफ़िल में भी सुनवाया था। नौशाद साहब ने 'रतन' के बाद भी अपनी कई फ़िल्मों में ज़ोहराबाई से गानें गवाए जैसे कि 'जीवन' ('४४), 'पहले आप' ('४४), 'सन्यासी' ('४५), 'अनमोल घड़ी' ('४६), 'एलान' ('४७), 'नाटक' ('४७) और 'मेला' ('४८)। हरमंदिर सिंह 'हमराज़' के प्रसिद्ध 'गीत कोश' के मुताबिक ज़ोहराबाई ने ४० के दशक में कुल १२२९ गीत गाए हैं। इस दशक के अधिकाँश ग्रामोफ़ोन रिकार्ड्स पर गीत गाने वाले पार्श्वगायकों के सही दिए जाने के बजाए पात्र का नाम दिए जाने की प्रथा लागू थी। अत: अनुमान है कि ज़ोहराबाई ने लगभग १५०० गीत गाए होंगे। उनके गाए गीतों की अनुमानित संख्या उन सभी पार्श्वगायिकाओं के गाए गीतों से अधिक हैं जो उस समय मशहूर थीं। दोस्तों, ये तमाम जानकारियाँ हमने बटोरी है 'लिस्नर्स बुलेटिन' अंक ८१ से, जो प्रकाशित हुआ था मई १९९० में। आप को यह भी बता दें कि ज़ोहराबी का २१ फ़रवरी १९९० को ६८ वर्ष की आयु में बम्बई में निधन हो गया था। तो चलिए दोस्तों, ज़ोहराबाई और शमशाद बेग़म के साथ साथ हम भी उड़न खटोले की सैर पे निकलते हैं और सुनते हैं यह यादगार गीत जो हमें याद दिलाती है उस पुराने दौर की जब ऐसी वज़नदार और नैज़ल आवाज़ वाली गायिकाओं का राज था।



क्या आप जानते हैं...
कि १९५३ की फ़िल्म 'तीन बत्ती चार रास्ते' के एक सहगान में जब ज़ोहराबाई अम्बालेवाली को केवल एकाध लाइन गाने का अवसर दिया गया तो उन्होने फ़िल्म जगत से सन्यास लेने में ही भलाई समझी।

चलिए अब बूझिये ये पहेली, और हमें बताईये कि कौन सा है ओल्ड इस गोल्ड का अगला गीत. हम आपसे पूछेंगें ४ सवाल जिनमें कहीं कुछ ऐसे सूत्र भी होंगें जिनसे आप उस गीत तक पहुँच सकते हैं. हर सही जवाब के आपको कितने अंक मिलेंगें तो सवाल के आगे लिखा होगा. मगर याद रखिये एक व्यक्ति केवल एक ही सवाल का जवाब दे सकता है, यदि आपने एक से अधिक जवाब दिए तो आपको कोई अंक नहीं मिलेगा. तो लीजिए ये रहे आज के सवाल-

1. मुखड़े में शब्द है -"चाँद", गीत बताएं -३ अंक.
2. दो गायिकाओं ने जिन्होंने इस गीत को गाया है सुरैया और _____, बताएं कौन हैं ये- २ अंक.
3. ए आर कारदार निर्देशित इस फिल्म का नाम बताएं-२ अंक.
4. नौशाब साहब का था संगीत, गीतकार बताएं-२ अंक.

विशेष सूचना -'ओल्ड इज़ गोल्ड' शृंखला के बारे में आप अपने विचार, अपने सुझाव, अपनी फ़रमाइशें, अपनी शिकायतें, टिप्पणी के अलावा 'ओल्ड इज़ गोल्ड' के नए ई-मेल पते oig@hindyugm.com पर ज़रूर लिख भेजें।

पिछली पहेली का परिणाम-
शरद जी, पाबला जी, इंदु जी, और पदम् जी को बधाई.....अवध जी आपका अंदाजा एकदम सही है

खोज व आलेख- सुजॉय चटर्जी


ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.

संग्रहालय

25 नई सुरांगिनियाँ

ओल्ड इज़ गोल्ड शृंखला

महफ़िल-ए-ग़ज़लः नई शृंखला की शुरूआत

भेंट-मुलाक़ात-Interviews

संडे स्पेशल

ताजा कहानी-पॉडकास्ट

ताज़ा पॉडकास्ट कवि सम्मेलन