ओल्ड इस गोल्ड शृंखला # 164
कल हमने बात की थी सपनों की। दोस्तों, सपने तभी सच होते हैं जब उनको सच करने के लिए हम निरंतर प्रयास भी करें। लेकिन सफलता हमेशा हाथ लगे ऐसा जरूरी नहीं है. कई पहाड़ों, जंगलों, खाइयों से गुज़रने के बाद ही नदी का मिलन सागर से होता है। कहने का आशय यह है कि एक बार की असफलता से इंसान को घबरा कर अपनी कोशिशें बंद नहीं कर देनी चाहिए। काँटों पर चलकर ही बहारों के साये नसीब होते हैं। जी हाँ, 'दस रूप ज़िंदगी के और एक आवाज़' के अंतर्गत आज हमारा विषय है 'प्रेरणा', जो दे रहे हैं किशोर कुमार किसी राह चलते राही को। यह राही ज़िंदगी का राही है, यानी कि हर एक आम आदमी, जो ज़िंदगी की राह पर निरंतर चलता चला जाता है। किशोर कुमार ने बहुत सारे इस तरह के राही और सफ़र से संबंधित जीवन दर्शन के गीत गाये हैं, उदाहरण के तौर पर फ़िल्म 'तपस्या' का गीत "जो राह चुनी तूने उसी राह पे राही चलते जाना रे", फ़िल्म 'नमकीन' का गीत "राह पे रहते हैं, यादों पे बसर करते हैं, ख़ुश रहो अहल-ए-वतन, हो हम तो सफ़र करते हैं", फ़िल्म 'आप की कसम' का गीत "ज़िंदगी के सफ़र में गुज़र जाते हैं जो मकाम, वो फिर नहीं आते", फ़िल्म 'सफ़र' का गीत "ज़िंदगी का सफ़र है ये कैसा सफ़र कोई समझा नहीं, कोई जाना नहीं", फ़िल्म 'काला पत्थर' का गीत "एक रास्ता है ज़िंदगी जो थम गये तो कुछ नहीं", फ़िल्म ख़ुद्दार' का गीत "ऊँचे नीचे रास्ते और मंज़िल तेरी दूर, राह में राही रुक न जाना होकर के मजबूर", फ़िल्म 'दोस्त' का गीत "गाड़ी बुला रही है सीटी बजा रही है, चलना ही ज़िंदगी है, चलती ही जा रही है", इत्यादि। लेकिन किशोर दा के गाये इन तमाम गीतों में हम ने जिस गीत को आज चुना है वह है फ़िल्म 'इम्तिहान' का - "रुक जाना नहीं तू कहीं हार के, काँटों पे चल के मिलेंगे साये बहार के"। मजरूह सुल्तानपुरी के दार्शनिक बोलों को संगीत से सँवारा है संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने।
'इम्तिहान' सन् १९७४ की फ़िल्म थी। बी. ए. चंडीरमणी के इस फ़िल्म को मदन सिन्हा ने निर्देशित किया था तथा इस फ़िल्म के मुख्य कलाकार थे विनोद खन्ना और तनुजा। प्रस्तुत गीत फ़िल्म का सब से महत्वपूर्ण गीत है जो फ़िल्म में टुकड़ों में कई बार सुनाई देता है। ग्रामोफोन रिकार्ड पर इस गीत की कुल अवधि है लगभग ७ मिनट। किसी किसी रिकार्ड और कैसेट्स पर केवल ३ मिनट में ही गीत को समाप्त कर दिया गया है। लेकिन हम आप के लाये हैं पूरे ७ मिनट वाला वर्ज़न। इन दोनों वर्ज़नों का अंतर आप को बताना चाहेंगे। ३ मिनट वाला वर्ज़न शुरु होता है सैक्सोफ़ोन के पीस से, उसके बाद कोरल हमिंग से शुरु होता है गीत और केवल एक ही अंतरे के साथ गीत समाप्त हो जाता है। जब कि ७ मिनट वाले वर्ज़न में कुल तीन अंतरे हैं। तीसरा अंतरा लोगों ने बहुत कम ही सुना है, इसलिए इस अंतरे के बोल हम यहाँ प्रस्तुत कर रहे हैं-
"नैन आँसू जो लिए हैं, ये राहों के दीये हैं,
लोगों को उनका सब कुछ देके,
तू तो चला था सपने ही लेके,
कोई नहीं तो तेरे अपने हैं सपने ये प्यार के,
ओ राही ओ राही ओ राही ओ राही"
गीटार का बड़ा ही सुंदर इस्तेमाल पूरे गीत में सुनने को मिलता है। दोस्तों, यह एक संजीदा गीत है, लेकिन इस संजीदे गीत को सुनने से पहले हम आप के दिल में थोड़ी सी गुदगुदी डालना चाहते हैं, तो क्यों न प्यारेलाल जी की कुछ बातें हो जाये अपने किशोर दा के बारे में - "किशोर दा बहुत ही मस्त आदमी थे। हम लोग उनके घर जाते थे, उनका 'फ़र्स्ट क्लास' बंगला था। बहुत बड़ा सा हौल था जहाँ पे हम बैठते थे। बहुत अच्छे ढंग से सजाया हुआ था। बस बीच में एक पीलर था जिस पर केवल सीमेंट लगा हुआ था। हम में से किसी को समझ नहीं आता था कि ऐसा क्यों है कि पूरा हौल इतनी अच्छी तरह से सजाया हुआ है सिवाय उस पीलर के। एक बार लक्ष्मी जी ने उनसे पूछा कि 'यह बताइये कि यह बीच वाला पीलर आप क्यों नहीं ठीक करवाते?' किशोर दा ने जवाब दिया 'इसीलिए ठीक नहीं करवाता कि आप यह बात मुझसे पूछें'।" तो दोस्तों, ऐसे थे हमारे किशोर दा। अब आनंद उठाइए इस गीत का और अपने आप से यह प्रण भी करें कि जीवन में चाहे कितनी भी परेशानी और तकलीफ़ों का सामना क्यों न करना पड़े, आप हिम्मत नहीं हारेंगे, और यही एक इंसान का कर्तव्य भी है।
और अब बूझिये ये पहेली. अंदाजा लगाइये कि हमारा अगला "ओल्ड इस गोल्ड" गीत कौन सा है. हम आपको देंगे तीन सूत्र उस गीत से जुड़े. ये परीक्षा है आपके फ़िल्म संगीत ज्ञान की. याद रहे सबसे पहले सही जवाब देने वाले विजेता को मिलेंगें 2 अंक और 25 सही जवाबों के बाद आपको मिलेगा मौका अपनी पसंद के 5 गीतों को पेश करने का ओल्ड इस गोल्ड पर सुजॉय के साथ. देखते हैं कौन बनेगा हमारा तीसरा (पहले दो गेस्ट होस्ट बने हैं शरद तैलंग जी और स्वप्न मंजूषा जी)"गेस्ट होस्ट". अगले गीत के लिए आपके तीन सूत्र ये हैं-
1. कल होगी ओल्ड इस गोल्ड पर किशोर दा के साथ मस्ती भरी पार्टी.
2. कल के गीत का थीम है - "मिलना जुलना, नशीले समां में झूमना".
3. मुखड़े की दूसरी पंक्ति में शब्द है -"खबर".
कौन सा है आपकी पसंद का गीत -
अगले रविवार सुबह की कॉफी के लिए लिख भेजिए (कम से कम ५० शब्दों में ) अपनी पसंद को कोई देशभक्ति गीत और उस ख़ास गीत से जुडी अपनी कोई याद का ब्यौरा. हम आपकी पसंद के गीत आपके संस्मरण के साथ प्रस्तुत करने की कोशिश करेंगें.
पिछली पहेली का परिणाम -
लगता है रोहित राजपूत जी, पराग जी और दिशा जी को जबरदस्त टक्कर देने वाले हैं. ४ अंक हुए आपके. अब आप सुमित जी से आगे हैं. मनु जी के hnm का मतलब तो अब शरद जी और स्वप्न जी समझ ही गए होंगें, वैसे बड़ा ही दिलचस्प abbreviation था ये तो. पराग जी कहते हैं जब जागो तभी सवेरा, तो जब भी आप उठें तब भी देख लेंगें तो बात बन सकती हैं :) सुमित जी और मंजू जी हमें उम्मीद है कि आज के गीत ने आपको भी एक नयी प्रेरणा दी होगी.
खोज और आलेख- सुजॉय चटर्जी
ओल्ड इस गोल्ड यानी जो पुराना है वो सोना है, ये कहावत किसी अन्य सन्दर्भ में सही हो या न हो, हिन्दी फ़िल्म संगीत के विषय में एकदम सटीक है. ये शृंखला एक कोशिश है उन अनमोल मोतियों को एक माला में पिरोने की. रोज शाम 6-7 के बीच आवाज़ पर हम आपको सुनवाते हैं, गुज़रे दिनों का एक चुनिंदा गीत और थोडी बहुत चर्चा भी करेंगे उस ख़ास गीत से जुड़ी हुई कुछ बातों की. यहाँ आपके होस्ट होंगे आवाज़ के बहुत पुराने साथी और संगीत सफर के हमसफ़र सुजॉय चटर्जी. तो रोज शाम अवश्य पधारें आवाज़ की इस महफिल में और सुनें कुछ बेमिसाल सदाबहार नग्में.








संस्कार गीतों पर एक विशेष शृंखला
मन जाने - विवधताओं से भरी अल्बम








लता मंगेशकर जब मिली आवाज़ के श्रोताओं से
द रिटर्न ऑफ आलम आरा प्रोजेक्ट एक कोशिश है, हिंदुस्तान की पहली बोलती फिल्म के गीत संगीत को फिर से रिवाईव करने की, सहयोग दें, और हमारी इस नेक कोशिश का हिस्सा बनें 

सुप्रसिद्ध गायक, गीतकार और संगीतकार रविन्द्र जैन यानी इंडस्ट्री के दाद्दु पर एक विशेष शृंखला जिसके माध्यम हम सलाम कर रहे हैं फिल्म संगीत जगत में, इस अदभुत कलाकार के सुर्रिले योगदान को
लोरियों की मधुरता स्त्री स्वर के माम्तत्व से मिलकर और भी दिव्य हो जाती है. पर फिल्मों में यदा कदा ऐसी परिस्थियों भी आई है जब पुरुष स्वरों ने लोरियों को अपनी सहजता प्रदान की है. पुरुष स्वरों की दस चुनी हुई लोरियाँ लेकर हम उपस्थित हो रहे हैं ओल्ड इस गोल्ड में इन दिनों 

शक्ति के बिना धैर्य ऐसे ही है जैसे बिना बत्ती के मोम।


