'मजलिस-ए-क़व्वाली' की आज की कड़ी में हम क़दम रख रहे हैं ७० के दशक में। ७० के दशक का प्रतिनिधित्व करने वाले संगीतकारों में एक महत्वपूर्ण नाम है राहुल देव बर्मन का। और जहाँ तक उनके बनाए क़व्वालियों की बात है, तो उन्होंने कई फ़िल्मों में हिट क़व्वालियाँ दी हैं और दो ऐसी क़व्वालियाँ तो उनके फ़िल्मों के शीर्षक गीत भी थे। ये दो फ़िल्में हैं 'ज़माने को दिखाना है' और 'हम किसी से कम नहीं'। फ़िल्म 'दि बर्निंग् ट्रेन' में "पल दो पल का साथ हमारा" और 'आंधी' फ़िल्म में "सलाम कीजिए आली जनाब आए हैं" भी दो उत्कृष्ट क़व्वालियाँ हैं पंचम के बनाए हुए। लेकिन आज जो हम उनकी क़व्वाली लेकर आए हैं वह एक ऐसी क़व्वाली है जिसे बहुत ज़्यादा नहीं सुना गया। यह एक दार्शनिक क़व्वाली है; इस विषय पर बहुत सारे गीत लिखे गए हैं, लेकिन क़व्वाली की बात करें तो इस तरह की यह एकमात्र फ़िल्मी क़व्वाली ही मानी जाएगी। १९७१ की फ़िल्म 'अधिकार' की यह क़व्वाली है "जीना तो है उसी का जिसने यह राज़ जाना, है काम आदमी का औरों के काम आना"। एस. नूर निर्मित 'अधिकार' का निर्देशन किया था एस. एम. सागर ने। अशोक कुमार, नंदा और देब मुखर्जी अभिनीत इस लो बजट फ़िल्म के संवाद व गानें लिखे रमेश पंत ने। इस क़व्वाली के अलावा फ़िल्म का "रेखा ओ रेखा जब से तुम्हे देखा" गीत भी उस ज़माने में मशहूर हुआ था, लेकिन आज ना इस फ़िल्म का ज़िक्र कहीं आता है और ना ही फ़िल्म के गानें सुनाई देते हैं। कमचर्चित गीतकार रमेश पंत ने जिन फ़िल्मों में गीत लिखे हैं वो है 'अधिकार' (१९७१), 'सुरक्षा' (१९७९), 'वारदात' (१९८१), और 'इसी का नाम ज़िंदगी' (१९९२)। वैसे रमेश पंत एक सफल संवाद व पटकथा लेखक रहे हैं और उन्होंने कई कामयाब फ़िल्मों के संवाद और पटकथा लिखे हैं जिनमें शामिल है हाफ़ टिकट, कश्मीर की कली, ये रात फिर ना आएगी, दो दिलों की दास्तान (१९६६), ऐन ईवनिंग् इन पैरिस, दो भाई (१९६९), आराधना, पगला कहीं का, अमर प्रेम, अधिकार, राखी और हथकड़ी, मेरे जीवन साथी, राजा जानी, बनारसी बाबू, झील के उस पार, आपकी क़सम, आक्रमण, काला सोना, हरफ़न मौला, एक से बढ़कर एक, भँवर, भोला भाला, सुरक्षा, आशा, आसपास, अगर तुम ना होते, अफ़साना प्यार का, इसी का नाम ज़िंदगी।
मोहम्मद रफ़ी और साथियों की आवाज़ों में यह एक बहुत ही ख़ूबसूरत क़व्वाली है, जिसे असली क़व्वालों से गवाया गया है। रफ़ी साहब ने भी क्या पैशन और डूब कर गाया है इस क़व्वाली को कि इसमें जान फूँक दी है। फ़िल्म के सिचुएशन के मुताबिक़ यह क़व्वाली एक बच्चे के जन्म की ख़ुशी पर हो रहे जलसे में गाया जा रहा है, जैसे कि शुरुआती पंक्तियों में कहा गया है कि "ऐसी चीज़ सुनाए कि महफ़िल दे ताली पे ताली, वरना अपना नाम नहीं है बन्ने ख़ाँ भोपाली, मुन्ने मिया बधाई बनो ख़ूब होनहार, दोनों जहाँ की नेमतें हों आप पे निसार, बचपन हो ख़ुशगवार, जवानी सदा बहार, अल्लाह करे यह दिन आए हज़ार बार"। इस तरह से इसे हम 'हैप्पी बर्थडे क़व्वाली' भी कह सकते हैं और यह आम "हुस्न" और "इश्क़" जैसी विषयों से बिलकुल अलग हट कर है। फ़िल्म के पर्दे पर इसे अंजाम दिया है प्राण साहब ने जिन्होंने क़व्वाल बन्ने ख़ाँ भोपाली का किरदार निभाया था। फ़िल्म 'उपकार' से पहले उन पर गानें फ़िल्माए नहीं जाते थे, लेकिन 'उपकार' में "कस्मे वादे प्यार वफ़ा" गीत के बाद उन पर गीत फ़िल्माए जाने लगे, यहाँ पर फ़िल्म 'ज़ंजीर' की मशहूर क़व्वाली "यारी है इमान मेरा" का उल्लेख करना अनिवार्य हो जाता है। वैसे यह क़व्वाली भी इस शृंखला में शामिल होने का पूरा पूरा हक़ रखती है, लेकिन क्या करें, सब को इसमें समेटना तो संभव नहीं, फिर कभी किसी और बहाने हम इस क़व्वाली को भी ज़रूर सुनवाएँगे। फिलहाल "जीना तो है उसी का जिसने यह राज़ जाना"। वैसे आपको बता दें कि कल भी किसी और राज़ से हम पर्दा उठाएँगे...
क्या आप जानते हैं... कि रमेश पंत को १९७१ की फ़िल्म 'अमर प्रेम' में संवाद लिखने के लिए सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखक का फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार दिया गया था।
पहेली प्रतियोगिता- अंदाज़ा लगाइए कि कल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर कौन सा गीत बजेगा निम्नलिखित चार सूत्रों के ज़रिए। लेकिन याद रहे एक आई डी से आप केवल एक ही प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। जिस श्रोता के सबसे पहले १०० अंक पूरे होंगें उस के लिए होगा एक खास तोहफा :)
१. एक हिंट तो ऊपर ही दिया जा चुका है, फिल्म बताएं - १ अंक. २. जिस गायिका की आवाज़ है इस कव्वाली में, कल उनका जन्मदिन है, नाम बताएं- २ अंक. ३. फिल्म की प्रमुख अभिनेत्री कौन हैं - २ अंक. ४ गीतकार और संगीतकार बताएं - ३ अंक
पिछली पहेली का परिणाम - वाह इंदु जी सबसे पहले हाज़िर होकर ३ अंक बटोरे बधाई, पवन जी, अवध जी, और रोमेंद्र जी को भी बधईयाँ, अवध जी गलती सुधारने के लिए धन्येवाद. हमारी कनाडा टीम कहाँ गायब है इन दिनों....आप लोगों की कमी खल रही है
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.
विश्व दीपक - 'ताज़ा सुर ताल' में आज उस फ़िल्म की बारी जिसकी इन दिनों लोग, ख़ास कर युवा वर्ग, बड़ी बेसबरी से इंतज़ार कर रहे हैं। रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फ़िल्म 'अंजाना अंजानी', जिसमें विशाल शेखर के संगीत से लोग बहुत कुछ उम्मीदें रखे हुए हैं।
सुजॊय - और अक्सर ये देखा गया है कि जब इस तरह के यूथ अपील वाले रोमांटिक फ़िल्मों की बारी आती है, तो विशाल शेखर अपना कमाल दिखा ही जाते हैं। और इस फ़िल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद हैं जिनकी पिछली तीन फ़िल्मों - सलाम नमस्ते, ता रा रम पम, बचना ऐ हसीनों - में विशाल शेखर का ही संगीत था, और इन तीनों फ़िल्मों के गानें हिट हुए थे।
विश्व दीपक - ये तीनों फ़िल्में, जिनका ज़िक्र आपने किया, ये यश राज बैनर की फ़िल्में थीं, लेकिन 'अंजाना अंजानी' के द्वारा सिद्धार्थ क़दम रख रहे हैं यश राज के बैनर के बाहर। यह नडियाडवाला की फ़िल्म है, और इस बैनर ने भी 'हाउसफ़ुल', 'हे बेबी', 'कमबख़्त इश्क़' और 'मुझसे शादी करोगी' जैसी कामयाब म्युज़िकल फ़िल्में दी हैं। इसलिए 'अंजाना अंजानी' से लोगों की बहुत उम्मीदें हैं।
सुजॊय - विशाल शेखर की पिछली फ़िल्म थी 'आइ हेट लव स्टोरीज़'। फ़िल्म तो ख़ास नहीं चली, लेकिन फ़िल्म के गानें पसंद किए गए और उन्हें हिट का दर्जा दिया जा चुका है। देखते हैं 'अंजाना अंजानी' उससे भी आगे निकल पाते हैं या नहीं। 'अंजाना अंजानी' की बातें आगे बढ़ाने से पहले आइए सुनते हैं इस फ़िल्म का पहला गीत - "अंजाना अंजानी की कहानी"।
गीत - अंजाना अंजानी की कहानी
विश्व दीपक - निखिल डी'सूज़ा और मोनाली ठाकुर की आवाज़ों में यह गाना था। इस गीत के बारे में कम से कम शब्दों में अगर कुछ कहा जाए तो वो है 'पार्टी मटिरीयल'। गीटार, ड्रम्स, ब्रास, रीदम, और गायन शैली, सब कुछ मिलाकर ७० के दशक के "पंचम" क़िस्म का एक डान्स नंबर है यह, जो आपकी क़दमों को थिरकाने वाला है अगले कुछ दिनों तक। हिंग्लिश में लिखा हुआ यह गीत नीलेश मिश्रा के कलम से निकला हुआ है। निखिल और मोनाली, दोनों ही नए दौर के गायक हैं। मोनाली ने इससे पहले फ़िल्म 'रेस' में "ज़रा ज़रा टच मी" और 'बिल्लू' में "ख़ुदाया ख़ैर" जैसे हिट गीत गा चुकी हैं। आज कल वो 'ज़ी बांगला' के 'स रे गा मा पा लिट्ल चैम्प्स' शो की जज हैं।
सुजॊय - और इस गीत में विशाल शेखर की शैली गीत के हर मोड़ पे साफ़ झलकती है। और अब 'अंजाना अंजानी' के टीम मेम्बर्स के नाम। साजिद नडियाडवाला निर्मित और सिद्धार्थ राज आनंद निर्देशित इस फ़िल्म में रणबीर और प्रियंका के अलावा ज़ायेद ख़ान ने भी भूमिका अदा की है। संगीतकार तो बता ही चुके है, गानें लिखे हैं नीलेश मिश्रा, विशाल दादलानी, शेखर, अमिताभ भट्टाचार्य, अन्विता दत्तगुप्तन, कुमार , इरशाद कामिल और कौसर मुनीर। और गीतकारों की तरह गायकों की भी एक पूरी फ़ौज है इस फ़िल्म के साउण्डट्रैक में - निखिल डी'सूज़ा, मोनाली ठाकुर, लकी अली, शेखर, कारालिसा मोण्टेरो, मोहित चौहान, श्रुति पाठक, विशाल दादलानी और शिल्पा राव।
विश्व दीपक - आइए अब फ़िल्म का दूसरा गीत सुना जाए लकी अली की आवाज़ में।
गीत - हैरत
सुजॊय - पहले गीत ने जिस तरह से हम सब के दिल-ओ-दिमाग़ के तारों को थिरका दिया था, "हैरत" की शुरुआत तो कुछ धीमी लय में होती है, लेकिन एक दम से अचानक इलेक्ट्रॊनिक गीटार की धुनें एक रॊक क़िस्म का आधार बन कर सामने आती है। लकी अली की आवाज़ बहुत दिनों के बाद सुनने को मिली, और कहना पड़ेगा कि ५१ वर्ष की आयु में भी उनकी आवाज़ में उतना ही दम अब भी मौजूद है। 'सुर' और 'कहो ना प्यार है' में उनके गाए गानें सब से ज़्यादा मशहूर हुए थे, हालाँकि उन्होंने कई और फ़िल्मों में भी गानें गाए हैं।
विश्व दीपक - इस गीत को लिखा था ख़ुद विशाल दादलानी ने, और अच्छा लिखा है। इससे पहले भी वे कई गानें लिख चुके हैं। विशाल के बोल और लकी अली की आवाज़ के कॊम्बिनेशन का यह पहला गाना है, शायद इसी वजह से इस गीत में एक ताज़गी है। इस गीत के प्रोमो आजकल टीवी पर चल रहे हैं और इस गीत के फ़िल्मांकन को देख कर ऐसा लग रहा है कि इस गीत की तरह फ़िल्म भी दमदार होगी।
सुजॊय - तो कुल मिलाकर यह कह सकते हैं कि लकी अली और विशाल-शेखर की "हैरत" ने हमें "हैरत" में डाल दिया है। और इस गीत से जो नशा चढ़ा है, उसे बनाए रखते हुए अब सुनते हैं तीसरा गीत राहत फ़तेह अली ख़ान की आवाज़ में। एक और बेहतरीन गायक, एक और बेहतरीन गीत।
गीत - तू ना जाने आस-पास है ख़ुदा
विश्व दीपक - आजकल राहत साहब एक के बाद एक फ़िल्मी गीत गाते चले जा रहे हैं और कामयाबी की सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ते जा रहे हैं। उनका गाया हर गीत सुनने में अच्छा लगता है। अभी पिछले ही दिनों फ़िल्म 'दबंग' में उनका गाया "तेरे मस्त मस्त दो नैन" आपको सुनवाया था, और आज ये गीत आप सुन रहे हैं। लेकिन एक बात ज़रूर खटकती है कि राहत साहब से हर संगीतकार एक ही तरह के गीत गवा रहे हैं। ऐसे तो भई राहत साहब बहुत जल्दी ही टाइपकास्ट हो जाएँगे!
सुजॊय - हाँ, और हमारे यहाँ लोग आजकल की फ़ास्ट ज़िंदगी में किसी एक चीज़ को बहुत ज़्यादा दिनों तक पसंद नहीं करते हैं। इसलिए ज़रूरी है कि राहत फ़तेह अली ख़ान अपनी मौलिकता को बनाए रखते हुए अलग अलग तरह के गीत गाएँ, तभी वो एक लम्बी पारी फ़िल्म संगीत में खेल पाएँगे। इस गीत के बारे में यही कहेंगे कि एक टिपिकल "राहत" या "कैलाश खेर" टाइप का गाना है।
विश्व दीपक - सूफ़ी आध्यात्मिकता लिए हुए इस गीत को लिखा है विशाल दादलानी और शेखर रविजानी ने। इसी गाने का एक 'अनप्लग्ड' वर्ज़न भी है जिसमें श्रुति पाठक की आवाज़ भी मौजूद है। बहरहाल आइए सुनते हैं 'अंजाना अंजानी' का अगला गीत शेखर और कारालिसा मोण्टेरो की आवाज़ों में।
गीत - तुमसे ही तुमसे
सुजॊय- विशाल दादलानी और शेखर, दोनों अच्छे गायक भी हैं। जहाँ एक तरफ़ विशाल की आवाज़ में बहुत दम है, रॊक क़िस्म के गानें उनकी आवाज़ में ख़ूब जँचते हैं, उधर दूसरी तरफ़ शेखर की आवाज़ में है नर्मी। बहुत ही प्यारी आवाज़ है शेखर की और ये जो गीत अभी आपने सुना, उसमें भी उनका वही नरम अंदाज़ सुनने को मिलता है। कारालिसा ने अंग्रेज़ी के बोल गाए हैं और गीत की आख़िर में उनकी गायकी गीत में अच्छा इम्पैक्ट लाने में सफल रही है। कुल मिलाकर यह गीत एक कर्णप्रिय गीत है और मुझे तो बहुत अच्छा लगा।
विश्व दीपक - हाँ, और इस गीत में भी एक ताज़गी है और एक अलग ही मूड बना देता है। बस अपनी आँखें मूंद लीजिए और अपने किसी ख़ास दोस्त को याद करते हुए इस गीत का आनंद लीजिए। इस गीत के अंग्रेज़ी के बोल कारालिसा ने ख़ुद ही लिखे है। हिन्दी के बोल अन्विता दत्त गुप्तन और अमिताभ भट्टाचार्य की कलमों से निकले हैं। अब अगले गीत की तरफ़ बढ़ते हैं। श्रुति पाठक और मोहित चौहान की आवाज़ों में यह एक और ख़ूबसूरत गीत है इस फ़िल्म का - "तुझे भुला दिया फिर", आइए सुनते हैं।
गीत - तुझे भुला दिया फिर
विश्व दीपक - एक हौंटिंग प्रील्युड के साथ गीत शुरु हुआ और श्रुति के गाए पंजाबी शब्द सुनने वाले के कान खड़े कर देते हैं। और ऐसे में मोहित की अनोखी आवाज़ (कुछ कुछ लकी अली के अंदाज़ की) आकर गीत को हिंदी में आगे बढ़ाती है। बिना रीदम के मुखड़े के तुरंत बाद ही ढोलक के ठोकों का सुंदर रीदम और कोरस के गाए अंतरे "तेरी यादों में लिखे जो...", इस गीत की चंद ख़ासियत हैं। यह तरह का एक्स्पेरीमेण्ट ही कह सकते हैं कि एक ही गीत में इतने सारे अलग अलग प्रयोग। कुल मिलाकर एक सुंदर गीत।
सुजॊय - जी हाँ, ख़ास कर धीमी लय वाले मुखड़े के बाद इंटरल्युड में क़व्वाली शैली के ठेके और कोरस का गायन एक तरह का फ़्युज़न है क़व्वाली और आधुनिक गीत का। आपको बता दें कि इस गीत को विशाल दादलानी ने लिखा है, लेकिन क़व्वाली वाला हिस्सा लिखा है गीतकार कुमार ने। यह गीत सुन कर एक "फ़ील गुड" का भाव मन में जागृत होता है।
विश्व दीपक - "फ़ील गूड" की बात है, तो अब जो अगला गाना है उसके बोल ही हैं "आइ फ़ील गुड"। एक रॊक अंदाज़ का गाना है विशाल दादलानी और शिल्पा राव की आवाज़ों में, आइए इसे सुनते हैं।
गीत - आइ फ़ील गुड
सुजॊय - विशाल और शिल्पा के रॊक अंदाज़ से हम सभी वाकिफ़ हैं। वैसे शिल्पा से अब तक संगीतकार दबे हुए गीत ही गवाते आ रहे हैं, सिर्फ़ "वो अजनबी" ही एक ऐसा गीत था जिसमें उनकी दमदार आवाज़ सामने आई थी। "आइ फ़ील गुड" में भी उनकी आवाज़ खुल के बाहर आई है। और इसके बाद शायद अनुष्का मनचंदा की तरह उन्हें भी इस तरह के और गानें गाने के अवसर मिलेंगे।
विश्व दीपक - इस गीत को भी विशाल ने ही लिखा है, लेकिन अगर फ़ील गुड की बात करें तो पिछला गाना इससे कई गुना ज़्यादा बहतर था। ख़ैर, अब हम आ पहुँचे हैं आज के अंतिम गीत पर। और इसे भी विशाल और शिल्पा ने ही गाया है। "अंजाना अंजानी" फ़िल्म का एक और शीर्षक गीत, इस बार सॊफ़्ट रॊक शैली में, जिसे लिखा है कौसर मुनीर ने। वैसे इस गीत का मुखड़ा इरशाद कामिल ने लिखा है। सिद्धार्थ आनंद की हर फ़िल्म में इस क़िस्म का एक ना एक रोमांटिक युगल गीत ज़रूर होता है, जैसे 'सलाम नमस्ते' का "माइ दिल गोज़ म्म्म्म", 'ता रा रम पम' का "हे शोना", या फिर "ख़ुदा जाने" 'बचना ऐ हसीनों' का।
सुजॊय - भई मुझे तो इस गीत में "सदका किया" की छाप मिलती है। चलिए, जो भी है, गाना अच्छा है, अपने श्रोताओं को भी सुनवा देते हैं।
गीत - अंजाना अंजानी
सुजॊय - इन तमाम गीतों को सुनने के बाद फिर एक बार वही बात दोहराउँगा कि ये गानें कुछ ऐसे बनें हैं कि अगर फ़िल्म चल पड़ी तो ये गानें भी चलेंगे। और फ़िल्म पिट गई तो चंद रोज़ में ही ये भी गुमनामी में खो जाएँगे। 'बचना ऐ हसीनों' फ़िल्म नहीं चली थी, लेकिन "ख़ुदा जाने" गीत बेहद मक़बूल हुआ और आज भी सुना जाता है। लेकिन "ख़ुदा जाने" वाली बात मुझे इस फ़िल्म के किसी भी गाने में नज़र नहीं आई, लेकिन सभी गाने अपनी अपनी जगह पे अच्छे हैं। मुझे जो दो गीत सब से ज़्यादा पसंद आए, वो हैं "तुमसे ही तुमसे" और "तुझे भुला दिया फिर"। मेरी तरफ़ से इस ऐल्बम को ३ की रेटिंग, और 'अंजाना अंजानी' की पूरी टीम को इस फ़िल्म की कामयाबी के लिए ढेरों शुभकामनाएँ।
विश्व दीपक - सुजॉय जी, मैं आपकी बातों से सहमत भी हूँ और असहमत भी। सहमत इसलिए कि मुझे भी वही दो गाने सबसे ज्यादा पसंद आए जो आपको आए हैं और असहमत इसलिए कि मुझे बाकी गाने भी अच्छे लगे इसलिए मेरे हिसाब से इस फिल्म के गाने इतनी आसानी से गुमनामी के गर्त में धंसेंगे नहीं। इस फिल्म के सभी गानों में विशाल-शेखर की गहरी छाप है, हर गाने में उनकी मेहनत झलकती है। इसलिए मैं अपनी तरफ़ से विशाल-शेखर को "डबल थंब्स अप" देते हुए आपके दिए हुए रेटिंग्स में आधी रेटिंग जोड़कर इसे साढे तीन बनाने की गुस्ताखी करने जा रहा हूँ। संगीतकार के बाद गीतकार की बात करते हैं। सच कहूँ तो मैंने और किसी फिल्म में गीतकारों की इतनी बड़ी फौज़ नहीं देखी थी। ७ गानों के लिए नौ गीतकार.. जबकि विशाल चार गीतों में खुद मौजूद हैं गीतकार की हैसियत से। मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि एक गीत तीन गीतकार मिलकर कैसे लिख सकते हैं। "तुमसे हीं तुमसे" के अंग्रेजी बोलों के लिए कारालिसा की जरूरत पड़ी, यह बात तो पल्ले पड़ती है, लेकिन यह बात मुझे अचंभित कर रही है कि बाकी बचे हिन्दी के कुछ लफ़्ज़ों के लिए अन्विता दत्त गुप्तन और अमिताभ भट्टाचार्य जैसे दिग्गज मैदान में उतर गए। "तुझे भुला दिया फिर" और "अंजाना अंजानी हैं मगर" ये दो ऐसे गीत हैं, जिनका मुखरा एक गीतकार ने लिखा है और अंतरे दूसरे ने.. ये क्या हो रहा है भाई? जहाँ कभी पूरी फिल्म के गाने एक हीं गीतकार लिखा करते थे, वहीं एक गीत में हीं दो-दो, तीन-तीन गीतकार .. तब तो कुछ दिनों में ऐसा भी हो सकता है कि एक-एक पंक्ति एक-एक गीतकार की हो.. एक गीतकार के लिए उससे बुरा क्षण क्या हो सकता है! अगर ऐसा हुआ तो हम जैसे भावी गीतकारों का भविष्य अधर में हीं समझिए :) खैर, कितने गीतकार रखने हैं और कितने संगीतकार- यह निर्णय तो निर्माता-निर्देशक का होता है.. हम कुछ भी नहीं कर सकते.. बस यही कर सकते हैं कि जितना संभव हो सके, अच्छे गाने चुनते और सुनते जाएँ। तो चलिए इन्हीं बातों के साथ हम आज की समीक्षा को विराम देते हैं। अगली बार हम एक लीक से हटकर एलबम के साथ हाज़िर होंगे.. नाम जानने के लिए आप अगली कड़ी का इंतज़ार करें।
आवाज़ रेटिंग्स: अंजाना अंजानी: ***१/२
और अब आज के ३ सवाल
TST ट्रिविया # १००- कौसर मुनीर का लिखा वह कौन सा युगल गीत है जिस फ़िल्म में सैफ़ अली ख़ान थे और जिस गीत में एक आवाज़ महालक्ष्मी की है?
TST ट्रिविया # १०१- राहत फ़तेह अली ख़ान ने हिंदी फ़िल्म जगत में सन् २००४ में क़दम रखा था और उस साल फ़िल्म 'पाप' में "लागी तुमसे मन की लगन" गीत मक़बूल हुआ था। इसी साल एक और फ़िल्म में भी उन्होंने गीत गाया था, बताइए उस फ़िल्म का नाम।
TST ट्रिविया # १०२- विशाल-शेखर के शेखर ने इससे पहले भी एक गीत गाया था जो परेश रावल पर फ़िल्माया गया था। क्या आप बता सकते हैं वह गीत कौन सा था?
TST ट्रिविया में अब तक - पिछले हफ़्ते के सवालों के जवाब:
१. "कुछ मेरे दिल ने कहा" (तेरे मेरे सपने)
२. मधुश्री
३. 'पद्म शेशाद्री हायर सेकण्डरी स्कूल'।
एक बार फिर सीमा जी ने तीनों सवालों के सही जवाब दिए। बधाई स्वीकारें!
'ओल्ड इज़ गोल्ड' में जारी है रमज़ान के मौके पर कुछ शानदार फ़िल्मी क़व्वालियों की ख़ास शृंखला 'मजलिस-ए-क़व्वाली'। क़व्वाली का जो मूल उद्देश्य है, उसे लोगों तक पहुँचाना क़व्वालों का काम है। अब जहाँ पर फ़ारसी भाषा का इस्तेमाल लोग आम बोलचाल में नहीं करते हैं, वहाँ पर क़व्वाली का अर्थ लोगों तक पहुँचाने के लिए संगीत और रीदम का सहारा लिया जाने लगा और उस रूप को, उस शैली को इतना ज़्यादा प्रभावशाली बनाया कि क़व्वाली सुनते हुए लोग ट्रान्स में चले जाने लगे। लोगों को सारे अल्फ़ाज़ भले ही समझ में ना आते हों, लेकिन संगीत और रीदम कुछ ऐसे सर चढ़ के बोलता है क़व्वालियों में कि सुनने वाला उसके साथ बह निकलता है और क़व्वाली के ख़त्म होने के बाद ही होश में वापस आता है। और इसी तरह से क़व्वाली का विकास हुआ और धीरे धीरे संगीत की एक महत्वपूर्ण धारा बन गई। पिछले पाँच दशकों में पाक़िस्तान में क़व्वालियों की शैलियों में बदलाव लाने वाले क़व्वाल गोष्ठियों में ६ नाम प्रमुख हैं और ये नाम हैं - उस्ताद फ़तेह अली व मुबारक अली ख़ान, उस्ताद करम दीन टोपई वाले, उस्ताद छज्जु ख़ान, उस्ताद मोहम्मद अली फ़रीदी, उस्ताद संतु ख़ान, उस्ताद बख़्शी सलामत, तथा उस्ताद मेहर अली ख़ान व उस्ताद शेर अली ख़ान। किसी भी क़व्वाली का मुख्य गायक, जिसे मोहरी कहते हैं, स्टेज के दाहिने तरफ़ बैठते हैं। अवाज़िआ उनके बाएँ तरफ़ और एक और अच्छा गायक अवाज़िआ के बाएँ तरफ़ बैठा करते हैं। इस दूसरे "बैक-अप" गायक का काम है मुख्य गायक को सहारा देना और आपातकाल में स्थिति को संभाल लेना। तबले को मध्य भाग में रखा जाता है। इस बैक-अप सिंगर का कॊनसेप्ट शायद जोड़ियों की वजह से जन्मा होगा, जैसे कि दो भाइयों की जोड़ी या पिता-पुत्र की जोड़ी। लेकिन दोस्तों, आज हम आपको जिस क़व्वाली से आपका मनोरंजन करने जा रहे हैं उसमें कोई बैक-अप सिंगर नहीं है। जी हाँ, लता जी ने अकेले ही शुरु से आख़िर तक इस क़व्वाली को सुरीला अंजाम दिया है। आज हम आपको सुनवा रहे हैं लता मंगेशकर और साथियों की गाई फ़िल्म 'मेरे हमदम मेरे दोस्त' की क़व्वाली "अल्लाह ये अदा कैसी है इन हसीनों में, रूठे पल में न माने महीनों में"।
'मेरे हमदम मेरे दोस्त' १९६८ की फ़िल्म थी। फ़िल्म के निर्माता थे केवल कुमार और निर्देशक थे अमर कुमार। कहानी निर्मल कुमारी की, स्क्रीनप्ले अमर कुमार का, और संवाद राजिन्दर सिंह बेदी के। धर्मेन्द्र, शर्मिला टैगोर, मुमताज़, रहमान, ओम प्रकाश, अचला सचदेव और निगार सुल्ताना अभिनीत इस फ़िल्म के गानें लिखे मजरूह सुल्तानपुरी ने और संगीत था लक्ष्मीकांत प्यारेलाल का। लक्ष्मी-प्यारे के संगीत में अगर क़व्वाली की बात करें तो 'अमर अक़बर ऐन्थनी' की क़व्वाली "पर्दा है पर्दा" ही सब से लोकप्रिय मानी जाएगी, लेकिन 'मेरे हमदम मेरे दोस्त' की यह क़व्वाली भी बहुत ही प्यारी क़व्वाली है। बोल जितने प्यारे हैं, लक्ष्मी-प्यारे ने रीदम सेक्शन में ढोलक और तबले के ठेकों का इस ख़ूबसूरती से इस्तेमाल किया है कि दिल मचल उठता है इसे सुनते हुए। वैसे भी लक्ष्मी-प्यारे के गीत उनके ख़ास रीदम और ठेकों के लिए जाने जाते रहे हैं। फ़ास्ट और स्लो रीदम का जो ट्रान्ज़िशन इस क़व्वाली में होता है, वह कमाल का है और शायद इस क़व्वाली की खासियत भी। आपको यह बताते हुए कि यह क़व्वाली फ़िल्मायी गई है धर्मेन्द्र और शर्मिला टैगोर की एक पार्टी में जिसे गाती हैं मुमताज़, सुनते हैं यह क़व्वाली, जो मुझे बेहद पसंद है, और शायद आपको भी। है न!
क्या आप जानते हैं... कि लता मंगेशकर का फ़ेवरीट आशा नंबर है फ़िल्म 'दिल ही तो है' की क़व्वाली "निगाहें मिलाने को जी चाहता है", ऐसा लता जी ने हाल ही में अपने ट्विटर पेज पर लिखा है।
पहेली प्रतियोगिता- अंदाज़ा लगाइए कि कल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर कौन सा गीत बजेगा निम्नलिखित चार सूत्रों के ज़रिए। लेकिन याद रहे एक आई डी से आप केवल एक ही प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। जिस श्रोता के सबसे पहले १०० अंक पूरे होंगें उस के लिए होगा एक खास तोहफा :)
१. एस एम् सागर निर्देशित इस फिल्म का नाम बताएं - १ अंक. २. मुखड़े में शब्द है "राज़" संगीतकार बताएं - २ अंक. ३. गीतकार बताएं - ३ अंक. ४ प्रमुख आवाज़ है रफ़ी साहब की, किस अभिनेता पर फिल्माया गया है इसे - २ अंक
पिछली पहेली का परिणाम - केवल ३ ही सही जबाव आये, इंदु जी, रोमेंद्र जी और दूसरी कोशिश में पवन जी, सभी को बधाई...मेहन्द्र जी और अनीता जी का आभार, अनीता जी कहाँ थे इतने दिन बहुत दिनों में इस महफ़िल की याद आई. अनाम जी अपना नाम तो बताईये, एक तरीका हम बता सकते हैं आपकी "उनको" मानाने का, एक अच्छा सा गीत सोचिये, और कुछ उनकी तारीफ़ में लिख कर हमें भेज दीजिए. शनिवार शाम जब वो गीत बजेगा तो वो यक़ीनन मान जायेंगीं, आजमा के देखिये
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.
रमज़ान का मुबारक़ महीना चल रहा है और इस पाक़ मौक़े पर आपके इफ़्तार की शामों को और भी रंगीन और सुरीला बनाने के लिए इन दिनों 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर हम पेश कर रहे हैं कुछ शानदार फ़िल्मी क़व्वालियों से सजी लघु शृंखला 'मजलिस-ए-क़व्वाली'। अब तक आपने इसमें पाँच क़व्वालियाँ सुनी। ४० के दशक के मध्य भाग से शुरू कर हम आ पहुँचे थे १९६० में और उस साल बनी दो बेहद मशहूर क़व्वालियाँ आपको हमने सुनवाई फ़िल्म 'मुग़ल-ए-आज़म' और 'बरसात की रात' से। अब थोड़ा और आगे बढ़ते हैं और आ जाते है साल १९६५ में। इस साल बनी थी हिंदी फ़िल्म इतिहास की पहली मल्टिस्टरर फ़िल्म 'वक़्त'। सुनिल दत्त, साधना, राज कुमार, शशि कपूर, शर्मिला टैगोर, बलराज साहनी, निरुपा रॊय, मोतीलाल और रहमान जैसे मंझे हुए कलाकारों के पुर-असर अभिनय से सजा थी 'वक़्त'। पहले बी. आर. चोपड़ा इस फ़िल्म को पृथ्वीराज कपूर और उनके तीन बेटे राज, शम्मी और शशि को लेकर बनाना चाहते थे, लेकिन हक़ीक़त में केवल शशि कपूर को ही फ़िल्म में 'कास्ट' कर पाए। और पिता के किरदार में पृथ्वीराज जी के बदले लिया गया बलराज साहनी को। 'वक़्त' ने १९६६ में बहुत सारे फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार जीते, जैसे कि धरम चोपड़ा (सर्वश्रेष्ठ सिनेमाटोग्राफ़र), अख़्तर-उल-इमान (सर्वश्रेष्ठ संवाद), यश चोपड़ा (सर्वश्रेष्ठ निर्देशक), अख़्तर मिर्ज़ा (सर्वश्रेष्ठ कहानी), राज कुमार (सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता), और बी. आर. चोपड़ा (सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म)। भले ही इस फ़िल्म के गीत संगीत के लिए किसी को कोई पुरस्कार नहीं मिला, लेकिन असली पुरस्कार तो जनता का प्यार है जो इस फ़िल्म के गीतों को भरपूर मिला और आज भी मिल रहा है। युं तो आशा भोसले और महेन्द्र कपूर ने नई पीढ़ी के अभिनेताओं का प्लेबैक किया, एक क़व्वाली पिछली पीढ़ी, यानी बलराज साहनी और निरुपा रॊय पर भी फ़िल्मायी गयी थी। और यही क़व्वाली सब से मशहूर साबित हुई। मन्ना डे की आवाज़ में बलराज साहब पर्दे पर अपनी पत्नी (अचला सचदेव) की तरफ़ इशारा करते हुए गाते हैं "ऐ मेरी ज़ोहरा-जबीं, तुझे मालूम नहीं, तू अभी तक है हसीं और मैं जवाँ, तुझपे क़ुर्बान मेरी जान मेरी जान"। साहिर लुधियानवी के बोल और रवि का संगीत। फ़िल्म में इस क़व्वाली के ख़त्म होते ही प्रलयंकारी भूकम्प आता है और बलराज साहनी का पूरा परिवार बिखरकर रह जाता है।
दोस्तों, बरसों पहले संगीतकार रवि को विविध भारती पर साहिर लुधियानवी पर चर्चा करने हेतु आमंत्रित किया गया था। उस चर्चा में शामिल थे शायर और उद्घोषक अहमद वसी, रज़िया रागिनी और कमल शर्मा। पेश है उसी बातचीत से एक अंश जिसमें रवि जी साहिर साहब के बारे में बता रहे हैं और इस क़व्वाली का भी ज़िक्र है उस अंश में।
रवि जी, अब आप साहिर साहब की शख़्सीयत के बारे में कुछ बताइए।
रवि: साहिर साहब बड़े ही सिम्पल क़िस्म के थे। वो गम्भीर से गम्भीर बात को भी बड़े आसानी से कह डालते थे। एक क़िस्सा आपको सुनाता हूँ। उन दिनों हम ज़्यादातर बी. आर. चोपड़ा की फ़िल्मों के लिए काम करते थे। तो शाम के वक़्त हम मिलते थे, बातें करते थे। तो एक दिन साहिर साहब ने अचानक कहा 'देश में इतने झंडे क्यों है? और अगर है भी तो उनमें डंडे क्यों है?' (इस बात पर वहाँ मौजूद सभी ज़ोर से हँस पड़ते हैं)।
रवि साहब, हमने सुना है कि साहिर साहब अपने गीतों में हेर-फेर पसंद नहीं करते थे, इस बारे में आपका क्या ख़याल है?
रवि: साहिर साहब के गानें ऐसे होते थे कि उनमें किसी तरह का हेर-फेर करना पॊसिबल ही नहीं होता था। अब फ़िल्म 'वक़्त' के "ऐ मेरी ज़ोहरा-जबीं" को ही ले लीजिए। जब उन्होंने यह गीत लिखा तो सभी ने कहा कि आम आदमी "ज़ोहरा-जबीं" को नहीं समझ पाएँगे। पर साहिर साहब ने कहा कि क्यों नहीं समझ पाएँगे, इससे अच्छा शब्द और क्या हो सकता है! और जब यह फ़िल्म रिलीज़ हुई तो यही गीत सब से पॊपुलर साबित हुई। साहिर हर तरह के गानें लिखते थे और बहुत ही कामयाबी के साथ लिखते थे, चाहे भजन हो, क़व्वाली हो, कुछ भी।
क्या आप जानते हैं... कि रवि की पहली फ़िल्म 'वचन' के गीत "चंदा मामा दूर के पुए पकाए गुड़ के" के मुखड़े और अंतरे के बीच के इंटरल्युड में रवि ने गणेश चतुर्थी पर बजनेवाली एक धुन को पिरोया था, और वर्षों बाद इसी धुन पर लक्ष्मी-प्यारे ने 'तेज़ाब' का सुपरहिट गीत "एक दो तीन" बनाकर माधुरी दीक्षित को रातोंरात सुपरस्टार बना दिया। (सौजन्य: 'धुनों की यात्रा', पंकज राग)
पहेली प्रतियोगिता- अंदाज़ा लगाइए कि कल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर कौन सा गीत बजेगा निम्नलिखित चार सूत्रों के ज़रिए। लेकिन याद रहे एक आई डी से आप केवल एक ही प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। जिस श्रोता के सबसे पहले १०० अंक पूरे होंगें उस के लिए होगा एक खास तोहफा :)
१. कव्वाली में हसीनों का जिक्र है गायिकाओं की आवाज़ में, फिल्म बताएं - १ अंक. २. केवल कुमार निर्देशित फिल्म के नायक कौन थे - २ अंक. ३. संगीतकार बताएं - २ अंक. ४ मूल गायिका हैं लता मंगेशकर, गीतकार बताएं - ३ अंक
पिछली पहेली का परिणाम - पवन जी, इंदु जी, क्रिश जी और प्रतिभा जी को बहुत बधाई. अवध जी, पाबला जी और बाकी सब साथियों ने मिलकर जिस प्रकार पूरी फिल्म की कहानी लिख डाली उसमें हमें बहुत मज़ा आया
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.
ओल्ड इज़ गोल्ड' शनिवार विशेष की छठी कड़ी में आप सभी का बहुत बहुत स्वागत है। दोस्तों, इन दिनों 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की इस ख़ास प्रस्तुति में हम आप तक पहुँचा रहे हैं शृंखला 'ईमेल के बहाने यादों के ख़ज़ानें'। हमारे नए दोस्तों की जानकारी के लिए हम यह बता दें कि इस शृंखला के तहत हम आप ही की यादों के ख़ज़ानों को पूरी दुनिया के साथ बाँट रहे हैं। ये वो यादें हैं जो यकीनन आपकी ज़िंदगी के अविस्मरणीय क्षण हैं, जिन्हें बाँटते हुए आपको जितना आनंद आता होगा, हमें भी इन्हें पढ़ते हुए उतना ही आनंद आ रहा है। तो हमारे नए दोस्तों से भी अनुरोध है कि आप अपनी ज़िंदगी के यादगार लम्हों व घटनाओं को हमारे साथ बाँटें हमें oig@hindyugm.com पर ईमेल भेज कर। आप किसी भी विषय पर हमें ईमेल कर सकते हैं। लेकिन हो सके तो किसी पुराने गीत के साथ अगर अपनी यादों को जोड़ सकते हैं तो फिर सोने पे सुहागा वाली बात होगी।
और अब आज का ईमेल। यह ईमेल पाकर हम जितने ख़ुश हुए हैं उससे भी ज़्यादा आश्चर्यचकित हुए हैं, क्योंकि यह ईमेल आया है जिबूति से। आप ने इस देश का नाम शायद सुना होगा या नहीं सुना होगा। यह अफ़्रीका महाद्वीप का एक बहुत ही छोटा सा देश है। उस दूर देश से यह ईमेल हमें लिखा है श्री महेन्द्र चौधरी ने। तो आइए सीधे इस ईमेल को पढ़ा जाए! **********************************************************************************
प्रिय 'ओल्ड इस गोल्ड',
मेरा यह ईमेल पाकर शायद आपको हैरानी हो। मैं जिबूति (Djibouti) का रहने वाला हूँ। क्या आप ने कभी इस देश का नाम सुना है? यह अफ़्रीका में है और बहुत ही छोटा सा देश है। मेरा नाम महेन्द्र चौधरी है। मेरे पूर्वज बहुत समय पहले बिहार से निकलकर यहाँ आ कर बसे थे। वाणिज्यिक कारणों से ही शायद। और फिर यहीं के हो कर रह गए थे। मैं आज ६८ वर्ष का हूँ और मेरे दोनों बेटे भी यहीं ज़िबूति में हमारे साथ ही रहते हैं।
आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि मैं आज तक कभी भी भारत नहीं गया, या युं कहें कि जाने का अवसर नहीं मिला। मेरे पूर्वज जब यहाँ आए थे, तब वो बहुत गरीब थे। लेकिन धीरे धीरे आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और आज हमारा जेनरेशन एक मध्यम वर्गीय परिवार की हैसीयत रखता है। वैसे हम आर्थिक रूप से इतने भी बुलंद नहीं हैं कि इतनी महँगी यात्रा को तय करें और भारत जाएँ। और वैसे भी वहाँ हमारा कोई है भी तो नहीं जिन्हें हम जानते हैं। अब तो सब कुछ यही जिबूति में ही है हमारा। हम घर पर हिंदी में ही बात करते हैं। मेरे बेटे भी हिंदी बोल लेते हैं लेकिन पढ़ना व लिखना नहीं आता उन्हें। लेकिन मैंने एक काम ज़िंदगी में अच्छा ज़रूर किया कि मैंने हिंदी सीख ली। मेरी ख़ुशकिस्मती कि मेरा एक ऐसे भारतीय सज्जन से सम्पर्क हुआ यहीं जिबूति में जो यहाँ पर चंद सालों के लिए आए थे किसी प्रोजेक्ट पर। उनका नाम था अजय जोशी। उन्हीं के संस्पर्श में रह कर मैंने हिंदी सीख ली। और आज मुझे आपको हिंदी में यह ईमेल भेजते हुए बड़ा आनंद आ रहा है।
अजय जी का प्रोजेक्ट पूरा हो गया और वो भारत वापस चले गए। पहले पहले हम एक दूसरे से पत्र के माध्यम से संपर्क में रहे, लेकिन धीरे धीरे वह भी बंद हो गया। कई बरस बाद मैंने एक पत्र भेजा तो था लेकिन कोई जवाब नहीं आया। पता नहीं क्या बात हुई। शायद पता बदल गया होगा या फिर कुछ और! उस ज़माने में अगर ईमेल और इंटरनेट होता तो शायद आसानी से एक दूसरे के सम्पर्क में रह सकते। आज मुझे नहीं मालूम वो कहाँ हैं, लेकिन ईश्वर से कामना करता हूँ कि वो जहाँ पर भी रहें, ख़ुश रहें। उनका मेरे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान ही कहूँगा क्योंकि ये वो ही थे जिन्होंने मुझे अपनी राष्ट्रभाषा को लिखना सिखाया। मुझे मालूम है कि मेरी हिंदी अच्छी नहीं है, इसलिए आप ख़ुद ही इन्हें सुधार लीजिएगा।
जब से इंटरनेट पर हिंदी के वेबसाइटों का बोलबाला हुआ है, मैं इन तमाम वेबसाइटों को सर्फ़ करता रहता हूँ। 'हिंद युग्म' मेरा मनपसंद ब्लॊग है जिसका स्तर बहुत ऊँचा है। यहाँ जो कुछ भी पोस्ट होता है, उसका एक अलग ही दर्जा होता है। 'आवाज़' के तमाम स्तंभों के तो क्या कहने! मुझे हिंदी फ़िल्मों का ज़्यादा ज्ञान तो नहीं है, लेकिन 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर पुराने गानें सुन कर बहुत अच्छा लगता है और इसमें दी जाने वाली जानकारियों से हिंदी फ़िल्म संगीत के उस पुराने ज़माने का एक चित्र उभरता है आँखों के सामने। मैं चाहता हूँ कि मैं अपने उस दोस्त व मेरे हिंदी के गुरु श्री अजय जोशी जी को एक गीत डेडिकेट करूँ। अब देखिए, भारत में शिक्षक दिवस भी सर पर है, तो क्यों ना अपने इस टीचर को इसी बहाने मैं याद कर लूँ। कौन सा गीत डेडिकेट करूँ? आप ही बताइए ना। चलिए आप ही कोई अच्छा सा गीत बजा दीजिए मेरी तरफ़ से अजय जी के लिए।
आप सब मुझसे उम्र में छोटे ही होंगे मेरा यह विश्वास है। इसलिए आप सभी को मेरी और मेरे परिवार की तरफ़ से बहुत सारा प्यार और आशिर्वाद। ऐसे ही हिंदी की सेवा करते रहिए। ईश्वर आपको जीवन में तरक्की दे।
आपका,
महेन्द्र चौधरी,
जिबूति
***************************************************************************** महेन्द्र जी, हम कह नहीं सकते कि आपके इस ईमेल को पा कर हम किस किस तरह से धन्य हो गए हैं। यह बहुत ही ज़्यादा आश्चर्य की बात है कि उस गुमनाम अफ़्रीकन देश जिबूति में रह कर भी और एक बार भी भारत आए बिना आप यहाँ की संस्कृति से इतने वाक़ीफ़ हैं और सब से बड़ी बात है कि आपको हिंदी भाषा से इतना ज़्यादा लगाव है। हर कोई आपकी तरह विदेश में रह कर हिंदी नहीं सीख सकता। और रही बात आपके ईमेल में ग़लतियों की, तो भाषा तो वह होती है कि जिससे एक दूसरे के बीच विचारों का आदान प्रदान हो सके। आपके ईमेल में लिखा हर एक शब्द हमारे दिल में उतर गया है। बस यही काफ़ी है हमारे लिए। हमें अफ़सोस है कि आपका वो दोस्त और हिंदी टीचर आपसे बिछड़ गया, लेकिन क्या पता कभी कहीं उनसे आपकी मुलाक़ात हो जाए। आप ने गीत चुनने का ज़िम्मा हमें दे दिया है। तो महेन्द्र जी, क्योंकि आपको तलाश है अपने उस दोस्त व टीचर की, तो क्यों ना १९६२ की फ़िल्म 'रंगोली' का वह सदाबहार गीत अजय जी के नाम डेडिकेट किया जाए - "छोटी सी ये दुनिया, पहचाने रास्ते हैं, कभी तो मिलोगे, कहीं तो मिलोगे, तो पूछेंगे हाल"। इस गीत के दो वर्ज़न है - ख़ुशनुमा वर्ज़न किशोर कुमार की आवाज़ में है तो ग़मज़दा वर्ज़न लता जी ने गाया है। आइए इन दोनों वर्ज़नों को एक के बाद एक सुनते हैं। अजय जोशी के साथ साथ सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की ढेरों शुभकामनाएँ।
गीत - छोटी सी ये दुनिया (रंगोली - किशोर/ लता)
महेन्द्र जी, हमें फिर से ईमेल कर के ज़रूर बताइएगा कि हमारे पसंद का यह गीत आपको कैसा लगा। तो दोस्तों, ये था इस हफ़्ते का 'ईमेल के बहाने यादों के ख़ज़ानें'। आप से यह अनुरोध है कि अगर आपने जिबूति का नाम नहीं सुना हुआ है तो अफ़्रीका के मानचित्र में उसे ढूंढ़ने की कोशिश करें। आपको यह देश उस क्षेत्र में मिलेगा जहाँ अफ़्रीका और मिडल-ईस्ट एक दूसरे से बिलकुल पास पास हैं। और अब एक विशेष सूचना -
विशेष सूचना - २८ सितंबर सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर का जन्मदिवस है। इस उपलक्ष्य पर २५ सितंबर के 'ईमेल के बहाने यादों के ख़ज़नें' में होगा 'लता मंगेशकर विशेष'। लता जी की तारीफ़ में कुछ कहना चाहते हैं? या उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ देना चाहते हैं? उनके किसी गीत से जुड़ी हुई कोई ख़ास यादें हैं आपकी? लता जी के गाए आपके फ़ेवरीट १० गीत कौन कौन से हैं? लता जी से जुड़ी अगर कोई भी बात हो आपके मन में जिसे आप हम सभी के साथ बाँटना चाहें, तो हमें ईमेल करें oig@hindyugm.com के पते पर। बहुत ही ख़ास होगा यह विशेषांक। अगर आप चाहते हैं कि इस विशेषांक में आपका नाम और ईमेल भी दर्ज हो जाए तो अपना ईमेल हमें २० सितंबर से पहले पहले भेज दें। इसी सूचना के साथ हम आज इजाज़त ले रहे हैं 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की महफ़िल से। अगले शनिवार फिर इस विशेषांक के साथ उपस्थित होंगे, लेकिन हमारी आपकी अगली मुलाक़ात होगी कल शाम ६:३० बजे 'ओल्ड इज़ गोल्ड' की नियमीत कड़ी में। तब तक के लिए विदा, लेकिन आप बने रहिए 'आवाज़' के साथ। नमस्कार!
'सुनो कहानी' इस स्तम्भ के अंतर्गत हम आपको सुनवा रहे हैं प्रसिद्ध कहानियाँ। पिछले सप्ताह आपने राजेन्द्र गुप्ता की आवाज़ में प्रसिद्ध लेखिका सुधा अरोड़ा की बहुचर्चित कहानी "रहोगी तुम वही" का अंतिम भाग सुना था।
आवाज़ की ओर से आज हम लेकर आये हैं भारतेंदु हरिश्चंद्र की कहानी "सच्चा घोड़ा", जिसको स्वर दिया है अनुराग शर्मा ने। सुनें और बतायें कि हम अपने इस प्रयास में कितना सफल हुए हैं। कहानी का कुल प्रसारण समय है: 1 मिनट 3 सेकंड।
यदि आप भी अपनी मनपसंद कहानियों, उपन्यासों, नाटकों, धारावाहिको, प्रहसनों, झलकियों, एकांकियों, लघुकथाओं को अपनी आवाज़ देना चाहते हैं हमसे संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए कृपया यहाँ देखें।
निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।
बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल।।
~ भारतेंदु हरिश्चंद्र (१८५०-१८८५) हर शनिवार को सुनें एक नई कहानी - आवाज़ पर हुजूर, यह जानवर गजब का सच्चा है।
(भारतेंदु हरिश्चंद्र की "सच्चा घोड़ा" से एक अंश)
नीचे के प्लेयर से सुनें.
(प्लेयर पर एक बार क्लिक करें, कंट्रोल सक्रिय करें फ़िर 'प्ले' पर क्लिक करें।)
यदि आप इस पॉडकास्ट को नहीं सुन पा रहे हैं तो नीचे दिये गये लिंकों से डाऊनलोड कर लें (ऑडियो फ़ाइल तीन अलग-अलग फ़ॉरमेट में है, अपनी सुविधानुसार कोई एक फ़ॉरमेट चुनें)
नए गीतों से रोशन आवाज़ महोत्सव २०१० में आज बारी है १८ वें गीत की, और आज फिर उसी गायिका की आवाज़ से रोशन है ये महफ़िल जो पहले ही इस सत्र में ५ गीतों को अपनी आवाज़ दे चुकी हैं, जी हाँ आपने सही पहचाना ये उभरती हुई बेहद प्रतिभशाली गायिका है कुहू गुप्ता, जिन पर पूरे आवाज़ परिवार को नाज़ है, तभी तो वो हर उभरते हुए संगीतकार की पहली पसंद बन चुकी हैं आज. आज का गीत कुछ शास्त्रीय रंग लिए हुए है जिसके माध्यम से पहली बार आवाज़ के मंच पर उतर रहे हैं एक हुनरमंद संगीतकार और एक बेहद नयी गीतकारा. संगीतकार वेंकटेश शंकरण हैं जिनका परिचय आप नीचे पढ़ सकते हैं, गीत को लिखा है रूचि लाम्बा ने. निलंजन नंदी ने गीत का संयोजन किया है. हमें पूरा यकीन है बेहद मधुर और बेहद कर्णप्रिय इस गीत को आप हमेशा अपने संकलन में रखना चाह्गें. तो सुनिए ये गीत
गीत के बोल -
कुछ ना भाये मन को मेरे,
हर पल देखूँ सपने तेरे, तेरे , तेरे
जिया लागे ना, तेरे बिन..
वेंकटेश शंकरण: मैंने कुहू के साथ पहले भी एक गाना किया है, जो अब एक व्यावसायिक एलबम का हिस्सा बन चुका है। मुझे कुहू के बारे में जानकारी एक अंतर्जालीय संगीत समूह (इंटरनेट म्युज़िक फोरम) से मिली थी। जहाँ तक रूचि का सवाल है, तो इनसे मैं सबसे पहले अपनी हीं अकादमी में मिला था और अपनी धुन पर गीत लिखने की मैंने इनसे पेशकश की थी। मेरा यह सौभाग्य है कि ये खुशी-खुशी राजी हो गईं। निलंजन के अरेंजमेंट के बारे में मैं क्या कहूँ, मैंने इनसे जिस चीज की उम्मीद की थी, आखिरकार मैंने वही पाया। मैं तो यही कहूँगा कि कैलिफ़ोर्निया के इन दो हुनरमंदों और कुहू के साथ काम करने का मेरा अनुभव बहुत हीं अच्छा रहा। गाने की फाईनल मिक्सिंग आने से पहले इसमें थोड़े-बहुत बदलाव हुए थे, ताकि गाना जो बनकर निकले वह लोगों के दिलों को छू जाए। कोशिश तो यही थी, पता नहीं हम इसमें कितना सफल हुए हैं। अब सब कुछ आप श्रोताओं के हाथ में हैं..उम्मीद करता हूँ कि हमारा यह प्रयास आप सबों को पसंद आएगा।
रूचि लांबा: इस गाने की धुन वेंकटेश जी ने जब मुझे सुनाई, तो ये गीत मुझे सुनते हीं पसंद आ गया। धुन इतनी सुंदर थी कि इस पर गीत के बोल अपने आप हीं आते गए। ये मेरा सौभाग्य है कि वेंकटेश जी ने मुझसे गीत के बोल लिखने को कहे। बिरहा (विरह) और प्रेम से भरा ये गीत, कुहू जी ने बहुत खूबसूरती से गाया है। मैं आशा करती हूँ कि ये गीत और लोगों को भी बहुत पसंद आएगा।
कुहू गुप्ता: वेंकटेश के साथ किया गया मेरा पहला गाना बहुत हीं लोकप्रिय रहा है और ये गाना भी मुझे बेहद पसंद आया। इस गाने के लफ़्ज़ों में जो दर्द है वो गाने में ज़ाहिर करना मेरे लिए एक मुश्किल काम था। ऐसा खूबसूरत गीत लिखने के लिए मैं रूचि को बधाई देना चाहूँगी। निलंजन ने जो अरेंजमेंट किया है, वो गाने के लिए एकदम उपयुक्त है। आशा करती हूँ कि श्रोताओं को यह गाना पसंद पाएगा।
वेंकटेश शंकरण (संगीतकार) कैलिफोर्निया में रह रहे वेंकटेश संगीत को अपनी ज़िंदगी का एक हिस्सा मानते हैं। इन्होंने अब तक न सिर्फ़ हिन्दुस्तानी कलाकारों के लिए धुनें तैयार की हैं, बल्कि कई सारे अमरीकियों के लिए भी गानों का निर्माण किया है। ये वहाँ पर "सुर म्युज़िक अकादमी" नाम की एक संगीत संस्था चलाते हैं, जहाँ पर हिन्दुस्तानी संगीत, हिन्दुस्तानी साज़ और नृत्य की शिक्षा दी जाती है। आवाज़ पर "तेरे बिन" गाने के साथ ये पहली बार हाज़िर हुए हैं।
रूचि लांबा (गीतकारा) इनका जन्म मुंबई में हुआ , लेकिन जब ये बस ग्यारह साल की थीं तभी अपने परिवार के साथ आस्ट्रेलिया चली गईं। वहाँ पर पलने-बढने के बावजूद इन्हें हिन्दुस्तानी संगीत और कविताओं से बहुत प्यार रहा है। शादी के बाद ये कैलिफ़ोर्निया आ गईं और आठ साल से अमरीका में हीं हैं। ये पेशे से एक जर्नलिस्ट (पत्रकार) और पब्लिक रिलेशन्स कंसल्टेंट हैं। जब भी वक़्त मिलता है, ये गीत और शेर लिख लिया करती हैं। "तेरे बिन" आवाज़ पर इनकी पहली प्रस्तुति है।
निलंजन नंदी (अरेंजर एवं मिक्सिंग इंजीनियर) १९६९ में जब निलंजन महज ६ साल के थे, तभी से इन्होंने बाल-कलाकार के तौर पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। बचपन से हीं (छठी कक्षा से) इनमें संगीतकार बनने की एक ललक थी। इसलिए इन्होंने वोकल म्युज़िक, गिटार, सरोद, मेलोडिका, पियानो, सिंथेसाइज़र एवं इंडो-अफ़्रो वाद्य-यंत्रों,जिनमें ड्रम इन्हें सबसे ज्यादा पसंद था, को सीखना शुरू कर दिया। ये फ़्युज़न संगीत एवं एथनीक तरीकों(स्टाइल्स) में पारंगत हैं। ये अपनी धुनों को प्रोग्राम करना, साथ हीं साथ अपने स्टुडियो में मिक्स एवं रिकार्ड करना काफी पसंद करते हैं। किसी भी धुन को अरेंज करते समय इनकी दिली ख्वाहिश रहती है कि कम से कम साज़ों का इस्तेमाल हो। "तेरे बिन", जो आवाज़ पर इनकी पहली पेशकश है, को अरेंज करते समय भी इन्होंने इसी बात का ध्यान रखा है।
कुहू गुप्ता (गायिका) पुणे में रहने वाली कुहू गुप्ता पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। गायकी इनका जज्बा है। ये पिछले 6 वर्षों से हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ले रही हैं। इन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कई गायन प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया है और इनाम जीते हैं। इन्होंने ज़ी टीवी के प्रचलित कार्यक्रम 'सारेगामा' में भी 2 बार भाग लिया है। जहाँ तक गायकी का सवाल है तो इन्होंने कुछ व्यवसायिक प्रोजेक्ट भी किये हैं। वैसे ये अपनी संतुष्टि के लिए गाना ही अधिक पसंद करती हैं। इंटरनेट पर नये संगीत में रुचि रखने वाले श्रोताओं के बीच कुहू काफी चर्चित हैं। कुहू ने हिन्द-युग्म के ताजातरीन एल्बम 'काव्यनाद' में महादेवी वर्मा की कविता 'जो तुम आ जाते एक बार' को गाया है, जो इस एल्बम का सबसे अधिक सराहा गया गीत है। इस संगीत के सत्र में भी यह इनका छठा गीत है।
Song - Tere Bin
Voice - Kuhoo Gupta
Music - Venkatesh Sankaran
Lyrics - Ruchi Lamba
Arrangement and Mixing - Nilanjan Nandy
Graphics - Prashen's media
Song # 18, Season # 03, All rights reserved with the artists and Hind Yugm
इस गीत का प्लेयर फेसबुक/ऑरकुट/ब्लॉग/वेबसाइट पर लगाइए
आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है। इस पवित्र पर्व पर हम अपने सभी श्रोताओं व पाठकों को अपनी शुभकामनाएँ देते हैं। दोस्तों, आप समझ रहे होंगे कि क्योंकि क़व्वालियों की शृंखला चल रही है, तो जन्माष्टमी पर श्री कृष्ण का कोई गीत तो हम सुनवा नहीं पाएँगे 'ओल्ड इज़ गोल्ड' में, है न? लेकिन ज़रा ठहरिए, कम से कम एक क़व्वाली ऐसी ज़रूर है जिसमें श्री कृष्ण का भी ज़िक्र है, और साथ ही राधा और मीरा का भी। क्यों चौंक गए न? जी हाँ, यह सच है, इस राज़ पर से अभी पर्दा उठने वाला है। फ़िल्म संगीत में क़व्वालियों को लोकप्रिय बनाने में संगीतकार रोशन का योगदान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसा नहीं कि उनसे पहले किसी ने मशहूर क़व्वाली फ़िल्मों के लिए नहीं बनाई, लेकिन रोशन साहब ने पारम्परिक क़व्वालियों का जिस तरह से फ़िल्मीकरण किया और जन जन में लोकप्रिय बनाया, ऐसा करने का श्रेय उन्हें ही दिया जाता रहा है। आज 'मजलिस-ए-क़व्वाली' में रोशन साहब की बनाई हुई सब से लोकप्रिय क़व्वाली की बारी, और बहुत लोगों के अनुसार यह हिंदी फ़िल्म संगीत की सब से यादगार क़व्वाली है। दरअसल ये दो क़व्वालियाँ हैं जो ग्रामोफ़ोन रेकॊर पर अलग अलग आती है, लेकिन फ़िल्म के पर्दे पर एक के बाद एक आपस में जुड़ी हुई है। इसलिए हम भी यहाँ आपको ये दोनों क़व्वालियाँ इकट्ठे सुनवा रहे हैं। फ़िल्म 'बरसात की रात' की यह क़व्वाली जोड़ी है "न तो कारवाँ की तलाश है" और "ये इश्क़ इश्क़ है"। मन्ना डे, मोहम्मद रफ़ी, आशा भोसले, सुधा मल्होत्रा, बातिश और साथियों की आवाज़ें, तथा साहिर लुधियानवी के कलम की जादूगरी है यह क़व्वाली। दरअसल रोशन साहब ने पाक़िस्तान में एक बार एक क़व्वाली सुनी "ये इश्क़ इश्क़ है इश्क़ इश्क़" जो उन्हें इतनी पसंद आई कि अनुमति लेकर उन्होंने उस क़व्वाली को ऐसा फ़िल्मी जामा पहनाया कि ना केवल यह क़व्वाली सुपर डुपर हिट साबित हुई, बल्कि अगली फ़िल्म 'दिल ही तो है' में निर्माता ने उनसे एक और क़व्वाली ("निगाहें मिलाने को जी चाहता है") की माँग कर बैठे। पंकज राग अपनी किताब 'धुनों की यात्रा' में लिखते हैं - "'बरसात की रात' का संगीत व्यावसायिक दृष्टि से रोशन का सफलतम संगीत था। "ना तो कारवाँ की तलाश है" का अंजाम हुअ "ये इश्क़ इश्क़ है इश्क़ इश्क़" में और फ़तेह अली ख़ाँ से अनुमति उपरान्त ली गई उनकी धुन पर रोशन ने फ़िल्म संगीत के इतिहास की सब से हिट क़व्वाली बना डाली। यह एक तरह का समझौता तो अवश्य था जिसके लिए ख़य्याम तैय्यार नहीं हुए थे, पर ऐसे समझौते रोशन ने भी कम ही किए। इस क़व्वाली का तरन्नुम, बहाव, बिलकुल अभिभूत कर देने वाला है। इसकी रेकॊर्डिंग् २९ घंटे में सम्पन्न हुई औत तब जाकर वह ऐतिहासिक प्रभाव उत्पन्न हुआ, जैसा रोशन चाहते थे। भले ही धुन की प्रेरणा कहीं और से मिली हो, पर उसका विस्तार इस क़व्वाली की सुंदर विशेषताएँ बनकर आज तक लोगों के ज़हन में ताज़ा है। 'बरसात' में क़व्वालियों की धूम रही। "निगाहें नाज़ के मारों का" और "जी चाहता है चूम लूँ" जैसी क़व्वालियाँ भी अच्छी चली।"
सन् १९९८ में गायक मन्ना डे विविध भारती पर तशरीफ़ लाए थे और कई संगीतकारों की चर्चा हुई थी, जिनमें एक नाम रोशन साहब का भी उन्होंने लिया था, और ख़ास तौर से इस क़व्वाली का ज़िक्र छिड़ा था उद्घोषक कमल शर्मा द्वारा ली गई उस इंटरव्यु में। रोशन साहब को याद करते हुए मन्ना दा ने कहा था "रोशन साहब, he was a strict student of good music, यानी वो ख़याल, ठुमरी, ग़ज़लें, फ़ोक, ये सब मिलाके जो एक चीज़ वो लाते थे न, वो अनोखे ढंग से नोट्स का कॊम्बिनेशन करते थे। हम तो पागल थे उनके गानों के लिए। उस्ताद आदमी थे वो और बहुत मेहनती आदमी थे। "ना तो कारवाँ की तलाश है" के लिए मुझे याद है, रामपुर के तरफ़ से क़व्वाल लोगों को बुलाये थे। उनके प्रोग्राम सुना करते थे, नोट कर कर के कर कर के फिर उन्होंने बनाना शुरु किया। और साहिर साहब ने लिखा, और उन्होंने बनाया। और वो जो तकरारें जो हैं ना बीच में, कितने मेहनत किए वो, ओ हो हो, माइ गॊड, और फिर जब हम लोगों को सुनाते थे, बोलते थे 'देखो मज़ा आना चाहिए', वो जैसे क़व्वाल लोग करते थे। वो सब तो हमें मालूम नहीं था, रफ़ी को भी मालूम नहीं था, आशा को भी मालूम नहीं था, लेकिन उन्होंने सब करवाया हमसे। और एक एक कर के ८-१० दिन रिहर्सल करके करवाया।" दोस्तों, ऐसे ऐसे ही वह फ़िल्म संगीत का सुनहरा दौर नहीं हुआ। सुनहरा उसे बनाया उस दौर के फ़नकारों की लगन ने, उनके अथक परिश्रम ने, उनके डेडिकेशन ने। साहिर साहब ने इस क़व्वाली में ऐसे अल्फ़ाज़ लिखे हैं कि इसे सुनते हुए हम ट्रान्स में चले जाते हैं और जैसे उस परम शक्ति के साथ एक कनेक्शन बनने लगता है। बड़ी धर्म निरपेक्ष क़व्वाली है जिसमें साहिर साहब लिखते हैं कि "इश्क़ आज़ाद है, हिंदु ना मुसलमान है इश्क़, आप ही धर्म है और आप ही इमान है इश्क़"। इश्क़ को केन्द्रबिंदु बनाकर चलने वाली इस क़व्वाली में बहुत से विषय शामिल किए गए हैं। यहाँ तक कि श्री कृष्ण, राधा, मीरा, सीता, भगवान बुद्ध, मसीह का भी उल्लेख है, भजन और श्री कृष्ण लीला के साथ साथ लोक-संगीत का भी अंग है। "जब जब कृष्ण की बंसी बाजी, निकली राधा सज के, जान अजान का ध्यान भुला के, लोक लाज को तज के, है बन बन डोली जनक दुलारी, पहन के प्रेम की माला, दर्शन जल की प्यासी मीरा पी गई विष का प्याला"। तो दोस्तों, अब आपको अहसास हो गया ना कि क्यों हमने यह क़व्वाली आज के लिए चुनी है! तो आइए सुना जाए कुल १२ मिनट की यह क़व्वाली। श्री कृष्ण जन्माष्टमी और रमज़ान के मुबारक़ मौक़े पर 'ओल्ड इज़ गोल्ड' का एक और सुरीला नज़राना क़बूल कीजिए।
क्या आप जानते हैं... कि साल १९६० के अमीन सायानी द्वारा प्रस्तुत बिनाका गीत माला के वार्षिक कार्यक्रम में 'मुग़ल-ए-आज़म', 'चौदहवीं का चांद', 'दिल अपना और प्रीत पराई', 'धूल का फूल', 'छलिया' और 'काला बाज़ार' जैसे फ़िल्मों को पछाड़ते हुए 'बरसात की रात' फ़िल्म का शीर्षक गीत ही बना था उस वर्ष का सरताज गीत।
पहेली प्रतियोगिता- अंदाज़ा लगाइए कि कल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर कौन सा गीत बजेगा निम्नलिखित चार सूत्रों के ज़रिए। लेकिन याद रहे एक आई डी से आप केवल एक ही प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। जिस श्रोता के सबसे पहले १०० अंक पूरे होंगें उस के लिए होगा एक खास तोहफा :)
१. एक मल्टी स्टारर फिल्म की है ये कव्वाली, फिल्म बताएं - १ अंक. २. किस अदाकार पर फिलमाया गयी है ये कव्वाली - २ अंक. ३. गायक बताएं - २ अंक. ४ रवि का है संगीत, फिल्म के निर्देशक बताएं - ३ अंक
पिछली पहेली का परिणाम - लगता है हमारे प्रोत्साहन का नतीजा निकल, अवध जी ३ अंक चुरा गए. इंदु जी, आपको नाराज़ कर मरना है क्या?, पर ये बात समझ नहीं आती कि आप एक अंक वाले सवालों का ही जवाब क्यों देती हैं. पवन जी सही जवाब के साथ वापसी की बधाई. कनाडा टीम कहाँ गायब रही...खैर अब तक के स्कोर जान लेते हैं - अवध जी ७४, इंदु जी ४०, प्रतिभा जी २८, किशोर जी २६, पवन जी २४, और नवीन जी २२ पर हैं.
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.
'मज़लिस-ए-क़व्वाली' की तीसरी कड़ी में आज हम पहुँचे हैं साल १९५९-६० में। और इसी दौरान रिलीज़ हुई थी के. आसिफ़ की महत्वाकांक्षी फ़िल्म 'मुग़ल-ए-आज़म'। इस फ़िल्म की और क्या नई बात कहूँ आप से, इस फ़िल्म का हर एक पहलु ख़ास था, इस फ़िल्म की हर एक चीज़ बड़ी थी। आसिफ़ साहब ने पानी की तरह पैसे बहाए, अपने फ़ायनेन्सर्स से झगड़ा मोल लिया, लेकिन फ़िल्म के निर्माण के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया। नतीजा हम सब के सामने है। जब भी कभी पिरीयड फ़िल्मों का ज़िक्र चलता है, 'मुग़ल-ए-आज़म' फ़िल्म का नाम सब से उपर आता है। जहाँ तक इस फ़िल्म के संगीत का सवाल है, तो पहले पण्डित गोबिंदराम, उसके बाद अनिल बिस्वास, और आख़िरकार नौशाद साहब पर जाकर इसके संगीत का ज़िम्मा ठहराया गया। इस फ़िल्म के तमाम गानें सुपर डुपर हिट हुए, और इसकी शान में इतना ही हम कह सकते हैं कि जब 'ओल्ड इज़ गोल्ड' ने १०० एपिसोड पूरे किए थे, उस दिन हमने यह महफ़िल इसी फ़िल्म के "प्यार किया तो डरना क्या" से रोशन किया था। आज 'मुग़ल-ए-आज़म' ५० साल पूरे कर चुकी है, लेकिन इसकी रौनक और लोकप्रियता में ज़रा सी भी कमी नहीं आई है। ऐसे में जब इस फ़िल्म में दो बेहतरीन क़व्वालियाँ भी शामिल हैं, तो इनमें से एक को सुनाए बग़ैर हमारी ये शृंखला अधूरी ही मानी जायेगी! याद है न आपको ये दो क़व्वालियाँ कौन सी थीं? "जब रात है ऐसी मतवाली तो सुबह का आलम क्या होगा" और "तेरी महफ़िल में क़िस्मत आज़मा कर हम भी देखेंगे"। और यही दूसरी क़व्वाली से रोशन है आज की यह मजलिस। लता मंगेशकर, शम्शाद बेग़म और साथियों की आवाज़ों में यह शक़ील-नौशाद की जोड़ी का एक और मास्टरपीस है।
आज क़व्वालियों के जिस पहलु पर हम थोड़ी चर्चा करेंगे, वह है इसके प्रकार। 'हम्द' एक अरबी शब्द है जिसका अर्थ है वह गीत जो अल्लाह की शान में गाया जाता है। पारम्परिक तौर पर किसी भी क़व्वाली की महफ़िल हम्द से शुरु होती है। उसके बाद आता है 'नात' जो प्रोफ़ेट मुहम्मद की शान में गाया जाता है और जिसे नातिया क़व्वाली भी कहते हैं। नात हम्द के बाद गाया जाता है। 'मन्क़बत' फिर एक बार अरबी शब्द है जिसका अर्थ है वह गीत जो इमाम अली या किसी सूफ़ी संत की शान में गायी जाती है। उल्लेखनीय बात यह है कि मन्क़बत सुन्नी और शिआ, दोनों की मजलिसों में गायी जाती है। अगर मन्कबत गाई जाती है तो उसका नंबर नात के बाद आता है। क़व्वाली का एक और प्रकार है 'मरसिया' जो किसी की मौत पर दर्द भरे अंदाज़ में गाई जाती है। इसकी शुरुआत हुई थी उस वक़्त जब इमाम हुसैन का परिवार करबला के युद्ध में शहीद हो गया था। यह किसी शिआ के मजलिस में ही गाई जाती है। क़व्वाली का एक प्रकार 'ग़ज़ल' भी है। यह वह ग़ज़ल नहीं जिसे भारत और पाक़िस्तान में हम आज सुना करते हैं, बल्कि इसका अंदाज़ क़व्वालीनुमा होता है। इसके दो प्रमुख उद्देश्य होते हैं - शराब पीने का मज़ा और अपनी महबूबा से जुदाई का दर्द। लेकिन इनमें भी अल्लाह के तरफ़ ही इशारा होता है। 'शराब' का मतलब होता है 'दैवीय ज्ञान' और साक़ी यानी अल्लाह या मसीहा। 'काफ़ी' क़व्वाली का वह प्रकार है जो पंजाबी, सेरैकी या सिंधी में लिखा जाता है और जिसका अंदाज़-ए-बयाँ शाह हुसैन, बुल्ले शाह और सचल सरमस्त जैसे कवियों के शैली का होता है। "नि मैं जाना जोगी दे नाल" और "मेरा पिया घर आया" दो सब से लोकप्रिय काफ़ी हैं। और अंत में 'मुनदजात' वह रात्री कालीन संवाद है जिसमें गायक अल्लाह का शुक्रिया अदा करता है विविध काव्यात्मक तरीकों से। फ़ारसी भाषा में गाए जाने वाले क़व्वाली के इस रूप के जन्मदाता मौलाना जलालुद्दीन रुमी को माना जाता है। तो दोस्तों, यह थी जानकारी क़व्वालियों के विविध रूपों की और यह जानकारी हमने बटोरी विकिपीडिया से। और आइए अब सुनते हैं आज की क़व्वाली और हम आपसे भी यही कहेंगे कि हमारी इस महफ़िल के पहेली प्रतियोगिता में आप भी अपनी क़िस्मत आज़माकर देखिए!
क्या आप जानते हैं... कि 'मुग़ल-ए-आज़म' के रंगीन संस्करण ने साल २००६ में पाक़िस्तान में भारतीय फ़िल्मों के प्रदर्शन पर लगी पाबंदी को ख़्तम कर दिया, जो पाबंदी सन् १९५६ से चल रही थी।
पहेली प्रतियोगिता- अंदाज़ा लगाइए कि कल 'ओल्ड इज़ गोल्ड' पर कौन सा गीत बजेगा निम्नलिखित चार सूत्रों के ज़रिए। लेकिन याद रहे एक आई डी से आप केवल एक ही प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। जिस श्रोता के सबसे पहले १०० अंक पूरे होंगें उस के लिए होगा एक खास तोहफा :)
१. इस कव्वाली में कहीं श्रीकृष्ण का भी जिक्र है, किस मशहूर फिल्म से है ये लाजवाब कव्वाली - १ अंक.
२. गायक गायिकाओं की पूरी फ़ौज है इसमें, संगीतकार बताएं - २ अंक.
३. किस शायर की कलम से निकली है ये कव्वाली - ३ अंक.
४ फिल्म के नायक बताएं - २ अंक
पिछली पहेली का परिणाम -
कनाडा टीम (प्रतिभा जी, नवीन जी, और किशोर जी के लिए सामूहिक संबोधन) बहुत बढ़िया कर रही है. अवध जी, इंदु जी, जरा जोश दिखाईये.
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.
कोई नामो-निशाँ पूछे तो ऐ क़ासिद बता देना,
तख़ल्लुस 'दाग़' है और आशिकों के दिल में रहते हैं।
"कौन ऐसी तवाएफ़ थी जो ‘दाग़’ की ग़ज़ल बग़ैर महफिल में रंग जमा सके? क्या मुशाअरे, क्या अदबी मजलिसें, क्या आपसी सुहबतें, क्या महफ़िले-रक्स, क्या गली-कूचें, सर्वत्र ‘दाग़’ का हीं रंग ग़ालिब था।" अपनी पुस्तक "शेर-ओ-सुखन: भाग ४" में अयोध्या प्रसाद गोयलीय ने उपरोक्त कथन के द्वारा दाग़ की मक़बूलियत का बेजोड़ नज़ारा पेश किया है। ये आगे लिखते हैं:
मिर्ज़ा ‘दाग़’ को अपने जीवनकाल में जो ख्याति, प्रतिष्ठा और शानो-शौकत प्राप्त हुई, वह किसी बड़े-से-बड़े शाइर को अपनी ज़िन्दगी में मयस्सर न हुई। स्वयं उनके उस्ताद इब्राहिम ‘ज़ौक़’ शाही क़फ़समें पड़े हुए ‘तूतिये-हिन्द’ कहलाते रहे, मगर १०० रू० माहवारी से ज़्यादा का आबो-दाना कभी नहीं पा सके। ख़ुदा-ए-सुख़न ‘मीर’, ‘अमर-शाइर’ ‘गा़लिब’ और ‘आतिश’-जैसे आग्नेय शाइरों को अर्थ-चिन्ता जीवनभर घुनके कीड़े की तरह खाती रही। हकीम ‘मोमिन शैख़’, ‘नासिख़’ अलबत्ता अर्थाभाव से किसी क़द्र निश्चन्त रहे, मगर ‘दाग़’ जैसी फ़राग़त उन्हें भी कहाँ नसीब हुई? जागीर मिलने और उच्च पदवियोंसे विभूषित होनेके अतिरिक्त १५०० रू० मासिक वेतन, राजसी ठाट-बाट और नवाब हैदराबाद के उस्ताद होने का महान् गौरव मिर्जा़ ‘दाग़’ को प्राप्त था। सच मानिए तो १९वीं शताब्दीका अन्तिम युग ‘दाग़’ युग था।
दाग़ की ख्याति का यह आलम था कि उनकी शिष्य मण्डली में सम्मलित होना बहुत बड़ा सौभाग्य एवं गौरव समझा जाता था। हैदराबाद-जैसे सुदूर प्रान्तमें ‘दाग़’ के समीप जो शाइर नहीं रह सकते थे, वे लगभग शिष्य संशोधनार्थ ग़ज़लें भेजते थे। ‘दाग़’ का शिष्य कहलाना ही उन दिनों शाइर होने का बहुत बड़ा प्रमाणपत्र समझा जाता था। मिर्जा दाग़के जन्नत-नशीं होने के बाद एक दर्जन से अधिक शिष्य अपने को ‘जा-नशीने-दाग़’ (गुरुका उत्तराधिकारी शिष्य) लिखने लगे। नवाब ‘साइल’ मिर्जा ‘दाग़’ के दामाद भी थे और शिष्य भी। अतः बहुत बड़ी संख्या उन्हीं को ‘जानशीने-दाग़’ समझती थी। ‘बेखुद’ देहलवी, ‘बेखुद’ बेख़ुद’ बदायूनी, ‘आगा’ शाइर क़िज़िलबाश, ‘अहसन’ मारहरवी’, ‘नूह’ नारवी, भी अपने को ‘जानशीने-दाग़’ लिखने में बहुत अधिक गर्व का अनुभव करते हैं; और किसी कि मजाल नहीं जो उन्हें इस गौरवास्पद शब्द से वंचित कर सके। वास्तविक उत्ताधिकारी कौन है, इस प्रश्न को सुलझाने के लिए वर्षों वाद-विवाद चले है।
कहा जाता है कि दाग़ के २००० से अधिक शागिर्द थे। इन शागिर्दों में दो ऐसे भी शागिर्द रहे हैं, जिन्हें उत्तराधिकारी कहे जाने का कोई शौक़ या कोई जिद्द नहीं थी, लेकिन इन्हीं दोनों ने दाग़ का नाम सबसे ज्यादा रौशन किया है। उनमें से एक थे जिगर मुरादाबादी, जिनके बारे में हम पिछली एक महफ़िल में ज़िक्र कर चुके हैं और दूसरे थे मोहम्मद अल्लामा इक़बाल। इक़बाल अपनी कविताएँ डाक द्वारा ‘दाग़’ देहलवी को संशोधनार्थ भेजा करते थे। महज २२ वर्ष की आयु में हीं इक़बाल ऐसी दुरूस्त गज़लें लिखने लगे थे कि मिर्ज़ा दाग़ को भी उनकी काबिलियत का लोहा मानना पड़ा था। दाग़ ने उनकी रचनाएँ इस टिप्पणी के साथ वापस करनी शुरू कर दीं कि रचनाएँ संशोधन की मोहताज नहीं हैं।
अभी ऊपर हमने दाग़ के सुपूर्द-ए-खाक होने की बातें कीं, लेकिन इससे पहले जो चार दिन की ज़िंदगी होती है या फिर जन्म होता है, उसका ज़िक्र भी तो लाजिमी है। तो दाग़ का जन्म नवाब मिर्ज़ा खान के रूप में २५ मई १८३१ को हुआ था। इन्होंने बस दस वर्ष की अवस्था से ही ग़ज़ल पढ़ना प्रारम्भ कर दिया था। १८६५ में वे रामपूर चले गए। रामपुर में इनकी मक़बूलियत का हवाला देते हुए हजरत ‘नूह’ नारवी लिखते हैं कि -"मुझसे रामपुर के एक सिन-रसीदा (वयोवृद्ध) साहब ने जिक्र किया कि नवाब कल्ब अली खाँ साहब का मामूल था कि मुशाअरे के वक़्त कुछ लोगों को मुशाअरे के बाहर महज़ इस ख्याल बैठा देते थे कि बाद में ख़त्म मुशाअरा लोग किसका शेर पढ़ते हुए मुशाइरे से बाहर निकलते हैं। चुनाव हमेशा यही होता था कि ‘दाग़’ साहबका शेर पढ़ते हुए लोग अपने-अपने घरोंको जाते थे।" २४ साल रामपुर में व्यतीत करने के बाद दाग़ १८९१ के आस-पास हैदराबाद चले गए। यहीं पर १७ फरवरी १९०५ को इन्होंने अंतिम साँसें लीं।
दाग़ के बारे में और जानने के लिए चलिए अब हम निदा फ़ाज़ली साहब की शरण में चलते हैं:
दाग़ के पिता नवाब शम्सुद्दीन ने अपनी बंदूक से देश प्रेम में ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी को उड़ा दिया था. नवाब साहब को फाँसी दी गई और उनकी पत्नी अपने पाँच साल के बेटे को रामपुर में अपनी बहन के हवाले करके, जान बचाने के लिए इधर-उधर भागती रहीं. जहाँ उन्हें मदद मिली वहाँ-वहाँ इसकी क़ीमत उन्हें अपने शरीर से चुकानी पड़ी. जिसके नतीजे में दाग़ के एक भाई और बहन अंग्रेज़ नस्ल से भी हुए. यह अभागिन महिला आख़िर में, आख़िरी मुगल सम्राट के होने वाले जानशीन मिर्ज़ा फखरू के निकाह में आई. यह १८५७ से पहले का इतिहास है. महल में आने के बाद माँ को रामपुर में छोड़े हुए बेटे की याद आई और किस्मत, बदकिस्मत बेटे को रामपुर से लालकिले में ले आई. १८५७ से एक साल पहले मिर्जा फखरू का देहांत हुआ और उसके बाद माँ और बेटा दोनों फिर से बेघर हो गए. दाग़ उस वक़्त शायर बन चुके थे. मशहूर हो चुके थे. शायरी ने उस समय के रामपुर नबाव को उन पर मेहरबान बनाया और उन्होंने फिर से घर-बार बसाया.
रामपुर में हर साल एक मेला लगता था. जिसमें देश की मशहूर तवायफ़ें अपने गायन और नृत्य का प्रदर्शन करती थीं. उन तवायफों में एक नवाब साहब के भाई की प्रेमिका थी. दाग़ का दिल उसी पर आ गया. उनका नाम था मुन्नी बाई हिजाब. मुहब्बत की दीवानगी में पत्नी के मना करने के बावजूद नवाब साहब के नाम दाग़ ने खत लिख डाला: "नवाब साहब आपको ख़ुदा ने हर ख़ुशी से नवाज़ा है, मगर मेरे लिए सिर्फ़ एक ही ख़ुशी है और वह है मुन्नी बाई."
नवाब तो दाग़ की शायरी के प्रशंसक थे. उन्होंने मुन्नी बाई के ज़रिए ही उत्तर भेजा. लिखा था - "दाग़ साहब हमें आपकी ग़ज़ल से ज़्यादा मुन्नी बाई अजीज़ नहीं है." मुन्नी बाई दाग़ साहब की प्रेमिका के रूप में उनके साथ रहने लगीं. लेकिन जब मन में धन का प्रवेश हुआ तो मन बेचारा बंजारा बन गया और मुन्नी बाई उन्हें छोड़ के चली गईं. इसी बेवफ़ाई पर शायद दाग़ ने यह शेर कहा था:
तू जो हरजाई है अपना भी यही तौर सही
तू नहीं और सही और नहीं, और सही
लखनवी और देहलवी अंदाज़ की शायरी का सम्मिश्रण दाग की शायरी में बखूबी नज़र आता है। अब आप सोच रहे होंगे कि ये दो अंदाज़ हैं क्या और इनमें अंतर क्या है। इसी प्रश्न का जवाब देवी नागरानी आर०पी०शर्मा "महर्षि" से पूछ रही हैं: (साभार: साहित्य कुंज) "देहलवी शायरी में प्रेमी का उसके सच्चे प्रेम तथा दुख-दर्द का स्वाभाविक वर्णन होता है, जब कि लखनवी शायरी अवध की उस समय विलासता से प्रभावित रही। अतः उसमें प्रेम को वासना का रूप दे दिया गया तथा शायरी प्रेमिका के इर्द -गिर्द ही घूमती रही। वर्णन में कृत्रिमता एवं उच्छृंखलता से काम लिया गया। अब लखनवी शायरी में सुधार आ गया है।" ये तो हुई अंतर की बात, लेकिन अगर इनमें मेल-मिलाप जानना हो तो दाग़ के इन शेरों से बढकर और मिसाल नहीं मिल सकते:
ग़म से कहीं निजात मिले चैन पाएं हम,
दिल खुं में नहाए तो गंगा नहाएं हम
ख़ूब परदा है कि चिलमन से लगे बैठे हैं,
साफ़ छुपते भी नहीं सामने आते भी नहीं
अपने दिल को भी बताऊँ न ठिकाना तेरा
सब ने जाना, जो पता एक ने जाना तेरा
दाग़ के बारे में आज हमने बहुत कुछ जाना। महफ़िल तभी सफ़ल मानी जाती है जब शेरों के साथ-साथ शायर की भी दिल खोलकर बातें हों। आज की महफ़िल भी कुछ वैसी हीं थी। इसलिए मैं मुतमुईन होकर ग़ज़ल की और बढने को बेकाबू हूँ। चलिए तो अब आज की ग़ज़ल से रूबरू हुआ जाए। इस ग़ज़ल को अपनी आवाज़ से सजाया है मल्लिका पुखराज की सुपुत्री ताहिर सैय्यद ने, जो खुद हीं बेमिसाल आवाज़ की मालकिन रही हैं। तो लीजिए पेश-ए-खिदमत है आज की ग़ज़ल, जिसमें दाग़ ज़ाहिद से यह दरख्वास्त कर रहे हैं कि ये प्यार में पागल मस्ताने और दीवाने आदमी हैं, इसलिए इन्हें बुरा न कहा जाए:
ज़ाहिद न कह बुरी कि ये मस्ताने आदमी हैं
तुझ से लिपट पड़ेंगे, दीवाने आदमी हैं
गै़रों की दोस्ती पर क्यों ऐतबार कीजे
ये दुश्मनी करेंगे, ____ आदमी हैं
तुम ने हमारे दिल में घर कर लिया तो क्या है
आबाद करते. आख़िर वीराने आदमी हैं
क्या चोर हैं जो हम को दरबाँ तुम्हारा टोके
कह दो कि ये तो जाने-पहचाने आदमी हैं
चलिए अब आपकी बारी है महफ़िल में रंग ज़माने की... ऊपर जो गज़ल हमने पेश की है, उसके एक शेर में कोई एक शब्द गायब है। आपको उस गज़ल को सुनकर सही शब्द की शिनाख्त करनी है और साथ ही पेश करना है एक ऐसा शेर जिसके किसी भी एक मिसरे में वही खास शब्द आता हो. सही शब्द वाले शेर ही शामिल किये जायेंगें, तो जेहन पे जोर डालिए और बूझिये ये पहेली!
पिछली महफिल का सही शब्द था "बला" और शेर कुछ यूँ था-
जा कि हवा-ए-शौक़ में हैं इस चमन से 'ज़ौक़'
अपनी बला से बादे-सबा अब कहीं चले
इस शब्द पर ये सारे शेर महफ़िल में कहे गए:
वो जब चाहे छीन ले मुझको ही मुझसे
उनकी बला से फिर में भले तड़पता ही रहूँ (अवनींद्र जी)
जल गया दिल मगर ऐसी जो बला निकले है
जैसे लू चलती मेरे मुँह से हवा निकले है। (मीर तक़ी ’मीर’)
उनकी बला से जीउँ या मरूँ मैं ,
उनकी आदत रिवाज बन गई रे ! (मंजु जी)
आईने में वो अपनी अदा देख रहे है
मर जाये की मिट जाये कोई उनकी बला से (सोहेल राना)
ये दुनिया भर के झगड़े, घर के किस्से, काम की बातें
बला हर एक टल जाए, अगर तुम मिलने आ जाओ (जावेद अख्तर)
रुतबा है जिनका ना आपे में वो हैं
सरे आम मुल्क में तबाही मची है
न है परवाह उनको उनकी बला से
इज्ज़त लुटी या किसी की बची है. (शन्नो जी)
पूरे दो घंटे बैठकर लिखी गई महफ़िल पोस्ट करते वक़्त डिलीट (गायब) हो गई। मैं पूरी तरह से हतोत्साहित हो चुका था। लेकिन फिर हिम्मत जुटाकर महज़ २५ मिनट में मैंने इसे याद से तैयार किया है।
पिछली महफ़िल की शान बने अवनींद्र जी। इस मुकाम के लिए आप बधाई के पात्र हैं। आपके बाद महफ़िल में शरद जी की आमद हुई। उस्ताद ज़ौक़ को समर्पित महफ़िल में उस्तादों के उस्ताद मीर तक़ी मीर का शेर पेश करके आपने सोने पर सुहागा जड़ दिया। इसके लिए किन लफ़्ज़ों में आपका शुक्रिया अदा करूँ! शन्नो जी और मंजु जी, आप दोनों के स्वरचित शेर कमाल के हैं। इन्हें पढकर मज़ा आ गया। आशीष जी, दाग़ का शेर "खूब परदा है कि चिलमन से लगे बैठे हैं... " आप पर फिट बैठता है। आप की यह लुकाछिपी, किसी एक महफ़िल में आना, किसी से नदारद रहना कोई अदा है क्या? नहीं ना? तो फिर नियमित हो जाईये। :) चलिए आप सब आए तो कम से कम, न जाने हमारे बाकी मित्र किधर गायब हैं। सीमा जी, नीलम जी, आप दोनों तो नियमित हुआ करती थीं। भई.. जिधर भी हैं आप, तुरत लाईन-हाज़िर होईये, आपको तलब किया जाता है। :) उम्मीद है कि हमारे वे सारे भूले-भटके दोस्त आज भटकते हुए महफ़िल की ओर रूख कर लेंगे। दिल पर हाथ रखकर कह रहा हूँ, हमारा यह दिल मत तोड़िएगा। अरे हाँ, बातों-बातों में पिछले बुधवार की अपनी गैर-मौजूदगी की तो मुआफ़ी माँगना हीं भूल गया। दर-असल मैं अपने गृह-नगर (गाँव हीं कह लीजिए) गया हुआ था, वहाँ न तो बिज़ली सही थी और न हीं इंटरनेट, इसलिए लाख कोशिशों के बावजूद महफ़िल पोस्ट न कर सका। आप हमारी मजबूरी समझ रहे हैं ना? बढिया है।
चलिए तो इन्हीं बातों के साथ अगली महफिल तक के लिए अलविदा कहते हैं। खुदा हाफ़िज़!
ग़ज़लों, नग्मों, कव्वालियों और गैर फ़िल्मी गीतों का एक ऐसा विशाल खजाना है जो फ़िल्मी गीतों की चमक दमक में कहीं दबा दबा सा ही रहता है. "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" श्रृंखला एक कोशिश है इसी छुपे खजाने से कुछ मोती चुन कर आपकी नज़र करने की. हम हाज़िर होंगे हर बुधवार एक अनमोल रचना के साथ, और इस महफिल में अपने मुक्तलिफ़ अंदाज़ में आपके मुखातिब होंगे कवि गीतकार और शायर विश्व दीपक "तन्हा". साथ ही हिस्सा लीजिये एक अनोखे खेल में और आप भी बन सकते हैं -"शान-ए-महफिल". हम उम्मीद करते हैं कि "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" का ये आयोजन आपको अवश्य भायेगा.
डॉक्टर ए पी जे अब्दुल कलाम के आशीर्वाद का साथ "बीट ऑफ इंडियन यूथ" आरंभ कर रहा है अपना महा अभियान. इस महत्वकांक्षी अल्बम के माध्यम से सपना है एक नया इतिहास रचने का. थीम सोंग लॉन्च हो चुका है, सुनिए और अपना स्नेह और सहयोग देकर इस झुझारू युवा टीम की हौसला अफजाई कीजिये
इन्टरनेट पर वैश्विक कलाकारों को जोड़ कर नए संगीत को रचने की परंपरा यहाँ आवाज़ पर प्रारंभ हुई थी, करीब ५ दर्जन गीतों को विश्व पटल पर लॉन्च करने के बाद अब युग्म के चार वरिष्ठ कलाकारों ऋषि एस, कुहू गुप्ता, विश्व दीपक और सजीव सारथी ने मिलकर खोला है एक नया संगीत लेबल- _"सोनोरे यूनिसन म्यूजिक", जिसके माध्यम से नए संगीत को विभिन्न आयामों के माध्यम से बाजार में उतारा जायेगा. लेबल के आधिकारिक पृष्ठ पर जाने के लिए नीचे दिए गए लोगो पर क्लिक कीजिए.
हिन्द-युग्म YouTube Channel
आवाज़ पर ताज़ातरीन
संगीत का तीसरा सत्र
हिन्द-युग्म पूरी दुनिया में पहला ऐसा प्रयास है जिसने संगीतबद्ध गीत-निर्माण को योजनाबद्ध तरीके से इंटरनेट के माध्यम से अंजाम दिया। अक्टूबर 2007 में शुरू हुआ यह सिलसिला लगातार चल रहा है। इस प्रक्रिया में हिन्द-युग्म ने सैकड़ों नवप्रतिभाओं को मौका दिया। 2 अप्रैल 2010 से आवाज़ संगीत का तीसरा सीजन शुरू कर रहा है। अब हर शुक्रवार मज़ा लीजिए, एक नये गीत का॰॰॰॰
ओल्ड इज़ गोल्ड
यह आवाज़ का दैनिक स्तम्भ है, जिसके माध्यम से हम पुरानी सुनहरे गीतों की यादें ताज़ी करते हैं। प्रतिदिन शाम 6:30 बजे हमारे होस्ट सुजॉय चटर्जी लेकर आते हैं एक गीत और उससे जुड़ी बातें। इसमें हम श्रोताओं से पहेलियाँ भी पूछते हैं और 25 सही जवाब देने वाले को बनाते हैं 'अतिथि होस्ट'।
महफिल-ए-ग़ज़ल
ग़ज़लों, नग्मों, कव्वालियों और गैर फ़िल्मी गीतों का एक ऐसा विशाल खजाना है जो फ़िल्मी गीतों की चमक दमक में कहीं दबा-दबा सा ही रहता है। "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" शृंखला एक कोशिश है इसी छुपे खजाने से कुछ मोती चुन कर आपकी नज़र करने की। हम हाज़िर होते हैं हर बुधवार एक अनमोल रचना के साथ, और इस महफिल में अपने मुक्तलिफ़ अंदाज़ में आपसे मुखातिब होते हैं कवि गीतकार और शायर विश्व दीपक "तन्हा"। साथ ही हिस्सा लीजिये एक अनोखे खेल में और आप भी बन सकते हैं -"शान-ए-महफिल". हम उम्मीद करते हैं कि "महफ़िल-ए-ग़ज़ल" का ये आयोजन आपको अवश्य भायेगा...
ताजा सुर ताल
अक्सर हम लोगों को कहते हुए सुनते हैं कि आजकल के गीतों में वो बात नहीं। "ताजा सुर ताल" शृंखला का उद्देश्य इसी भ्रम को तोड़ना है। आज भी बहुत बढ़िया और सार्थक संगीत बन रहा है, और ढेरों युवा संगीत योद्धा तमाम दबाबों में रहकर भी अच्छा संगीत रच रहे हैं, बस ज़रूरत है उन्हें ज़रा खंगालने की। हमारा दावा है कि हमारी इस शृंखला में प्रस्तुत गीतों को सुनकर पुराने संगीत के दीवाने श्रोता भी हमसे सहमत अवश्य होंगें, क्योंकि पुराना अगर "गोल्ड" है तो नए भी किसी कोहिनूर से कम नहीं।
सुनो कहानी
इस साप्ताहिक स्तम्भ के अंतर्गत हम कोशिश कर रहे हैं हिन्दी की कालजयी कहानियों को आवाज़ देने की है। इस स्तम्भ के संचालक अनुराग शर्मा वरिष्ठ कथावाचक हैं। इन्होंने प्रेमचंद, मंटो, भीष्म साहनी आदि साहित्यकारों की कई कहानियों को तो अपनी आवाज़ दी है। इनका साथ देने वालों में शन्नो अग्रवाल, पारुल, नीलम मिश्रा, अमिताभ मीत का नाम प्रमुख है। हर शनिवार को हम एक कहानी का पॉडकास्ट प्रसारित करते हैं।
पॉडकास्ट कवि सम्मलेन
यह एक मासिक स्तम्भ है, जिसमें तकनीक की मदद से कवियों की कविताओं की रिकॉर्डिंग को पिरोया जाता है और उसे एक कवि सम्मेलन का रूप दिया जाता है। प्रत्येक महीने के आखिरी रविवार को इस विशेष कवि सम्मेलन की संचालिका रश्मि प्रभा बहुत खूबसूरत अंदाज़ में इसे लेकर आती हैं। यदि आप भी इसमें भाग लेना चाहें तो यहाँ देखें।
हमसे जुड़ें
आप चाहें गीतकार हों, संगीतकार हों, गायक हों, संगीत सुनने में रुचि रखते हों, संगीत के बारे में दुनिया को बताना चाहते हों, फिल्मी गानों में रुचि हो या फिर गैर फिल्मी गानों में। कविता पढ़ने का शौक हो, या फिर कहानी सुनने का, लोकगीत गाते हों या फिर कविता सुनना अच्छा लगता है। मतलब आवाज़ का पूरा तज़र्बा। जुड़ें हमसे, अपनी बातें podcast.hindyugm@gmail.com पर शेयर करें।
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रविवार से गुरूवार शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी होती है उस गीत से जुडी कुछ खास बातों की. यहाँ आपके होस्ट होते हैं आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. इन्टरनेट पर अब तक की सबसे लंबी और सबसे सफल ये शृंखला पार कर चुकी है ५०० एपिसोडों का लंबा सफर. इस सफर के कुछ यादगार पड़ावों को जानिये इस फ्लेशबैक एपिसोड में. हम ओल्ड इस गोल्ड के इस अनुभव को प्रिंट और ऑडियो फॉर्मेट में बदलकर अधिक से अधिक श्रोताओं तक पहुंचाना चाहते हैं. इस अभियान में आप रचनात्मक और आर्थिक सहयोग देकर हमारी मदद कर सकते हैं. पुराने, सुमधुर, गोल्ड गीतों के वो साथी जो इस मुहीम में हमारा साथ देना चाहें हमें oig@hindyugm.com पर संपर्क कर सकते हैं या कॉल करें 09871123997 (सजीव सारथी) या 09878034427 (सुजॉय चटर्जी) को
"डंडे के ज़ोर पर उसके पिता उसे अपने साथ तीर्थ यात्रा पर भी ले जाते थे और झाड़ू के ज़ोर पर माँ की छठ पूजा की तैयारियाँ भी वही करता था।" (अनुराग शर्मा की "बी. एल. नास्तिक" से एक अंश) सुनिए यहाँ
आवाज़ निर्माण
यदि आप अपनी कविताओं/गीतों/कहानियों को एक प्रोफेशनल आवाज़ में डब्ब ऑडियो बुक के रूप में देखने का ख्वाब रखते हैं तो हमसे संपर्क करें-hindyugm@gmail.com व्यवसायिक संगीत/गीत/गायन से जुडी आपकी हर जरुरत के लिए हमारी टीम समर्पित है